- Home
- देश
- तिरुप्पूर. तमिलनाडु के तिरुप्पूर जिले के धारापुरम के मनकादावु में पेट्रोलियम टैंकर और एक कार की भिड़ंत में तीन महिलाओं समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मरने वाले लोग कार में सवार थे।पुलिस के अनुसार जिस वक्त हादसा हुआ तब टैंकर कोयंबटूर से धारापुरम की ओर आ रहा था जबकि कार पलानी से धारापुरम जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। इस संदर्भ में धारापुरम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
-
मुंबई. रेडियो क्षेत्र की मशहूर हस्ती नीलेश मिश्रा अपने श्रोताओं के साथ बातचीत करने के लिए अपने दल के सहयोगियों के साथ देश भर में यात्रा करते हुए कहानी सुनाने के वास्ते तैयार हैं। एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 10 शहरों की इस यात्रा का आगाज 16 दिसंबर को पुणे से होगा। इन 10 शहरों में गुरुग्राम, भोपाल, इंदौर, बेंगलुरु, चंडीगढ़, मुंबई, कोलकाता, नयी दिल्ली और कानपुर शामिल हैं। मिश्रा रेडियो चैनल 92.7 बिग एफएम पर अपने कार्यक्रम 'यादों का इडियट बॉक्स विद निलेश मिश्रा' के लिए मशहूर हैं। वह अपनी लिखी हुई कहानियों को एक अलग अंदाज में पेश करते हैं। मिश्रा ने एक बयान में कहा, ''एक कहानी सुनाने वाला अपने श्रोताओं के बिना कुछ भी नहीं है और अपने सामने बैठे दर्शकों को कहानियां सुनाने से बड़ी कोई खुशी नहीं है।
-
लखनऊ. सहारा समूह के संस्थापक सुब्रत राय के पार्थिव शरीर का बृहस्पतिवार को लखनऊ में गोमती नदी के किनारे बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार किया गया। राय के 16 वर्षीय पौत्र हिमांक ने उन्हें मुखाग्नि दी। राजधानी स्थित सहारा शहर से राय की शव यात्रा गोमतीनगर स्थित बैकुंठ धाम के लिये रवाना हुई, जहां सहारा समूह के कर्मचारियों और कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि दाह संस्कार के दौरान राय के दोनों बेटे सुशांतो और सीमांतो मौजूद नहीं थे। राय की चिता को उनके 16 वर्षीय पोते हिमांक ने मुखाग्नि दी। दाह संस्कार के दौरान मौजूद रहे प्रमुख लोगों में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और बॉलीवुड अभिनेता राजबब्बर शामिल थे। सहारा समूह द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राय का मंगलवार को मुंबई के एक अस्पताल में हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया था। वह 75 वर्ष के थे। उनका पार्थिव शरीर मुंबई से लाया गया था और बुधवार को गोमती नगर के सहारा शहर में रखा गया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत राय के निधन पर दुख जताया था। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत राय का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।'' समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी 'एक्स' पर लिखा, ''सहारा श्री सुब्रत राय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावनात्मक क्षति है । वह एक अत्यंत सफल व्यवसायी होने के साथ-साथ संवेदनशील एवं विशाल हृदय वाले व्यक्ति थे जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की और उनका सहारा बने। भावभीनी श्रद्धांजलि।
-
कुछ यात्रियों को सांस लेने में परेशानी
इटावा . जिले में बीती देर रात एक यात्री ट्रेन के एक डिब्बे में मामूली आग लग गई और इसका धुआं फैलने से कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई । उत्तर प्रदेश के इटावा में 12 घंटे के अंदर यह दूसरी ऐसी घटना है।
इटावा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजय कुमार ने बताया, ‘‘आग देर रात दो बज कर करीब 40 मिनट पर लगी जब ट्रेन फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस थाना क्षेत्र में थी। दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पा लिया।'' पुलिस के मुताबिक, आग दिल्ली-सहरसा वैशाली एक्सप्रेस के एस-6 कोच में लगी ।
