- Home
- देश
-
नई दिल्ली। सर्वोच्च न्यायालय ने देशभर में डॉक्टरों, नर्सों और पैरा मेडिकल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक राष्ट्रीय कार्यबल का गठन किया है। मुख्य न्यायधीश डी.वाई. चन्द्रचूड के नेतृत्व वाली पीठ ने कोलकाता के अस्पताल में एक डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले की सुनवाई के दौरान कार्यबल को तीन सप्ताह के भीतर अपनी अंतरिम और दो महीने के भीतर अंतिम रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। मुख्य न्यायधीश ने कहा कि कार्यबल में देशभर से कई डॉक्टरों को शामिल किया गया है ताकि वे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश तय करने की प्रक्रिया के बारे में सुझाव दे सकें।
न्यायालय ने इसके साथ ही अधिकारियों को यह आदेश भी दिया कि वे दुष्कर्म पीडिता के नाम, फोटो और वीडियो से संबंधित सामग्रियों को तत्काल सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हटा दें। न्यायालय ने कोलकाता के आर जी कार अस्पताल में रेजीडेंट डॉक्टरों और विशेष रूप से महिला डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की टीम तैनात करने का भी आदेश दिया।पीठ ने मामले से निपटने के पश्चिम बंगाल सरकार और अस्पताल के अधिकारियों के तौर तरीकों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ ने इस सबंध में प्रक्रियागत खामियों की आलोचना की और इस बारे में विशेष रूप से घटना की प्राथमिकी दर्ज करने में की गई देरी और अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पुलिस द्वारा अपराध स्थल को लेकर उचित कार्रवाई नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की।देश भर में डॉक्टरों और चिकित्सा पेशेवरों के असुरक्षित कामकाजी माहौल पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शीर्ष न्यायालय ने कहा कि मौजूदा कानून डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त नहीं हैं। न्यायालय ने कहा कि उसने प्रणालीगत मुद्दों के समाधान के लिए महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए कानूनी कार्यवाही शुरु की है। न्यायालय ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र, केरल, तेलंगाना आदि जैसे कई राज्यों ने डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा से निपटने के लिए कानून बनाए हैं। हालाँकि, ये कानून पर्याप्त नहीं है। -
नयी दिल्ली. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए ‘लेटरल एंट्री' के जरिये नियुक्ति में आरक्षण के सिद्धांत को लागू करने का फैसला किया है। वैष्णव ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय से एक बार फिर बी आर आंबेडकर की संविधान के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत किया है। सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का भी कार्यभार संभाल रहे वैष्णव ने कहा, ‘‘यूपीएससी ने लेटरल एंट्री के लिए बहुत पारदर्शी तरीका अपनाया। अब हमने उसमें भी आरक्षण का सिद्धांत लागू करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया, जो पहले एक साधारण निकाय था। चाहे वह, मेडिकल में प्रवेश के लिए नीट हो, सैनिक स्कूल या नवोदय विद्यालय हो, हमने हर जगह आरक्षण के सिद्धांत को लागू किया है।'' वैष्णव ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने आंबेडकर के पंचतीर्थ को गौरवपूर्ण स्थान बनाया। उन्होंने कहा, ‘‘आज यह बहुत गर्व की बात है कि भारत की राष्ट्रपति भी आदिवासी समुदाय से हैं।'' मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सभी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लक्ष्य के तहत अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लोगों को अधिकतम लाभ मिल रहा है। वैष्णव ने 2014 से पहले ‘लेटरल एंट्री' में आरक्षण का पालन नहीं करने के लिए पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा, ‘‘वित्त सचिवों की नियुक्ति लेटरल एंट्री के माध्यम से की गई थी और आरक्षण के सिद्धांत को ध्यान में नहीं रखा गया था।'' वैष्णव ने सवाल किया, ‘‘डॉ. मनमोहन सिंह, डॉ. मोंटेक सिंह अहलूवालिया और उनसे पहले डॉ. विजय केलकर भी लेटरल एंट्री के जरिए ही वित्त सचिव बने थे। क्या उस समय कांग्रेस ने आरक्षण के सिद्धांत का ख्याल रखा था?'' संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ‘लेटरल एंट्री' के जरिए सीधे उन पदों पर उम्मीदवारों की नियुक्ति करता है, जिन पदों पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों की तैनाती होती है। इसमें निजी क्षेत्रों से अलग-अलग क्षेत्र के विशेषज्ञों को विभिन्न मंत्रालयों व विभागों में सीधे संयुक्त सचिव और निदेशक व उप सचिव के पद पर नियुक्त किया जाता है।
-
