- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे। कल लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बहस का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का ऐतिहासिक लगातार तीसरा कार्यकाल गति और निरंतरता के लिए जनादेश है।
उन्होंने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में तीन गुना गति से काम करेगी और देश को विकास के अगले स्तर पर ले जाएगी तथा 2047 तक विकसित भारत की महत्वाकांक्षा को पूरा करेगी। श्री मोदी ने कहा कि सरकार पेपर लीक की घटनाओं से निपटने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। -
नयी दिल्ली. दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य तिथि से छह दिन पहले ही पूरे देश में पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। विभाग ने एक बयान में कहा, ‘‘दक्षिण-पश्चिम मानसून आज राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष भागों में और आगे बढ़ गया। इस प्रकार इसने दो जुलाई 2024 तक ही पूरे देश को कवर कर लिया, जबकि यह सामान्य रूप से आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंचता। उसने बताया कि मानसून अपने सामान्य समय से छह दिन पहले ही पूरे भारत में पहुंच गया। मानसून केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में 30 मई को पहुंचा था जो सामान्य से दो से छह दिन पहले है।
यह महाराष्ट्र तक सामान्य रूप से आगे बढ़ा, लेकिन इसकी गति धीमी हो गई जिसके कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बारिश का इंतजार बढ़ गया तथा उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ गया। देश में 11 जून से 27 जून तक 16 दिन सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई, जिसके कारण जून में कुल मिलाकर सामान्य से कम वर्षा हुई। इस महीने में 147.2 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि इस महीने में सामान्य रूप से 165.3 मिलीमीटर वर्षा होती है, जो 2001 के बाद से सातवीं सबसे कम वर्षा है। देश में चार महीने के मानसून के दौरान कुल वर्षा (87 सेंटीमीटर) में से 15 प्रतिशत बारिश जून में होती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि जुलाई में भारत में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है तथा भारी वर्षा के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और देश के मध्य भाग में नदी घाटियों में बाढ़ आने की आशंका है। -
भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को सात और आठ जुलाई को रथयात्रा के लिए दो दिवसीय अवकाश की घोषणा की, जो 53 वर्षों के बाद एक विशेष अवसर है। पुरी में भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहन की वार्षिक रथयात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए माझी ने इस दो दिवसीय विशेष उत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला, जो पिछली बार 1971 में मनाया गया था। उन्होंने इस आयोजन के शुभ समय पर होने को लेकर जोर दिया जो नवगठित भाजपा सरकार के कार्यकाल के साथ मेल खाता है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘चूंकि रथयात्रा दो दिन तक चलेगी, इसलिए मैं संबंधित अधिकारियों को इन दो दिनों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्देश देता हूं।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रथ यात्रा समारोह में भाग लेंगी। उनके छह जुलाई की शाम को पुरी पहुंचने और सात जुलाई को उत्सव में भाग लेने की उम्मीद है।
-
मुंबई. हिजाब पर प्रतिबंध लगाने के लिए चर्चा में रहे मुंबई के एक कॉलेज ने अब छात्रों के फटी जींस, टी-शर्ट, ‘‘गरिमाहीन'' कपड़े और जर्सी या ऐसे कपड़े पहनने पर रोक लगा दी है जो धर्म या ‘‘सांस्कृतिक असमानता'' को दर्शाते हों। ‘चेंबूर ट्रॉम्बे एजुकेशन सोसाइटी' के ‘एन जी आचार्य और डी के मराठे कॉलेज' ने 27 जून को जारी नोटिस में कहा कि छात्रों को परिसर में औपचारिक और शालीन पोशाक पहननी चाहिए। नोटिस में कहा गया है कि छात्र आधी या पूरी बाजू की कमीज और पेंट पहन सकते हैं। इसमें कहा गया है कि लड़कियां कोई भी भारतीय या पश्चिमी पोशाक पहन सकती हैं। बंबई उच्च न्यायालय ने 26 जून को कॉलेज द्वारा हिजाब, बुर्का और नकाब पर प्रतिबंध लगाने के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था और कहा था कि ऐसे नियम छात्रों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन नहीं करते हैं। नोटिस में कहा गया है, ‘‘छात्र कोई भी ऐसा परिधान नहीं पहनें जिससे धर्म या सांस्कृतिक असमानता का पता चले। नकाब, हिजाब, बुर्का, ‘स्टोल', टोपी आदि को भूतल पर बने ‘कॉमन रूम' में जाकर उतारना होगा और उसके बाद ही (छात्र) पूरे कॉलेज परिसर में घूम सकेंगे।'' चेंबूर स्थित इस कॉलेज में शिवाजी नगर, गोवंडी और मानखुर्द इलाकों के मुस्लिम समुदाय के कई छात्र पढ़ते है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। इसमें कहा गया है, अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।
