- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. संसद की एक समिति ने कहा है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित स्मारकों की सूची में कई छोटे स्मारक शामिल हैं और सिफारिश किया कि सूची में स्मारकों को उनके राष्ट्रीय महत्व, वास्तुशिल्प मूल्य और विशिष्ट विरासत तत्वों के आधार पर वर्गीकृत किया जाना चाहिए। परिवहन, पर्यटन और संस्कृति विभाग संबंधी संसद की स्थायी समिति की यह रिपोर्ट एएसआई के कामकाज पर केंद्रित है जिसे बृहस्पतिवार को संसद में पेश किया गया। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘समिति का मानना है कि केंद्रीय संरक्षित स्मारकों की सूची में कई समस्याएं हैं। सूची में बड़ी संख्या में ऐसे छोटे स्मारक शामिल हैं जिनका कोई राष्ट्रीय महत्व नहीं है।'' समिति ने कहा कि सभी संरक्षित स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों और अवशेषों के आसपास 100 मीटर के निषिद्ध क्षेत्र और 300 मीटर के विनियमित क्षेत्र का प्रावधान आम जनता के लिए असुविधा का कारण है। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘यह प्रावधान इसके आसपास रहने वाले स्थानीय समुदाय के लिए समस्या का कारण बनता है। कुछ मामलों में, पूरा गांव 300 मीटर के दायरे में है जिससे पूरे गांव के लिए अपने घरों की आवश्यक मरम्मत कराना भी मुश्किल हो जाता है।'' समिति ने सुझाव दिया है कि प्रासंगिक नियमों की समीक्षा और उन्हें यथार्थवादी बनाना आज समय की मांग है। उसने कहा कि देखा गया है कि आज तक, 3,693 केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में से 531 स्मारकों यानी 14.4 प्रतिशत का अतिक्रमण किया गया है। समिति ने कहा कि 3,691 स्मारकों की वर्तमान सूची में औपनिवेशिक युग के सैनिकों या बिना किसी विशेष महत्व के अधिकारियों की 75 कब्रें शामिल हैं। इसका एक उदाहरण कर्नाटक के कुमटा में स्थित एक छोटी ईंट की दीवार का घेरा है जिसमें दो कब्रें हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ये संरक्षित हैं और एएसआई द्वारा उनकी देखभाल की जाती है। ये कब्रें लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर जॉन अल्बर्ट कोप (मृत्यु 1880 में) और हेनरी गैसेन (मृत्यु 1877) की हैं, जो एक कपास ओटने वाली कंपनी के लिए काम करते थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस संरचना का कोई वास्तुशिल्पीय महत्व नहीं है, और उन व्यक्तियों का भी कोई ऐतिहासिक महत्व नहीं है। समिति ने सिफारिश की कि एएसआई के पास मौजूद स्मारकों की सूची को उनके राष्ट्रीय महत्व, अद्वितीय वास्तुशिल्प मूल्य और विशिष्ट विरासत तत्वों के आधार पर वर्गीकृत किया जाना चाहिए। -
भुवनेश्वर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 सितंबर को ओडिशा की दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जो पुरी-राउरकेला-पुरी मार्ग पर परिचालित होगी। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दक्षिण पूर्व रेलवे की एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि इस ट्रेन को प्रधानमंत्री देशभर में अन्य वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे। इस ट्रेन से पुरी से राउरकेला के बीच की दूरी साढ़े सात घंटे में तय होगी। यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन पुरी से सुबह पांच बजे रवाना होगी और दोपहर पौने एक बजे राउरकेला पहुंचेगी। वापसी यात्रा में ट्रेन राउरकेला से दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी और रात्रि नौ बजकर 40 मिनट पर पुरी पहुंचेगी। यह ट्रेन सप्ताह में शनिवार को छोड़कर सभी छह दिन परिचालित होगी। यह अपनी यात्रा में खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, कटक, ढेंकनाल, अंगुल, संबलपुर शहर और झारसुगुड़ा स्टेशनों पर रुकेगी। प्रधानमंत्री ने ओडिशा में पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को इस वर्ष मई में हरी झंडी दिखाई थी जो पुरी और हावड़ा के बीच शुरू हुई थी।
- नयी दिल्ली. गृह मंत्रालय ने नवंबर 2022 से अगस्त 2023 तक मासिक आधार पर "स्वच्छता" अभियान सहित अन्य लंबित मामलों को कम करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्रालय द्वारा जनता से सीधे जुड़ाव वाले कार्यालयों को खास ध्यान में रखते हुए विभिन्न जगहों पर कुल 3,438 ‘स्वच्छता' अभियान चलाए गए हैं। इस अवधि के दौरान, सांसदों के 632 संदर्भों, 37 संसदीय आश्वासनों, छह कैबिनेट प्रस्तावों, राज्य सरकार के 213 संदर्भों और प्रधानमंत्री कार्यालय के 47 संदर्भों का निपटारा किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि नवंबर 2022 से अगस्त 2023 के बीच प्राप्त कुल 38,550 शिकायतों का मंत्रालय द्वारा निपटारा किया गया है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कार्यालयों में कुल 25,504 वर्ग फुट जगह खाली की गई है। इसके अलावा, मंत्रालय के भीतर सभी प्रभागों के साथ कुशल समन्वय के लिए, एक अंतर-मंत्रालय पोर्टल विकसित किया गया है।
-
