कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बालोद एवं डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे के आधार पर तथा गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश
कार्य में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की दी चेतावनी
बालोद/ कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज जिले के बालोद एवं डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य एवं वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी के कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को केवल वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे के आधार पर एवं गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य शासन के विशेष प्राथमिकता वाला कार्य है। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दास्त नही की जाएगी। श्रीमती मिश्रा ने अधिकारी-कर्मचारियों को धान खरीदी के कार्य को पूरे मनोयोग, तत्परता एवं त्रुटिरहित ढंग से करने के निर्देश दी तथा धान खरीदी के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरते जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने आज बालोद विकासखण्ड के तरौद एवं कोबा तथा डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के कोचेरा एवं भीमकन्हार धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, एसडीएम डौण्डीलोहारा श्री शिवनाथ बघेल, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आरके राठिया, जिला खाद्य अधिकारी श्री तुलसी ठाकुर एवं तहसीलदार, जिला विपणन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं कृषकगण उपस्थित थे।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में जारी धान खरीदी के कार्य के अलावा वहाँ पर मूलभूत सुविधाओं की उलपब्धता, किसानों द्वारा बिक्री हेतु लाए जाने वाले धान की गुणवत्ता, धान खरीदी केन्द्रों के संचालन हेतु नियुक्त किए गए अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति एवं उनके द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने हड़ताल के पश्चात् आज अपने काम पर लौटे समिति प्रबंधकों से बातचीत भी की। कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर धान खरीदी के कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने अपनी बहुमूल्य भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होेंने धान खरीदी के कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु निगरानी समिति में शामिल पटवारी, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों तथा नोडल अधिकारियों से भी बातचीत कर धान खरीदी केन्द्र के व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निगरानी दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारी एवं नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 08 बजे धान खरीदी केन्द्र में पहुँचकर धान खरीदी कार्य का सूक्ष्मता से माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिससे कि धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने समिति प्रबंधक एवं मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को धान खरीदी केन्द्र के अंतर्गत शामिल सभी गांवों के अनुमानित रकबा, औसत पैदावार, पिछले वर्ष के कुल धान खरीदी तथा मौजूदा वर्ष में धान खरीदी हेतु निर्धारित लक्ष्य के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने सभी धान खरीदी केन्द्रों में बारदानों की समुचित उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। श्रीमती मिश्रा ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में आवश्यकता के आधार पर समुचित मात्रा में बारदानों की मांग करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने प्रत्येक धान खरीदी केन्द्र्रों के अंतर्गत शामिल गांवों में एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन हेतु शेष रह गए किसानों के संख्या के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शासन द्वारा एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराने हेतु शेष रह गए किसानों का पंजीयन सुनिश्चित कराने के लिए 19 से 25 नवंबर तक अतिरिक्त समय का प्रावधान किया गया है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराने हेतु शेष रह गए किसानों तक इसकी जानकारी पहुँचाकर शेष कृषकों का शत प्रतिशत एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने मुनादी आदि के माध्यम से इसका समुचित प्रचार-प्रसार करने को कहा। कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में रकबा समर्पण के संबंध में जानकारी लेते हुए इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत उन्होंने निर्धारित मात्रा से कम धान की बिक्री करने वाले किसानों का अनिवार्य रूप से रकबा समर्पण कराने को कहा। उन्होंने सभी धान खरीदी केन्द्रों में समुचित मात्रा में रकबा समर्पण के प्रारूप की उलपब्धता भी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने समिति प्रबंधकों एवं धान खरीदी कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को धान खरीदी केन्द्रों में टोकन के लिए आने वाले सभी किसानों का आॅनलाईन पद्धति से ही टोकन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल विशेष परिस्थिति में अत्यंत बुजुर्ग व्यक्ति या किसानों के पास मोबाईल उपलब्ध नही होने पर अथवा अन्य वाजिब एवं महत्वपूर्ण परिस्थिति में ही आॅफलाईन टोकन काटने को कहा। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्रों में किसानों द्वारा बिक्री हेतु लाए गए धान का भी अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित समिति प्रबंधकों एवं अधिकारियों को धान की नमी एवं गुणवत्ता जाँच कर दिखाने को भी कहा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में धान में 17 प्रतिशत से अधिक नमी होेने पर एवं धान साफ-सूथरा नही होेने या धान में गुणवत्ता का अभाव पाए जाने पर धान की खरीदी नही करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित किसानों को साफ-सूथरा एवं गुणवत्तायुक्त धान ही बिक्री हेतु धान खरीदी केन्द्रों में लाने की समझाईश दी। इस मौके पर उन्होेंने किसानों से बातचीत कर टोकन काटने में आ रही परेशानियों एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली। श्रीमती मिश्रा ने तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को अपने प्रभार वाले सभी धान खरीदी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कर धान खरीदी के कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए।







.jpeg)





Leave A Comment