कॉलेज संचालन परिषद के महासचिव सुबोध आचार्य ने इस साल की शुरुआत में संस्थान द्वारा जारी किए गए एक परिपत्र का हवाला देते हुए कहा कि कॉलेज द्वारा नए निर्देशों के साथ कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई नया नोटिस नहीं है। हम छात्रों से केवल ‘ड्रेस कोड' (वर्दी संबंधी नियम) का पालन करने के लिए कह रहे हैं, जिसमें कहा गया है कि वे भड़काऊ कपड़े न पहनें। हम छात्रों से साड़ी या किसी विशेष रंग की पोशाक पहनने के लिए भी नहीं कह रहे।'' कॉलेज की प्रधानाचार्य विद्यागौरी लेले ने कहा, ‘‘छात्र हिजाब या बुर्का पहनकर कॉलेज आ सकते हैं, कॉलेज के ‘कॉमन रूम' में इसे बदल सकते हैं और फिर अपना काम कर सकते हैं।'' छात्राओं ने इस महीने की शुरुआत में उच्च न्यायालय का रुख कर कॉलेज द्वारा जारी उस निर्देश को चुनौती दी थी, जिसमें हिजाब, नकाब, बुर्का, स्टोल, टोपी पहनने और किसी भी तरह का बिल्ला लगाने पर प्रतिबंध लगाने वाले ‘ड्रेस कोड' को लागू किया गया था। याचिकाकर्ताओं ने दावा किया था कि यह नियम उनके धर्म का पालन करने के मौलिक अधिकार, निजता के अधिकार और ‘‘पसंद के अधिकार'' का उल्लंघन करता है। अदालत ने याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि ‘ड्रेस कोड' का उद्देश्य अनुशासन बनाए रखना है जो शैक्षणिक संस्थान की ‘‘स्थापना और प्रशासन'' के लिए कॉलेज के मौलिक अधिकार का हिस्सा है। - मृतकों को 2-2 लाख का मुआवजाहाथरस (उप्र)। हाथरस जिले के सिकन्दराराऊ क्षेत्र में आयोजित एक सत्संग में मंगलवार को भगदड़ मच गयी जिसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। सिकन्दराराऊ के थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि इस थाना क्षेत्र के फुलराई गांव में भोलेबाबा के सत्संग के दौरान यह भगदड़ मच गयी जिसमें कई लोगों की मौत हो गयी है तथा अनेक अन्य घायल हो गये हैं।इस बीच, पड़ोस में स्थित एटा जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी उमेश चंद्र त्रिपाठी और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि भगदड़ में मारे गये 27 लोगों के शव एटा के पोस्टमार्टम हाउस भेजे जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने जनपद हाथरस में हुए हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।न्यूज 18 के अनुसार मरने वालों की संख्या करीब 100 पहुंच चुकी है ्और ये संख्या बढ़ भी सकती है। हाथरस की दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने दु:ख जताते हुए गहन जांच के आदेश दिए हैं। मृतकों को 2-2 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यक्रम आयोजकों के विरुद्ध एफआईआर की जाएगी और बड़ी कार्रवाई की तैयारी में शासन में है।एसएसपी एटा राजेश कुमार सिंह द्वारा सबसे पहले दी गई जानकारी में बताया गया कि भगदड़ में लोगों की मौत हुई है। पोस्टमॉर्टम के लिए 27 डेड बॉडी आई हैं, जिनमें 23 महिलाएं हैं, 3 बच्चे और एक पुरुष है। हाथरस हादसे की जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है।. एडीजी आगरा जोन के नेतृत्व में कमेटी इस बड़े हादसे की जांच करेगी. अलीगढ़ के कमिश्नर भी इसकी जांच करेंगे?हाथरस डीएम आशीष कुमार ने कहा, "... जिला प्रशासन काम कर रहा है। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है और लोगों का इलाज जारी है... डॉक्टरों ने मुझे करीब 50-60 लोगों की मौत का आंकड़ा बताया है... कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति एसडीएम ने दी थी और यह एक निजी आयोजन था... मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है... प्रशासन की प्राथमिकता घायलों और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद मुहैया कराना है..."उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह ने कहा, "हमें मुख्यमंत्री द्वारा हाथरस घटना स्थल पर पहुंचने और मामले को देखने और सरकार की ओर से आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है..."