नयी दिल्ली. खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और तेलंगाना में 60 उचित दर दुकानों (एफपीएस) को ‘जन पोषण केंद्र' में बदलने के लिए एक पायलट परियोजना की शुरुआत की। इस परियोजना का मकसद एफपीएस की व्यवहार्यता और पोषण युक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता को बढ़ाना है। एफपीएस को आम बोलचाल में सरकारी राशन की दुकान भी कहते हैं। पायलट परियोजना के तहत एफपीएस डीलर को सब्सिडी वाले अनाज के अलावा अपने उत्पादों में विविधता लाने की अनुमति होगी। ये दुकानें अपने नये रंगरूप में अब बाजरा, दालें, डेयरी उत्पाद और दैनिक जरूरत का सामान बेच सकती हैं। इससे डीलरों की कमाई के नए स्रोत खुल सकते हैं। जोशी ने इस परियोजना के उद्घाटन कार्यक्रम में कहा, ‘‘यह बदलाव दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद होगा।''
उन्होंने मौजूदा परिचालन अक्षमताओं का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ क्षेत्रों में एफपीएस सिर्फ 8-9 दिन के लिए खुलते हैं, जबकि दूसरे केंद्र हर तीन महीने में एक बार ही खुलते हैं। बाकी समय, ये दुकानें बंद रहती हैं। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि एफपीएस डीलर के लिए मौजूदा कमीशन संरचना अपर्याप्त है। ऐसे में दुकान की जगह और जनशक्ति का अधिक प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने के लिए वैकल्पिक तरीकों की आवश्यकता है। इस मौके पर जोशी ने ‘मेरा राशन' ऐप के उन्नत संस्करण को भी पेश किया।
खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने एफपीएस डीलर के लिए आसान ऋण की सुविधा के लिए सिडबी के साथ सहयोगात्मक प्रयासों और उद्यमिता प्रशिक्षण देने के लिए कौशल विकास मंत्रालय के साथ की गई साझेदारी के बारे में बताया। पूरे भारत में लगभग 5.38 लाख राशन की दुकानें हैं। -
प्रतापगढ़ (उप्र). प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर मानिकपुर थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो जाने से दो सगी बहनों की मौत हो गयी और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) जयचंद्र भारती ने बताया कि सोमवार देर शाम बजहा भीट गांव के पास मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर हुई, जिसमें राजेश (30), दिनेश (35), राजेश की मां शिवकुमारी, दिनेश की पत्नी शीला और उनकी बेटियां श्रेया, श्रेयांशी और श्रद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं। भारती ने बताया, "सभी घायलों को कुंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने श्रेयांशी (तीन) और श्रद्धा (पांच) को मृत घोषित कर दिया।" उन्होंने बताया कि पांच अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में ले जाने का सुझाव दिया गया है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- भुवनेश्वर. पुलिस ने भुवनेश्वर और कटक में गणेश पूजा समारोह के दौरान डिस्क जॉकी (डीजे) के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। गणेश पूजा सात सितंबर से शुरू होगी।कटक में पूजा आयोजकों के साथ बैठक के बाद पुलिस आयुक्त संजीव पांडा ने यह बात कही। इसके साथ ही भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रतीक सिंह ने भी रविवार को यहां इस संदर्भ में एक बैठक की। दोनों बैठकों में आयोजकों से कहा गया है कि वह मूर्ति विसर्जन यात्रा सहित पूजा के दौरान डीजे संगीत का उपयोग न करें। कटक में मूर्ति विसर्जन समारोह 15, 22 और 29 सितंबर को निर्धारित है। उन्होंने बताया कि पूजा समितियों को स्थानीय पुलिस थानों से सात दिन पहले अनुमति लेने के लिए कहा गया है। डीसीपी सिंह ने बताया कि इसी तरह भुवनेश्वर में पूजा समितियां 8, 11 और 15 सितंबर को विसर्जन यात्रा निकालेंगी। उन्होंने कहा कि गणेश पूजा समितियों को डीजे संगीत नहीं बजाने और अपने पंडालों में सीसीटीवी लगाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने उन्हें जुलूस के दौरान डीजे के बजाय पारंपरिक संगीत वाद्ययंत्रों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं।'' उन्होंने चेतावनी दी कि लोगों से जबरन चंदा वसूलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।पूजा के दौरान यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस राजधानी शहर में पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात करेगी। हालांकि, डीजे मालिकों ने इस कदम का विरोध किया और कहा कि प्रतिबंध के आदेश से आगामी त्योहारी सीजन में उनकी आजीविका प्रभावित होगी।