एसपी ने कहा, ‘‘आग का धुआं फैलने से कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। '' उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, आग मामूली थी लेकिन डिब्बे में धुआं भर गया और कुछ यात्रियों से सांस लेने में दिक्कत हुई। इन यात्रियों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया हैं । अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने से किसी नुकसान की खबर नहीं हैं ।
उनके मुताबिक, इससे पहले बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उत्तर प्रदेश के इटावा के पास नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गई, जिससे तीन डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए और आठ यात्री घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। -
आणंद . गुजरात के खेड़ा जिले में खराब सिग्नल के कारण ट्रेन रुकने पर लुटेरों के एक गिरोह ने यात्रियों से 3.20 लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान लूट लिया। रेलवे पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पश्चिम रेलवे की पुलिस अधीक्षक सरोज कुमारी ने बताया कि यह घटना 14 नवंबर को तड़के हुई। उन्होंने बताया कि रेलवे पुलिस ने अज्ञात बदमाशों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की हैं और यह भी जांच की जा रही है कि क्या सिग्नल की खराबी किसी साजिश का नतीजा तो नहीं थी। आणंद रेलवे पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, इंदौर की ओर जा रही गांधीधाम-इंदौर एक्सप्रेस 14 नवंबर को तड़के अनघड़ी गांव के बाहरी इलाके में रुकी। पुलिस अधीक्षक ने कहा, लुटेरों ने खिड़कियों के पास बैठे पांच यात्रियों को निशाना बनाया। डिब्बे में प्रवेश किए बिना, वे जो कुछ भी छीन सकते थे, उसे छीन लिया और अंधेरे में गायब हो गए। लुटेरे पीड़ितों से कुल मिलाकर 3.20 लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और आभूषण लूटकर ले गए।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप फाइनल में प्रवेश करने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के "शानदार प्रदर्शन" की बुधवार को सराहना की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर कहा, “ भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया। शानदार बल्लेबाजी और अच्छी गेंदबाजी ने हमारी टीम के लिए मैच (में जीत को) पक्का कर दिया। फाइनल के लिए शुभकामनाएं।” उन्होंने मोहम्मद शमी की गेंदबाजी की भी सराहना की और कहा कि क्रिकेट प्रेमी इसे पीढ़ियों तक याद रखेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, “ आज का सेमीफाइनल शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन की वजह से और भी खास हो गया है। इस मैच में और विश्व कप के दौरान मोहम्मद शमी की गेंदबाजी को क्रिकेट प्रेमी आने वाली पीढ़ियों तक याद रखेंगे। शमी ने अच्छा खेला।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के लिए भारतीय टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने ‘बॉस की तरह' फाइनल में प्रवेश किया है। शाह ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में 50वां शतक बनाने के लिए विराट कोहली को भी बधाई दी और कहा कि यह उनकी उत्कृष्ट खेल भावना, समर्पण और निरंतरता का प्रमाण है।
-
ईटानगर. अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में बुधवार को 22 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी भतीजी के प्रेमी का सिर काट दिया और कटे हुए सिर के साथ थाने जाकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना असम के साथ लगती अंतरराज्यीय सीमा के करीब रस्किन इलाके में हुई।
प्रभारी अधिकारी सी जोसेफ ने कहा कि आरोपी की पहचान शिबू वैश्य के रूप में हुई, जिसने एक खेत में 19 वर्षीय अजय दास का सिर काट दिया और कटे हुए सिर के साथ रस्किन थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी वैश्य ने दास की हत्या कर दी क्योंकि वह अपनी भतीजी के साथ उसके प्रेम संबंध से नाराज था। उन्होंने बताया कि दोनों असम के प्रवासी मजदूर थे। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। -