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि देश की जनता ने उनकी सरकार की ‘‘भारत सर्वप्रथम’’ तथा ‘‘तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण की’’ नीति को अपना समर्थन दिया और लगातार झूठ फैलाने के बावजूद विपक्ष की घोर पराजय हुई।
उन्होंने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कहा कि उनकी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि यह है कि देश निराशा से बाहर निकला और आत्मविश्वास की बुलंदी पर पहुंचा है।मोदी ने विपक्षी सदस्यों के भारी हंगामे के बीच कहा, ‘‘जनता ने हमें चुना है और मैं कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं कि लगातार झूठ चलाने के बावजूद उनकी घोर पराजय हुई…विश्व का सबसे बड़ा चुनाव अभियान था, उसमें देश की जनता ने हमें तीसरी बार देश की सेवा करने का मौका दिया है, यह लोकतांत्रिक विश्व के लिए गौरवपूर्ण घटना है।’’उनका कहना था कि उनकी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, यह इस चुनाव में उनके लिए आशीर्वाद का एक कारण बना। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश की जनता ने देखा है कि हमारा एकमात्र लक्ष्य भारत सर्वप्रथम रहा है, हमारी हर नीति, निर्णय और कार्य का एक ही तराजू ‘भारत प्रथम’ रहा है।’’ उनका कहना था, ‘‘हम तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण के विचार को लेकर चले हैं।’’मोदी ने कहा, ‘‘मेरी सरकार की कई सफलाएं और सिद्धि हैं। इनमें एक प्रमुख सिद्धि है कि देश निराशा के गर्त से बाहर निकला और आत्मविश्वास की बुलंदी पर पहुंचा।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में देश की साख बढ़ी है और दुनिया का नजरिया बदला है। उनका कहना था कि जनता ने उनके 10 साल के कार्यकाल को देखने-परखने के बाद तीसर बार समर्थन दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘ इस चुनाव ने इस बात को सिद्ध किया है कि भारत की जनता कितनी परिपक्व है।’’प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश की जनता ने हमारी नीयत को देखा है। हमारी नीयत, नीति और निष्ठा पर भरोसा किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम विकसित भारत के निर्माण के लिए एक प्रतिबद्धता के साथ जनता के पास गए थे। जनता ने विकसित भारत के संकल्प को चार चांद लगाकर, हमें फिर से विजयी बनाकर सेवा करने का मौका दिया है।’’मोदी के अनुसार, जब देश विकसित होता है कोटि कोटि जन के सपने पूरे होते हैं, संकल्प सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि जिस विकसित भारत के संकल्प को लेकर चले हैं उसके लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करेंगे और हमारे समय का पल पल और शरीर का कण-कण इस सपने को पूरा करने के लगाएंगे।’’प्रधानमंत्रीने कहा, ‘‘2014 से हर दिन पहले घोटाले की खबरें पढ़ने को मिलती थीं, रोज नए घोटाले, घोटालों की घोटालों की स्पर्धा का कालखंड था…घोटाला की दुनिया ने देश को निराशा से गर्त में डुबा दिया था।’’ उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने देश को निराशा के गर्त से बाहर निकाला।मोदी ने 2014 से पहले हुए आतंकी हमलों के बारे में बात करते हुए कहा, ‘‘आज का हिंदुस्तान घर में घुसकर मारता है, सर्जिकल स्ट्राइक करता है, एयर स्ट्राइक करता है, आतंकवाद के आकाओं को सबक सिखाने का सामर्थ्य दिखा दिया है।’’ -
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वह तीन नए आपराधिक कानूनों पर विपक्ष की चिंता एवं आशंका पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। शाह ने विपक्षी दलों से अपील की वे चाहें तो इस मसले पर उनके साथ बैठकर चर्चा कर सकते हैं। सोमवार को तीन नए आपराधिक कानून लागू होने का विपक्षी दलों ने विरोध किया है।
शाह ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैं सभी से अपील करता हूं कि इन नए कानूनों को लेकर जो भी उनकी चिंता है, सरकार उन्हें दूर करेगी। अगर आपको लगता है कि ये कानून लोगों के हित में नहीं हैं तो आप इस पर मुझसे चर्चा कर सकते हैं। कानूनों का केवल विरोध करने से समस्या का समाधान नहीं निकल सकता। राजनीति करने के कई और भी तरीके हैं।‘शाह ने इन आलोचनाओं को बेबुनियाद बताया कि नए आपराधिक कानून कठोर एवं दमनकारी हैं। उन्होंने कहा कि ये कानून आधुनिक समाज के अनुरूप हैं और पीड़ितों के हितों की रक्षा करते हैं, साथ ही पुलिस की जवाबदेही भी तय करते हैं। शाह ने कहा कि नए कानून अंग्रेजी हुकूमत के दौरान तैयार कानूनों की तुलना में तर्कसंगत एवं बेहतर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नए कानून लागू करने के लिए सरकार ने पूरी तैयारी कर थी और लगभग 22.5 लाख पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया था।देशभर में राज्य पुलिस बलों ने नए कानूनों के तहत कुछ मामले दर्ज किए हैं। कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि नए कानूनों के तहत सड़क के किनारे सामान बेचने वाले एक व्यक्ति (स्ट्रीट वेंडर) के खिलाफ अवरोध उत्पन्न करने के लिए प्राथमिकी (एफआईआर) की गई है। रमेश ने दावा किया कि जिसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के निकट एक पैदल पर पुल के नीचे आजीविका चलाने के लिए सामान बेच रहा था।