नड्डा ने नीट-पीजी 2026 की तैयारियों की समीक्षा की, प्रश्न पत्र लीक की अफवाहों से सावधान रहने को कहा
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने शनिवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-परास्नातक (पीजी) 2026 की तैयारियों की समीक्षा की और सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि परीक्षा को सुचारु, सुरक्षित, पारदर्शी व तकनीक आधारित तरीके से आयोजित करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने साथ ही अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र लीक होने की अफवाहों और फर्जी दावों से सावधान रहने की सलाह दी। नीट-पीजी 2026 परीक्षा 30 अगस्त को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा एक ही पाली में लगभग 340 शहरों और 1,300 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर होगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि इस परीक्षा के लिए कुल 2,73,183 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है। नड्डा ने समीक्षा बैठक के दौरान 'नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज' (एनबीईएमएस), तकनीकी साझेदारों और अन्य संबंधित पक्षों की तैयारियों का जायजा लिया। बयान के मुताबिक, उन्हें परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए किए गए उपायों, सुरक्षा व्यवस्था और इस वर्ष की परीक्षा के लिए लागू की गई तकनीक आधारित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई। नड्डा ने निष्पक्ष, पारदर्शी और उम्मीदवारों के अनुकूल परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में ईमानदारी और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखा जाना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपस में बेहतर तालमेल बनाकर काम करने और अभ्यर्थियों को बिना किसी परेशानी के परीक्षा देने में मदद करने का निर्देश दिया।









Leave A Comment