नयी दिल्ली. देश में इस साल अप्रैल से अक्टूबर के बीच कुल 390.2 करोड़ रेल यात्रियों में से 95.3 प्रतिशत ने सामान्य और शयनयान श्रेणी में यात्रा की, जबकि केवल 4.7 प्रतिशत यात्रियों ने एसी (वातानुकूलित) डिब्बों में यात्रा की। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। रेलवे ने पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में इस साल अप्रैल से अक्टूबर के बीच सामान्य और शयनयान श्रेणी के यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। रेलवे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस साल इन सात महीनों (अप्रैल से अक्टूबर) में विभिन्न श्रेणियों में कुल 390.2 करोड़ यात्रियों ने सफर किया, जो 2022 की इसी अवधि के दौरान 349.1 करोड़ यात्रियों की तुलना में 41.1 करोड़ अधिक (11.7 प्रतिशत अधिक) है। विज्ञप्ति में कहा गया कि 390.2 करोड़ यात्रियों में से 372 करोड़ ने गैर-वातानुकूलित डिब्बों में जबकि बाकी 18.2 करोड़ ने एसी डिब्बों में यात्रा की। रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इससे पता चलता है कि अप्रैल से अक्टूबर 2023 के बीच कुल संख्या में से 95.3 प्रतिशत यात्रियों ने सामान्य और शयनयान श्रेणी में यात्रा की और 4.7 प्रतिशत यात्रियों ने एसी श्रेणी को चुना।'' रेलवे ने यह भी कहा कि वह कोविड-पूर्व दिनों की तुलना में अब हर दिन 562 अधिक ट्रेन चलाता है, जहां कोविड-पूर्व के दिनों में हर दिन 10,186 ट्रेन चलती थीं, वहीं अब यह बढ़कर 10,748 हो गई हैं।
-
नयी दिल्ली. नीति आयोग ने विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा-खासा अनुभव रखने वाले चार ‘फेलो' को नियुक्त किया है। ये नियुक्तियां एक साल के लिये की गयी हैं। बुधवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार नीति आयोग के चार नये सदस्य...अनूप सिंह, ओपी अग्रवाल, अजय चौधरी और वी लक्ष्मीकुमारन... महत्वपूर्ण सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी मुद्दों की समझ और विशेषज्ञता रखते हैं। इसके साथ उनके पास अच्छा-खासा कार्य अनुभव भी है। सिंह पंद्रहवें वित्त आयोग के सदस्य हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष के साथ एशिया प्रशांत विभाग के निदेशक के रूप में भी काम किया है। बयान के अनुसार, अग्रवाल 1979 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनके पास शहरी परिवहन के क्षेत्र में अच्छा खासा अनुभव और विशेषज्ञता है। चौधरी एचसीएल के सह-संस्थापकों में से एक हैं। उन्होंने भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं लक्ष्मी कुमारन एक कानूनी विशेषज्ञ हैं और उनके पास कानून के क्षेत्र में 35 साल का अनुभव है।
-
बांदा (उप्र) . जिले की बबेरू कोतवाली क्षेत्र में शराब के नशे में अपनी गर्भवती पत्नी की पिटाई के बाद एक युवक ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। बबेरू कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पंकज सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात बबेरू कस्बे के तिंदवारी रोड निवासी दीपक राजपूत (28) शराब के नशे में अपने घर पहुंचा और अपनी पत्नी पूजा (26) से झगड़ा करने लगा। दीपक ने अपनी पत्नी की पिटाई की तथा उसे घर से बाहर निकाल दिया। उन्होंने बताया कि इसके बाद दीपक ने अपने कमरे में लगे पंखे के हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
एसएचओ ने बताया कि पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और बुधवार सुबह दीपक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। -
बेंगलुरु. ‘इंफोसिस साइंस फाउंडेशन' ने भारत में वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छह लोगों को प्रतिष्ठित ‘इंफोसिस प्राइज' 2023 देने की बुधवार को घोषणा की। विजेता छह श्रेणियों- इंजीनियरिंग एवं कंप्यूटर विज्ञान, मानविकी, जीवन विज्ञान, गणितीय विज्ञान, भौतिक विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में चुके गए हैं। इंजीनियरिंग एंड कम्प्यूटर साइंस: सच्चिदानंद त्रिपाठी,प्रोफेसर, सस्टेनेबल इनर्जी इंजीनियरिंग (एसईई), आईआईटी-कानपुर। इन्हें व्यापक पैमाने पर संवेदी आधारित वायु गुणवत्ता नेटवर्क तथा मोबाइल लैबोरेटरी स्थापित करने के लिए इस पुरस्कार के वास्ते चुना गया है। ह्यूमैनिटीज (मानविकी): जाह्नवी फाल्के, संस्थापक निदेशक, साइंस गैलरी बेंगलुरु।
