बर्फीली ठंड से जम्मू-कश्मीर में डल झील के किनारों पर पानी जमा; उप्र, दिल्ली में पारा लुढ़का
नयी दिल्ली. सभी उत्तरी राज्यों में सर्दी का सितम बृहस्पतिवार को और बढ़ गया, जहां जम्मू-कश्मीर में डल झील और कई अन्य जलस्रोतों में पानी जम गया और राष्ट्रीय राजधानी तथा उत्तर प्रदेश में पारा और नीचे चला गया। अधिकारियों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भी बर्फीली शीत लहर की स्थिति जारी रही, 13 जिलों में तापमान शून्य से नीचे और चार में शून्य के करीब रहा। जम्मू-कश्मीर में, श्रीनगर सहित कई स्थानों पर मौसम की सबसे ठंडी रात महसूस की गई और अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी की वजह से यहां की प्रसिद्ध डल झील समेत कई जलस्रोतों के किनारे पानी जम गया। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो मंगलवार रात के शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान से 3.5 डिग्री कम है। उन्होंने बताया कि यह शहर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी और न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य से 3.2 डिग्री कम था। उन्होंने बताया कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले का पर्यटन स्थल सोनमर्ग जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस से कम होकर शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर घाटी इस समय अत्यधिक ठंड की 40 दिन की अवधि 'चिल्ला-ए-कलां' से गुजर रही है, जिस दौरान रात का तापमान अक्सर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला जाता है, और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है। हालांकि, इस मौसम में घाटी के मैदानी इलाकों में अब तक कोई बर्फबारी नहीं हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि 20 जनवरी तक मौसम शुष्क लेकिन बादल छाए रहने की संभावना है। इसमें कहा गया है कि 10 जनवरी तक घाटी में रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में कुकुमसेरी शून्य से 11.2 डिग्री सेल्सियस नीचे न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। 34 स्टेशनों में से 13 में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जबकि सात स्टेशनों का डेटा उपलब्ध नहीं था। बाकी 10 स्टेशनों पर पारा तीन से सात डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने नौ से 12 जनवरी तक ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे का 'येलो' अलर्ट जारी किया है। मौसम कार्यालय ने अगले चार दिनों तक राज्य में शुष्क मौसम और अगले तीन से चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की क्रमिक वृद्धि की भविष्यवाणी की है। इसमें कहा गया है कि अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं हुआ है, जिससे अगले चार से पांच दिनों के दौरान वृद्धि का रुख बना रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी में सभी स्टेशनों पर तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण कड़ाके की ठंड रही और दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान गिरकर 5.8 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो इस साल अब तक दर्ज किया गया सबसे कम और सर्दियों के मौसम का तीसरा सबसे कम तापमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस के साथ पालम सबसे ठंडा स्थान रहा, इसके बाद लोधी रोड 6.1 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जबकि सफदरजंग, रिज और आयानगर सभी में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह घने कोहरे के कारण सफदरजंग और पालम में दृश्यता कम हो गई, जिससे सफदरजंग में दृश्यता घटकर 500 मीटर और पालम में 100 मीटर रह गई, लेकिन सुबह आठ बजे के आसपास इसमें धीरे-धीरे सुधार हुआ। मौसम कार्यालय ने शुक्रवार के लिए न्यूनतम तापमान लगभग छह डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है और घने कोहरे के लिए 'येलो' अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य की राजधानी में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार को पूर्वाह्न के दौरान लखनऊ और आसपास के इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है, इसके बाद दिन में आसमान साफ रहेगा। आईएमडी ने कहा कि उत्तरी पंजाब पर केंद्रित पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 11 जनवरी तक ठंड और कोहरे की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने के संकेत हैं। विभाग को उम्मीद है कि कोहरे के घनत्व में धीरे-धीरे कमी आएगी और तापमान में वृद्धि होगी, जिससे चल रही ठंड से अल्पकालिक राहत मिलेगी। हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में भी ठंड की स्थिति बनी रही, नारनौल में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि राजस्थान में कई हिस्सों में शीतलहर जारी है। सीकर जिला 2.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। जयपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 17.6 डिग्री सेल्सियस और 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य भर में कई स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा और कई क्षेत्रों में शीत लहर और गंभीर शीत दिवस की स्थिति बनी रही। इसमें कहा गया है कि अगले सप्ताह तक राज्य भर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।







.jpg)
.jpg)
.jpg)
Leave A Comment