- नयी दिल्ली. सरकारी खर्च की जांच करने वाली संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) पिछले 74 वर्षों में 1783 रिपोर्ट प्रस्तुत कर चुकी है। लोकसभा सचिवालय की एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।गत सप्ताहांत नयी पीएसी का गठन किया गया जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सदस्य केसी वेणुगोपाल करेंगे। संसदीय परिपाटी के अनुसार, पीएसी की अध्यक्षता मुख्य विपक्षी दल के किसी नेता को सौंपी जाती है। पिछली लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पीएसी के अध्यक्ष थे। पीएसी में लोकसभा के जिन 15 सदस्यों को जगह दी गई है उनमें द्रमुक के टी आर बालू, भाजपा के रविशंकर प्रसाद, निशिकांत दुबे और जगदंबिका पाल, तृणमूल कांग्रेस के सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव तथा कई अन्य सांसद शामिल हैं। नयी लोक लेखा समिति का कार्यकाल 30 अप्रैल, 2025 तक होगा। लोक लेखा समिति संसद की सबसे पुरानी और महत्वपूर्ण समिति है। इसका गठन हर साल किया जाता है। इसमें 22 सदस्य (लोकसभा अध्यक्ष द्वारा चुने गए 15 सदस्य और राज्यसभा के सभापति द्वारा चयनित किए गए सात सदस्य) शामिल होते हैं। लोकसभा सचिवालय के अनुसार, 26 जनवरी, 1950 को एक संसदीय समिति बनने के बाद से लोक लेखा समिति ने अब तक 1783 रिपोर्ट प्रस्तुत कर चुकी है। सचिवालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि 17वीं लोकसभा के दौरान लोक लेखा समिति ने कुल 87 रिपोर्टों को अंतिम रूप दिया जिनमें 65 मूल रिपोर्ट और 22 की कार्रवाई रिपोर्ट थीं। इनमें से दोनों सदनों में 58 रिपोर्ट पेश की गईं। पीएसी के ये प्रतिवेदन आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, नमामि गंगे, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, भारतीय ट्रेनों के पटरी से उतरना, भारतमाला परियोजना तथा कई अन्य विषयों से संबंधित थे। लोक लेखा समिति' तीन वित्तीय संसदीय समितियों में से एक है। संसद की दो अन्य वित्तीय समितियां प्राक्कलन समिति और सार्वजनिक उपक्रम संबंधी समिति हैं। पीएसी सरकार के वार्षिक वित्त लेखों और व्यय को पूरा करने के लिये सदन द्वारा दी गई राशि के विनियोग को दर्शाने वाले लेखों की जांच करती है। यह समिति सरकार के विनियोग लेखों पर भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) के प्रतिवेदनों के अलावा राजस्व प्राप्तियों, सरकार के विभिन्न मंत्रालयों/विभागों द्वारा व्यय और स्वायत्त निकायों के लेखों पर नियंत्रक-महा लेखापरीक्षक के विभिन्न लेखापरीक्षा प्रतिवेदनों की भी जांच करती है। सरकार द्वारा अत्यधिक खर्च के साथ-साथ गलत आकलन या प्रक्रिया में अन्य दोषों के कारण हुई बचत की भी जांच करती है।
- नयी दिल्ली. ग्रामीण क्षेत्रों में साइकिल से स्कूल जाने वाले छात्रों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है और इस ‘‘मौन क्रांति'' का नेतृत्व लड़कियां कर रही हैं। एक नये शोध में यह जानकारी सामने आई है। शोध के मुताबिक, बिहार और पश्चिम बंगाल के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लड़कियां स्कूल जाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल कर रही हैं। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली और नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के शोधकर्ताओं को इस बात के भी पुख्ता सबूत मिले हैं कि साइकिल वितरण योजनाओं (बीडीएस) ने उन राज्यों में साइकिल चलाने को बढ़ावा देने में मदद की है, जहां इन्हें लागू किया गया और इसकी सबसे बड़ी लाभार्थी ग्रामीण लड़कियां हैं। आईआईटी-दिल्ली के परिवहन अनुसंधान एवं चोट निवारण केंद्र की पीएचडी शोधार्थी सृष्टि अग्रवाल के अनुसार, लैंगिक मानदंड, साइकिल की उपलब्धता, स्कूल की दूरी और सड़कों पर सुरक्षा भारत में कुछ ऐसे प्रमुख कारक हैं, जिनके चलते साइकिल से स्कूल जाने वाले छात्रों की संख्या बढ़ रही है। अग्रवाल ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्तर पर, स्कूल जाने के लिए साइकिल के इस्तेमाल का स्तर दशक (2007 से 2017) में 6.6 प्रतिशत से बढ़कर 11.2 प्रतिशत हो गया है। ग्रामीण भारत में ये स्तर लगभग दोगुना (6.3 प्रतिशत से 12.3 प्रतिशत) हो गया है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह लगभग स्थिर (7.8 प्रतिशत से 8.3 प्रतिशत) रहा है। चार जनसंख्या उप-समूहों में, साइकिल चलाने में सबसे अधिक वृद्धि ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों के बीच हुई है।'' ‘‘जर्नल ऑफ ट्रांसपोर्ट जियोग्राफी'' में प्रकाशित शोध में पाया गया कि अधिकतर राज्यों में, लड़के और लड़कियों के बीच साइकिल चलाने की हिस्सेदारी में वृद्धि हुई है, जिसमें लड़कियों के बीच अधिक वृद्धि हुई है। शोध के मुताबिक, ‘‘लड़कियों के बीच साइकिल चलाने में सबसे अधिक वृद्धि बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में देखी गई, जहां यह स्तर आठ गुना बढ़ गया। पश्चिम बंगाल