लाइफ साइंस (जीवन विज्ञान): अरुण कुमार शुक्ला, प्रोफेसर, जैविक विज्ञान एवं बायोइंजीनियरिंग, आईआईटी-कानपुर। इन्हें जी-प्रोटीन युग्मित रिसेप्टर (जीपीसीआर) जीव विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट और दूरगामी योगदान के लिए ये पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। गणितीय विज्ञान (मैथमैटिकल साइंसेज):भार्गव भट्ट, फ़र्नहोल्ज़ संयुक्त प्रोफेसर, इंस्टीट्यूट फॉर एडवांस्ड स्टडी एंड प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी । इन्हें अंकगणितीय ज्यामिति और क्रमविनिमेय बीजगणित में आधाभूत योगदान के लिए ये पुरस्कार देने की घोषणा की गई। फिजिकल साइंस: मुकुंद थताई, प्रोफेसर, बायोकेमेस्ट्री, बायोफिजिक्स एंड बायोइंफारमेटिक्स, नेशनल सेंटर फॉर बॉयोलॉजिकल साइंस। सोशल साइंजेंस: करुणा मंतेना, प्रोफेसर, राजनीति विज्ञान, कोलंबिया विश्वविद्यालय। इन्हें साम्राज्यवादी शासन के सिद्धांत पर अभूतपूर्व शोध के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी में पुरस्कार के तौर पर एक स्वर्ण पदक, एक प्रशस्ति पत्र और 100,000 अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे। पुरस्कार 13 जनवरी को प्रदान किए जाएंगे। -
नयी दिल्ली. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन (आईडीएफ) और न्यूकैसल विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से दी गई जानकारी के मुताबिक धूम्रपान छोड़ने से टाइप-2 मधुमेह के खतरे को 30 से 40 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। डब्ल्यूएचओ ने एक बयान में कहा कि सबूत संकेत देते हैं कि धूम्रपान रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने की शरीर की क्षमता को प्रभावित करता है, जिससे टाइप-2 मधुमेह (डायबिटीज) हो सकता है। संयुक्त राष्ट्र निकाय ने कहा कि टाइप-2 मधुमेह दुनिया भर में सबसे विस्तृत दीर्घकालिक बीमारियों में से एक है। यह मधुमेह के 95 प्रतिशत से अधिक मामलों के लिए जिम्मेदार है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि इसे रोका जा सकता है क्योंकि टाइप-2 मधुमेह के कारकों में मोटापा, पर्याप्त व्यायाम न करना और आनुवंशिकी शामिल हैं। बयान में कहा गया कि आईडीएफ का अनुमान है कि 53.7 करोड़ लोग मधुमेह से ग्रस्त हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है और दुनिया भर में बीमारियों से होने वाली मौतों में मधुमेह से होने वाली मौतों का स्थान नौंवा है। आईडीएफ 161 देशों और क्षेत्रों में 240 से अधिक राष्ट्रीय मधुमेह संघों का एक गैर-लाभकारी संयुक्त मंच है। डब्ल्यूएचओ के बयान के मुताबिक धूम्रपान से हृदय रोग, गुर्दे खराब होने और अंधापन जैसी मधुमेह संबंधी जटिलताओं का खतरा भी बढ़ जाता है, इसके अलावा घाव भरने में देरी होती है और पैरों के निचले हिस्से को काटने तक का खतरा बढ़ जाता है। आईडीएफ अध्यक्ष अख्तर हुसैन ने कहा, ‘‘इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन लोगों को मधुमेह के खतरे को कम करने के लिए धूम्रपान बंद करने के लिए दृढ़ता से प्रोत्साहित करता है। मधुमेह होने की स्थिति में धूम्रपान छोड़ने पर जटिलताओं से बचने में मदद मिलती है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम सरकारों से ऐसे नीतिगत उपाय लागू करने का आह्वान करते हैं जो लोगों को धूम्रपान करने से हतोत्साहित करें और सभी सार्वजनिक स्थानों को धूम्रपान से मुक्त करे।'' 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस के रूप में मनाया जाता है।
-
