जनता का वोट अभूतपूर्व बदलाव लेकर आया : अनुराग ठाकुर
नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों में आम आदमी के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव सिर्फ इसलिए संभव हो पाया, क्योंकि मतदाताओं ने एक निर्णायक नेता का समर्थन किया। केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मेलन में ठाकुर ने दावा किया कि पहले भारतीय अर्थव्यवस्था की हालत खराब थी और वह भ्रष्टाचार से जूझ रही थी, लेकिन मोदी के नेतृत्व में यह दुनिया की पांच शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सरकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित किया, जिससे कतार के अंत में खड़े लोगों तक लाभ पहुंचा और उनके जीवन में गुणात्मक परिवर्तन आया। ठाकुर ने कहा कि सेवा की भावना, बड़े विचार, सुशासन, प्रौद्योगिकी को शामिल करने और वितरण तंत्र में पारदर्शिता एवं जवाबदेही लाने से अंतिम छोर तक सार्वजनिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो रही है। मंत्री ने कहा, “समय कैसे बदला? यह आपके वोट के कारण हुआ, जो एक मजबूत सरकार और निर्णायक नेतृत्व लेकर आया।” दूरदर्शन द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन रेलवे, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया। इसमें उद्योग, खेल और फिल्म जगत की अहम शख्सियतों के साथ-साथ पर्यावरणविदों ने शिरकत की। ठाकुर की बात से सहमति जताते हुए वैष्णव ने कहा कि मोदी सरकार गरीब व्यक्ति के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लेकर आई है। उन्होंने कहा कि 3.5 करोड़ लाभार्थियों को पक्के घर मिले हैं, 12 करोड़ घरों में नलों के जरिये पानी पहुंचा है और 9.6 करोड़ घरों को रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। वैष्णव ने कहा, “यह इसलिए संभव हुआ, क्योंकि आपने एक स्थिर सरकार चुनी। मैं आपसे आगे भी एक निर्णायक नेतृत्व के लिए मतदान करने का आग्रह करता हूं, ताकि भारत 2047 तक एक विकसित देश के रूप में उभर सके।” वैष्णव ने कहा कि किसी भी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के भाषणों के दौरान शौचालय जैसी मूलभूत मानवीय जरूरतों की बात नहीं की। उन्होंने कहा, “लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से अपने भाषण में हर घर में शौचालय बनाने की बात कही। उसने आज 11.72 करोड़ शौचालयों के निर्माण के साथ महिला सुरक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में क्रांति ला दी है।” वैष्णव ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि आज भारत के पास आतंकवादी कृत्यों का जवाब देने की मजबूत इच्छा शक्ति और साधन हैं। वहीं, ठाकुर ने कहा कि सरकार औपनिवेशिक अतीत की विरासत को पीछे छोड़कर आधुनिक एवं स्वदेशी प्रतीकों को अपनाने के मामले में आगे रही है। उन्होंने कहा, “यह कर्तव्य पथ और नये संसद भवन के निर्माण स्पष्ट है।


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)
Leave A Comment