मथुरा . तीर्थयात्रियों की बड़े पैमाने पर आमद की उम्मीद के मद्देनजर राधा रानी की भूमि बरसाना में आगामी 23 सितंबर को शुरू हो रहे राधा अष्टमी समारोह के अवसर पर आराध्य के समुचित दर्शन और अन्य अनुष्ठानों में सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया, ‘‘राधा अष्टमी पर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बरसाना के पूरे मेला क्षेत्र को सात क्षेत्रों और 16 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।'' उन्होंने कहा कि राधा अष्टमी के दिन लाखों तीर्थयात्री बरसाना आते हैं, इसलिए शहर के हर प्रवेश बिंदु पर स्थापित पार्किंग स्थलों से आगे किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बरसाना की ओर जाने वाले विभिन्न मार्गों पर 125 बसें चलायी जाएंगी। दानघाटी मंदिर गोवर्धन के पुजारी पवन कौशिक ने बताया कि राधा अष्टमी राधा रानी के जन्म के उपलक्ष्य में मनाई जाती है और दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश से भक्त इसे मनाने के लिए यहां के मंदिरों में आते हैं। मुख्य लाडली मंदिर के पुजारी और वर्तमान में मंदिर के रिसीवर रास बिहारी गोस्वामी ने कहा, ‘‘चूंकि राधा रानी का जन्म मूल नक्षत्र (एक अशुभ क्षण) के दौरान हुआ था इसलिए मूल शांति समारोह (अशुभ सितारों के बुरे प्रभाव को निष्क्रिय करना) मंदिर के गर्भगृह में एक घंटे के लिए किया जाएगा। यह 23 सितंबर को सुबह चार बजे से शुरू होगा।'' पुजारी ने बताया कि विभिन्न सामग्री के साथ भगवान का अभिषेक समारोह सुबह लगभग छह बजे मंदिर के ‘जगमोहन' (गर्भगृह के सामने का स्थान) में आयोजित किया जाएगा, ताकि भक्त इस समारोह को देख सकें। जिलाधिकारी ने राधा अष्टमी के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, ‘‘प्रकाश, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स से सुसज्जित 39 पार्किंग स्थापित की जा रही हैं। लाडली मंदिर में प्रवेश के लिए वन-वे व्यवस्था, मार्ग में 10 स्थानों पर भक्तों के आवागमन को नियंत्रित करने की व्यवस्था, तीन निकास द्वार, 10 एम्बुलेंस के साथ 13 चिकित्सा शिविर और प्रांतीय सशस्त्र सीमा बल (पीएसी) की कंपनियां पूरे मेले में तैनात की जाएंगी।'' पुजारी रास बिहारी गोस्वामी ने कहा कि बरसाना और नंदगांव मंदिर के पुजारियों द्वारा संयुक्त रूप से बधाई समारोह (राधा के माता-पिता को उनके जन्म की बधाई) भी किया जाएगा और दोपहर एक बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोपहर के सत्र में मंदिर के पुजारियों द्वारा भगवान को रथ में बैठाकर शहनाई और ढोल आदि की मधुर ध्वनि के बीच खुले में मंदिर की सफेद छतरी तक ले जाया जाएगा, ताकि भक्त भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित कर सकें। पुजारी ने कहा कि तीर्थयात्रियों को देवता के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करने का अवसर देने के लिए उन्हें फिर से मंदिर के ‘जगमोहन' में वापस लाया जाएगा। बाद में रात नौ बजे महाआरती के साथ मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अगले छह दिनों तक प्रसिद्ध मोरकुटी सहित आधा दर्जन स्थानों पर रास लीला का मंचन और प्रदर्शन किया जाएगा। रावल में लाडली मंदिर के पुजारी राहुल कल्ला ने कहा, ‘‘चूंकि राधा रानी का जन्म रावल में उनके मामा के घर में हुआ था, इसलिए रावल के लाडली मंदिर में भी विशेष अभिषेक किया जाएगा।'' पुजारी ने कहा कि सुबह के सत्र के दौरान गोकुलनाथ मंदिर गोकुल के प्रसिद्ध संत गुरुशरणानंद महराज और पंकज महराज भी रावल मंदिर में भगवान की पूजा करते हैं। राधा अष्टमी के अवसर पर मंदिर के सामने मेले का आयोजन किया जाता है।
-
नई दिल्ली। भारत ने ई-वीजा सहित कनाडा में वीजा सेवा पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिन्दम बागची ने कहा कि यह निर्णय हिंसा भडकाये जाने और कनाडा प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न किये जाने तथा कनाडा में भारतीय उच्चायोग और वाणिज्य दूतावास के लिए कामकाज के माहौल में व्यवधान डालने के कारण लिया गया है।
उन्होंने कहा कि किसी तीसरे देश में रहने वाले कनाडा के नागरिक भारतीय वीजा के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे। हालांकि वैध वीजा या अन्य दस्तावेज रखने वाले व्यक्ति भारत आ सकते हैं। भारत में कनाडा के राजनयिकों को लेकर एक सवाल पर श्री बागची ने कहा कि भारत ने दोनों देशों के राजनयिकों की समान संख्या रखने की बात कही है, इसलिए कनाडा की ओर से राजनयिकों की संख्या कम की जाएगी।हरदीप निज्जर विवाद पर श्री बागची ने कहा कि कनाडा ने इस संबंध में अभी तक कोई विशेष जानकारी नहीं दी है, जबकि भारत ने कनाडा की जमीन पर आपराधिक गतिविधियों के बारे में कनाडा को पुख्ता सबूत दिये हैं लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। श्री बागची ने इस मुद्दे पर कनाडा सरकार के बयान को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि कनाडा आतंकवादियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है। उन्होंने कनाडा प्रशासन से ऐसा और न करने का आग्रह किया है। श्री बागची ने कहा कि भारत पिछले कई वर्षों से आतंकी गतिविधियों में संलिप्त 25 आरोपियों के प्रत्यर्पण या उनके खिलाफ कार्रवाई में कनाडा से सहायता की मांग कर रहा है लेकिन इसमें कोई सफलता नहीं मिली है।भारत में विदेशी राजनयिकों की सुरक्षा से जुड़े सवाल पर श्री बागची ने कहा कि भारत वियना संधि को बहुत गंभीरता से लेता है और वह विदेशी राजनयिकों को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध करायेगा तथा कनाडा से भी यही अपेक्षा करता है। उन्होंने कहा कि भारत अपने मित्र देशों और भागीदारों के साथ भी संपर्क में है। भारत-कनाडा विवाद पर पाकिस्तान के बयान पर श्री बागची ने कहा कि पाकिस्तान को कोई गंभीरता से नहीं लेता है। - नयी दिल्ली।कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को यहां आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचकर कुलियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। गांधी कुलियों की लाल कमीज पहने और सिर पर सामान उठाते हुए भी दिखे। इसके बाद वह कुलियों के साथ बैठ गए और उनसे उनकी समस्याएं पूछीं। कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर गांधी की कुलियों से बातचीत की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “जननायक राहुल गांधी जी आज दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर अपने कुली मित्रों से मिले। हाल में एक वीडियो काफी प्रसारित हुआ था जिसमें रेलवे स्टेशन के कुली मित्रों ने उनसे मिलने की इच्छा जताई थी।”पार्टी ने लिखा, “आज, राहुलजी उनके बीच पहुंचे और उनकी बात सुनी… भारत जोड़ो यात्रा जारी है।” राहुल गांधी मिस्त्रियों से लेकर छात्रों तक, समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बातचीत कर चुके हैं। उनका कहना है कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक की उनकी भारत जोड़ो यात्रा इस तरह की बातचीत के माध्यम से जारी रहेगी। राहुल गांधी ने हाल में लद्दाख पहुंचकर विभिन्न सामाजिक समूहों से बातचीत की थी।
- आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के सरदहा बाजार में बुधवार सुबह कपड़ा व्यवसायी पिता-पुत्र की बदमाशों ने उनकी दुकान में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग आर्य सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटना की छानबीन के साथ ही बदमाशों की तलाश में जुट गई। पुलिस के मुताबिक महाराजगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी रशीद अहमद (55) सरदहा बाजार में अपने मकान में रेडीमेड कपड़े का व्यवसाय करते थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने छोटे बेटे शोएब (22) के साथ दुकान खोल कर साफ-सफाई कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे और दुकान में घुसकर रशीद पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक बेटा जान बचाने के लिए दुकान के दूसरे हिस्से में निर्माणाधीन मकान की तरफ भागा तो बदमाशों ने उसे भी गोली मार दी, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। स्थानीय लोग जब तक कुछ समझ पाते बदमाश हवा में गोली चलाते हुए मौके से फरार हो गए।दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र लाल, फॉरेंसिक टीम व भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस घटना की छानबीन के साथ ही बदमाशों की तलाश में जुट गयी है। ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि पुरानी रंजिश के कारण पिता और पुत्र की गोली मारकर हत्या की गई है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट (एनएमईटी) ने खनिजों की तलाश के लिए अब तक 2,100 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 309 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई। एनएमईटी के कामकाज की समीक्षा के लिए कोयला एवं खनन मंत्रालयों की सलाहकार समिति की बैठक में इस जानकारी से अवगत कराया गया। कोयला एवं खनन मंत्री प्रल्हाद जोशी ने इस बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार खनिज अन्वेषण को बढ़ावा देने और भारत को खनिज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकारों को पर्याप्त वित्तीय और तकनीकी सहायता दे रही है। खान मंत्रालय ने एक बयान में इस बैठक का हवाला देते हुए कहा, "एनएमईटी ने विभिन्न अधिसूचित अन्वेषण एजेंसियों और अधिसूचित निजी अन्वेषण एजेंसियों द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में क्षेत्रीय और विस्तृत अन्वेषण के लिए 2,100.14 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 309 परियोजनाओं को मंजूरी दी है।" इस बयान के अनुसार, एनएमईटी की तरफ से स्वीकृत 309 परियोजनाओं में से अब तक 151 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि बाकी प्रगति पर हैं। एनएमईटी खनिजों की तलाश के अलावा भूविज्ञान आंकड़ों के सृजन से जुड़ी परियोजनाओं को वित्तपोषित कर रहा है। देश में खनिज अन्वेषण में तेजी लाने के लिए केंद्र सरकार ने एनएमईटी की स्थापना की थी।
- नयी दिल्ली। देश के 27 राज्यों में भारतीय उच्च रक्तचाप नियंत्रण पहल (आईएचसीआई) के तहत जून 2023 तक लगभग 58 लाख उच्च रक्तचाप के रोगियों का इलाज किया जा रहा था। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की एक हालिया रिपोर्ट में इसका उल्लेख करते हुए दवाओं की उपलब्धता को “बड़ी चुनौती” करार दिया गया। आईएचसीआई का लक्ष्य उच्च रक्तचाप प्रबंधन और नियंत्रण के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए साक्ष्य-आधारित रणनीतियों के माध्यम से 2025 तक गैर-संचारी रोगों से मृत्यु दर को 25 प्रतिशत तक कम करने के सरकार के उद्देश्य को प्राप्त करना है। यह पहल 2017 में शुरू की गई थी और इसमें स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद, राज्य सरकारें और डब्ल्यूएचओ-भारत शामिल है। आईएचसीआई के समक्ष चुनौतियों का उल्लेख करते हुए रिपोर्ट में कहा गया कि दवाओं की उपलब्धता सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी, जिससे कुछ क्षेत्रों में मरीज जांच केंद्रों पर दोबारा आने से हतोत्साहित हुए। डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि दुनियाभर में 30-79 वर्ष की उम्र के लगभग एक तिहाई वयस्क उच्च रक्तचाप से प्रभावित हैं। इनमें से केवल 54 प्रतिशत में इस स्थिति का पता चला, 42 प्रतिशत का इलाज किया जा रहा है और 21 प्रतिशत ने अपने उच्च रक्तचाप को नियंत्रित किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि उच्च रक्तचाप का इलाज संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) 3.4 को पूरा करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण हस्तक्षेपों में से एक है, जो प्रमुख गैर-संचारी रोगों से समयपूर्व मृत्यु दर में एक तिहाई की कमी लाने पर लक्षित है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को कहा कि सात मोहल्ला क्लीनिक में तैनात सात चिकित्सक और 19 कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया है क्योंकि यह पाया गया कि उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक उपस्थिति प्रणाली में हेरफेर करने का प्रयास किया था। भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सकों के देर से आने की शिकायतें थीं। दिल्ली में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए मोहल्ला क्लीनिक अरविंद केजरीवाल सरकार की प्रमुख पहलों में से एक है। एक सामान्य मोहल्ला क्लीनिक में एक चिकित्सक, एक दाई-सह-नर्स और अन्य सहायक कर्मचारी होते हैं, और वहां आने वाले मरीजों को कई प्रकार की जांच सेवाएं और आवश्यक दवाएं मुफ्त प्रदान की जाती हैं। भारद्वाज ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘चिकित्सकों और कर्मचारियों को सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे तक मोहल्ला क्लीनिक में उपस्थित रहना होता है। हमने उपस्थिति रिकॉर्ड की जांच करायी...यह पाया गया कि इलेक्ट्रॉनिक उपस्थिति प्रणाली में हेरफेर किया जा रहा था।'' उन्होंने कहा कि कुछ कर्मचारी देर से आते थे लेकिन सिस्टम यह ‘‘दिखाता था'' कि वे सुबह आठ बजे पहुंच गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘(हमारी जांच में) सात मोहल्ला क्लीनिक में अनियमितताएं पाई गईं - पांच दक्षिण पश्चिम जिले में, एक उत्तरपूर्व जिले में और एक शाहदरा में। कुल मिलाकर सात चिकित्सकों सहित 26 कर्मचारियों को पैनल से हटा दिया गया है।'' वर्तमान में दिल्ली में कुल 533 आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक कार्यरत हैं।भारद्वाज ने कहा कि प्रस्तुत की गई छवियों में विसंगतियां या विषमताएं पाए जाने के बाद अनियमितताएं देखी गईं, जैसे कि उसी दिन कपड़ों में बदलाव या स्कैन छवि में किसी तस्वीर से ली गई फोटो का मिलना। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सात चिकित्सकों के अलावा, हटाए गए शेष कर्मचारियों में छह फार्मासिस्ट, छह क्लीनिक सहायक और सात अन्य कर्मचारी शामिल हैं। दिल्ली के मंत्री ने कहा कि केजरीवाल सरकार और स्वास्थ्य विभाग इस मामले पर "बहुत गंभीर" है कि ऐसे क्लीनिक में तैनात कर्मचारी जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करें और कोई लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। यह पूछे जाने पर कि सिस्टम के साथ ऐसी छेड़छाड़ कैसे हुई होगी, उन्होंने कहा कि उन लोगों के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए तकनीकी उन्नयन की आवश्यकता है जो सिस्टम में हेरफेर करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी तकनीक को अद्यतन करते रहते हैं।''
-
नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि इस वर्ष जुलाई में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अन्तर्गत लगभग 20 लाख नये कर्मियों का पंजीकरण हुआ है तथा योजना के लाभ 52 ट्रांसजेंडर कर्मियों तक बढाये गये हैं। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने बताया है कि नये पंजीकृत कर्मियों में लगभग 48 प्रतिशत कर्मचारी 25 वर्ष की आयुवर्ग के हैं। मंत्रालय ने कहा है कि इन आंकडों से पता चलता है कि युवाओं के लिए और अधिक नौकरियां पैदा हुई हैं। इस वर्ष जुलाई में योजना के अन्तर्गत 27 हजार से अधिक नये प्रतिष्ठान पंजीकृत हुए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि जुलाई महीने में महिला सदस्यों का पंजीकरण तीन लाख 82 हजार रहा है।
-
कोलकाता. भारत के सूर्य मिशन ‘आदित्य एल1' ने एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया के पश्चात ‘लैग्रेंज बिंदु-1' की ओर अपनी यात्रा शुरू करने के बाद अंतरिक्ष में सौर हवा में ऊर्जा कणों का अध्ययन करना शुरू कर दिया है, और यह अपनी शेष कार्य अवधि के दौरान भी इस काम को जारी रखेगा। एक तारा-भौतिकविद् ने यह बात कही। सौर पवन और सूर्य से आवेशित कणों के निरंतर प्रवाह का अध्ययन सुप्रा थर्मल एंड एनर्जेटिक पार्टिकल स्पेक्ट्रोमीटर (स्टेप्स) नामक उपकरण की मदद से किया जाएगा, जो ‘आदित्य सोलर विंड पार्टिकल एक्सपेरिमेंट' (एएसपीईएक्स) का एक हिस्सा है। भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल) में अंतरिक्ष और वायुमंडलीय विज्ञान के प्रोफेसर डॉ दिब्येंदु चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘स्टेप्स अब अंतरिक्ष से काम कर रहा है। हालांकि, यह पहले