नयी दिल्ली. गृह मंत्रालय द्वारा तैयार मसौदा जेल कानून में फोन रखने पर तीन साल के कारावास, मादक पदार्थों के आदी कैदियों, पहली बार जेल आए अपराधियों, उच्च जोखिम वाले और विदेशी कैदियों को अलग-अलग रखने जैसे प्रावधान किए गए हैं। इसके अलावा कैदियों को ‘‘इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकिंग'' उपकरण पहनने की शर्त पर छुट्टी देने का भी प्रावधान है ताकि उनकी आवाजाही और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। मसौदा कानून के अनुसार, निगरानी के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाएगा। प्रतिबंधित वस्तुओं की तलाश में किसी भी कैदी की नियमित तलाशी ली जाएगी। इसके अलावा मसौदे में कैदी को किसी भी उल्लंघन पर भविष्य में दी जाने वाली छुट्टी के लिए अयोग्य घोषित करना और उनकी छुट्टी रद्द करने का प्रावधान शामिल हैं। मसौदे में मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामग्री रखने या इस्तेमाल करने पर सजा का सुझाव दिया गया है। इसमें कहा गया है कि जेलों में कैदियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखने या उनका उपयोग करने पर रोक लगाई जाए। मई में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भेजे गए और सोमवार को गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर अपलोड किए गए केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला के एक पत्र के अनुसार, मंत्रालय ने स्वतंत्रता से पहले के दो कानूनों, जेल अधिनियम 1894 और कैदी अधिनियम 1900 को बदलने के लिए "एक प्रगतिशील और व्यापक" 'आदर्श कारागार अधिनियम, 2023' को अंतिम रूप दिया है।
-
अंबाला . हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को कहा कि पुलिस जहरीली शराब के सेवन के संदिग्ध मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। विज ने यहां पत्रकारों से कहा कि इस मामले में हर सुराग पर कार्रवाई की जा रही है और अधिकतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हरियाणा में जहरीली शराब के सेवन के बाद संदिग्ध जहर के कारण कम से कम 20 लोगों की जान चली गई है। इनमें यमुनानगर में 18 और अंबाला में दो लोगों की मौत हुई है। विज ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘शराब मामले में अधिकतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।'' पुलिस ने पहले कहा था कि इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो अंबाला जिले से हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शराब की खरीद का स्रोत जाने बिना उसका सेवन न करें।
जहरीली शराब के सेवन से अब तक जिन लोगों की मौत हुई है, वे यमुनानगर के मंडेबरी, पंजेटो का माजरा और सारन गांव समेत कई गांवों से हैं। विपक्षी दल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने इस मुद्दे पर मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि वह पिछली घटनाओं से सबक सीखने में विफल रही है। -
बरेली .उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रामनगर में मंगलवार को आपसी विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) मुकेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि सिरौली थाना क्षेत्र के दलीपुर गांव निवासी मानसिक रूप से कमजोर आरोपी मैकू लाल (28) का पत्नी राम दुलारी (25) से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। उन्होंने बताया कि इस दौरान आवेश में उसने कथित तौर पर धारदार गड़ासे से पत्नी की गर्दन पर वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि वारदात के वक्त आरोपी मैकू लाल के दोनों बच्चे घर पर ही थे। घटना उनकी आंखों के सामने हुई। बच्चों की चीखपुकार सुनकर मोहल्ले के लोग उनके घर पर पहुंचे तो देखा कि खून से लथपथ राम दुलारी का शव जमीन पर पड़ा था जबकि आरोपी मैकू लाल फांसी के फंदे से लटक रहा था। हालांकि उसकी सांसें चल रही थीं। मिश्रा ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने मैकू को अस्पताल भेज दिया। शाम को उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं।
-