में लड़कियों के बीच साइकिल चलाने में तीन गुना वृद्धि हुई, जिससे ये देश भर में ग्रामीण लड़कियों के बीच साइकिल चलाने के उच्चतम स्तर वाले राज्य बन गये।'' इसके मुताबिक, ‘‘असम, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों के बीच साइकिल चलाने का स्तर लगभग दोगुना हो गया है। वहीं, मणिपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में लड़के और लड़कियों दोनों के बीच साइकिल चलाने के स्तर में उल्लेखनीय गिरावट आई है।'' मुंबई के नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज की अदिति सेठ ने कहा कि देश के एक बड़े हिस्से में साइकिल चलाने के स्तर में अभूतपूर्व वृद्धि एक ‘‘मौन क्रांति'' है। सेठ ने कहा, ‘‘हम ‘मौन क्रांति' शब्द का उपयोग न केवल साइकिल चलाने से जुड़े यातायात शोर की अनुपस्थिति को इंगित करने के लिए करते हैं, बल्कि परिवहन शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं या चिकित्सक समुदाय के भीतर इस प्रवृत्ति और इसके अंतर्निहित कारणों पर ध्यान न देने को भी उजागर करते हैं।''
-
काठमांडू. नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नेपाल की राजकीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गयी। आधिकारिक बयान के मुताबिक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आईं नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा ने सोमवार को ओली की ओर से मोदी को हिमालयी राष्ट्र की राजकीय यात्रा का निमंत्रण सौंपा। विदेश मंत्री एस जयशंकर के निमंत्रण पर भारत की आधिकारिक यात्रा पर आईं राणा ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें नेपाल की राजकीय यात्रा के लिए अपना निमंत्रण सौंपा। इस मुलाकात के दौरान नेपाल-भारत संबंधों को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के बीच पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।'' भारत के विदेश मंत्रालय ने नयी दिल्ली में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल की विदेश मंत्री के रूप में राणा की नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी और दोनों पक्षों के बीच उच्च स्तरीय वार्ता में प्रगति की सराहना की।
- नोएडा. उत्तर प्रदेश के नोएडा में दनकौर क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि 24 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि जनपद मेरठ के तेज गढ़ी चौराहे की शर्मा बैंड पार्टी हापुड़ में एक कार्यक्रम करने के बाद कैंटर वाहन से रविवार की देर रात करीब ढाई बजे ईस्टर्न पेरिफेरल से फरीदाबाद के लिए जा रही थी। इसी दौरान ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कैंटर का टायर फट गया, जिसकी वजह से वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बैंड पार्टी में लगभग 30 लोग थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सोमपाल (50), रोहित (25), राजू (35) और अर्जुन (38) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर थाना दनकौर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और तत्काल घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है और मृतकों के पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया है। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है और ईस्टर्न पेरिफेरल पर मौजूद सीसीटीवी के जरिए भी बैंड पार्टी के वाहन की गति का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
- गोंडा.उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले के मनकापुर क्षेत्र में दो सगी बहनों ने सोमवार को बिसुही नदी में कथित रूप से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मनकापुर थाना क्षेत्र के तामापार गांव निवासी सुरेश की बेटियों सुनीता (19) और पुनीता (17) सुबह घर से निकलीं और गांव के पास से गुजरने वाली बिसुही नदी में कूद गईं। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कई घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पिता सुरेश कुमार के मुताबिक, सोमवार सुबह घर से निकलते वक्त उनकी बेटियों ने कहा था कि वे घर छोड़कर जा रही हैं और उनसे कभी नहीं मिलेंगी। सुरेश ने कहा कि उन्होंने उस समय बेटियों की बात को बहुत गंभीरता से नहीं लिया और दूसरे काम में लग गए। उन्होंने बताया कि कुछ देर तक उनके घर न लौटने पर जब खोज शुरू की गई, तो ग्रामीणों ने उनके गांव से करीब 500 मीटर दूर बिसुही नदी की तरफ जाने की जानकारी दी। सुरेश ने कहा दोनों बहनों ने अपने दुपट्टे से एक-दूसरे को बांध रखा था।
-
