- Home
- देश
- नयी दिल्ली. पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के 146वें पाठ्यक्रम के दीक्षांत समारोह के दौरान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से कुल 205 कैडेटों को स्नातक की डिग्री प्रदान की गई। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इसके अलावा मित्र देशों के 17 कैडेटों को भी डिग्री प्रदान की गई। दीक्षांत समारोह एनडीए, खडकवासला, पुणे के हबीबुल्लाह हॉल में आयोजित किया गया।इस दीक्षांत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति और शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति (अतिरिक्त प्रभार) प्रोफेसर सत प्रकाश बंसल थे। बयान के अनुसार, इस दौरान 82 कैडेटों को विज्ञान संकाय में, 84 कैडेटों को कंप्यूटर विज्ञान संकाय में और 39 कैडेटों को कला संकाय में डिग्री प्रदान की गई। इसके अलावा नौसेना और वायुसेना के 132 कैडेटों ने बीटेक विषय में भी 'तीन साल के पाठ्यक्रम' का प्रमाणपत्र प्राप्त किया। इन कैडेटों को उनके संबंधित प्रशिक्षण अकादमिक संस्थानों- एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी और हैदराबाद स्थित वायुसेना अकादमी में एक साल का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद डिग्री प्रदान की जाएगी।
-
नयी दिल्ली. बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र और तेज हो जाएगा तथा रविवार शाम तक यह भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में बांग्लादेश और इससे सटे पश्चिम बंगाल के तटों से टकरायेगा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी । इस मॉनसून पूर्व मौसम में बंगाल की खाड़ी में यह पहला चक्रवात है । हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवात के नामकरण प्रणाली के अनुसार, इस तूफान का नाम रेमल रखा जाएगा। भारत मौसम विभाग की वैज्ञानिक मोनिका शर्मा ने बताया, ‘‘यह प्रणाली शुक्रवार की सुबह तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक दबाव क्षेत्र में केंद्रित हो जाएगा। यह शनिवार की सुबह एक चक्रवाती तूफान में बदल जायेगा और इसमें तेजी आयेगी। इसके बाद रविवार शाम तक यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में बांग्लादेश और निकटवर्ती पश्चिम बंगाल तट पर पहुंचेगा।'' आईएमडी के मुताबिक, रविवार को चक्रवात के कारण 102 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम कार्यालय ने 26-27 मई को पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा, मिजोरम, त्रिपुरा और दक्षिण मणिपुर के तटीय जिलों में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी है। समुद्र में मछली पकड़ने गए मछुआरों को तट पर लौटने तथा 27 मई तक बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह दी गई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि समुद्र की सतह के गर्म तापमान के कारण चक्रवाती तूफान तेजी से अपनी गति बढ़ा रहे हैं और लंबे समय तक अपनी शक्ति बरकरार रख रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप महासागर ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन से अधिकांश अतिरिक्त गर्मी को अवशोषित कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 30 वर्षों में समुद्र की सतह का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया है ।
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डीएस पई के अनुसार, समुद्र की सतह के गर्म तापमान का मतलब अधिक नमी है, जो चक्रवातों की तीव्रता के लिए अनुकूल है। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव माधवन राजीवन ने कहा कि कम दबाव प्रणाली को चक्रवात में बदलने के लिए समुद्र की सतह का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बंगाल की खाड़ी में सतह का तापमान फिलहाल 30 डिग्री सेल्सियस है ।
राजीवन ने कहा, ‘‘बंगाल की खाड़ी और अरब सागर इस समय बहुत गर्म हैं, इसलिए उष्णकटिबंधीय चक्रवात आसानी से बन सकता है।'' उन्होंने कहा, लेकिन उष्णकटिबंधीय चक्रवात न केवल समुद्र द्वारा नियंत्रित होते हैं, बल्कि इसमें वायुमंडल भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है । राजीवन ने कहा, "अगर ऊर्ध्वाधर हवा का झोंका बहुत बड़ा है तो चक्रवात तेज नहीं होगा। यह कमजोर हो जाएगा।" वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ने कहा कि मॉडल सुझाव देते हैं कि चक्रवात मानसून की प्रगति को प्रभावित नहीं करेगा। हालांकि, पई ने कहा कि यह कुछ हिस्सों में मॉनसून की प्रगति को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा कि शुरुआत में यह प्रणाली मॉनसून को बंगाल की खाड़ी के ऊपर आगे बढ़ने में मदद करेगा। इसके बाद, यह मॉनसून परिसंचरण से अलग हो जाएगा और बहुत सारी नमी खींच लेगा, जिसके परिणामस्वरूप उस क्षेत्र में इसकी प्रगति में थोड़ी देरी हो सकती है। -
लखनऊ. आम चुनाव के छठे चरण के लिए राज्य की 14 लोकसभा सीट पर प्रचार अभियान बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। राज्य में लोकसभा चुनावों के साथ-साथ बलरामपुर की गैसड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 25 मई को मतदान होना है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा के अनुसार 14 लोकसभा सीट पर 146 पुरुष और 16 महिलाओं सहित कुल 162 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि गैसड़ी विधानसभा सीट पर सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन सभी सीट पर आज शाम छह बजे चुनाव अभियान समाप्त हो गया और 25 मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। उन्होंने बताया कि आज प्रचार समाप्त होने के बाद राजनीतिक दलों के सभी बाहरी कार्यकर्ताओं को उन जिलों में रुकने की अनुमति नहीं दी जाएगी जहां मतदान होना है। जिन सीट पर मतदान होना है उनमें सुलतानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, आंबेडकर नगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज (अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित), आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर (अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित) और भदोही लोकसभा सीट शामिल हैं। सुलतानपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार मेनका गांधी का समाजवादी पार्टी (सपा) के भीम निषाद और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उदयराज वर्मा से कड़ा मुकाबला है। इलाहाबाद सीट पर पूर्व राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी का मुकाबला कांग्रेस के उज्जवल रमण सिंह से है। वर्ष 2019 में सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा जीती गई आजमगढ़ सीट पर निवर्तमान भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का मुकाबला सपा के धर्मेंद्र यादव से है। धर्मेंद्र यादव वर्ष 2002 के लोकसभा उपचुनाव में निरहुआ हार गए थे। जौनपुर सीट पर रोचक मुकाबला है जहां महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार कृपाशंकर सिंह का मुकाबला सपा उम्मीदवार बाबू सिंह कुशवाहा और बसपा के निवर्तमान सांसद श्याम सिंह यादव से है। भदोही में तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी मैदान में हैं ।
-
महेंद्रगढ़ (हरियाणा). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि ‘इंडिया' गठबंधन अगले पांच साल में पांच प्रधानमंत्री की बात कर रहा है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि गाय के दूध देने से पहले ही उसके घटक दलों में ‘घी' को लेकर लड़ाई शुरू हो गई है। सात चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव के छठे चरण का प्रचार खत्म होने से कुछ घंटे पहले मोदी ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक रैली में कहा कि जब तक वह जीवित हैं, दलितों और आदिवासियों का आरक्षण कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने ‘इंडिया' गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ये चुनाव देश का प्रधानमंत्री चुनने का चुनाव है। लेकिन आप सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं चुनेंगे, बल्कि देश का भविष्य भी चुनेंगे। एक ओर आपका जांचा-परखा सेवक मोदी है। वहीं दूसरी ओर कौन है, इसका अता-पता ही नहीं है।'' ‘इंडिया' गठबंधन में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम सहित कुछ अन्य विपक्षी दल शामिल हैं। मोदी ने ‘इंडिया' गठबंधन को ‘घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी' करार देते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तो उसने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं होने दिया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘इंडी अलायंस वालों का हाल तो ऐसा है कि गाय ने दूध दिया नहीं, लेकिन घी खाने के लिए इंडी वालों में झगड़ा शुरू हो गया। अब ये लोग कह रहे हैं कि हर साल एक आदमी भारत का प्रधानमंत्री बनेगा। 5 साल, 5 पीएम! आप मुझे बताइए, ऐसे देश चलेगा क्या? ये लोग देश को फिर से गड्ढे में धकेलना चाहते हैं।'' हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के लिए 25 मई को मतदान होगा।
नब्बे के दशक के मध्य में राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए काम करने के अपने दिनों को याद करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘हरियाणा ने मुझ पर बहुत प्यार बरसाया है, मेरे आपके साथ गहरे संबंध हैं।'' भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार धर्मबीर सिंह के पक्ष में प्रचार करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरी गारंटी है कि हम हरियाणा का विकास नहीं रुकने देंगे।'' मोदी ने यह भी कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों में हमने कांग्रेस के पापों को धोने के लिए कड़ी मेहनत की है। प्रधानमंत्री ने ‘इंडिया' गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने पहले ही बहाना बनाना शुरू कर दिया है कि उनकी हार के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया जाए। - सुलतानपुर (उप्र)। सुलतानपुर जिले में गुरुवार को लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कोतवाली नगर के पांचोपीरन कस्बा निवासी समीर (38) और उसका भाई अमीर (30) घर का सामान लेने स्कूटी से बंधुआकला थाना क्षेत्र के हसनपुर क्षेत्र में जा रहे थे। उसने बताया कि दोनों भाई जब हसनपुर गुमटी के पास पहुंचे तो लखनऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरे ने लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- नयी दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 263 करोड़ रुपये की आयकर रिफंड धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले की जांच में पांचवीं गिरफ्तारी की है। केंद्रीय एजेंसी ने यह जानकारी दी। एजेंसी ने पुरुषोत्तम चव्हाण को 20 मई को गिरफ्तार किया गया। इससे एक दिन पहले चव्हाण के परिसर पर छापेमारी की गई थी। एजेंसी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि, चव्हाण को 27 मई तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया है।यह जांच आयकर विभाग से कथित रूप से 263.95 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी वाले टीडीएस रिफंड जारी करने से संबंधित है। ईडी ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज किया था।ईडी ने आरोप लगाया कि चव्हाण ने सबूतों को नष्ट करके जांच को बाधित करने की कोशिश की|उसने कहा कि एजेंसी के अधिकारियों ने चव्हाण के घर पर छापा मारकर कई संपत्तियों के दस्तावेज, विदेशी मुद्रा और मोबाइल फोन जब्त किए। ईडी इस मामले में मुख्य आरोपी और पूर्व वरिष्ठ कर सहायक तानाजी मंडल अधिकारी को, भूषण पाटिल, राजेश शेट्टी और राजेश बृजलाल बटरेजा को गिरफ्तार कर चुकी है। ईडी ने आरोप लगाया कि बटरेजा और चव्हाण नियमित रूप से संपर्क में थे और हवाला लेनदेन और अपराध से अर्जित आय के दुरुपयोग से संबंधित संदेश साझा करते थे। अब तक विभिन्न आरोपियों की 168 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है और ईडी द्वारा अधिकारी तथा दस अन्य के खिलाफ सितंबर 2023 में आरोप पत्र दर्ज किया गया था।
