- Home
- देश
- नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सार्वजनिक स्थान पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। नियम का उल्लंघन करते पाए जाने पर पाचं सौ रुपये का जुर्माना देना होगा। हालांकि, निजी वाहन में यात्रा के समय यह लागू नहीं होगा।राष्ट्रीय राजधानी में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड के दो हजार 146 मामले दर्ज किए गए हैं। एक स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, कोरोना से आठ लोगों की जान चली गई। शहर में कोविड संक्रमण की दर बढ़कर 17 दशमलव आठ-तीन प्रतिशत हो गई है। राजधानी में कोरोना के आठ हजार 205 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से पांच हजार 549 मरीजों का घरों में इलाज चल रहा है।
-
नई दिल्ली। जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को को भारत उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।इसके साथ ही धनखड़ देश के 14वें उपराष्ट्रपति बन गए हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई केंद्रीय मंत्री राष्ट्रपति भवन में उपस्थित थे। शपथ ग्रहण से पहले आज सुबह श्री धनखड़ ने राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी स्मारक पर पुष्प माला चढ़ाई और समाधि को नमन किया। बापू के स्मारक पर जाने के बाद धनखड़ ने ट्वीट किया, ‘‘पूज्य बापू को श्रद्धांजलि देते हुए राजघाट की शांत भव्यता में भारत की सेवा में तत्पर रहने के लिए अपने आप को धन्य एवं प्रेरित महसूस किया।’’
-
भिवानी। बैंक कॉलोनी स्थित एक ज्वेलरी शॉप के दो ताले तोड़कर चोर लगभग दो लाख कीमत के आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि दुकान संचालक दीपक के अनुसार वह मंगलवार देर शाम दुकान बंद कर घर चला गया था। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान पर लगे दोनों ताले टूटे हुए थे। शटर खोलकर अंदर गया गया तो अलमारी खुली हुई थी सामान बिखरा हुआ था। चोर दुकान से लगभग दो लाख रुपये कीमत के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस के अनुसार दीपक ने बताया कि चोर सोने की बाली व अन्य आभूषण तथा चांदी की 22 जोड़ी पाजेब व लगभग एक किलो चांदी से बने अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। चोर दुकान में रखी 20 हजार की नकदी भी चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
-
जमुई। जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के इस्लामनगर इलाके में एक युवक की मौत करंट लगने हो गई। मृतक युवक की पहचान इस्लामनगर निवासी रामस्वरूप यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में मातम छा गया। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार युवक गुरुवार गांव के ही बहियार में शौच के लिए गया था। बहियार में लगे ट्रांसफॉर्मर से करंट प्रवाहित हो रहा है। खेत में वारिस का पानी होने के कारण ट्रांसफार्मर का करंट खेत के पानी में प्रवाहित हो रहा था। पानी में करंट आने के कारण युवक उसकी चपेट में आ गया। आनन-फानन में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल अलीगंज में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार घटना के बारे में मृतक के चाचा निरंजन यादव ने बताया कि विनोद शौच के लिए बहियार गया हुआ था। ट्रांसफॉर्मर के स्टिक के तार से करंट प्रवाहित हो रहा था। इसके कारण पानी में करंट में आ रहा था। खेत के पानी को छूते ही वह करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। -
नई दिल्ली। कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को पशुधन को त्वचा रोग से बचाने के लिए स्वदेशी वैक्सीन लम्पी-प्रोवैक टीके का शुभारंभ किया। इस वैक्सीन को हरियाणा स्थित हिसार के राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र ने विकसित किया है। इस अनुसंधान में बरेली स्थित इज्जतनगर के भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान ने सहयोग किया है। इस अवसर पर श्री तोमर ने इस टीके को लम्पी रोग के उन्मूलन के लिए मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि इस अनुसंधान में वैज्ञानिकों ने सभी मानकों का पालन करते हुए शत-प्रतिशत प्रभावी वैक्सीन विकसित कर ली है। यह वैक्सीन लम्पी रोग से निजात दिलाने में कारगर होगी।
-
मुंबई। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने राज्य में पिछले महीने अत्यधिक वर्षा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों की मुआवजा- राशि दोगुनी करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद बुधवार को कैबिनेट की पहली बैठक हुई।