इंदौर/ एक निजी अस्पताल में चिकित्सक की जांच के दौरान कुर्सी पर बैठे 31 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से अचानक मौत हो गई। यह घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। परदेशीपुरा थाने के प्रभारी पंकज द्विवेदी ने बताया कि शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात सोनू मतकर (31) सीने में दर्द की शिकायत लेकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मतकर जब चिकित्सक के कमरे में कुर्सी पर बैठकर जांच करा रहे थे, तब वह देखते ही देखते निढाल होकर गिर पड़े और जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। द्विवेदी ने बताया कि मतकर पेशे से ऑटो रिक्शा चालक थे और खुद तिपहिया वाहन चलाकर अस्पताल पहुंचे थे। थाना प्रभारी ने कहा कि पहली नजर में लगता है कि मतकर की मौत दिल के दौरे से हुई, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी।
-
इंदौर. भगवान गणेश के भक्तों की एक संस्था ने अपने इष्ट देव को रक्षाबंधन पर सोमवार को 169 वर्ग फुट की राखी अर्पित की। संस्था का दावा है कि यह पर्यावरण बचाने की थीम पर बनाई गई “दुनिया की सबसे बड़ी राखी है। श्री विघ्नहर्ता गणेश भक्त समिति'' के सचिव राहुल शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन शुभ मुहूर्त पर शहर के खजराना गणेश मंदिर में भगवान को यह राखी अर्पित की गई। उन्होंने इसे पर्यावरण बचाने की थीम पर बनाई गई "दुनिया की सबसे बड़ी राखी" बताया। शर्मा ने बताया कि 13 गुणा 13 फुट की राखी की डोर 101 मीटर लम्बी है जिसे पूरे मंदिर परिसर पर बांधा गया है। उन्होंने बताया कि राखी का वजन 125 किलोग्राम है और इसे 15 कलाकारों ने पखवाड़े भर में तैयार किया है।
राखी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में विश्व पर्यावरण दिवस पर पांच जून से शुरू किए गए ‘‘एक पेड़ मां के नाम'' पौधारोपण अभियान का नाम भी लिखा गया है। शर्मा ने कहा,‘‘हमने भगवान गणेश को यह राखी अर्पित करते समय उनसे प्रार्थना की कि वह वैश्विक तापमान में वृद्धि और जलवायु परिवर्तन के खतरों से पृथ्वी की रक्षा करें। यह राखी बनाने के पीछे हमारा मकसद आम लोगों को पर्यावरण बचाने के लिए जागरूक करना है।" -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विश्व संस्कृत दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और इस प्राचीन भाषा को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रहे लोगों की सराहना की। उन्होंने संस्कृत भाषा में ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विश्व संस्कृत दिवस की शुभकामनाएं। मैं उन लोगों को हृदय से बधाई देता हूं जो संस्कृत से प्यार करते हैं और इस महान भाषा को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।'' विश्व संस्कृत दिवस प्रत्येक वर्ष श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। प्रतिष्ठित संस्कृत विद्वान और व्याकरणविद् पाणिनि की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि के तौर पर यह दिन मनाया जाता है। यह दिन संस्कृत भाषा के प्रति कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करने के लिये मनाया जाता है। पहला विश्व संस्कृत दिवस वर्ष 1969 में मनाया गया था।
- ठाणे। कसारा घाट खंड में दूध के एक टैंकर के खाई में गिर जाने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई। ठाणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार अपराह्न करीब तीन बजे तेज गति से आ रहा टैंकर लोहे के एक ‘बैरियर' से टकराकर 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा। शाहपुर उपखंड पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मिलिंद शिंदे ने बताया, ‘‘टैंकर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।'' पुलिस अधिकारी के मुताबिक पांचों मृतक और चार घायल मुंबई जाने के लिए टैंकर पर सवार हुए थे।उन्होंने बताया कि पांच वर्षीय बच्चे समेत सभी घायलों को उपचार के लिए गोटी के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
- वाराणसी/लखनऊ। सावन के पांचवें और अंतिम सोमवार को पूरे प्रदेश में शिव मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर को भक्तों के लिए सजाया गया था जहां सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु कतारों में लगने लगे थे। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने बताया कि सुबह नौ बजे तक करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किये। सावन के अंतिम सोमवार पर बाबा के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया। मंदिर प्रशासन ने बताया कि रविवार रात से ही बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गयी थीं और यह क्रम अभी तक जारी है। मंदिर प्रशासन ने बताया कि सावन के अंतिम सोमवार पर काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का झूला श्रृंगार किया गया। लखनऊ के मनकामेश्वर मंदिर में भी भक्त जल चढ़ाने के लिए कतारबद्ध होकर अपनी-अपनी बारी आने का इंतजार करते दिखे। कमल कांत शर्मा ने सुबह मनकामेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद कहा, ‘‘सावन के सभी सोमवार शुभ माने जाते हैं, लेकिन यह सोमवार सावन महीने का आखिरी सोमवार होने के कारण विशेष महत्व रखता है। हम यहां भगवान से आशीर्वाद लेने आए हैं।'' प्रयागराज, बरेली और अन्य जिलों में भी शिव मंदिरों के बाहर इसी तरह की कतारें देखी गईं। उप्र के हर जिले का स्थानीय प्रशासन सतर्क दिखा। मंदिरों में भक्तों की भीड़ को प्रबंधित करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