- सहारनपुर (उप्र),। सहारनपुर जिले के नागल क्षेत्र में पैथालॉजी लैब में काम करके लौट रहे पॉलीटेक्निक के एक छात्र की गला काटकर हत्या कर दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक (देहात क्षेत्र) सागर जैन ने गुरुवार को बताया कि पॉलीटेक्निक का छात्र गौरव (20) एक पैथोलोजी लैब में नौकरी भी करता था। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात को वह लैब में अपनी ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहा था। देर तक घर नहीं पहुंचने पर उसकी तलाश शुरू की गयी। जैन ने बताया कि देर रात घर से करीब चार किलोमीटर दूर सड़क किनारे उसका शव पाया गया। उसकी गला काटकर हत्या की गयी थी। जैन के मुताबिक मृतक के पिता पिंकी ने बताया कि उसके पुत्र का पास के ही एक गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था लेकिन युवती के परिजन को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। उन्होंने बताया कि इस मामले में परिजनों ने युवती के छह परिजन को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरव के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को दावा किया कि उनके बुजुर्ग एवं बीमार माता-पिता को उन्हें ‘तोड़ने’ के लिए निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐसा करके ‘‘सारी हदें पार कर दी हैं’’। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनके पास प्रधानमंत्री मोदी के लिए एक संदेश है।उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास प्रधानमंत्री मोदी के लिए एक संदेश और अपील है। आपने मेरे विधायकों को गिरफ्तार किया लेकिन मैं नहीं टूटा। आपने मेरे मंत्री को गिरफ्तार कर लिया लेकिन आप मुझे झुका नहीं सके। आपने मुझे गिरफ्तार किया और जेल में मुझे परेशान किया गया।’’दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था, और अभी वह जमानत पर हैं।केजरीवाल ने कहा, ‘‘लेकिन आज तो आपने सारी हदें पार कर दीं। मुझे तोड़ने के लिए आपने मेरे बुजुर्ग एवं बीमार माता-पिता को निशाना बनाया। मेरी मां कई बीमारियों से पीड़ित हैं। जिस दिन (21 मार्च) मुझे गिरफ्तार किया गया, वह अस्पताल से लौटी थीं। मेरे पिता 85 वर्ष के हैं और उन्हें सुनने में दिक्कत है। क्या आपको लगता है कि मेरे माता-पिता दोषी हैं । मेरे माता-पिता को क्यों परेशान किया जा रहा है ।
-
नई दिल्ली। केरल के कई हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश जारी रही, जिससे तिरुवनंतपुरम, कोच्चि और त्रिशूर सहित प्रमुख शहरों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गयी।
भारत मौसम विभाग ने भारी बारिश के मद्देनजर राज्य के नौ जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारी बारिश के कारण कोझिकोड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानों में विलंब हो रहा है। भारी बारिश के कारण कोच्चि के बस स्टैंड में भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है।टीवी चैनलों से जारी फुटेज के अनुसार, कोच्चि शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न होने से यातायात अवरुद्ध हो गया है। पुलिस अधिकारियों को शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहनों का मार्ग बदलवाते देखा जा सकता है। मूसलाधार बारिश से त्रिशूर शहर के कई स्थान भी जलमग्न हो गये है।आईएमडी ने राज्य के अलप्पुझा, कोट्टयम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से अधिक की भारी से अत्यधिक भारी बारिश का संकेत देता है, जबकि ऑरेंज अलर्ट के तहत 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश की संभावना होती है। छह सेंटीमीटर से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश की संभावना होने पर येलो अलर्ट जारी किया जाता है।भारी बारिश के कारण इडुक्की जिले में मलंकारा बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं और अधिकारियों ने थोडुपुझा, मूवाट्टुपुझा नदियों के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति को ध्यान में रखकर सतर्क रहने की चेतावनी दी है। राज्य के उत्तरी जिलों में भारी जलभराव और बारिश से विभिन्न स्थानों पर कई सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। लगातार भारी बारिश के मद्देनजर महामारी की रोकथाम गतिविधियों को दुरुस्त करने के प्रयासों के तहत बुधवार को तिरुवनंतपुरम में स्वास्थ्य विभाग निदेशालय में एक नियंत्रण कक्ष खोला गया। -
- इस साल अधिक गर्मी और लू वाले दिन अधिक होंगे-मौसम विज्ञान विभाग
नई दिल्ली। देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने से बिजली की अधिकतम मांग बुधवार को 235.06 गीगावाट पर पहुंच गयी। यह इस मौसम की अब तक की सर्वाधिक मांग है। उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, ‘‘बिजली की मांग बढ़ने का प्रमुख कारण गर्मी का अधिक पड़ना है। पारा चढ़ने के साथ एयर कंडीशनर/ कूलर का उपयोग बढ़ रहा है, जिससे बिजली की खपत में भी वृद्धि हुई है।’’