शाह ने स्पष्ट किया कि भारत न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत पहला मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आधी रात के थोड़ी देर बाद दर्ज हुआ था। शाह ने कहा कि यह प्राथमिकी मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दर्ज हुई है न कि दिल्ली में स्ट्रीट वेंडर के खिलाफ। उन्होंने कहा कि पुलिस ने समीक्षा के प्रावधान का इस्तेमाल करते हुए दिल्ली मामले का निपटारा कर दिया है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि नये आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद उच्चतम न्यायालय के स्तर तक सभी मामलों में न्याय प्राथमिकी दर्ज होने के तीन साल के भीतर मिलेगा। शाह ने नए आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में अपराधों में कमी आएगी और नए कानूनों के तहत 90 प्रतिशत मामलों में दोषसिद्धि होगी। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) 2023 सोमवार से पूरे देश में प्रभावी हो गए। इन तीनों कानून ने ब्रिटिश कालीन कानूनों क्रमश: भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह ली है। उन्होंने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय के स्तर तक न्याय प्राथमिकी दर्ज होने के तीन साल के भीतर मिल सकता है।'' गृह मंत्री ने कहा कि तीनों आपराधिक कानूनों के लागू होने से भारत में दुनिया में सबसे आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली स्थापित होगी। उन्होंने कहा, ‘‘नए कानून, आधुनिक न्याय प्रणाली को स्थापित करते हैं जिनमें ‘जीरो एफआईआर', पुलिस शिकायतों का ऑनलाइन पंजीकरण, एसएमएस जैसे इलेक्ट्रॉनिक तरीकों से समन और सभी जघन्य अपराधों के लिए अपराध स्थलों की अनिवार्य वीडियोग्राफी जैसे प्रावधान शामिल हैं।'' शाह ने बताया कि नए कानून के तहत पहला मामला ग्वालियर में रविवार रात 12 बजकर 10 मिनट पर मोटरसाइकिल चोरी का दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि नए कानून न्याय प्रदान करने को प्राथमिकता देंगे, जबकि औपनिवेशिक काल के कानूनों में दंडात्मक कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाती थी। -
अलीराजपुर/भोपाल. मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में सोमवार को एक दंपति और उनके तीन बच्चों के शव घर में लटके मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सोंडवा तहसील के रावड़ी गांव में पांच लोगों की मौत की सूचना सोमवार सुबह सात बजे मिली।'' उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए अलीराजपुर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) की अगुवाई में एक टीम गठित की गई है। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान राकेश डोडवा (27), उनकी पत्नी ललिता डोडवा (25) और उनके बच्चों लक्ष्मी (9), प्रकाश (7) और अक्षय (5) के रूप में हुई है। -
नयी दिल्ली. अंतरिक्ष अन्वेषण और अनुसंधान एजेंसी (एसईआरए) और ‘ब्लू ओरिजिन' ने सोमवार को अपने मानवयुक्त अंतरिक्षयान कार्यक्रम के लिए भारत को साझेदार राष्ट्र घोषित किया है। यह कार्यक्रम उन देशों के नागरिकों के लिए है जिन्होंने कुछ अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में भेजे हैं या एक भी नहीं भेजे हैं। अमेरिका स्थित एजेंसी एसईआरए ब्लू ओरिजिन के दोबारा इस्तेमाल किए जाने योग्य उपकक्षीय रॉकेट ‘न्यू शेपर्ड' के भावी मिशन पर दुनिया भर के नागरिकों को छह सीट प्रदान करेगी। ‘न्यू शेपर्ड' चुनिंदा अंतरिक्ष यात्रियां को 11 मिनट के लिए क्रेमन रेखा (पृथ्वी के सतह से करीब 100 किलोमीटर की ऊंचाई पर) के पार भेजेगी जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंतरिक्ष की सीमा माना जाता है। अंतरिक्ष यात्री जमीन पर उतरने से पहले कई मिनट तक गुरुत्वाकर्षण की अनुपस्थिति में भारहीन होने की अवस्था का अनुभव करेंगे। एसईआरए के सह संस्थापक जोशुआ स्कुर्ला ने कहा, ‘‘हम अपने मानवयुक्त अंतरिक्षयान कार्यक्रम में भारत को लेकर उत्साहित हैं।'' स्कुर्ला ने कहा, ‘‘हम सभी के लिए अंतरिक्ष को वहनीय बनाना चाहते हैं और भारतीय नागरिकों को इस विशेष अवसर की पेशकश करके खुश हैं जो अंतरिक्ष यात्रा का अनुभव प्राप्त करना चाहते हैं।'' कोई भी भारतीय नागरिक लगभग 2.50 अमेरिकी डॉलर का शुल्क देकर इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण करा सकता है, ताकि सुरक्षित और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन जांच की लागत प्राप्त की जा सके। अंतिम उम्मीदवारों को ‘न्यू शेपर्ड' मिशन पर अंतरिक्ष में उड़ान भरने के अवसर के लिए जनता के वोट से चुना जाएगा। संभावित अंतरिक्ष यात्री को ब्लू ओरिजिन की शारीरिक दक्षता संबंधी मानदंडों को पूरा करना होगा।