- अलीबाग। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पिकनिक मनाने के दौरान दो भाई और उनके एक रिश्तेदार नदी में डूब गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर महाड़ में सावित्री नदी पर हुई।मृतक मुन्नवर शहाबुद्दीन नालबंद (38), उनके भाई दिलावर (28) और उनके रिश्तेदार जाहिद जाकिर पटेल (28) महाबलेश्वर के निवासी थे और वह पिकनिक मनाने के लिए महाड़ आए थे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, तीनों तैरने के लिए नदी में उतरे थे, लेकिन वह पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और डूब गए। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने तलाशी एवं बचाव अभियान चलाया और शाम को शवों को बाहर निकाला गया।
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को लोगों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह पावन पर्व सभी के रिश्तों में नयी मिठास और जीवन में सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य लेकर आए। मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "समस्त देशवासियों को भाई-बहन के असीम स्नेह के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन की ढेरों शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के रिश्तों में नयी मिठास और जीवन में सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य लेकर आए।" हर साल श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला यह पर्व भाई-बहन के प्यार एवं पवित्र रिश्ते को और गहरा करता है। अटूट प्रेम के इस पर्व पर बहनें जहां अपने भाइयों की सफलता की प्रार्थना करती हैं, वहीं भाई इसके बदले अपनी बहनों की हर प्रकार की विपत्ति से रक्षा करने का संकल्प लेते हैं।
- नई दिल्ली। नोएडा पुलिस ने इस रक्षाबंधन पर बहनों को गिफ्ट दिया है. इस दिन महिलाओं के गाड़ियों के चालान नहीं काटे जाएंगे. इसके साथ ही महिलाओं और लड़कियों को हेलमेट भी गिफ्ट किए गए. इस रक्षाबंधन को ' नो चालान डे ' के रूप में मनाया जा रहा है.इस दिन लड़कियां और महिलाएं अपने भाईयों को राखी बांधने के लिए जाती है, लेकिन अब आज के दिन नो चालान डे होने की वजह से इनको अब चालान का अब डर नहीं है. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने आज के दिन बहनों को अच्छा गिफ्ट दिया है.इस मामले में डीसीपी ट्रैफिक यमुना प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया की बहनों के लिए रक्षाबंधन का त्यौहार ' नो चालान डे ' के रूप में मनाया जा रहा है. इसके साथ ही बहनों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें हेलमेट भी दिए जा रहे है. उन्होंने सभी बहनों से ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की हैबता दें की इस दिन दोपहिया, चार पहिया वाहन चलाने वाली महिला या दोपहिया वाहन पर सवारी के रूप में कोई महिला सफर कर रही है तो उस वाहन का चालान नहीं किया जाएगा. इस वीडियो को ट्विटर एक्स पर @IVibhorAggarwal नाम के हैंडल से शेयर किया गया है.
- चंडीगढ़. पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार के फसल विविधीकरण अभियान से चालू खरीफ सत्र के दौरान बासमती की खेती का रकबा 12.58 प्रतिशत बढ़ाने में मदद मिली है। मंत्री ने कहा कि लंबे दाने वाले चावल की खेती बढ़कर 6.71 लाख हेक्टेयर तक हो गई है, जो पिछले खरीफ सत्र में 5.96 लाख हेक्टेयर थी। बासमती की खेती के जिलेवार आंकड़े देते हुए खुड्डियां ने कहा कि अमृतसर इस सुगंधित चावल के लिए 1.46 लाख हेक्टेयर क्षेत्र के साथ अग्रणी है। अमृतसर के बाद मुक्तसर में 1.10 लाख हेक्टेयर, फाजिल्का में 84.9 हजार हेक्टेयर, तरनतारन में 72.5 हजार हेक्टेयर और संगरूर में 49.8 हजार हेक्टेयर में बासमती की खेती की गई। मंत्री ने कहा कि राज्य ने बासमती की निर्यात गुणवत्ता को विश्व स्तरीय मानक तक बढ़ाने के लिए इस सुगंधित फसल में 10 कीटनाशकों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है।