बिजली मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, बिजली की अधिकतम मांग या दिन में सबसे अधिक आपूर्ति बुधवार को 235.06 गीगावाट दर्ज की गई। यह इस साल गर्मी के मौसम में अब तक की सबसे अधिक मांग है। इससे पहले, बिजली की अधिकतम मांग सितंबर, 2023 में 243.27 गीगावाट के उच्चतम स्तर पर रही थी। अधिक गर्मी पड़ने और कुछ क्षेत्रों में लू चलने के कारण इस मौसम में रिकॉर्ड टूटने का अनुमान है।बिजली मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में मई के लिए दिन के समय बिजली की अधिकतम मांग 235 गीगावाट और शाम के समय 225 गीगावाट तथा जून के लिए दिन के दौरान 240 गीगावाट और शाम के समय 235 गीगावाट रहने के अनुमान जताया था। इसके अलावा बिजली मंत्रालय ने यह भी अनुमान लगाया है कि इस गर्मी में बिजली की अधिकतम मांग 260 गीगावाट तक पहुंच सकती है।आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल, 2024 में अधिकतम बिजली की मांग 224.18 गीगावाट थी। उस समय देश के विभिन्न भागों में गर्मी की शुरुआत थी। मार्च में यह 221.82 गीगावाट, फरवरी में 222.16 गीगावाट और जनवरी में 223.51 गीगावाट थी। इस महीने अधिकतम आपूर्ति छह मई को 233 गीगावाट और 21 मई को 233.80 गीगावाट तक पहुंच गई। मई, 2023 में यह 221.42 गीगावाट रही थी। पिछले सप्ताह, 18 मई को बिजली की अधिकतम आपूर्ति 229.57 गीगावाट तक पहुंच गई, जबकि 15, 16 और 17 मई को यह लगभग 226 गीगावाट थी।विशेषज्ञों का मानना है कि बिजली की मांग और बढ़ सकती है तथा यह सितंबर, 2023 में दर्ज 243.27 गीगावाट के अबतक के उच्चतम स्तर को पार कर सकती है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस साल मार्च में अनुमान लगाया था कि देश में इस साल अधिक गर्मी और लू वाले दिन अधिक होंगे। अल नीनो की स्थिति कम-से-कम मई तक जारी रहने का अनुमान जताया गया है। इसमें कहा गया है कि मार्च से मई तक पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, दक्षिण पश्चिम प्रायद्वीप और पश्चिमी तट को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। -
मैसुरु . कर्नाटक में मैंसुरु के यरगनहल्ली में एक परिवार के चार सदस्य अपने घर में मृत पाये गये। संदेह है कि एलपीजी सिलेंडर से रिसाव के चलते कथित रूप से उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि जान गंवाने वालों की पहचान कुमारस्वामी (45), उसकी पत्नी मंजूला (39), उसकी दो बेटियों अर्चना (19) एवं स्वाति (17 के रूप में हुई हैं। पुलिस ने बताया कि परिवार के इन चारों सदस्यों की कथित रूप से दम घुटने के कारण जान चली गयी क्योंकि घर में एलपीजी सिलेंडर से रिसाव होने का संदेह है। पुलिस के अनुसार ये चारों एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने हाल में चिक्कमंगलुरु गये थे और रविवार शाम को लौटे थे एवं उसके बाद उनकी किसी पड़ोसी या रिश्तेदारों से कोई बातचीत नहीं हुई थी। पुलिस के मुताबिक जब रिश्तेदारों की फोन कॉल का इस परिवार ने कोई जवाब नहीं दिया तब उन्हें संदेह पैदा हुया और उन्होंने मैसुरु में अपने जान-पहचान के लोगों से स्थिति का पता लगाने का अनुरोध किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब वे कुमारस्वामी के घर गये तब मकान अंदर से बंद था। ऐसे में उन्होंने किसी तरह खिड़की खोलकर अंदर झांका एवं उन्हें कमरे में बेसुध लेटा पाया। उन्होंने कहा कि कुमारस्वामी आजीविका के वास्ते कपड़े धोने एवं प्रेस करने का काम करता था और इसके लिए एलपीजी सिलेंडर की मदद लेता था। अधिकारी ने कहा, ‘‘ चूंकि मकान छोटा था एवं उसकी खिड़कियां छोटी थीं जो बंद थीं। घर में हवा/गैस आर-पार आने-जाने का उपयुक्त इंतजाम नहीं था। शायद उससे स्थिति बिगड़ गयी होगी और गैस सिलेंडर से संभवत: रिसाव होने से उनका दम घुट गया होगा।''
-
तिरुवनंतपुरम. केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है। इसके साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को राज्य के पांच जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट' जारी किया और अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम एजेंसी के अनुसार, पत्तनमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की में ‘रेड अलर्ट' जारी किया गया है। हालांकि अलाप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम के लिए पहले ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया था लेकिन बाद में आईएमडी ने चेतावनी को ‘रेड अलर्ट' में बदल दिया। इसके साथ ही इन जिलों के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। आईएमडी ने बताया कि तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया हुआ है, जबकि कन्नूर और कासरगोड के लिए ‘येलो अलर्ट' है। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात तक केरल के तट पर दक्षिण में विझिनजम से लेकर उत्तर में कासरगोड तक 0.4 से 3.3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने और समुद्री उफान का अनुमान है। ‘रेड अलर्ट' के तहत 24 घंटे में 20 सेमी से अधिक की भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान रहता है, जबकि ‘ऑरेंज अलर्ट' में 11 सेमी से 20 सेमी तक बेहद भारी बारिश और ‘येलो अलर्ट' में छह सेमी और 11 सेमी तक भारी बारिश का अनुमान रहता है। स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा कि लगातार भारी बारिश के मद्देनजर महामारी की रोकथाम के लिए गतिविधियों को तेज कर दिया गया है और यहां स्वास्थ्य विभाग निदेशालय में एक राज्य नियंत्रण कक्ष खोला गया है। उन्होंने एक बयान में कहा कि महामारी की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा पहले ही एक राज्य स्तरीय त्वरित प्रतिक्रिया दल का गठन किया जा चुका है।
-
देहरादून. चारधाम यात्रा पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बेहतर प्रबंधन और सुरक्षित यात्रा के लिए उत्तराखंड सरकार ने बुधवार को अनिवार्य पंजीकरण लागू कर दिया जबकि फर्जी पंजीकरण के जरिए केदारनाथ यात्रा पर जाने के नौ प्रकरणों में मुकदमा दर्ज किया गया। दस मई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक पहले 13 दिनों में 8,52,018 तीर्थयात्री चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं । अधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार और ऋषिकेश में ‘ऑफलाइन' पंजीकरण बंद कर दिया गया है और अब ‘ऑनलाइन' पंजीकरण के बाद ही श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चारधाम यात्रा पर देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्थित, सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा को लेकर