बेकार नहीं बैठा था। इसने 10 सितंबर से पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र के भीतर काम करना शुरू कर दिया है, जब आदित्य हमारे ग्रह से 52,000 किलोमीटर ऊपर था।'' ‘स्टेप्स' को पीआरएल द्वारा अहमदाबाद स्थित अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (एसएसी) के सहयोग से विकसित किया गया था। उन्होंने कहा कि स्टेप्स का मुख्य उद्देश्य ‘एल1' बिंदु पर अंतरिक्ष यान की स्थिति से लेकर इसके कार्य करने तक ऊर्जा कणों के वातावरण का अध्ययन करना है। अंतरिक्ष वैज्ञानिक ने कहा, "लंबे समय में स्टेप्स के डेटा से हमें यह समझने में भी मदद मिलेगी कि अंतरिक्ष का मौसम कैसे बदलता है।" भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गत दो सितंबर को ‘आदित्य-एल1' का प्रक्षेपण किया था जो पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर दूर पहले ‘लैग्रेंजियन' बिंदु तक जाएगा। वैज्ञानिकों के अनुसार, पृथ्वी और सूर्य के बीच पांच ‘लैग्रेंजियन' बिंदु (या पार्किंग क्षेत्र) हैं, जहां पहुंचने पर कोई वस्तु वहीं रुक जाती है। लैग्रेंजियन बिंदुओं का नाम इतालवी-फ्रांसीसी गणितज्ञ जोसेफ-लुई लैग्रेंज के नाम पर रखा गया है। अंतरिक्ष यान इन बिंदुओं का इस्तेमाल अंतरिक्ष में कम ईंधन खपत के साथ लंबे समय तक रहने के लिए कर सकते हैं।
-
नयी दिल्ली. पहला सी-295 मध्यम सामरिक परिवहन विमान बुधवार को वडोदरा में उतरा। कुछ दिन पहले ही स्पेन के दक्षिणी शहर सिवेले में इसे भारतीय वायु सेना को सौंपा गया था। विमान को 25 सितंबर को दिल्ली के पास हिंडन में एक समारोह में आधिकारिक तौर पर वायुसेना में शामिल किया जाएगा। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने 13 सितंबर को पहले सी295 विमान को प्राप्त किया था। भारतीय वायु सेना के आधुनिकीकरण के उद्देश्य से सरकार ने ‘एयरबस डिफेंस एंड स्पेस कंपनी' के साथ दो साल पहले 21,935 करोड़ रुपये में 56 सी295 परिवहन विमानों को खरीदने का सौदा किया था। ये विमान पुराने होते एवरो--748 बेड़े का स्थान लेंगे। वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर कहा, “ वायुसेना का पहला सी-295 एमडब्ल्यू विमान आज वडोदरा में उतरा। माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह 25 सितंबर 2023 को एएफ स्टेशन हिंडन में एक औपचारिक समारोह में विमान को वायुसेना को सौंपेगे।” इस समझौते के तहत एयरबस 2025 तक सेविले में शहर में अपने उत्पादन संयंत्र से ‘फ्लाई-अवे' (उड़ान के लिये तैयार) स्थिति में पहले 16 सी295 विमानों की आपूर्ति करेगा। इसके बाद शेष 40 विमानों का निर्माण और संयोजन भारत में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड(टीएएसएल) द्वारा वड़ोदरा में किया जाएगा। यह दोनों कंपनियों के बीच हुई एक औद्योगिक साझेदारी के हिस्से के रूप में किया जाएगा।
-
नयी दिल्ली. पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता और नेतृत्व की सराहना की तथा कहा कि जब वह सत्ता में हैं तो देश "निस्संदेह सुरक्षित हाथों में" है। प्रधानमंत्री के जीवन और योगदान पर एक पुस्तक के विमोचन के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोविंद ने मोदी को "असाधारण व्यक्तित्व और महान आत्मा" वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि मोदी के व्यक्तित्व और जनता के साथ संवाद करने की उल्लेखनीय क्षमता ने उन्हें एक स्वीकार्य नेता बनाया। कोविंद ने नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और कहा कि यह उनकी दृष्टि और नीतियों के कारण है कि भारत प्रवासी भारतीयों के लिए गौरव और कई देशों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि मोदी हमेशा आम लोगों के लिए सोचते हैं। पूर्व राष्ट्रपति ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम निस्संदेह सुरक्षित हाथों में हैं।'
-
कोहिमा. नगालैंड के त्सेमिन्यु जिले में बुधवार को ट्रक के टक्कर मारने के बाद एक कार (एसयूवी) खाई में गिर गई जिससे आठ लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना राज्य की राजधानी कोहिमा से 65 किलोमीटर दूर ‘के. स्टेशन' के पास तड़के हुई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि ट्रक भी सड़क से नीचे फिसल गया और फिर खाई में कार के ऊपर जा गिरा। त्सेमिन्यु के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लानू एयर ने बताया कि जब हादसा हुआ उस वक्त कार कोहिमा से कोकोकचुंग की ओर जा रही थी जबकि बालू से लदा ट्रक मेरापानी से कोहिमा की तरफ जा रहा था। उन्होंने बताया कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। एएसपी ने बताया, “ टक्कर के कारण कार कुछ दूरी तक राजमार्ग पर घिसटती चली गई और फिर राजमार्ग से कई फुट नीचे गिर गई। रेत से लदे ट्रक ने कार को पूरी तरह से कुचल दिया और सभी कार यात्री अंदर फंस गए थे। दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
मृतकों में वह तीन महिलाएं भी शामिल हैं जिन्होंने हाल में नगालैंड कर्मचारी चयन बोर्ड की परीक्षा पास की थी और उन्हें ग्रेड-3 कर्मी के तौर पर सरकारी सेवा में शामिल होने के लिए नियुक्ति पत्र मिल गया था। मृतकों में कुल छह महिलाएं और चालक समेत दो पुरुष शामिल हैं। एएसपी ने बताया कि ट्रक के चालक और उसके सहायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इन मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की। नगा स्टूडेंट्स फेडरेशन (एनएसएफ) ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है। -