- तिरुवनंतपुरम. केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने रविवार को मुल्लापेरियार बांध की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पूछा कि यदि 125 साल पुराना बांध टूट गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। मंत्री ने पूछा कि यदि ऐसी कोई घटना होती है तो क्या यथास्थिति बनाए रखने के लिए फैसले सुनाने वाली अदालतें या न्यायपालिका से ऐसे फैसले प्राप्त करने वाले प्राधिकारी इसके लिए जिम्मेदार होंगे। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा पर्यटन राज्य मंत्री ने यहां एक समारोह को संबोधित करते हुए अपनी चिंता व्यक्त की। सुरेश गोपी ने कहा कि उन्हें फेसबुक पर एक पोस्ट देखने को मिली, जिसमें मुल्लापेरियार बांध की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई थी। अभिनेता से राजनेता बने गोपी ने कहा, ‘‘अगर बांध ढह गया तो कौन जवाबदेह होगा? क्या अदालतें जवाब देंगी? या जो लोग अदालतों से ऐसे फैसले (कि बांध को लेकर यथास्थिति बनी रहे) प्राप्त करते हैं, वे जवाब देंगे।'' केंद्रीय मंत्री का यह बयान मुल्लापेरियार बांध की सुरक्षा को लेकर विभिन्न वर्गों की चिंताओं के बीच आया है, क्योंकि वायनाड भूस्खलन त्रासदी ने केरल के लोगों में यह डर पैदा कर दिया है कि यदि 125 साल पुराना बांध ढह गया तो बड़ी त्रासदी हो सकती है। यह बांध 1895 में बनाया गया था।
- गडग . कर्नाटक में गडग जिले के नरगुंड तालुक में रविवार सुबह एक कार और कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान रुद्रप्पा अंगड़ी (58), उनकी पत्नी राजेश्वरी (50), बेटी ऐश्वर्या (18) और बेटे विजय कुमार (14) के रूप में हुई है। मृतक हावेरी जिले के मारुति नगर के निवासी थे। भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से दुर्घटना की उचित जांच कराने, दोषियों को दंडित करने और मृतक के परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने का अनुरोध किया।
-
कोलकाता. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने रविवार को खुद को शत-प्रतिशत स्वदेशी बताते हुए कहा कि उन्होंने जो कौशल हासिल किए हैं, वे भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी में उनके अनुभव से प्राप्त हुए हैं। आईआईटी खड़गपुर के 74वें स्थापना दिवस पर संस्थान की ओर से ‘स्पेशल लाइफ फेलो' पुरस्कार से सम्मानित किये गए सोमनाथ ने इसरो में अपने पुराने दिनों याद किया और चंद्रयान-3 समेत अपनी उपलब्धियों का श्रेय उन “महान लोगों व नेताओं” को दिया, जिनके साथ उन्होंने काम किया है। सोमनाथ ने कहा, “पिछले 38 वर्षों में हमारे और मेरे व्यक्तिगत काम में इस संगठन में प्रमुख क्षमताओं का निर्माण करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। मैं उन असाधारण लोगों, प्रेरणास्रोतों और नेताओं के साथ काम करने को लेकर भाग्यशाली हूं, जिन्होंने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को यहां तक पहुंचाया है। मुझे उनके पदचिह्नों पर चलने और चंद्रयान-3 जैसी परियोजनाओं में योगदान देने का अवसर मिला है, जिन्होंने हमें गौरवान्वित किया है।” आईआईटी खड़गपुर के छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “एक संस्थान के रूप में आप जो हासिल कर रहे हैं, वह सराहनीय है और इसरो तथा देश व दुनिया के अन्य वैज्ञानिक संगठनों के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वे आपके साथ मजबूत संबंध बनाए रखें। इसरो में हम सभी के लिए आगे एक बड़ा लक्ष्य है और मैं चाहूंगा कि आप भी इसका हिस्सा बनें।”
-
शाहजहांपुर (उप्र) .रक्षाबंधन का पर्व भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखता है लेकिन ग्लोबल वार्मिंग के इस दौर में शाहजहांपुर में महिलाएं पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़-पौधों को अपना भाई मानकर उन्हें राखी बांधते हुए इस रिश्ते को एक नया आयाम दे रही हैं। वैसे तो रक्षाबंधन का पर्व सोमवार 19 अगस्त को है लेकिन शाहजहांपुर शहर की अनेक महिलाएं बृहस्पतिवार से ही वृक्षों के तने और टहनियों पर राखी बांध रही हैं। वे उन्हें तिलक लगाने के साथ-साथ मिष्ठान के तौर पर उनके पोषण के लिए प्राकृतिक खाद अर्पित करते हुए पेड़ों के दीर्घायु होने की कामना कर रही हैं। यह प्रेरणादायक मुहिम चला रही महिलाओं में से ज्यादातर शहर के संभ्रांत लोगों के व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ी हैं। 