राष्ट्रीय आपदा राहत कोष-एन.डी.आर.एफ. के मौजूदा नियमों के अनुसार फसल के नुकसान की भरपाई के लिये किसानों को प्रति हेक्टेयर छह हजार 800 रुपए का मुआवजा दिया जाता है। राज्य सरकार ने यह राशि दोगुनी करने का फैसला किया है। इसके अतिरिक्त अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्र की फसल के नुकसान के लिए मुआवजे का प्रावधान है। मंत्रिमंडल ने इसे भी बढ़ाकर तीन हेक्टेयर कर दिया है। मंत्रिमंडल ने मुंबई मेट्रो के तीसरे चरण की परियोजना के संशोधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की पहले लागत 23 हजार 136 करोड़ रुपए थी। इसमें अब लगभग 10 हजार करोड़ रुपए की बढ़ोतरी की गई है। यह लागत बढ़कर अब 33 हजार 405 करोड़ 82 लाख रुपए हो गई है। मुंबई मेट्रो के तीसरे चरण की परियोजना की कुल लंबाई साढ़े 33 किलोमीटर है और यह पूरी तरह से भूमिगत होगी। इसके मार्ग में 27 स्टेशन होंगे। इसमें वर्ष 2031 तक प्रतिदिन 17 लाख यात्रियों के यात्रा करने का अनुमान है। मंत्रिमंडल ने रत्नागिरी में एक सौ विद्यार्थियों की क्षमता वाले नए सरकारी मैडिकल कॉलेज की स्थापना को भी मंजूरी दी है। जिला अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 430 तक बढ़ाकर इसे मेडिकल कॉलेज के साथ जोड़ दिया जाएगा। -
नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत सबके लिए आवास मिशन 31 दिसम्बर, 2024 तक जारी रखने की स्वीकृति दे दी है। योजना के अंतर्गत इस वर्ष 31 मार्च तक स्वीकृत एक सौ 22 लाख से अधिक आवासों को पूरा करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। देश के शहरी क्षेत्रों में सभी पात्र लाभार्थियों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की यह योजना केन्द्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में एक है। राज्य और केन्द्रशासित प्रदेशों ने इस योजना को जारी रखने का अनुरोध किया था। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में केन्द्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री कौशल किशोर ने बताया कि सभी शहरी गरीबों को आवास देना हमारी प्राथमिकता है।
-
नई दिल्ली।. श्री जगदीप धनखड़ कल देश के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर बाद साढे 12 बजे उन्हें शपथ दिलाएंगी। उपराष्ट्रपति राज्यसभा का सभापति भी होता है। वर्तमान उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल आज समाप्त हो जाएगा। श्री धनखड़, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन प्रत्याशी के रूप में विपक्ष की उम्मीदवार श्रीमती मार्गरेट अल्वा को हराकर उपराष्ट्रपति बने हैं। श्री धनखड को 528 वोट और श्रीमती अल्वा को 182 वोट मिले थे। उपराष्ट्रपति का चुनाव 6 अगस्त को हुआ था।
- लखनऊ । गृहमंत्री अमित शाह के करीबी माने जाने वाले सुनील बंसल को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वह अभी तक उत्तरप्रदेश में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन के पद पर कार्य कर रहे थे।वहीं, झारखंड में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल को उत्तर प्रदेश में भाजपा का प्रदेश महामंत्री संगठन नियुक्त किया गया है। जबकि प्रदेश सह संगठन मंत्री उत्तर प्रदेश प्रदेश कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री संगठन झारखंड नियुक्त किया गया है।यूपी में रहने के दौरान सुनील बंसल ने 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 73 सीटें (अपना दल की दो मिलाकर) जिताकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद यूपी विधानसभा चुनाव 2017 में करीब 14 वर्षों बाद प्रदेश की सत्ता में भाजपा की वापसी हुई। 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन के बावजूद वह यूपी में भाजपा को 65 सीटें जिताने में कामयाब रहे। वहीं, यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने 35 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए दोबारा सत्ता में वापसी की। उनकी पहचान एक कुशल रणनीतिकार की है।
-
त्रिशूर. केरल के त्रिशूर जिले में कुन्नमकुलम शहर के थुवनूर में मंगलवार को सौतेले पिता द्वारा कथित तौर पर क्रूरता से पीटे जाने के बाद चार वर्षीय लड़के को अस्पताल में भर्ती कराया गया है । उसके चेहरे सहित पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं । पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि बच्चे को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया गया जहां उसकी हालत स्थिर है। कुन्नमकुलम पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बच्चे की मां के बयान के आधार पर सौतेले पिता आरोपी प्रसाद को हिरासत में ले लिया गया है । पुलिस ने बताया कि बच्चे का आरोपी सौतेला पिता एक बस कंडक्टर के तौर पर काम करता है । उसने लकड़ी की वस्तु से क्रूरता पूर्वक बच्चे की पिटाई कर दी । उसका आरोप था कि रात में वह ठीक से नहीं सो पाया क्योंकि बच्चा रो रहा था । उन्होंने बताया कि मां ने जब इस बारे में अपने पड़ोसी को बताया, तब यह मामला प्रकाश में आया और पुलिस को इसकी सूचना दी गयी । अधिकारी ने बताया, ‘‘हम तत्काल उसके घर गये और बच्चे को अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया । महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपी सौतेले पिता को हिरासत में ले लिया गया है ।'' उन्होंने बताया कि विस्तृत पूछताछ के बाद उसे जल्दी गिरफ्तार कर लिया जायेगा। -