- रत्नागिरी (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के तटीय शहर रत्नागिरी में आठ फुट लंबे एक मगरमच्छ के बारिश से भीगी सड़क पर रेंगने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह वीडियो रत्नागिरी जिले में चिपलुन शहर के चिंचनाका इलाके में बारिश के बीच एक ऑटोरिक्शा चालक ने बनाया। वीडियो में कुछ अन्य वाहन भी दिखायी दे रहे हैं और एक ऑटोरिक्शा चालक हेडलाइट जलाकर मगरमच्छ का पीछा करने की कोशिश करते दिखायी दे रहा है। अधिकारी ने बताया कि मगरमच्छ संभवत: पास की शिव या वाशिष्ठी नदियों से बहकर शहर में घुसा होगा। आसपास से गुजर रहे कई लोगों ने भी मगरमच्छ की सड़क पर रेंगते हुए वीडियो बनायी और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि यह घटना रविवार रात की है।
- नयी दिल्ली। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) ने टी. आर. शर्मा को अपना नया निदेशक नियुक्त किया है। शर्मा वर्तमान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) में उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें निदेशक पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। फसल विज्ञान और पादप जैव प्रौद्योगिकी में अपने कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले शर्मा के खाद्य सुरक्षा तथा टिकाऊ खेती में चुनौतियों का समाधान करने में आईएआर के प्रयासों का नेतृत्व करने की उम्मीद है। शर्मा ने एक बयान में कहा, ‘‘ कृषि में उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोगात्मक अनुसंधान महत्वपूर्ण होगा।'' शर्मा की नियुक्ति को कृषि क्षेत्र को समर्थन देने के लिए कृषि अनुसंधान व नवाचार को बढ़ाने के सरकार के प्रयासों के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। कृषि क्षेत्र भारत की 3000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था में करीब 15 प्रतिशत का योगदान देता है।
- नयी दिल्ली। लोकसभा ने टी20 विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत पर सोमवार को भारतीय टीम को बधाई दी और भविष्य के मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम की यह विजय युवाओं और सभी खिलाड़ियों को प्रेरणा देगी। भारत ने बारबाडोस के ब्रिजटाउन में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर अपना दूसरा टी20 विश्व खिताब जीता। बिरला ने सोमवार को लोकसभा में कहा, ‘‘माननीय सदस्य, मुझे आपके साथ यह सूचना साझा करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने 29 जून को क्रिकेट टी20 विश्व कप जीतने में सफलता प्राप्त की। पूरे देश में ऊर्जा और उमंग का संचार हुआ है। इस विजय से सभी खिलाड़ियों और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।'' उन्होंने यह भी कहा, ‘‘मैं अपनी और पूरे सदन की ओर से भारतीय क्रिकेट टीम और कप्तान रोहित शर्मा को बधाई देता हूं। सदन क्रिकेट टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता है।'' इस पर सदस्यों ने मेजें थपथपा कर भारतीय टीम की सराहना की।
-
अयोध्या. शुरुआती बारिश में ही लगभग एक दर्जन स्थानों पर धंसने की वजह से चर्चा में आये राम पथ के निर्माण में घोर लापरवाही की जांच के लिए अयोध्या प्रशासन ने एक समिति गठित की है। अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल ने रविवार को बताया, ‘‘सभी संबंधित विभागों की एक समिति गठित की गई है, जो जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। यह समिति उन सीवेज चैंबर/मैनहोल के निर्माण से संबंधित गड़बड़ियों की जांच करेगी जिनमें गड्ढे हो गये हैं।'' दयाल ने कहा कि राम पथ करीब 14 किलोमीटर लंबा है और इसका निर्माण मानकों के अनुसार गुणवत्ता के साथ किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘इस पथ में एक क्षेत्र ऐसा है, जहां सीवर लाइन बिछाई गई थी। ऐसे ही छह-सात स्थानों पर गड्ढे हो गये हैं।'' उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों में पूरी अयोध्या में करीब 5,500 सीवर चैंबर बनाए गए हैं, जिनमें से केवल आठ या नौ स्थानों पर ही ऐसी समस्या आई है, वह भी अत्यधिक बारिश के कारण ऐसा हुआ है। मंडलायुक्त ने कहा कि जिले में पूरे बरसात के मौसम की लगभग 30 प्रतिशत बारिश सिर्फ दो दिन में हो गई जिसकी वजह से यह समस्या हुई है। राज्य सरकार ने इस मामले के संबंध में अहमदाबाद स्थित ठेकेदार ‘भुवन इंफ्राकॉम प्राइवेट लिमिटेड' को नोटिस भी जारी किया है। सरकार ने अयोध्या में नवनिर्मित राम पथ के कई हिस्सों में सड़क धंसने और जलभराव के बाद घोर लापरवाही के लिए छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इस बीच, फैजाबाद से नवनिर्वाचित सांसद अवधेश प्रसाद ने शनिवार को अयोध्या में 14 किलोमीटर लंबे राम पथ और सड़क के नीचे सीवर लाइन के निर्माण में कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। प्रसाद ने कहा था, ‘‘यह एक बड़ा मुद्दा है, राम के नाम पर लूट हो रही है। कितने लोग जिम्मेदार हैं, कौन जिम्मेदार है, सब कुछ स्पष्ट होना चाहिए। कुछ लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। राम पथ निर्माण में अनियमितताओं में और भी लोग शामिल हैं।'' पिछली 23 और 25 जून को हुई बारिश के बाद राम पथ के किनारे लगभग 15 गलियों में पानी भर गया था। यहां तक कि सड़क के किनारे स्थित घरों में भी पानी घुस गया था। राम पथ के कई हिस्से भी धंस गए थे।
-