नई दिल्ली। लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पर बुधवार को चर्चा हुई। विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओें में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। संविधान (128वां) संशोधन विधेयक-2023 कल नये संसद भवन में लोकसभा की कार्यवाही के पहले दिन पेश किया गया था। प्रस्तावित कानून को नारी शक्ति वंदन अधिनियम कहा जाएगा।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के साथ महिलाओं के नेतृत्व में विकास की शुरूआत होगी। उन्होंने कहा कि इस विधेयक से नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी। श्री शाह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण कई दलों के लिए राजनीतिक मुद्दा हो सकता है लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लिए यह राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि उसकी कार्य संस्कृति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इस सरकार के गठन के बाद से महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया गया है। जन धन खाते का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 70 प्रतिशत खाताधारक महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में 11 करोड 72 लाख शौचालय बनाये गये हैं जो महिलाओं के सशक्तिकरण को दिखाता है। श्री शाह ने कहा कि महिलाओं के लिए तीन करोड मकान बनाये गये और 12 करोड घरों को नल से जल की सुविधा से जोड़ा गया है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अन्तर्गत तीन करोड महिलाएं लाभान्वित हुई हैं।इससे पहले विधेयक पेश करते हुए केन्द्रीय विधि और न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं के लिए समानता के अवसर बढेंगे। श्री मेघवाल ने कहा कि सरकार ने देश में सामाजिक और आर्थिक असमानताएं दूर करने के लिए अनेक उपाय किये हैं।चर्चा की शुरूआत करते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी विधेयक का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय नारी का धैर्य समुद्र के समान है और वह नदी की तरह सबके कल्याण के लिए काम करती है। सरोजिनी नायडू, अरुणा आसफ अली, राजकुमारी अमृत कौर जैसी महान विभूतियों के योगदान की याद दिलाते हुए श्रीमती सोनिया गांधी ने कहा कि महिलाओं ने स्वतंत्रता आंदोलन और आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्रीमती गांधी ने मांग की कि जाति-जनगणना कराकर तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछडे वर्गों के उप कोटे के साथ महिला आरक्षण विधेयक तत्काल लागू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस विधेयक को देरी से लागू करना भारतीय महिलाओं के प्रति अन्याय होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विधेयक के प्रभावकारी कार्यान्वयन के मार्ग में आने वाली सभी रुकावटें दूर करनी चाहिए।कांग्रेस के राहुल गांधी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक एक बडा कदम है और इस सदन में सब इस बात पर सहमत हैं कि यह देश की महिलाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण कदम है। जाति आधारित जनगणना की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि विधेयक में अन्य पिछडा वर्ग को आरक्षण दिया जाना चाहिए और यह विधेयक तत्काल लागू किया जाना चाहिए।डीएमके की कनीमोझी करूणानिधि ने भी विधेयक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक भारतीय जनता पार्टी का चुनावी वादा है लेकिन इस विधेयक को लाने और पारित कराने के लिए कई नेताओं को उनसे आग्रह करना पडा। उन्होंने विधेयक के वास्तविक कार्यान्वयन को लेकर सवाल उठाये। उन्होंने जनगणना नहीं कराये जाने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर परिसीमन, जनगणना के आधार पर होगा तो इससे दक्षिण राज्यों का प्रतिनिधित्व कम हो जायेगा। जनता दल यूनाइटेड के राजीव रंजन सिंह ने कहा कि विधेयक के अंतर्गत अन्य पिछडा वर्गों को आरक्षण देने का प्रावधान होना चाहिये। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जातिगत जनगणना का विरोध कर रही है।तृणमूल कांग्रेस के काकोली घोष दस्तीदार ने महिलाओं पर अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुप्रिय सुले ने विधेयक के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचि जनजाति और अन्य पिछडा वर्ग के लिए आरक्षण देने की मांग की।समाजवादी पार्टी की डिम्पल यादव ने भी यही मांग उठाई। उन्होंने पूछा कि क्या विधेयक के प्रावधान राज्यसभा और विधान परिषद पर भी लागू होंगे? उन्होंने 2024 के आम चुनाव से पहले विधेयक के प्रावधान तत्काल लागू करने पर चिन्ता व्यक्त की।शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल ने जनगणना में देरी का मुददा उठाते हुए कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि महिला आरक्षण विधेयक वास्तव में कब लागू होगा।