रांची. झारखंड की राजधानी रांची के रांची-जमशेदपुर राष्ट्रीय मार्ग-33 पर बुंडू थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर के निकट मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन स्कूली छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल एक छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रांची से जमशेदपुर जा रहे ट्रक की चपेट में आने से तीन छात्राओं कीमौत हो गयी जबकि एक अन्य छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गयी। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल एक छात्रा को इलाज के लिए ग्रामीणों और पुलिस के सहयोग से अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मृत छात्राएं बुंडू के भास्कर सरस्वती शिशु मंदिर सूर्य मंदिर परिसर अध्ययनरत थीं। इस हादसे के बाद लोगों में आक्रोश है। लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। बाद में पुलिस ने जाम हटवाया। सड़क दुर्घटना में जिन छात्राओं की मौत हुई है उनकी पहचान बुंडू की रीमा कुमारी (कक्षा 8), जोशना कुमारी (कक्षा 6) एवं ज्योति कुमारी (कक्षा 7) के रूप में की गयी है जबकि सरायकेला की प्रिया कुमारी महतो (कक्षा 7) गंभीर रूप से घायल है।
- -
नयी दिल्ली. सरकार ने पेंशन कोष नियामक और विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के चेयरपर्सन सुप्रतिम बंद्योपाध्याय के उत्तराधिकारी की तलाश शुरू कर दी है। उनका कार्यकाल अगले साल जनवरी में खत्म हो रहा है। पीएफआरडीए चेयरपर्सन का कार्यकाल पांच वर्ष या 65 वर्ष की आयु तक होता है।
वित्त मंत्रालय ने आवेदन आमंत्रित करते हुए कहा कि चेयरपर्सन पद के लिए घर और कार की सुविधा के बिना प्रति माह 4.50 लाख रुपये का कुल वेतन दिया जाएगा। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के अलावा सीईओ (मुख्य कार्यपालक अधिकारी), सीएफओ (मुख्य वित्त अधिकारी), सीओओ (मुख्य परिचालन अधिकारी) या समकक्ष के स्तर पर काम कर चुके निजी क्षेत्र के कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। अकादमिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति भी आवेदन कर सकते हैं। वित्तीय क्षेत्र नियामक नियुक्ति खोज समिति (एफएसआरएएससी) की सिफारिश पर केंद्र सरकार चेयरपर्सन की नियुक्ति करेगी। एफएसआरएएससी योग्यता के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति की सिफारिश करने के लिए भी स्वतंत्र है, जिसने पद के लिए आवेदन नहीं किया है। आवेदन करने की आखिरी तारीख पांच सितंबर है। -
भिवानी . हरियाणा के भिवानी में चौ. बंसीलाल पार्क के पास एक महिला ने पड़ोसियों के साथ झगड़ा छुड़ाने आयीं 75 वर्षीय अपनी सास को धक्का मार दिया जिससे उनकी मौत हो गयी। जैन चौक चौकी इंचार्ज मनीष कुमार ने बताया पुलिस ने मृतका के पति जगदीश के बयान पर कार्रवाई की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसके स्वजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी महिला सोनिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस उसे जल्द ही गिरफ्तार करेगी। मृतका के पति ने पुलिस को दिए गए बयान में अपनी पुत्रवधू पर हत्या करने का आरोप लगाया है। जगदीश ने पुलिस को बताया कि उसके दो बेटे एवं दो बेटियां थे तथा बड़े बेटे बलवान की शादी झज्जर जिले के गांव माजरा निवासी आरोपी सोनिया के साथ हुई थी। जगदीश के अनुसार बलवान से आरोपी सोनिया को तीन बच्चे हैं और करीब दो साल पहले बलवान की मौत हो गई थी। उनके मुताबिक आरोपी सोनिया आए दिन उनके साथ झगड़ा करती है। जगदीश ने बताया कि सोमवार देर शाम को पड़ोस में ही रहने वाले एक परिवार के साथ जब आरोपी सोनिया का झगड़ा हो रहा था तब उसकी बेटी ने अपनी दादी को यह बात बताई। उनके मुताबिक जब सावित्री झगड़ा छुड़वा कर वापस अपने घर आ रही थी तो पीछे से उसकी विधवा पुत्रवधु आरोपी सोनिया ने धक्का मारकर जमीन पर गिरा दी। जगदीश के अनुसार सावित्री को परिजन अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
-
कोच्चि. केरल की उद्यमी संगीता अभ्यान ने जूनियर चैंबर इंटरनेशनल हांगकांग (जेसुआइएचके) द्वारा शुरू किया गया ‘विश्व महिला उद्यमी' पुरस्कार जीता है। उन्हें यह पुरस्कार संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप अपने हथकरघा और हस्तशिल्प स्टार्टअप के प्रदर्शन के लिए दिया गया है। आयोजकों के अनुसार, संगीता ‘ईडब्ल्यूईवर्ल्ड डॉट कॉम' की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हैं। जेसीआईएच ने दुनियाभर की 225 से अधिक महिला उद्यमियों में से उनका चयन किया है। आयोजकों ने कहा, ‘‘हांगकांग में सात अगस्त को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन मंच ईडब्ल्यूई को जेसीआईएचके पुरस्कार मिला। समिति ने पाया कि संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों का अनुपालन करने में ईडब्ल्यूई बाकी प्रतियोगियों में आगे है और इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन को रोकना भी है।'' यह स्टार्टअप दरअसल उन उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री कर रहा है, जो ग्रामीण केरल और राज्य से बाहर काम करने वाले पारंपरिक हथकरघा और हस्तशिल्प कामगारों को सशक्त बनाता हैं।
-
नयी दिल्ली. संसद की एक समिति ने कहा है कि हिंदू दत्तक और भरण-पोषण कानून (एचएएमए) और किशोर न्याय (जेजे) कानून में सामंजस्य स्थापित करने की जरूरत है तथा गोद लिए जाने के संबंध में एक व्यापक कानून लाए जाने की आवश्यकता है जो अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, नौकरशाही के कम हस्तक्षेप वाला और सभी धर्मों के लोगों पर लागू हो। समिति ने कहा कि ऐसा होने पर गोद लिए जाने की प्रक्रिया आसान और कम बोझिल हो सकेगी।