भुवनेश्वर. भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी मनोज आहूजा ने रविवार को ओडिशा के मुख्य सचिव का कार्यभार संभाला। मनोज को प्रदीप कुमार जेना के स्थान पर मुख्य सचिव का पद दिया गया है, जो आज सेवानिवृत्त हो गए।
जेना ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मैं 1990 बैच के अपने अच्छे मित्रों में से एक (कालाहांडी के दिनों से) मनोज आहूजा का मेरे उत्तराधिकारी उप-जिलाधिकारी धरमगढ़ के तौर पर स्वागत करता हूं और मुझे खुशी है कि आज उन्होंने मेरे स्थान पर मुख्य सचिव का पद संभाला।'' ओडिशा के मुख्य सचिव का कार्यभार संभालने के तुरंत बाद आहूजा ने पुरी में स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और 'पटिडियन' (भगवान जगन्नाथ की प्रतिकृति) के समक्ष पूजा-अर्चना की। आहूजा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे और उन्होंने एक अप्रैल, 2022 से केंद्र सरकार के कृषि और किसान कल्याण विभाग के सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दी थीं। ओडिशा सरकार के अनुरोध पर मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने 25 जून को आहूजा को उनके मूल कैडर में वापस भेजने को मंजूरी दी थी। आहूजा के पास बी.ई. (मैकेनिकल) की डिग्री, पंजाब विश्वविद्यालय से एमबीए और अमेरिका के हार्वर्ड विश्वविद्यालय से लोक प्रशासन (अंतरराष्ट्रीय विकास) में स्नातकोत्तर की डिग्री है। -
श्रीनगर. वार्षिक अमरनाथ तीर्थयात्रा के दूसरे दिन रविवार को लगभग 15,000 श्रद्धालुओं ने दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन किए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। पहले दो दिनों में अमरनाथ गुफा में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या अब 28,000 को पार कर गई है। अधिकारियों ने यहां बताया, ‘‘रविवार को 14,717 तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन किए।'' उन्होंने बताया कि गुफा मंदिर में दर्शन करने वालों में 9,979 पुरुष तीर्थयात्री और 3,439 महिला तीर्थयात्री शामिल थे। एक हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों, 83 बच्चों और दो ट्रांसजेंडर ने भी तीर्थयात्रा की।
यात्रा शनिवार को दो मार्गों से शुरू हुई - अनंतनाग में 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक नूनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल में 14 किलोमीटर छोटे, लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से। बावन दिनों तक चलने वाली यह तीर्थयात्रा 19 अगस्त को समाप्त होगी। पिछले वर्ष 4.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में दर्शन किये थे। -
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने बच्चों को मादक पदार्थ के सेवन से बचाने के लिए एक पोर्टल शुरू किया है, जो विद्यालयों के आसपास प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री को रोकने और छात्रों और शिक्षकों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए एक मजबूत निगरानी प्रणाली की सुविधा प्रदान करेगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने युवाओं को मादक पदार्थों की समस्या से बचाने तथा विद्यालयों के आसपास ऐसे पदार्थों की बिक्री पर रोक के लिए निगरानी तंत्र विकसित करने के उद्देश्य से “प्रहरी पोर्टल” की शुरुआत की है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने इस संबंध में एक राष्ट्रीय समीक्षा और परामर्श बैठक का आयोजन किया था। इस बैठक में संयुक्त कार्य योजना के कामों पर चर्चा की गई जिसका उद्देश्य 'नशा मुक्त भारत' के दृष्टिकोण के तहत बच्चों में मादक पदार्थों का सेवन और उनकी अवैध तस्करी को रोकना है। इस संयुक्त कार्य योजना का नाम “नशे के खिलाफ एक युद्ध” दिया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों को मादक पदार्थों का सेवन करने से रोकना है। इस व्यापक योजना में सभी हितधारकों, एजेंसियों, कर्तव्यधारकों, अधिकारियों, मीडिया और अभिभावकों को शामिल किया गया है, जिससे वे बच्चों को मादक पदार्थों का सेवन करने से बचाने में अपनी भूमिका निभा सकें। राय ने एनसीपीसीआर और एनसीबी द्वारा शुरू की गई संयुक्त कार्य योजना की प्रशंसा की और नशा मुक्त राष्ट्र के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं की सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया, क्योंकि वे विकसित भारत के भावी नेता हैं। साथ ही वे भारत की कुल जनसंख्या का 59 प्रतिशत हैं। अपने संबोधन के दौरान राय ने नशीले पदार्थों और आतंकवाद के प्रति सरकार की 'जीरो-टॉलरेंस' (बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने) नीति के बारे में विस्तार से बताया। नित्यानंद राय ने मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और असम राइफल्स को सशक्त बनाने तथा मादक पदार्थों के व्यापार को समाप्त करने के लिए उठाए जा रहे व्यापक उपायों के बारे में भी जानकारी दी।