अत्यंत गंभीर हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने श्रद्धालुओं के लिए परामर्श जारी किया है जिसमें उनसे पंजीकरण के बाद ही यात्रा पर आने का अनुरोध किया गया है। परामर्श में कहा गया है कि बिना पंजीकरण के आने पर उन्हें ‘बैरियर' या ‘चेक प्वाइंट' पर रोका जा सकता है और इससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। यात्रियों को यह भी सलाह दी गई है कि पंजीकरण होने पर वे निर्धारित तिथि पर ही यात्रा पर आएं और जिस धाम के लिए पंजीकरण करवाया है, उसी मार्ग पर जाएं। परामर्श में यात्रा कराने वाले ‘टूर एवं ट्रेवल' एजेंसियों से भी यह सुनिश्चित कर लेने को कहा गया है कि यात्रियों ने पंजीकरण कराया है या नहीं और श्रद्धालुओं को लेकर जा रहे यात्री वाहन को ‘ट्रिप कार्ड' जारी किया गया है या नहीं । इस बीच, रूद्रप्रयाग पुलिस ने जांच के दौरान मिले फर्जी पंजीकरणों के नौ मामलों में प्राथमिकी दर्ज की है। इन प्रकरणों में फर्जी पंजीकरण पर केदारनाथ यात्रा पर आने और बाद की तिथियों के पंजीकरण में फर्जीवाड़ा कर मई की तिथि दर्शाने के प्रकरण शामिल हैं । रूद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे ने कहा कि इस संबंध में कोतवाली रूद्रप्रयाग में बुधवार को नौ मुकदमे दर्ज किए गए हैं । उन्होंने कहा कि पूछताछ में पता चला है कि हरिद्वार और ऋषिकेश में कुछ ‘टूर एवं ट्रेवल्स' एजेंसियों तथा अन्य लोगों ने इन लोगों को धोखे से फर्जी पंजीकरण उपलब्ध कराया था। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की जानकारी ले ली गयी है । पुलिस अधिकारी ने कहा कि जल्द ही इन मामलों की विवेचना की जाएगी और पंजीकरण फर्जीवाड़ा में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।
-
नयी दिल्ली. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में स्थायी सीट के लिए भारत की दावेदारी की बात आती है तो उन्हें लगता है कि चीजें ‘‘सकारात्मक दिशा'' में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत' के कई चेहरे और अभिव्यक्ति होंगी और यूएनएससी ‘‘उनमें से एक'' होगी।
दिल्ली में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में अपने उद्घाटन भाषण में जयशंकर ने कहा कि लोगों की पसंद यह है कि क्या ‘भारत की गाड़ी' को चौथे गियर पर जाना चाहिए, पांचवें गियर पर या फिर इसे रिवर्स गियर पर जाना चाहिए। अपने संबोधन में, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत और नरेन्द्र मोदी सरकार ने कोविड-19 महामारी के समय स्थिति को कैसे संभाला। उन्होंने कहा कि उस समय के प्रधानमंत्री, उस समय की सरकार ने चुनौती के बारे में ‘‘गंभीर, शांत दृष्टिकोण'' अपनाया। जयशंकर ने चार साल पहले शुरू हुई पूर्वी लद्दाख की स्थिति और भारत ने जिस तरह से इस पर प्रतिक्रिया दी, उसका उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि एक बात है जो लोग अक्सर उनसे कहते हैं, ‘‘सरकारें बदलती हैं लेकिन विदेश नीति नहीं बदलती''। उन्होंने कहा, ‘‘यह बात सभी विदेश मंत्रियों को सुननी होगी। यह ऐसा है जैसे हम गिनती नहीं करते। हम इसे ‘ऑटो-पायलट' पर कर रहे हैं। और, मैं लोगों से कहता हूं...यह वास्तव में सच नहीं है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई में 26/11 (आतंकवादी हमले) पर हमारी प्रतिक्रिया देखें और उरी और बालाकोट पर हमारी प्रतिक्रिया देखें।'' मंत्री ने कहा, ‘‘उरी और बालाकोट का उद्देश्य इस बात को प्रदर्शित करना था कि नहीं, ऐसे जीवन नहीं चलेगा और इसकी कीमत चुकानी होगी।'' संवाद सत्र के दौरान जयशंकर से यूएनएससी में स्थायी सीट के लिए भारत की दावेदारी के बारे में भी पूछा गया। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि चीजें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही हैं। ऐसे लोग होंगे जो इसका विरोध करेंगे। क्योंकि हर कोई प्रतिस्पर्धा करता है, कोई नहीं चाहता कि कोई और आगे बढ़े।'' उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अगर आप मुझसे पूछें कि यह किस दिशा में आगे बढ़ रहा है, तो मुझे लगता है कि यह सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रहा है, मुझे लगता है कि आज अधिक से अधिक देश यह मानते हैं कि भारत के पास कितना मजबूत मामला है और अधिक से अधिक देश इस बात को भी स्वीकार करते हैं कि संयुक्त राष्ट्र में ही सुधार की जरूरत है। - अगरतला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत 23 मई को अपने छह दिवसीय दौरे पर त्रिपुरा पहुंचेंगे। संघ के एक पदाधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। भागवत पश्चिमी त्रिपुरा के खैरपुर स्थित आरएसएस के राज्य मुख्यालय में प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। आरएसएस के राज्य प्रचार प्रभारी तपस रॉय ने बताया, "आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत गुरुवार को पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्य से आए आरएसएस प्रचारकों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां पहुंचेंगे। वह प्रचारकों के साथ एक अलग सत्र भी करेंगे।" उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों से कुल 112 प्रचारक 20 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। भागवत 28 मई को राज्य से रवाना होंगे।