कार्मिक, लोक शिकायत, विधि और न्याय संबंधी समिति की यह रिपोर्ट सोमवार को संसद में पेश की गई। भारतीय जनता पार्टी के सांसद सुशील कुमार मोदी इस समिति के अध्यक्ष हैं। समिति ने ‘‘गोद लेने और बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनों की समीक्षा'' पर अपनी रिपोर्ट में कहा कि हिंदू दत्तक और भरण-पोषण कानून और किशोर न्याय कानून में अपनी-अपनी खूबियां और कमियां हैं। समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि एचएएमए के तहत गोद लेने की प्रक्रिया सरल है और कम समय लेने वाली है जबकि जेजे कानून के तहत यह पारदर्शी, जवाबदेह और प्रमाण योग्य है। उसने कहा कि गोद लेने के बारे में एक व्यापक कानून के लिए दोनों कानूनों में तालमेल जरूरी है, जो गोद लेने की प्रक्रिया को पारदर्शी, जवाबदेह, प्रमाण योग्य और सभी धर्मों के लिए समान रूप से आसान करे। हालांकि, समिति ने यह भी कहा कि किशोर न्याय कानून के तहत बनाए गए नियम में ऐसी प्रक्रिया है जिसमें काफी समय लगता है। समिति ने अपनी सिफारिश में कहा कि उसका मानना है कि दोनों कानूनों में तालमेल जरूरी है तथा गोद लिए जाने के संबंध में एक व्यापक कानून बनाने की जरूरत है जो गोद लेने की प्रक्रिया को पारदर्शी, जवाबदेह व प्रमाण योग्य बनाए तथा सभी धर्मों के लिए समान रूप से आसान बनाए।
- - नई दिल्ली। .कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाडेरा फिर कोरोना संक्रमित हो गई हैं। यह दूसरा मौका है, जब प्रियंका गांधी कोरोना से पीडि़त हो गई हैं। उन्होंने फिलहाल खुद को आइसोलेट कर लिया है और संपर्क में रहने वालों से जांच की अपील की है।प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर खुद के कोरोना वायरस संक्रमित होने की जानकारी दी है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'एक बार फिर से आज कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई हैं। घर पर ही आइसोलेशन में हूं और पूरे प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।' यही नहीं राहुल गांधी की भी तबीयत कुछ खराब है और इसके चलते उन्होंने राजस्थान के अलवर का दौरा रद्द कर दिया है। राहुल गांधी आज अलवर में कांग्रेस के नेतृत्व संकल्प शिविर में हिस्सा लेने वाले थे।कांग्रेस की ओर से सभी राज्यों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है ताकि पार्टी में नया नेतृत्व विकसित किया जा सके और पार्टी कार्यकर्ताओं में जान फूंकी जा सके। राजस्थान में अगले साल चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में पार्टी इस राज्य में खासतौर पर ऐक्टिव है।इससे पहले जून में भी प्रियंका गांधी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थीं। तब भी प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। प्रियंका गांधी ने बताया था कि उनमें कोरोना के मामूली लक्षण पाए गए हैं। तब भी प्रियंका गांधी ने खुद को घर पर ही आइसोलेट कर लिया था। file photo
- पटना। जनता दल यूनाईटेड नेता नीतीश कुमार ने आज बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल फागू चौहान ने नीतीश कुमार को राजभवन में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री का पदभार संभाला। नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में आठवीं बार जबकि तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली।नीतीश कुमार ने कल राज्यपाल फागु चौहान से मिलकर नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। श्री कुमार ने सात दलों के 164 विधायकों के समर्थन की सूची राज्यपाल को सौंपी। इनमें राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा, वामपंथी दलों और एक निर्दलीय विधायक शामिल हैं।श्री कुमार को कल जनता दल यूनाइटेड, राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस की संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से महागठबंधन का नेता चुना गया। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से जनता दल यूनाइटेड के अलग होने के बाद यह बैठक हुई।इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वामपंथी दलों ने नई सरकार बनाने के लिए नीतीश कुमार को समर्थन की चि_ी सौंपी। एनडीए से अलग होने का फैसला कल सवेरे नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई जनता दल यूनाइटेड विधायक दल की बैठक में लिया गया। जीतन राम मांझी के हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा ने भी नीतीश कुमार को बिना शर्त समर्थन दिया है।
- नयी दिल्ली। हरियाणा के गुरुग्राम में पारस अस्पताल में भर्ती और ‘ब्रेन डेड' घोषित की जा चुकी 60 वर्षीय महिला के परिजनों ने उसकी किडनी और कोर्निया दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग मरीजों को दान किये। अस्पताल ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। अस्पताल के बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रतिरोपण संगठन के निर्धारित आवंटन मानदंडों का अनुपालन किये जाने के बाद अंगों को निकालकर उन्हें मरीजों में प्रतिरोपण के लिए दिया गया। बयान में कहा गया है कि मरीज को ‘ब्रेन-डेड' घोषित कर दिये जाने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला के परिजनों को अंगदान पर विचार करने की सलाह दी थी, जिस पर वे सहमत हो गये।(प्रतीकात्मक फोटो)