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह पारिवारिक पेंशनभोगियों की शिकायतों के प्रभावी निवारण के लिए सोमवार को यहां एक विशेष अभियान की शुरुआत करेंगे। कार्मिक मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी एक बयान में कहा गया कि वर्तमान में ऑनलाइन केंद्रीयकृत पेंशन शिकायत एवं निवारण प्रणाली (सीपीईएनजीआरएएमएस) पर प्रतिवर्ष लगभग 90,000 मामले पंजीकृत किए जा रहे हैं। बयान में कहा गया है कि कुल शिकायतों में से पारिवारिक पेंशन संबंधी शिकायतों का प्रतिशत लगभग 20-25 प्रतिशत है। बयान में कहा गया है कि पारिवारिक पेंशनभोगियों की शिकायतों का एक बड़ा हिस्सा महिला पेंशनभोगियों का है। बयान में कहा गया है कि अधिकांश शिकायतें रक्षा पेंशनभोगियों, रेलवे पेंशनभोगियों और केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) पेंशनभोगियों से संबंधित हैं। इसमें कहा गया है कि "बैंक संबंधी मामले भी काफी संख्या में हैं।" बयान में कहा गया है कि पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) अपनी 100 दिवसीय कार्ययोजना के तहत 1-31 जुलाई, 2024 की अवधि के दौरान पारिवारिक पेंशनभोगियों की शिकायतों के प्रभावी निवारण के लिए एक महीने का विशेष अभियान चलाएगा, जिसमें 46 मंत्रालय/विभाग भाग लेंगे। इस विशेष अभियान का उद्देश्य पारिवारिक पेंशन शिकायतों के लंबित मामलों में पर्याप्त कमी लाना है।
ऐसा इसमें कहा गया है कि पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभागों के सचिव, भूतपूर्व सैनिक कल्याण, सीमा सुरक्षा बल महानिदेशक, लेखा महानियंत्रक, भारतीय स्टेट बैंक के उप प्रबंध निदेशक के साथ-साथ 46 मंत्रालयों/विभागों के नोडल लोक शिकायत अधिकारी, सभी पेंशन संवितरक बैंकों के प्रतिनिधि और पेंशनभोगी कल्याण संघों के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। शिकायतें सीधे या आवेदक द्वारा पोर्टल पर या ई-मेल, डाक या टोल-फ्री नंबर के माध्यम से विवरण प्राप्त होने पर डीओपीपीडब्ल्यू द्वारा दर्ज की जा सकती हैं। विशेष अभियान में निपटाए जाने वाले पारिवारिक पेंशन से संबंधित शिकायतों को सीपीईएनजीआरएएमएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों में से चुना गया है। बयान में कहा गया है कि अभियान अवधि के दौरान निवारण के लिए 46 मंत्रालयों/विभागों/संगठनों से संबंधित कुल 1,891 (15 जून, 2024 तक) पारिवारिक पेंशन से संबंधित शिकायतों की पहचान की गई है। डीओपीपीडब्ल्यू मिशन-मोड दृष्टिकोण पर शिकायतों के प्रभावी निवारण के लिए संबंधित प्रशासनिक मंत्रालय/विभाग/संगठन की निगरानी करेगा और उन्हें सभी सहायता प्रदान करेगा। -
नई दिल्ली। जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने आज नई दिल्ली में नए थल सेनाध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जनरल द्विवेदी ने 15 दिसंबर, 1984 को थल सेना की इन्फैंट्री- जम्मू और कश्मीर राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया था। उन्होंने रक्षा और प्रबंधन अध्ययन में एम. फिल और सामरिक अध्ययन और सैन्य विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है।
- लखनऊ। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) वर्ष 1988 बैच के अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव का कार्यभार ग्रहण किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।वर्तमान में प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त और अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त के अलावा अपर मुख्य सचिव पंचायती राज जैसे महत्वपूर्ण पदों का दायित्व निर्वहन कर रहे मनोज कुमार सिंह ने दुर्गा शंकर मिश्र के स्थान पर मुख्य सचिव का कार्यभार ग्रहण किया है।ललितपुर, गौतमबुद्ध नगर, पीलीभीत, मुरादाबाद और अलीगढ़ जैसे जिलों के जिलाधिकारी और मुरादाबाद के मंडलायुक्त समेत विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर चुके सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टीम का एक प्रमुख चेहरा माना जाता है।इसके पहले वर्ष 1984 बैच के आईएएस अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्र को 30 दिसंबर 2021 को उत्तर प्रदेश का मुख्य सचिव बनाया गया था। दिसंबर 2021 में सेवानिवृत्त होने से पहले केंद्र सरकार ने उन्हें सेवा विस्तार देकर राज्य के मुख्य सचिव का दायित्व सौंपा था और वह तबसे लगातार सेवा विस्तार पर ही यह दायित्व निभा रहे थे।आधिकारिक बयान में कहा गया कि 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले नौकरशाही में कुछ ऐसे अधिकारियों को चिह्नित किया, जिनमें अनुभव और दक्षता तो हो ही, सत्यनिष्ठा के साथ-साथ कार्य करने के प्रति जीवटता और जुझारूपन भी हो।‘टीम योगी’ के एक ऐसे ही अहम सदस्य हैं आईएएस मनोज कुमार सिंह, जिन्होंने आज उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया है। नियुक्ति विभाग की वेबसाइट के अनुसार मनोज कुमार सिंह का जन्म 25 जुलाई 1965 को हुआ है। इस आधार पर सिंह का कार्यकाल 31 जुलाई 2025 तक होगा।