भाजपा के डॉक्टर निशिकांत दुबे ने कहा कि विधेयक के प्रावधान निश्चित तौर पर लागू होंगे। कांग्रेस पार्टी के आरोप का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जनगणना और परिसीमन कराया जायेगा तथा उसके अनुरूप महिलाओं को आरक्षण दिया जायेगा। केन्द्रीय मंत्री और अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज लोकसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 14 प्रतिशत और राज्यसभा में 11 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढाने के लिए यह विधेयक महत्वपूर्ण कदम है। भाजपा के जगदम्बिका पाल ने इस विधेयक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि नीति निर्माण और प्रशासन में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढेगा।महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि इस विधेयक से महिलाओं की स्थिति मजबूत होगी।वाई एस आर कांग्रेस, बीजू जनता दल, बहुजन समाज पार्टी, भारत राष्ट्र समिति, शिवसेना, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, ए आई एम आई एम तथा अन्य दलों के सदस्यों ने भी विधेयक पर अपने विचार रखे। - कोहिमा। नगालैंड के त्सेमिन्यु जिले में बुधवार को ट्रक के टक्कर मारने के बाद एक कार (एसयूवी) खाई में गिर गई जिससे आठ लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना राज्य की राजधानी कोहिमा से 65 किलोमीटर दूर ‘के. स्टेशन' के पास तड़के हुई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि ट्रक भी सड़क से नीचे फिसल गया और फिर खाई में कार के ऊपर जा गिरा। त्सेमिन्यु के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लानू एयर ने बताया कि जब हादसा हुआ उस वक्त कार कोहिमा से कोकोकचुंग की ओर जा रही थी जबकि बालू से लदा ट्रक मेरापानी से कोहिमा की तरफ जा रहा था। उन्होंने बताया कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। एएसपी ने बताया, “ टक्कर के कारण कार कुछ दूरी तक राजमार्ग पर घिसटती चली गई और फिर राजमार्ग से कई फुट नीचे गिर गई। रेत से लदे ट्रक ने कार को पूरी तरह से कुचल दिया और सभी कार यात्री अंदर फंस गए थे। दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।मृतकों में वह तीन महिलाएं भी शामिल हैं जिन्होंने हाल में नगालैंड कर्मचारी चयन बोर्ड की परीक्षा पास की थी और उन्हें ग्रेड-3 कर्मी के तौर पर सरकारी सेवा में शामिल होने के लिए नियुक्ति पत्र मिल गया था। मृतकों में कुल छह महिलाएं और चालक समेत दो पुरुष शामिल हैं। एएसपी ने बताया कि ट्रक के चालक और उसके सहायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इन मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की। नगा स्टूडेंट्स फेडरेशन (एनएसएफ) ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी स्थित विज्ञान भवन में भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) द्वारा आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय अधिवक्ता सम्मेलन 2023 का उद्घाटन करेंगे। बीसीआई ने बताया कि उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ मुख्य अतिथि होंगे और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा ब्रिटेन के न्याय मंत्री एलेक्स चॉक केसी विशिष्ट अतिथि होंगे। परिषद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि समारोह का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 24 सितंबर को समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
-
नयी दिल्ली। लोकसभा ने बुधवार को ‘नारीशक्ति वंदन विधेयक' को मंजूरी दे दी जिसमें संसद के निचले सदन और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है। इससे संबंधित ‘संविधान (एक सौ अट्ठाईसवां संशोधन) विधेयक, 2023' पर निचले सदन में करीब आठ घंटे की चर्चा और विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के जवाब के बाद मत विभाजन के जरिए इसे स्वीकृति दी गई। विधेयक के पक्ष में 454 वोट पड़े और विरोध में 2 वोट पड़े। विधेयक पारित किए जाने के दौरान सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद थे।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विधेयक पर चर्चा की शुरुआत की। राहुल गांधी, गृह मंत्री अमित शाह, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी समेत कुल 60 सदस्यों ने इस विधेयक पर चर्चा में भाग लिया। इनमें 27 महिला सदस्य शामिल हैं। मेघवाल ने चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि सरकार ने इस बार ऐसी व्यवस्था की है कि महिलाओं को इस बार इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने तकनीकी मुद्दों पर कहा, ‘‘आप (विपक्ष) चाहते हैं कि यह विधेयक तकनीकी कारणों से फंस जाये, लेकिन हम इस बार इसे फंसने नहीं देंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास नीति भी है, नीयत भी और मोदी जी जैसा नेतृत्व भी।'' ‘नारीशक्ति वंदन विधेयक' के कानून बन जाने के बाद 543 सदस्यों वाली लोकसभा में महिला सदस्यों की संख्या मौजूदा 82 से बढ़कर 181 हो जाएगी। राज्य विधानसभाओं में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित हो जाएंगी। मेघवाल ने मंगलवार को लोकसभा में कहा था कि विधेयक में फिलहाल 15 साल के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है और संसद को इसे बढ़ाने का अधिकार होगा। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया था कि महिलाओं की आरक्षित सीट में भी अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण होगा।