- नयी दिल्ली/हैदराबाद। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा वोट बटोरने के लिए किए जाने वाले लोकलुभावन वादों के प्रति आगाह करते हुए मंगलवार को कहा कि ‘‘मुफ्त उपहार की संस्कृति'' के कारण कई राज्यों की वित्तीय स्थिति खराब हुई है। उन्होंने कहा, "सरकार को निश्चित रूप से गरीबों और जरूरतमंदों का समर्थन करना चाहिए, लेकिन साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा तथा बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए।" इस बीच, तेलंगाना की सत्तारूढ़ पार्टी टीआरएस ने कहा कि समाज के गरीब वर्गों का कल्याण मुफ्त उपहार नहीं होता और सरकारों द्वारा किए गए कल्याणकारी उपाय जारी रहने चाहिए। वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को "मुफ्त उपहार" कहने वालों पर नए सिरे से निशाना साधा और सभी के लिए मुफ्त शिक्षा, विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवा और रोजगार को मौलिक अधिकार बनाने की वकालत करते हुए कहा कि ये मुफ्त उपहार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार सरकार का कर्तव्य है। इस बीच, उच्चतम न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की गई जिसमें कहा गया कि मुफ्त उपहार वितरण से पहले एक आर्थिक प्रभाव मूल्यांकन आवश्यक है, और बजटीय प्रावधानों की पर्याप्तता के बिना संबंधित कवायद की जांच करने के लिए विशेषज्ञों की एक समिति गठित की जानी चाहिए। नायडू यहां 2018 और 2019 बैच के भारतीय सूचना सेवा के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।उपराष्ट्रपति की टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों को 'रेवड़ी संस्कृति' के खिलाफ आगाह किए जाने की पृष्ठभूमि में आई। मोदी ने कहा था कि यह देश के विकास के लिए खतरनाक हो सकती है। उच्चतम न्यायालय ने तीन अगस्त को केंद्र, नीति आयोग, वित्त आयोग और रिजर्व बैंक जैसे हितधारकों से चुनाव के दौरान घोषित किए जाने वाले मुफ्त उपहारों के "गंभीर" मुद्दे पर विचार-मंथन करने और इस चलन से निपटने के लिए रचनात्मक सुझाव देने को कहा था। उपराष्ट्रपति ने विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा वोट हासिल करने के लिए लोकलुभावन वादे किए जाने के प्रति आगाह करते हुए कहा कि मुफ्त उपहार की संस्कृति ने कई राज्यों की वित्तीय स्थिति को खराब कर दिया है। उन्होंने कहा, "सरकार को निश्चित रूप से गरीबों और जरूरतमंदों का समर्थन करना चाहिए, लेकिन साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए।” हैदराबाद में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी एवं टीआरएस की विधान परिषद सदस्य कविता कल्वाकुंतला ने कहा कि गरीबों की देखभाल करना राज्य या केंद्र की चुनी हुई सरकार की जिम्मेदारी है। यह उल्लेख करते हुए कि अब कल्याणकारी योजनाओं को मुफ्त उपहार करार देने का चलन है, उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र, राज्य सरकार पर योजनाओं को रोकने के लिए दबाव डाल रहा है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) इसका विरोध कर रही है। कविता ने यह भी कहा कि तेलंगाना सरकार लगभग 250 कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। टीआरएस नेता ने कहा, "क्योंकि किसी भी गरीब व्यक्ति का कल्याण सरकार की जिम्मेदारी है और कल्याण को मुफ्त उपहार बताकर आज पूरे देश में जो माहौल बनाया जा रहा है, वह सही नहीं है।" उन्होंने केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के कर्ज को बट्टे खाते में डालना ही वास्तविक मुफ्त उपहार है। कविता ने कहा, "मेरा मानना है कि मुफ्त उपहार वह है जो अब भाजपा सरकार ने किया है। उसने धोखाधड़ी करने वाली एजेंसियों के 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज को माफ कर दिया है। वह मुफ्त उपहार है। कमजोर वर्गों के लिए कल्याण कभी भी मुफ्त उपहार नहीं होता। यह हमारा सामाजिक दायित्व है, सरकार का भी।" उन्होंने कहा कि देश विविधता भरा है और यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह गरीब तबके की गरीबी के चक्र को तोड़ने तथा उनकी प्रगति में मदद करे। कविता ने कहा कि राज्य सरकारें गरीबों की मदद करने की दिशा में काम कर रही हैं और केंद्र सरकार को इसमें बाधा नहीं डालनी चाहिए। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कल्याणकारी योजनाओं पर अपना विचार तब दोहराया जब उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में आप सरकार द्वारा स्थापित 500 वां राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा, "हमें ऐसी प्रणाली विकसित करने का संकल्प लेना है जहां मुफ्त उत्कृष्ट शिक्षा, विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवा और 100 प्रतिशत रोजगार नागरिकों के मौलिक अधिकार बन जाएं।" देश के हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने और युवाओं को रोजगार देने पर जोर देते हुए केजरीवाल ने कहा कि जब तक ये बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं होंगी, तब तक देश आगे नहीं बढ़ सकता। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख केजरीवाल ने कहा, "लेकिन मुझे यह देखकर दुख होता है कि लोग यह कहकर इस विचारधारा की निंदा करते हैं कि मुफ्त शिक्षा का प्रावधान बंद किया जाना चाहिए। मैं यह कहना चाहता हूं कि मुफ्त में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा या सार्वजनिक स्वास्थ्य देखभाल देना मुफ्त उपहार नहीं है। यह एक जिम्मेदार सरकार का कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और रोजगार को मौलिक अधिकार माना जाना चाहिए, न कि मुफ्त उपहार। शीर्ष अदालत में वकील अश्विनी उपाध्याय द्वारा दायर जनहित याचिका में तर्कहीन मुफ्त उपहार देने के मामले में राजनीतिक दलों के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह किया गया। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विजय हंसारिया ने कहा कि देश के दो सर्वोच्च आर्थिक निकायों ने उचित वित्तीय और बजटीय प्रबंधन के बिना राज्यों द्वारा मुफ्त उपहार वितरण के दीर्घकालिक प्रभाव को लेकर चिंता व्यक्त की है।
-
नयी दिल्ली. कांग्रेस की युवा इकाई ने देश की आजादी और विकास में पार्टी के योगदान का उल्लेख करते हुए मंगलवार को ‘आजादी की गौरव यात्रा' निकाली। भारतीय युवा कांग्रेस ने अपने 62वें स्थापना दिवस के मौके पर यह यात्रा निकाली। संगठन की ओर से जारी बयान के अनुसार, युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लवारू ने कहा, भारतीय युवा कांग्रेस हमारे लोकतंत्र में युवाओं और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका में विश्वास करती है। युवा कांग्रेस के सदस्यों ने देश के लोगों के लिए लड़ने में कभी पीछे नहीं हटे। हम लोगों की सेवा उत्साह के साथ जारी रखेंगे।'' युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने कहा, ‘‘एक कार्यकर्ता के तौर पर मुझे गर्व महसूस होता है कि जिस सेवा और समर्पण के उद्देश्य के साथ युवा कांग्रेस की स्थापना हुयी थी, आज संगठन का हर एक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ उस संकल्प को पूरा कर रहा है।
-
नयी दिल्ली. व्हॉट्सएप एक बार नजर आने वाले ‘व्यू वन्स मेसेज' का स्क्रीनशॉट लेने पर रोक लगाने जा रही है। इसके लिए त्वरित संदेश सेवा कंपनी जल्द एक नया फीचर लेकर आने वाली है। मेटा के स्वामित्व वाली व्हॉट्सएप ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि नया फीचर आने के बाद ‘व्यू वन्स मेसेज' श्रेणी वाले संदेशों का अब कोई स्क्रीनशॉट नहीं ले पाएगा। इस तरह के संदेश पाने वाला व्यक्ति जब उसे एक बार पढ़ लेता है तो वह संदेश अपने-आप अदृश्य हो जाता है। मेटा के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी मार्क जुकरबर्ग ने व्हॉट्सएप पर यह नया फीचर लाने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे उपयोगकर्ता की निजता को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। जुकरबर्ग ने कहा, ‘‘व्हॉट्सएप निजता से जुड़े कुछ नए फीचर लेकर आ रही है। किसी को नोटिफिकेशन मिले बगैर ग्रुप चैट से बाहर निकलने की सुविधा और उपयोगकर्ता को यह नियंत्रण देना कि वह अपने ऑनलाइन होने के बारे में किसे जानकारी देना चाहता है। इसके अलावा व्यू वंस मेसेज का स्क्रीनशॉट लेने पर रोक लगाने का फीचर भी लाया जा रहा है।'' उन्होंने कहा कि व्हॉट्सएप उपयोगकर्ताओं के संदेशों को सुरक्षित एवं निजी रखने के लिए नए तरीके लाने की दिशा में काम करती रहेगी। इस तरह आमने-सामने होने वाली बातचीत की तरह व्हॉट्सएप चैट को भी सुरक्षित बनाने की कोशिश की जा रही है। व्हॉट्सएप ने ‘व्यू वंस मेसेज' सुविधा हाल ही में शुरू की है जिसके जरिये संदेश को सिर्फ एक बार ही पढ़ा जा सकता है और उसके बाद वह अपने-आप गायब हो जाता है। इस तरह उपयोगकर्ताओं को यह विकल्प मिलता है कि उसके भेजे गए संदेश का कोई डिजिटल रिकॉर्ड नहीं रख सकता है। लेकिन ऐसे संदेशों का भी स्क्रीनशॉट लेने की कुछ शिकायतें मिलने के बाद व्हॉट्सएप ने अब इसमें सुधार करने के लिए नया फीचर लाने की तैयारी की है। मेटा के बयान के मुताबिक, ‘‘अब व्हॉट्सएप अतिरिक्त सुरक्षा के लिए व्यू वंस मेसेज का स्क्रीनशॉट लेने से रोक लगाने की व्यवस्था कर रहा है। इस फीचर का परीक्षण चल रहा है और जल्द ही उपयोगकर्ताओं के लिए इसे जारी कर दिया जाएगा।'' इसके साथ ही व्हॉट्सएप इस महीने यह सुविधा भी लेकर आने वाली है जिसमें उपयोगकर्ताओं को यह तय करने का अधिकार होगा कि कौन उन्हें ऑनलाइन होने पर देख सकता है। इसके अलावा ग्रुप चैट में शामिल अन्य उपयोगकर्ताओं को पता चले बगैर उस ग्रुप से निकलने का फीचर भी लाने की तैयारी है। -