चंडीगढ़. पंजाब के पहले ‘रेल कोच रेस्तरां' का मंगलवार को पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन किया गया। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रेस्तरां की स्थापना रेलवे के ‘रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स' या ‘फूड ऑन व्हील्स' के तर्ज पर की गई है। इस पहल के तहत पुरानी ट्रेन के कोचों का नवीनीकरण किया जाता है और उन्हें रेल कोच रेस्तरां में परिवर्तित किया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि इस वातानुकूलित रेस्तरां में यात्री स्टेशन पर ही किफायती दरों पर भोजन का आनंद ले सकेंगे। अधिकारियों ने बताया कि यह सुविधा रेल यात्रियों और आम जनता के लिए 24 घंटे उपलब्ध होगी और उन्हें एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगी। यह भारतीय रेलवे के फिरोजपुर खंड का दूसरा ऐसा रेस्तरां है। श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर पहले ‘रेल कोच रेस्तरां' का उद्घाटन किया गया था।
-
पुरी (ओडिशा) . पुरी के जगन्नाथ मंदिर के अधिकारियों ने 12वीं सदी के मंदिर के परिसर में एक जनवरी 2024 से ‘‘पान और गुटखा'' खाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। इस सिलसिले में लिये गए निर्णय की घोषणा श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक रंजन कुमार दास ने की। दास ने कहा कि श्रद्धालुओं, सेवादारों और मंदिर के कर्मचारियों के लिए प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जाएगा। उन्होंने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘मंदिर परिसर में पान और गुटखा नहीं खाने के लिए नवंबर और दिसंबर में जागरूकता फैलाई जाएगी, जबकि निषेध एक जनवरी से लागू होगा। नियम का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।'' मंदिर प्रशासन ने इस विषय पर सेवादारों के शीर्ष संगठन छत्तीसा निजोग को भी पत्र लिखा है।
इसने पत्र में कहा कि मंदिर परिसर में इस तरह की चीजें खाने पर जुर्माने का प्रावधान है, लेकिन ‘‘नियम का कोई भी पालन नहीं कर रहा है।'' पिछले महीने मंदिर प्रशासन ने कहा था कि वह एक जनवरी से श्रद्धालुओं के लिए एक ‘ड्रेस कोड' लागू करेगा। दास ने कहा था, ‘‘मंदिर की गरिमा और पवित्रता बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। दुर्भाग्यवश, कुछ लोग दूसरे लोगों की धार्मिक भावनाओं की परवाह किए बिना मंदिर में आ जाते हैं।'' उन्होंने कहा था, ‘‘कुछ लोगों को मंदिर में फटी जीन्स, बिना आस्तीन वाले वस्त्र और हाफ पैंट पहने देखा गया, मानो ये लोग समुद्री तट या पार्क में घूम रहे हों। मंदिर में भगवान रहते हैं, मंदिर मनोरंजन का कोई स्थान नहीं है। -
सूरत (गुजरात). सूरत के पलसाना इलाके में कपड़ों की रंगाई के एक कारखाने के सैप्टिक टैंक में दम घुटने से चार श्रमिकों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पलसाना-कडोदरा मार्ग पर स्थित कारखाने में यह घटना मंगलवार शाम को घटी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सैप्टिक टैंक की सफाई करते समय दो मजदूर बेहोश हो गए और उन्हें बचाने की कोशिश करते हुए दो और श्रमिक भी बेहोश हो गए। पुलिस अधिकारी के अनुसार चारों को टैंक से निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतक बिहार के रहने वाले थे और उनकी शिनाख्त की जा रही है।
-
मुजफ्फरनगर (उप्र). उत्तर प्रदेश में दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुर तिराहे पर मंगलवार सुबह एक कार और ट्रक के बीच टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक कार ने ट्रक में पीछे से टक्कर मारी और हादसा संभवत: तेज गति के कारण हुआ ।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) विनय गौतम ने बताया कि कार में सवार लोग हरिद्वार जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मृत व्यक्तियों की पहचान दिल्ली के कुणाल (23), शिवम त्यागी (22), पारस शर्मा (18) , धीरज (22), विशाल (20) और मेरठ के अमन (22) के रूप में हुई है। गौतम ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है जबकि उसका चालक फरार हो गया।