- नयी दिल्ली । केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि नए संसद भवन में स्थानांतरित होना भारत के संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में एक निर्णायक मोड़ है। उन्होंने कहा कि यह 17वीं लोकसभा के वर्तमान सांसदों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है क्योंकि "हमें अपने कार्यकाल का एक हिस्सा पुराने संसद भवन की इमारत में और आज से कार्यकाल का दूसरा हिस्सा नए संसद भवन की इमारत में बिताने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।'' कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा, "यह दिन भारत के संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ है।"
- श्रीनगर ।जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को केंद्र शासित प्रदेश के लोगों से कहा कि उन्हें प्रदेश में जारी शांति और विकास प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश कर रहे लोगों की बातों में आकर गुमराह नहीं होना चाहिए। सिन्हा ने मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।कमरिया स्टेडियम में एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने लोगों से ऐसे लोगों की बातों में आकर गुमराह नहीं होने का आह्वान किया जो शांति और विकास प्रक्रिया में व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उपराज्यपाल ने नागरिकों के लिए सुगम जीवनयापन को सुनिश्चित करने के लिए कई दशकों के विकास संबंधी अंतराल को दूर करने के प्रति केंद्रशासित प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि 2019 से पहले देरी आम बात थी, लेकिन अब परियोजनाओं को तेजी से पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिन्हा ने कहा कि 1,500 परियोजनाएं पूरी की गई हैं जिनमें पांच से 20 साल की देरी हुई थी।
- गोंडा (उत्तर प्रदेश)। जिले के मनकापुर क्षेत्र में मंगलवार को ततैया के हमले में दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल उनकी दादी का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मनकापुर थाना क्षेत्र के मदनापुर गांव निवासी उत्तमा (65) अपने दो पौत्रों युग (चार) और योगेश (छह) के साथ दुकान से राशन लाने जा रही थी। रास्ते में उन पर अचानक ततैया के झुंड ने हमला बोल दिया। ततैया के डंक मारने से तीनों की हालत गंभीर हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले गए, जहां पहुंचते ही युग की मौत हो गई। डॉक्टरों ने योगेश और उत्तमा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहां इलाज के दौरान योगेश की भी मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि उत्तमा का उपचार किया जा रहा है। file photo
-
बलरामपुर (उप्र). जिले के गौरा चौराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुसेलवा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की महिला से अवैध संबंध के शक में पीट पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव कुमार ने बताया की सोमवार रात गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के ग्राम भुसेलवा निवासी राज कुमार वर्मा (45) की एक महिला से अवैध संबंधों के शक में लाठी-डंडों से पीट पीट कर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि वर्मा के बेटे रमेश वर्मा ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मंगलवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
-
नोएडा. उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर के थाना बिसरख क्षेत्र में स्थित एक सोसायटी में रहने वाले 12 वीं कक्षा के छात्र की 24 वीं मंजिल से संदिग्ध अवस्था में गिरने की वजह से मौत हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी है। बिसरख के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह 6:30 बजे सूचना मिली कि गौर सौदर्यम सोसायटी में रहने वाला 17 वर्षीय किशोर प्रणव की 24 वीं मंजिल से गिरने की वजह से संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि वह अपने दोस्तों के साथ रात के समय पार्टी करने के लिए छुपकर चला जाता था। उन्होंने बताया कि पुलिस को शक है कि वह रात के समय परिजनों से छुपकर बालकनी के रास्ते दोस्तों के यहां पार्टी करने गया, तथा आज सुबह लौटा। सिंह ने कहा कि आशंका है की बालकनी के रास्ते अपने फ्लैट में जाते समय असंतुलित होने की वजह से वह नीचे गिर गया तथा उसकी मौत हो गई। पुलिस आत्महत्या और हादसा दोनों कोण को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
-
बारासात. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मंगलवार को बांग्लादेश सीमा के पास से 14 करोड़ रुपये के सोने के बिस्कुट जब्त किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 68वीं बटालियन के जवानों ने बगदाह पुलिस थाना क्षेत्र के रोंगहाट गांव में एक मोटरसाइकिल को रोका। अधिकारियों ने बताया कि मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर जवानों को 23 किलोग्राम सोने के बिस्कुट बरामद हुए जिनकी कीमत 14 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि सोने के बिस्कुट की बांग्लादेश से भारत में तस्करी की जा रही थी जिसमें मोटरसाइकिल सवार को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।







.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)







.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)