- भदोही (उप्र)। भदोही जिले के कोइरौना इलाके में रविवार को एक महिला और उसकी बेटी ने जहरीला पदार्थ निगलकर कथि तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।अपर पुलिस अधीक्षक तेजवीर सिंह ने बताया कि कोइरौना थाना इलाके के अरई गांव में सुनील तिवारी नामक व्यक्ति की पत्नी सुमन तिवारी (42) और बेटी कोमल तिवारी (22) ने सुबह जहरीला पदार्थ निगल लिया। उन्होंने बताया कि हालत खराब होने पर दोनों को प्रयागराज के भीटी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।(सांकेतिक फोटो)
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज हूल दिवस पर संथाल विद्रोह के सभी अमर वीरों को श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि अन्याय के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष करने वाले सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरो और फूलो-झानो जैसे वीरों के बलिदान की अमर कहानियां स्वर्णाक्षरों में लिखी गई हैं। उन्होंने कहा कि इन क्रांतिकारियों के आदर्श सभी देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे।
-
नई दिल्ली। तीन नए आपराधिक कानून – भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारत साक्ष्य अधिनियम कल से लागू हो जाएंगे। केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ नियमित बैठकें की हैं और वे इन कानूनों को लागू करने के लिए प्रौद्योगिकी, क्षमता निर्माण तथा जागरूकता उत्पन्न करने के लिये पूरी तरह से तैयार हैं।
इस संबंध में पुलिस और जांच अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। दूरदर्शन और आकाशवाणी के समाचार बुलेटिनों, कार्यक्रमों, चर्चाओं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से इस विषय पर गहन चर्चाएं और विश्लेषण किए गए हैं। जन-जागरुकता अभियान, संवाद कार्यक्रम, सूचनात्मक वेबसाइट्स और मंत्री स्तरीय वेबिनार का आयोजन भी किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालय और उच्च शैक्षणिक संस्थानों में पाठ्यक्रम मॉड्यूल को अनिवार्य रूप से शामिल भी किया गया।नए आपराधिक कानूनों में जांच, मुकदमे और अदालती कार्यवाही में प्रौद्योगिकी पर जोर दिया गया है। इसके लिए राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो-एन.सी.आर.बी ने मौजूदा अपराध और आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क और प्रणाली-सी.सी.टी.एन.एस. एप्लिकेशन में 23 कार्यात्मक संशोधन किए हैं। नई प्रणाली में निर्बाध परिवर्तन के लिए यह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को तकनीकी सहायता भी प्रदान कर रहा है।सूत्रों ने बताया है कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद और सीएफआईएस के साथ-साथ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सभी उच्च शैक्षणिक संस्थानों में कल एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सामूहिक चर्चा, वर्कशॉप, प्रश्नोत्तरी सत्र और नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों पर क्विज शामिल होंगे। इन कानूनों की शुरुआत के साथ सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में प्रत्येक पुलिस थाना प्रभारियों द्वारा भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डाला जाएगा। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के 75वें जन्मदिन पर उन पर लिखी गई तीन पुस्तकों का विमोचन करेंगे। एक बयान में कहा गया कि यह कार्यक्रम हैदराबाद के गाचीबोवली स्थित ‘अन्वया कन्वेंशन सेंटर' में होगा और मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पुस्तकों का विमोचन करेंगे। प्रधानमंत्री जिन पुस्तकों का विमोचन करेंगे उनमें पूर्व उपराष्ट्रपति की जीवनी ‘वेंकैया नायडू - लाइफ इन सर्विस' शामिल है, जिसे ‘द हिंदू' के हैदराबाद संस्करण के पूर्व स्थानीय संपादक एस नागेश कुमार ने लिखा है। इसके अलावा ‘सेलिब्रेटिंग भारत - द मिशन एंड मैसेज ऑफ श्री एम वेंकैया नायडू एज थर्टींथ वाइस प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया' उनके पूर्व सचिव आई वी सुब्बा राव द्वारा संकलित एक फोटो संग्रह है। बयान में कहा गया है कि तीसरी पुस्तक तेलुगु में लिखी एक सचित्र जीवनी है जिसका शीर्षक है- ‘महानेता - लाइफ एंड जर्नी ऑफ श्री एम वेंकैया नायडू'। इसे संजय किशोर ने लिखा है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अमरनाथ यात्रा आरंभ होने पर तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि बाबा बर्फानी के दर्शन कर शिवभक्तों में असीम ऊर्जा का संचार होता है। अधिकारियों ने बताया कि 52 दिन की वार्षिक अमरनाथ यात्रा शनिवार तड़के शुरू हो गई।
उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों का पहला जत्था बालटाल और नुनवान स्थित दो आधार शिविरों से दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित गुफा मंदिर के लिए रवाना हुआ। प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "पवित्र अमरनाथ यात्रा आरंभ होने पर सभी तीर्थयात्रियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। बाबा बर्फानी के दर्शन और वंदन से जुड़ी यह यात्रा शिवभक्तों में असीम ऊर्जा का संचार करने वाली होती है। उनकी कृपा से सभी श्रद्धालुओं का कल्याण हो, यही कामना है। जय बाबा बर्फानी!" यात्रा 19 अगस्त को संपन्न होगी।





.jpg)

.jpg)



.jpg)

.jpg)






.jpg)
.jpg)