गौतम ने घटना के बारे में विस्तार से बताया, " कार में सवार लोग दर्शनीय स्थलों की यात्रा के लिए हरिद्वार जा रहे थे। सभी युवा थे। यह दुर्घटना तेज गति से वाहन चलाने का मामला हो सकता हैं और यह भी संभव है कि कार चला रहे व्यक्ति को झपकी आ गयी और इसी वजह से कार पीछे से पंजाब नंबर वाले ट्रक में घुस गयी ।" उन्होंने बताया, "हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ और दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पूरी कार ट्रक के नीचे फंस गई। पुलिस ने स्थानीय निवासियों और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला । कार में सवार सभी लोग मृत पाए गए, फिर भी उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।" उधर, एक प्रत्यक्षदर्शी योगेश कुमार ने भी बताया कि सुबह करीब चार बजे यह हादसा हुआ और कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। -
जयपुर. राजस्थान के टोंक जिले के डिग्गी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को एक कार ने दो बाइक को टक्कर मार दी जिससे तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये। थानाधिकारी अयूब खान ने बताया कि जयसिंहपुरा मोड़ के पास जयपुर से फागी की तरफ जा रही एक तेज गति कार ने डिग्गी कल्याण जी के दर्शन कर लौट रहे दो बाइकों को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार मां बेटे सहित तीन लोगों की मौत हो गई वहीं चार अन्य लोग घायल हो गये। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद दोनों बाइक पर सवार सभी सातों घायलों को उपचार के लिये जयपुर भेजा गया था जहां उपचार के दौरान भागचंद (30), सविता (30) उसका दो वर्षीय पुत्र सोम की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि चारों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
भुवनेश्वर. ओडिशा के सोनपुर जिले में 80 वर्षीय एक महिला की बोरवेल में गिरने से मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला की पहचान दुखी नेगी के तौर पर की गयी है। अधिकारियों ने बताया कि उसे पांच घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद गंभीर हालत में 20 फुट गहरे बोरवेल से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग महिला सोमवार शाम को सदर ब्लॉक के कैनफुला गांव के पास एक जंगली इलाके में एक बोरवेल में फिसल कर गिर गई थी। अधिकारी ने बताया कि महिला के परिवार ने दावा किया कि वह बधिर और मूक थी। स्थानीय लोगों ने पूरी रात महिला की तलाश की और पुलिस को सूचना भी दी। वह मंगलवार की सुबह एक बोरवेल में मिली, जिसके बाद दमकल सेवा और ओडिशा आपदा द्रुत कार्य बल (ओडीआरएएफ) ने बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने महिला को सांस लेने में मदद करने के लिए बोरवेल में ऑक्सीजन की आपूर्ति की और उसे बाहर निकालने के लिए एक समानांतर छेद बनाया। उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में बोरवेल से बाहर निकालने के बाद उसे सोनपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनपुर अस्पताल की चिकित्सक सोमी पुरोहित ने बताया, ‘‘अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी।'' सोनपुर के पुलिस अधीक्षक अमरेश पांडा ने कहा कि महिला को जब बोरवेल से बाहर निकाला गया, तो उसकी स्पंद दर (पल्स रेट) बहुत कम थी। उन्होंने बताया कि महिला के साथ एक सांप भी मिला, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि उसने उसे काटा था या नहीं । सहायक अग्निशमन अधिकारी धनंजय मलिक ने कहा, ‘‘हमने उसे बचाने के लिए बोरवेल के पास एक और छेद किया। तलाश अभियान के दौरान, हम उसे देख सकते थे, लेकिन वह जवाब नहीं दे रही थी।'' सोनपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक तथा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री निरंजन पुजारी ने कहा कि घटना की उचित जांच कराई जाएगी।
- file photo
-