पटना. बिहार में मंगलवार को तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता नीतीश कुमार ने राज्यपाल फागू चौहान से दो बार मुलाकात की। कुमार ने पहली बार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा और फिर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन का नेता चुने जाने के बाद राज्य में एक बार फिर शीर्ष पद के लिए अपना दावा पेश किया। कुमार ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को 164 विधायकों की सूची सौंपी है और वह यह तय करेंगे कि शपथग्रहण कब होगा। राज्य विधानसभा में विधायकों की वर्तमान संख्या 242 है और बहुमत के लिए 122 विधायकों की जरूरत है'। कुमार का यह कदम 2017 में जो हुआ था उसका उलटा है जब वह महागठबंधन का साथ छोड़कर राजग में फिर से शामिल हो गए थे। कुमार ने सहयोगी भाजपा का साथ नौ साल में दूसरी बार छोड़ा है। नरेंद्र मोदी को गठबंधन का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन्होंने 2013 में राजग का साथ छोड़ दिया था। जद(यू) की बैठक के बाद कुमार अपना इस्तीफा सौंपने के लिए राजभवन गए। कुमार वहां से अपने आवास पर लौट आए, वह रास्ते में पत्रकारों को यह सूचित करने के लिए थोड़ी देर के लिए रुके कि ‘‘पार्टी की बैठक में यह तय किया गया है कि हम राजग छोड़ दें। इसलिए मैंने राजग सरकार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।'' इसके तुरंत बाद, कुमार सड़क के उस पार स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास गए, जहां राजद, कांग्रेस और वाम दलों सहित महागठबंधन के सभी नेता एकत्र हुए थे। कुमार के साथ जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन भी थे। राबड़ी देवी के आवास पर कुमार लगभग आधा घंटा रुके। वह विपक्ष के नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ लौटे, जिनके पास कुमार के लिए समर्थन पत्र था। लगभग 15 मिनट बाद, कुमार ने नयी सरकार बनाने के लिए दावा पेश करने के वास्ते राज्यपाल से फिर से मुलाकात की। इस बार यादव और जद (यू) के वरिष्ठ सहयोगियों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी उनके साथ थे। मांझी के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के चार विधायकों ने नयी सरकार बनाने के लिए ‘‘बिना शर्त समर्थन'' व्यक्त किया है। तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘नीतीश देश के सबसे अनुभवी मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने एक साहसिक कदम उठाया है।'' इससे पहले दिन में, जब जद (यू) की एक बैठक चल रही थी, वरिष्ठ नेता उपेंद्र कुशवाहा ने एक ट्वीट में कुमार को ‘‘नये रूप में नये गठबंधन'' का नेतृत्व करने के लिए बधाई दी। ऐसा करके उन्होंने एक तरह से जदयू के राजग गठबंधन से अलग होने और सरकार में बने रहने के लिए राजद नीत महागठबंधन में शामिल होने का संकेत दिया था. इस बीच उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के आवास पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बैठक हुई जिसमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राज्य विधानसभा में इस समय विधायकों की संख्या 242 है जबकि बहुमत के लिए 122 विधायकों की आवश्यकता है। राजद के पास सबसे अधिक 79 विधायक हैं, उसके बाद भाजपा के पास 77 और जद (यू) के पास 44 विधायक हैं। जद (यू) को पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के चार विधायकों और एक निर्दलीय का भी समर्थन प्राप्त है। कांग्रेस के पास 19 विधायक हैं जबकि भाकपा (माले) के 12 और भाकपा तथा माकपा के पास दो-दो विधायक हैं। इसके अलावा एक विधायक असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) का है। -
सूरी. पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-60 पर मंगलवार दोपहर एक ऑटोरिक्शा और राज्य परिवहन की एक बस के बीच टक्कर में आठ महिला मजदूरों सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना रामपुरहाट के पास मल्लारपुर में उस समय हुई, जब यात्रियों से खचाखच भरा ऑटोरिक्शा दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम (एसबीएसटीसी) की बस से टकरा गया। बीरभूम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि आठ महिलाएं तिपहिया वाहन में सवार यात्री थीं और नौवां पीड़ित इसका चालक था। उन्होंने कहा कि महिलाएं धान के खेत से घर लौट रही थीं। एसपी ने कहा कि उनके शवों को आरामबाग अस्पताल ले जाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। बस आरामबाग से दुर्गापुर जा रही थी, तभी टक्कर हो गई।
-
नई दिल्ली। गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में सरकारी खरीद पोर्टल- जीईएम पर सहकारी संघों को लाए जाने का शुभारंभ किया। 589 सहकारी संघ इस पोर्टल के लिए पात्र पाये गये हैं। इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि सहकारी क्षेत्र के लिए आज महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि व्यापार में पारदर्शिता लाने के लिए जीईएम से बेहतर कोई माध्यम नहीं हो सकता। श्री शाह ने कहा कि 29 करोड़ लोग सहकारिता से जुड़े हुए है। उन्होंने सभी सहकारी समितियों से अपने उत्पादों के साथ जीईएम में शामिल होने की अपील की।इस अवसर पर वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पिछले छह वर्षों में जीईएम पोर्टल पर दो लाख 80 हजार करोड रूपये का कारोबार किया गया है। उन्होंने कहा कि जीईएम सरकारी खरीद में पारदर्शिता लाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
-
नई दिल्ली। बिहार में जनता दल यूनाईटेड ने भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन तोड दिया है। इससे राज्य में राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के समर्थन से नई सरकार का गठन का रास्ता साफ हो गया है। नई सरकार के गठन के लिए राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस ने अपने समर्थन के पत्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंप दिए हैं।