- मुंबई,। एमबीए स्नातकों के बीच नौकरी छोड़ने की दर चिंता का विषय बनी हुई है, खासकर शीर्ष स्तर परिसरों के लिए प्रवेश स्तर की नौकरियों में...। डेलॉयट टच तोहमात्सु इंडिया एलएलपी (डेलॉयट इंडिया) के नए कैंपस कार्यबल रुझान 2024 के अध्ययन से पता चलता है कि नौकरी छोड़ना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है, खासकर एमबीए स्नातकों के बीच। इसमें कहा गया, कुल मिलाकर समूचे भारत में नए लोगों, शीर्ष स्तर के परिसरों में एक तथा दो साल में कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर क्रमशः 21 प्रतिशत, 26 प्रतिशत और 28 प्रतिशत है। डेलॉयट इंडिया के निदेशक नीलेश गुप्ता ने कहा, ‘‘ इस वर्ष के अध्ययन से संगठनों को अपनी अवधारणा रणनीतियों पर पुनर्विचार करने की गंभीर आवश्यकता का पता चलता है। खासकर एमबीए स्नातकों के लिए, जहां नौकरी छोड़ने की दर चिंताजनक रूप से अधिक है। प्रतिस्पर्धी बाजार में शीर्ष प्रतिभाओं को बनाए रखने के लिए नवोन्मेषी व्यवहार अब वैकल्पिक नहीं रह गया है, बल्कि यह एक जरूरत बन गया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ डिजिटल युग में सफल होने के लिए शैक्षणिक संस्थानों को छात्रों को बहुमुखी कौशल से लैस करने की आवश्यकता है।'' नौकरी छोड़ने की उच्च दर के बावजूद 70 प्रतिशत संगठन सक्रिय रूप से एमबीए स्नातकों की तलाश करते हैं, जो व्यावसायिक सफलता में उनके महत्व को दर्शाता है। अध्ययन से यह भी पता चला कि संगठनों द्वारा इंटर्नशिप और प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) में क्रमशः औसतन 10 प्रतिशत और 26 प्रतिशत की गिरावट आई है। डेलॉयट इंडिया कैंपस कार्यबल रुझान 2024 अध्ययन एक व्यापक सर्वेक्षण पर आधारित है। इसे 190 से अधिक संगठनों और 500 परिसर के आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है। (प्रतीकात्मक फोटो)
- मुजफ्फर नगर (उप्र),। मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी इलाके में बुधवार को एक तेज रफ्तार कैंटर ट्रक की चपेट में आने से दो बुजुर्ग व्यक्तियों की मौत हो गयी। पुलिस क्षेत्राधिकारी रूपाली राव ने बताया कि नयी मंडी थाना क्षेत्र के मखियाली गांव के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने पैदल जा रहे सरवत गांव के निवासियों राज कुमार (60) और राम कुमार (70) को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कैंटर चालक अपना वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। राव ने बताया कि पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिये हैं।
- रायबरेली (उप्र)। रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र में भाई-बहन की गंगा में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि गोताखोरों की मदद से दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। सरेनी के थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पूरे मत्तू मजरे रालपुर गांव के रामनरेश की बेटी गुड़िया (13) एवं बेटा कृष्णा (11) मल्लाही गंगा घाट पर पहुंचे और स्नान करने लगे। उनके अनुसार गहरे पानी में जाने के कारण दोनों डूब गए। उन्होंने बताया कि थोड़ी देर बाद मां सीमा वहां पहुंची तो कपड़े नदी किनारे रखे मिले, इस पर उसने शोर मचाया। उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस मौके पर पहुंची एवं गोताखोरों को बुलाया गया जिन्होंने नदी से दोनों के शव बरामद किए। थाना प्रभारी कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने कहा है के अगले दो-तीन दिन में दक्षिण भारत में तेज वर्षा होने की उम्मीद है। उत्तर-पूर्वी अरब सागर, मालदीव, कन्याकुमारी और दक्षिणी बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले दो दिन दक्षिण-पश्चिम मानसून से कुछ इलाकों में वर्षा के लिए अनुकूल वातावरण बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया है कि तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराइकल, केरल, माहे और कर्नाटक में अगले दो से तीन दिन के दौरान तेज वर्षा होने की संभावना है।
-
नयी दिल्ली. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में अज्ञात व्यक्तियों ने 26 वर्षीय एक ई-रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, शाम चार बजे जाफराबाद इलाके में गुरुद्वारा वाली गली के पास एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या किए जाने की पीसीआर को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्वी) जॉय टिर्की ने कहा, ‘‘शाहबाज की छाती और गर्दन पर चाकू से कई बार वार किया गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एफएसएल और अपराध जांच टीम मौके पर हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई हैं।'' पुलिस ने बताया कि शाहबाज़ खड्डे वाली मस्जिद-जाफराबाद का निवासी था और उसके खिलाफ 2019 में जाफराबाद थाने में एक आपराधिक मामला मामला दर्ज किया गया था। टिर्की ने कहा कि घटना के पीछे का कारण अभी पता नहीं लग पाया है।
पुलिस ने कहा कि अपराधियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। -
नयी दिल्ली. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा है कि देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था सालाना 2.8 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है और इसके वर्ष 2027-28 तक एक लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। चंद्रशेखर ने एक कार्यक्रम में कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) के लिए समर्पित ‘इंडिया एआई' मिशन का मूल्य भी 10,000 करोड़ रुपये से दोगुना होकर 20,000 करोड़ रुपये हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले 2026-27 तक डिजिटल अर्थव्यवस्था के एक लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद थी लेकिन कोविड-19 महामारी सहित कई वजहों से इस लक्ष्य को एक साल आगे बढ़ा दिया गया है। चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से डिजिटल अर्थव्यवस्था 2.8 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। वर्ष 2015 में निर्धारित यह दृष्टिकोण कारगर रहा है। हम पहले से ही दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था हैं। हमारा लक्ष्य है कि 2027-28 तक एक लाख करोड़ डॉलर की डिजिटल अर्थव्यवस्था को हासिल करना है।'' वह सोमवार शाम केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के सरकारी आवास पर आयोजित ‘विशेष संपर्क अभियान' में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में लगभग 300 आईटी, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दिग्गजों ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शुरुआती पूंजी के तौर पर एक लाख करोड़ रुपये की मंजूरी दी हुई है। इसका निवेश नवाचार और ‘इंडिया एआई' मिशन के लिए शोध एवं विकास में किया जाएगा जिसका कुल मूल्य 20,000 करोड़ रुपये होगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इंडिया एआई मिशन के लिए 10,000 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है, लेकिन चंद्रशेखर ने कहा कि इसका कुल मूल्य लगभग 20,000 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि इससे जुड़े कारकों का फिलहाल खुलासा नहीं किया जा सकता है। चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि वृद्धि की रफ्तार जारी रहे। भारतीय नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र लगातार बढ़ रहा है और दुनिया में अग्रणी नवोन्मेषी पारिस्थितिकी प्रणालियों में से एक बन जाएगा।
-
इंदौर (मध्यप्रदेश) .इंदौर के कुटुम्ब न्यायालय ने अहम फैसले में 55 वर्षीय महिला को आदेश दिया है कि वह अपनी 78 साल की मां को हर महीने गुजारा भत्ते के तौर पर तीन हजार रुपये अदा करे। विधवा महिला ने अपनी इकलौती संतान के खिलाफ कुटुम्ब न्यायालय का दरवाजा खटखटाते हुए आरोप लगाया था कि उसकी विवाहित बेटी ने उसकी जमा-पूंजी हड़पने के बाद उसे कोविड-19 की तालाबंदी के दौरान प्रताड़ित करके घर से बाहर निकाल दिया था। अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश माया विश्वलाल ने 78 वर्षीय महिला की याचिका मंजूर करते हुए 17 मई को फैसला सुनाया। कुटुम्ब न्यायालय ने फैसले में कहा, ‘‘प्रार्थी (बुजुर्ग महिला) की ओर से पेश साक्ष्य के आधार पर प्रमाणित है कि प्रतिप्रार्थी (बुजुर्ग महिला की बेटी) अपने मकान में स्थित दुकान में अपने पुत्र के साथ व्यवसाय करती है। इस प्रकार स्पष्ट है कि प्रतिप्रार्थी इस दुकान के जरिये व्यवसाय करके आमदनी अर्जित करती है और अपनी माता का भरण-पोषण करने में सक्षम है।'' बुजुर्ग महिला ने कुटुम्ब न्यायालय को बताया कि उसकी बेटी घर में साड़ियों की दुकान चलाती है और हर महीने 20,000 रुपये से 22,000 रुपये तक कमा लेती है। बुजुर्ग महिला के पति राज्य सड़क परिवहन निगम में चालक के तौर पर पदस्थ थे और उनका 2001 में निधन हो गया था। महिला के मुताबिक उनके पति के निधन के बाद उनकी विवाहित बेटी ने उन्हें बहला-फुसला कर उनका पुश्तैनी मकान बिकवा दिया और उन्हें अपने परिवार के साथ रहने के लिए बुला लिया था। बुजुर्ग महिला ने याचिका में आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने उनके दिवंगत पति की भविष्य निधि की राशि और पुश्तैनी मकान की बिक्री से मिली रकम बैंक खाते से यह झांसा देते हुए धीरे-धीरे निकलवा ली कि वह उन्हें अपने घर में रखकर उनकी पूरी देखभाल करेगी। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि उनकी जमा-पूंजी हासिल करने के बाद उनकी बेटी ने उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और बिना किसी उचित कारण के मार्च 2020 में घर से उस वक्त निकाल दिया, जब कोविड-19 के प्रकोप के कारण सरकार के आदेश पर तालाबंदी की गई थी। याचिकाकर्ता की अधिवक्ता शैल राजपूत ने बताया, ‘‘हमने कुटुम्ब न्यायालय के सामने मुख्य तौर पर यह तर्क रखा कि जब कोई महिला अपने माता-पिता की संपत्ति पर बराबर के अधिकार का दावा कर सकती है तो यह उस महिला का कर्तव्य भी है कि वह अपने बुजुर्ग माता-पिता की पूरी देखभाल करे।
- मोतिहारी (बिहार):। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बाबासाहब भीमराव आंबेडकर नहीं होते तो पंडित जवाहरलाल नेहरू अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) को आरक्षण नहीं मिलने देते। प्रधानमंत्री ने यह आरोप भी लगाया कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण की राजनीति और सनातन विरोधी सोच के साथ खड़ा है और चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के साथ ही इन सभी को बड़ा झटका लगेगा।बिहार के पूर्वी चंपारण संसदीय क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘बाबासाहब आंबेडकर ना होते तो नेहरू जी एससी-एसटी को आरक्षण नहीं मिलने देते। उन्होंने तो मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसका विरोध किया था। नेहरू जी से लेकर राजीव गांधी तक इस परिवार के जितने प्रधानमंत्री हुए, सबने ओबीसी आरक्षण का विरोध किया।’’उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के पास एक ही वोट बैंक आज बचा है और वे उसे खुश करने के लिए एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण धर्म के आधार पर आपसे छीनकर ‘वोट जिहाद’ वालों को देना चाहते हैं। संविधान इसकी इजाजत नहीं देता इसलिए ये संविधान बदलना चाहते हैं।’’उन्होंने कहा,‘‘मोदी का ट्रैक रिकॉर्ड आपके सामने है। 10 साल में करीब-करीब चार सौ सांसदों का हमें समर्थन रहा जिसका उपयोग पिछड़ों, वंचितों को सशक्त करने के लिए किया गया है। राजग ने पहले दलित बेटे को और फिर हमारे देश की आदिवासी बेटी को संविधान के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर बिठाया। हमारी सरकार है जिसने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया।’’मोदी ने कहा, ‘‘पहले केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और सैनिक स्कूलों में ओबीसी आरक्षण नहीं था, मोदी सरकार ने आरक्षण लागू किया। मेडिकल पढ़ाई में भी केंद्रीय कोटा में पहली बार ओबीसी आरक्षण हमने लागू किया। एससी, एसटी और ओबीसी सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं तो भाजपा-राजग के शासनकाल में हैं। सामाजिक न्याय की ऐसी हर गारंटी को पूरा करने के लिए आपको केंद्र में मोदी की मजबूत सरकार बनानी है।’’मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव पर परोक्ष निशाना साधा और कहा, ‘‘जो लोग चांदी का चम्मच लेकर पैदा होते हैं उन्हें पता नहीं होता मेहनत क्या होती है। मैंने सुना है कि यहां कोई घूम-घूम कर कह रहा है कि 4 जून के बाद मोदी ‘बेड रेस्ट’ पर जाएंगे। मैं तो परमात्मा से प्रार्थना करता हूं, मैं तो यही कामना करता हूं कि मोदी तो क्या देश के किसी भी नागरिक के जीवन में ‘बेड रेस्ट’ की नौबत नहीं आनी चाहिए।’’उन्होंने कहा कि वह तो चाहते हैं कि देश का हर नागरिक ऊर्जा से भरा हुआ हो, उत्सव भरी जिंदगी जीता हो, लेकिन ‘जंगलराज के वारिस’ से और अपेक्षा भी क्या की जा सकती है और यह सब के सब ऐसे ही हैं।प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आपने देखा होगा कांग्रेस वाले क्या कहते हैं, मोदी तेरी कब्र खुदेगी। उत्तर प्रदेश के शहजादे क्या कहते हैं, अब मोदी के आखिरी दिन बनारस में कटने हैं। इस चुनाव में इन लोगों के पास मोदी को गाली देने के सिवाय कोई मुद्दा नहीं। कोई कह रहा है कि मोदी की कब्र खोदेंगे, कोई कह रहा है मोदी को गाड़ देंगे। कांग्रेस के शहजादे मोदी की आंखों में आंसू देखना चाहते हैं। अरे ‘इंडिया’ गठबंधन वालो मनमानी से, आपकी इच्छा से अब देश नहीं चलता। ‘इंडिया’ गठबंधन वालों की आंखों में भले ही मोदी खटकता हो लेकिन देश के दिल में मोदी है।’’मोदी ने पूर्वी चंपारण का उल्लेख महात्मा गांधी की ‘कर्म भूमि’ के रूप में भी किया।उन्होंने विपक्ष पर अपना प्रहार जारी रखते हुए कहा, ‘‘प्रभु रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह (22 जनवरी को) हुआ। उनके (विपक्षी नेताओं के) घर जाकर निमंत्रण दिया गया। उन्होंने निमंत्रण ठुकरा दिया।’’मोदी ने पिछले साल राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के आवास पर राहुल गांधी के भोजन करने के घटनाक्रम की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘ये ऐसे लोग हैं कि एक इंसान जिसे अदालत ने चोरी करने के गुनाह में सजा दी है, जो सजा काट रहा है और जिसे बीमारी के कारण घर आने का अवसर मिला है, उसके घर जाकर बढ़िया-बढ़िया खाना पका कर खाने की फुर्सत है लेकिन राम लला के यहां जाने की फुर्सत नहीं है।’’उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ने दशकों, सदियों के मुद्दे खत्म किए हैं, समाधान दिए हैं। मोदी इन लोगों की तरह नहीं है जो गरीब के साथ विश्वासघात करे। मैं तो जहां जाता हूं अपने काम का रिपोर्ट कार्ड देता हूं। मैं ‘इंडिया’ गठबंधन वालों से पूछता हूं कि तुम्हारा रिपोर्ट कार्ड क्या है। जो लोग नौकरी के बदले जमीन अपने नाम लिखवा लें, वे युवाओं के बारे में सोच सकते हैं क्या। युवाओं का भविष्य बना सकते हैं क्या।’’प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस मेहनत से बिहार को उन परिस्थितियों से बाहर निकाला है, वह बहुत सराहनीय है। आज हमारे मित्र सुशील मोदी हमारे बीच नहीं हैं। इतिहास जब अवलोकन करेगा तो नीतीश जी और सुशील जी का नाम ‘जंगलराज’ को समाप्त करने वालों में गिना जाएगा। बिहार ने दशकों तक पलायन का दौर देखा है, लेकिन राजग सरकार के प्रयासों से अब पलायन रुक रहा है। बिहार के युवाओं को यहीं पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।’’
- नयी दिल्ली । आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व नेता जगबीर सिंह बराड़ लोकसभा चुनाव के शेष दो चरणों से पहले मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। पंजाब के पूर्व विधायक बराड़ ने यहां पार्टी मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। करीब एक साल पहले आप में शामिल होने से पहले बराड़ शिरोमणि अकाली दल के सदस्य थे। उन्होंने 2007 के विधानसभा चुनाव में शिअद के टिकट पर जालंधर छावनी सीट जीती थी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं से कहा कि वह पूर्व में कांग्रेस की जालंधर जिला इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
- देहरादून. चारधाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य कारणों से हो रही मौतों से चिंतित उत्तराखंड सरकार ने 50 वर्ष से अधिक आयु के यात्रियों की स्वास्थ्य जांच को अनिवार्य कर दिया है। दस मई को चारधाम यात्रा की शुरूआत होने के बाद से अब तक 20 से अधिक यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मौत हो चुकी है। राज्य की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने यहां बताया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य विभाग द्वारा जगह-जगह पर स्वास्थ्य जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से 50 वर्ष से अधिक आयु के यात्रियों की स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने हेतु स्वास्थ्य विभाग, ‘विश फाउंडेशन' तथा हंस फाउंडेशन ने 'ई-स्वास्थ्य धाम' एप की शुरूआत की है जिन पर उन्हें अपना स्वास्थ्य डाटा अपलोड करना है। रतूड़ी ने स्वास्थ्य एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों को चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को पंजीकरण के दौरान अपनी ‘मेडिकल हिस्ट्री' (स्वास्थ्य पृष्ठभूमि) की जानकारी देने के लिए जागरूक करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि यदि श्रद्धालुओं द्वारा अपनी बिल्कुल सही ‘मेडिकल हिस्ट्री' उपलब्ध करवाई जाती है तो इससे प्रशासन को किसी भी आपातस्थिति में उन्हें चिकित्सा सहायता पहुंचाने में आसानी होगी। उनका कहना था कि इसके अलावा, चिकित्सा संसाधनों के बेहतरीन प्रबन्धन में भी चिकित्सा विभाग को आसानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम चारधाम यात्रा करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, चारधाम यात्रा मार्ग पर अब तक 20 से अधिक श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते मौत हो चुकी है। चारों धामों के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के मददेनजर राज्य सरकार ने हिंदी और अंग्रेजी सहित 14 भाषाओं में स्वास्थ्य परामर्श जारी करते हुए श्रद्धालुओं से उसका पालन करने का अनुरोध किया है ।





.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)




.jpg)







.jpg)
.jpg)