धनबाद . झारखंड के धनबाद जिले में एक बाजार की कुछ दुकानों में लगी भीषण आग से निकली जहरीली गैसों के कारण कथित तौर पर दम घुटने से छह साल की बच्ची समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना राज्य की राजधानी रांची से करीब 170 किलोमीटर दूर केंदुआ बाजार में सोमवार रात साढ़े नौ बजे की है। आग एक इमारत में सौंदर्य प्रसाधन की दुकान में लगी, जो ऊपरी मंजिल तक फैल गई। इसी मंजिल पर दुकान के मालिक सुभाष गुप्ता परिवार के साथ रहते थे। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान सुभाष की मां उमा देवी (70), बहन प्रियंका गुप्ता (37) और बेटी सौम्या गुप्ता उर्फ मौली (6) के रूप में हुई। बचाव अभियान की निगरानी कर रहे पुलिस उपाधीक्षक (कानून- व्यवस्था) अरविंद कुमार बिन्हा ने कहा, ‘‘आग का सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांच की जा रही है।'' पुलिस को संदेह है कि संभवत: आग शॉर्ट सर्किट या दिवाली उत्सव के लिए जलाये गये दीये के कारण लगी होगी। पुलिस ने बताया कि आग से नजदीक की छह अन्य दुकानों को भी नुकसान हुआ और लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
-
मुजफ्फरनगर . उत्तर प्रदेश में दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुर तिराहे पर मंगलवार सुबह एक कार और ट्रक के बीच टक्कर होने से छह लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) विनय गौतम ने बताया कि दुर्घटना तब हुई, जब ये लोग एक कार से हरिद्वार जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मृत व्यक्तियों की पहचान दिल्ली के कुणाल (23), शिवम त्यागी (22), पारस शर्मा (18) , धीरज (22), विशाल (20) और मेरठ के अमन (22) के रूप में हुई है। गौतम ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। उनके अनुसार इन सभी लोगों के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गयी है। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक दुर्घटना के बाद भाग गया, जबकि ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
-
नयी दिल्ली। सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत रॉय का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। कंपनी ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न बीमारियों से लंबे समय से जूझ रहे सुब्रत रॉय का दिल का दौरा पड़ने के कारण रात साढ़े 10 बजे निधन हो गया। कंपनी ने कहा कि उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद रविवार को उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कंपनी ने बयान में कहा, उनके निधन से हुई क्षति को पूरा सहारा इंडिया परिवार गहराई से महसूस करेगा।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली में दिवाली के त्योहार के दौरान शुक्रवार से रविवार तक लोगों ने करीब 121 करोड़ रुपये मूल्य की 64 लाख शराब की बोतलें खरीदीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली से एक हफ्ते पहले एक करोड़ से अधिक शराब की बोतलों की बिक्री से सरकार को 234.15 करोड़ रुपये की कमाई हुई। आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘दिल्ली में होली और दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान शराब की बिक्री बढ़ जाती है क्योंकि इसे न केवल व्यक्तिगत उपभोग और भंडारण के लिए खरीदा जाता है बल्कि उपहार के रूप में देने के लिए भी खरीदा जाता है।'' आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिवाली से पहले 17 दिनों में कुल बिक्री तीन करोड़ बोतलों से अधिक थी, जिससे 525.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि दिवाली से ठीक पहले शराब की बिक्री में तेजी आई और बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को दुकानों पर क्रमश: 17.33 लाख, 18.89 लाख और 27.89 लाख बोतलें बिकीं। उन्होंने बताया कि दिवाली पर शराब की दुकाने बंद रहीं। अधिकारियों ने बताया कि तीन दिनों में 64 लाख से अधिक बोतलों की इस संयुक्त बिक्री से दिल्ली सरकार को कुल 120.92 करोड़ रुपये की कमाई हुई। उन्होंने बताया कि पिछले साल दिवाली से तीन दिन पहले शराब की बिक्री क्रमश: 13.46 लाख, 15 लाख और 19.39 लाख बोतलों की हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि 2022 में दिवाली से पहले के 17 दिनों में दिल्ली में 2.11 करोड़ शराब की बोतलें बेची गईं। इस लिहाज से इस साल बेची गई बोतलों की संख्या करीब 42 प्रतिशत अधिक है।5




