बिहार में मंगलवार को तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता नीतीश कुमार ने राज्यपाल फागू चौहान से दो बार मुलाकात की। कुमार ने पहली बार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा और फिर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन का नेता चुने जाने के बाद राज्य में एक बार फिर शीर्ष पद के लिए अपना दावा पेश किया। कुमार ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को 164 विधायकों की सूची सौंपी है और वह यह तय करेंगे कि शपथग्रहण कब होगा।राज्य विधानसभा में विधायकों की वर्तमान संख्या 242 है और बहुमत के लिए 122 विधायकों की जरूरत है। बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने जद (यू) नेता कुमार पर 2020 के विधानसभा चुनावों के जनादेश के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया और दावा किया कि कुमार को इसके लिए ‘‘बिहार की जनता सजा देगी''। कुमार का यह कदम 2017 में जो हुआ था उसका उलटा है जब वह महागठबंधन का साथ छोड़कर राजग में फिर से शामिल हो गए थे। कुमार ने सहयोगी भाजपा का साथ नौ साल में दूसरी बार छोड़ा है। नरेंद्र मोदी को गठबंधन का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन्होंने 2013 में राजग का साथ छोड़ दिया था। जद(यू) की बैठक के बाद कुमार अपना इस्तीफा सौंपने के लिए राजभवन गए। उक्त बैठक में सहयोगी भाजपा पर ‘‘पीठ में छुरा घोंपने'' का आरोप लगाया गया। कुमार वहां से अपने आवास पर लौट आए, वह रास्ते में पत्रकारों को यह सूचित करने के लिए थोड़ी देर के लिए रुके कि ‘‘पार्टी की बैठक में यह तय किया गया है कि हम राजग छोड़ दें। इसलिए मैंने राजग सरकार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।'' इसके तुरंत बाद, कुमार सड़क के उस पार स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास गए, जहां राजद, कांग्रेस और वाम दलों सहित महागठबंधन के सभी नेता एकत्र हुए थे। कुमार के साथ जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन भी थे। राबड़ी देवी के आवास पर कुमार लगभग आधा घंटा रुके। वह विपक्ष के नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ लौटे, जिनके पास कुमार के लिए समर्थन पत्र था। लगभग 15 मिनट बाद, कुमार ने नयी सरकार बनाने के लिए दावा पेश करने के वास्ते राज्यपाल से फिर से मुलाकात की। इस बार यादव और जद (यू) के वरिष्ठ सहयोगियों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी उनके साथ थे। मांझी के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के चार विधायकों ने नयी सरकार बनाने के लिए ‘‘बिना शर्त समर्थन'' व्यक्त किया है।तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘नीतीश देश के सबसे अनुभवी मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने एक साहसिक कदम उठाया है।'' इससे पहले दिन में, जब जद (यू) की एक बैठक चल रही थी, वरिष्ठ नेता उपेंद्र कुशवाहा ने एक ट्वीट में कुमार को ‘‘नये रूप में नये गठबंधन'' का नेतृत्व करने के लिए बधाई दी। ऐसा करके उन्होंने एक तरह से जदयू के राजग गठबंधन से अलग होने और सरकार में बने रहने के लिए राजद नीत महागठबंधन में शामिल होने का संकेत दिया था। समझा जाता है कि मुख्यमंत्री कुमार ने विधायकों और सांसदों के साथ हुई बैठक में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्हें बाध्य किया, क्योंकि उसने पहले चिराग पासवान से विद्रोह कराकर और फिर पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को सामने खड़ा करके जदयू को कमजोर करने की कोशिश की। कुमार की स्पष्ट सहमति के बिना सिंह को केंद्र में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। नतीजतन, जब राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ, तो जद (यू) ने उन्हें राज्यसभा सांसद के रूप में एक और कार्यकाल देने से इनकार कर दिया, इस तरह से कैबिनेट मंत्री के रूप में भी उनका कार्यकाल समाप्त हो गया। इसके बाद, सिंह के समर्थकों द्वारा कथित तौर पर फैलायी गईं जद (यू) में विभाजन की अफवाहें सामने आईं। जातीय आधार पर जनगणना, जनसंख्या नियंत्रण और 'अग्निपथ' रक्षा भर्ती योजना सहित कई मुद्दों पर असहमति के चलते भाजपा और जद (यू) के बीच संबंधों में काफी समय से खटास आ रही थी। इस बीच उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के आवास पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बैठक हुई जिसमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राज्य विधानसभा में इस समय विधायकों की संख्या 242 है जबकि बहुमत के लिए 122 विधायकों की आवश्यकता है। राजद के पास सबसे अधिक 79 विधायक हैं, उसके बाद भाजपा के पास 77 और जद (यू) के पास 44 विधायक हैं। जद (यू) को पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के चार विधायकों और एक निर्दलीय का भी समर्थन प्राप्त है। कांग्रेस के पास 19 विधायक हैं जबकि भाकपा (माले) के 12 और भाकपा तथा माकपा के पास दो-दो विधायक हैं। इसके अलावा एक विधायक असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) का है।