'वीआईपी' नामक ग्रुप में शामिल लोगों की एक समिति भी है। समिति की अध्यक्ष नीतू गुप्ता ने रविवार को बताया कि क्योंकि रक्षाबंधन भाई बहन द्वारा एक दूसरे का ख्याल रखने की बेहद पवित्र भावना का प्रतीक है इसलिए उसे पेड़-पौधों के संरक्षण से जोड़ने का विचार बनाया गया ताकि पर्यावरण का संरक्षण करने के लिए लोग और भी ज्यादा प्रेरित हों। उन्होंने कहा, "हमने अपनी साथी महिलाओं से पेड़ों को राखी बंधवाने का निर्णय लिया। पिछले बृहस्पतिवार से हमारे ग्रुप की सदस्य पेड़ों को राखी बांध रही हैं और उनका तिलक करके मिष्ठान के तौर पर उनकी जड़ में प्राकृतिक खाद डालकर पानी दे रही हैं।" गुप्ता ने कहा, "जलवायु परिवर्तन के गहराते संकट को देखते हुए हमने सोचा कि पर्यावरण संरक्षण का सबसे अच्छा तरीका बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करना ही है इसके लिए मिशन मोड में काम किया गया और इस साल एक लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य है।" ग्रुप की सदस्य शमा जैदी ने कहा कि आज पेड़ों को संरक्षित रहने के लिए जो बीड़ा हमारे ग्रुप की सदस्यों ने उठाया है उसे सभी को अपनाना चाहिए ताकि हम पेड़ों को संरक्षित कर सकें। उन्होंने बताया कि व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ी महिलाएं अब तक लगभग 1000 पेड़ों को राखी बांध चुकी हैं और सोमवार को रक्षाबंधन के दिन अपने घरों में पर्व मनाने के बाद ग्रुप की सदस्य पेड़ों की रक्षा करने वाले (केयरटेकर) को राखी बांधने के अलावा उन्हें उपहार में वस्त्र तथा मिठाई देंगी। शर्मा ने बताया कि ग्रुप द्वारा शहर की विभिन्न कॉलोनियों के लगभग 25 पार्कों तथा शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं कब्रिस्तान तथा श्मशान घाटों पर प्रमुख रूप से वृक्षारोपण किया जा चुका है। रक्षाबंधन पर पेड़ पौधों के संरक्षण के लिए उन्हें राखी बांध रही महिलाओं के व्हाट्सऐप ग्रुप के ‘एडमिन' अभिनय कुमार गुप्ता ने 2015 में शहर की महिला पुरुषों को जोड़कर एक ग्रुप बनाया था। इस ग्रुप में चिकित्सक, अध्यापक और कई उद्योगपति जुड़े हैं। प्रतिवर्ष यह ग्रुप शहर को हरा भरा बनाने के लिए पेड़ लगा रहा है। उन्होंने बताया कि 200 सदस्यों वाले व्हाट्सऐप ग्रुप में करीब 70 महिलाएं हैं।
नगर आयुक्त डॉक्टर विपिन कुमार मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ों को राखी बांधने कि इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इसे जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। -
केंद्रीय गृह मंत्री ने पौधे लगाने का किया अनुरोध
अहमदाबाद. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में करीब 1,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की और लोगों से पर्यावरण की रक्षा करने के लिए देशव्यापी पौधारोपण अभियान में भाग लेने का अनुरोध किया। पर्यावरण और ओजोन परत की रक्षा में पेड़ों के महत्व पर जोर देते हुए शाह ने कहा कि अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने आने वाली पीढ़ी के लिए 100 दिन में 30 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया है और वह इस अभियान से निकटता से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक खूबसूरत अभियान है और यह बड़ी बात है कि एक नगर निगम 30 लाख पौधे लगाएगा। लेकिन मैं अहमदाबाद निवासियों से पूछना चाहता हूं कि आपका क्या योगदान होगा?'' शाह ने कहा कि अहमदाबाद के लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे अपनी आवासीय सोसायटी, आसपास की भूमि और अपने बच्चों के विद्यालयों में अपने परिवार के सदस्यों की संख्या के बराबर पौधे लगाएं। गृह मंत्री ने अहमदाबाद में सीवर शोधन संयंत्र, आवासीय परियोजनाओं और स्मार्ट स्कूल समेत कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया एवं उनकी नींव रखीं। - नई दिल्ली । दिल्ली एम्स के न्यूरोसर्जन (34) ने गौतम नगर स्थित अपने घर में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी एक मीडिया रिपोर्ट में सामने आई है। रिपोर्ट में दिल्ली पुलिस ने बताया कि दवा के ओवरडोज के कारण न्यूरोसर्जन को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर को उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।रिपोर्ट के अनुसार प्रारंभिक जांच में, पुलिस ने आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद माना है, घटनास्थल पर एक सुसाइड नोट भी मिला है। रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों ने खुलासा किया कि डॉक्टर का अपनी पत्नी के साथ विवाद था, जोकि रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके गई हुई थी। उसके जाने के बाद, डॉक्टर ने कथित तौर पर दवाई का ओवरडोज ले लिया, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है, पुलिस अधिकारी घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की पुष्टि करने में जुट गए हैं। वह एम्स के ट्रॉमा सेंटर में नियुक्त थे।





.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)






.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpeg)




.jpg)

.jpg)