- Home
- खेल
- नई दिल्ली। युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई ) के नए लोगो का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में खेल सचिव रवि मित्तल; भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष, नरिंदर बत्रा और साई के महानिदेशक, संदीप प्रधान ने स्टेडियम में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भाग लिया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश भर से कई प्रतिष्ठित एथलीट, कोच और अन्य खेल प्रेमी इस आयोजन में शामिल हुए।साई के नये लोगो के महत्व के बारे में बोलते हुए, श्री रिजिजू ने कहा, साई खेल पारिस्थितिकी तंत्र में अग्रणी रहा है और खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में प्राथमिक कारक है। इसने एथलीटों को आवश्यक समर्थन दिया है, ताकि उनके पास अपने करियर में आसानी से आगे बढने का अवसर मिल सके। खिलाड़ी उपलब्धियों और खेल के गौरव के जीवन में उड़ान भर सकें - उड़ान का यही आंकड़ा बताता है कि साई में एक एथलीट को अपने करियर में स्वतंत्रता की छलांग लगाने को मिलती है। साई शब्द ही विभिन्न हितधारकों के बीच भारतीय खेल प्राधिकरण के परिचित होने के नाते संगठन को पहचान प्रदान करता है। भारतीय तिरंगे और चक्र का नीला रंग राष्ट्रीय उत्साह बढ़ाता है क्योंकि साई से खेल जगत के कुछ सबसे बड़े खिलाडी यही से निकले हैं और विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं।खेल सचिव, रवि मित्तल ने नए लोगो को डिजाइन करने की पहल करने के लिए साई को बधाई दी। इसके लिए बड़ी संख्या में अच्छी प्रविष्टियां प्राप्त हुई थी।वर्ष 1982 में साई की स्थापना के बाद से यह संस्था देश में खेल पारिस्थितिकी तंत्र का केंद्र रही है। साई देश भर में जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को पहचानने और विकसित करने में सहायक रहा है। साई का नया लोगो देश में खेल की उत्कृष्टता का निर्माण करने के लिए जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को पहचानने और पोषण करने से इस क्षेत्र में बदलाव का संकेत प्रदान करता है।---
- सिडनी। ओलंपिक और विश्व कप जीतने वाली अमेरिका की महिला फुटबॉल टीम के पूर्व सहायक कोच टोनी गुस्तावसन को मंगलवार को चार साल के लिये ऑस्ट्रेलियाई महिला फुटबॉल टीम का मुख्य कोच बनाया गया। टीम 2023 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले महिला विश्व कप में उनकी निगरानी में खेलेगी। गुस्तावसन तोक्यो ओलंपिक, 2022 एशियाई कप और 2024 पेरिस ओलंपिक के अभियान में भी टीम के साथ रहेंगे। स्वीडन के 47 साल के गुस्तावसन 2012 और फिर 2014 से 2019 तक अमेरिकी महिला फुटबॉल टीम के सहायक कोच रह चुके हैं। उनके रहते हुए टीम ने 2012 में ओलंपिक स्वर्ण पदक जबकि 2015 एवं 2019 विश्व कप का खिताब हासिल किया। वह 2012 से 2014 तक स्वीडन की टायरेसो एफएफ महिला टीम के कोच रहे, जिसने 2014 में महिला चैम्पियन्स लीग का खिताब जीता।
- नयी दिल्ली। महिला पहलवानों का राष्ट्रीय शिविर अंतत: 10 अक्टूबर से लखनऊ के भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) केंद्र में शुरू होगा। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने मंगलवार को यह जानकारी दी और साथ ही चेताया कि जो पहलवान शिविर में हिस्सा नहीं लेंगी उनके नाम पर राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए विचार नहीं किया जाएगा। राष्ट्रीय शिविर एक सितंबर से शुरू होना था लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसे टाल दिया गया। स्थिति उस समय और खराब हो गई जब ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके देश के चार पहलवानों में से दो विनेश फोगाट और दीपक पूनिया कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए जिससे कई पहलवान डर गए। स्थिति का आकलन करने और भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) की सलाह पर डब्ल्यूएफआई ने छह ओलंपिक भार वर्ग में शिविर शुरू करने का मन बना लिया है जिसमें 50 किग्रा, 53 किग्रा, 57 किग्रा, 62 किग्रा, 68 किग्रा और 76 किग्रा वर्ग शामिल हैं। यह शिविर 31 दिसंबर तक चलेगा। कुश्ती उन नौ खेलों में शामिल है जिसे साइ ने अपनी ‘खेला इंडिया फिर से' पहल के तहत पांच अक्टूबर से खेल गतिविधियां बहाल करने के लिए चुना है। डब्ल्यूएफआई के सहायक सचिव विनोद तोमर ने बताया, हम लखनऊ में 10 अक्टूबर से शिविर शुरू कर रहे हैं। शिविर में पहलवानों की संख्या पहले के समान रहेगी, छह ओलंपिक भार वर्ग में तीन-तीन खिलाड़ी शिविर में हिस्सा लेंगी। पहलवानों को 14 दिन के पृथकवास से गुजरना होगा और परीक्षण में नेगेटिव आने के बाद ही उन्हें ट्रेनिंग की इजाजत दी जाएगी।
- लंदन। लीवरपूल ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल टूर्नामेंट में खिताब की रक्षा के अपने अभियान की शानदार शुरुआत की और सोमवार को पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए आर्सेनल को 3-1 से हराया। ईपीएल में लीवरपूल के लिए पदार्पण कर रहे डियोगो जोटा ने अपनी नई टीम की ओर से गोल दागा। आर्सेनल को एलेक्सांद्रे लकाजेते ने बढ़त दिलाई लेकिन इसके बाद उन्होंने दो मौके गंवाए। लीवरपूल की ओर से जोटा के अलावा सादियो माने और एंड्रयू रोबर्टसन ने भी गोल दागे।
- पेरिस। गत चैंपियन रफेल नडाल ने इगोर गेरासिमोव को सीधे सेटों में हराकर फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई। दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के नडाल को 6-4, 6-4, 6-2 की जीत के दौरान अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा। दूसरे वरीय नडाल रोलां गैरो पर अपने रिकॉर्ड में सुधार करने वाले 13वें और रोजर फेडरर के कुल 20 ग्रैंडस्लैम खिताब के रिकॉर्ड की बराबरी करने के इरादे से उतरे हैं। नडाल को पहले दो सेट में ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं करना पड़ा लेकिन तीसरे सेट की शुरुआत में वह 15-40 से पिछड़ रहे थे। उन्होंने एक ब्रेक प्वाइंट बचाया लेकिन फिर बाहर शॉट मारकर अपनी सर्विस गंवा दी। गेरासिमोव ने 2-2 के स्कोर पर कई मिनट का मेडिकल टाइमआउट लिया। कोर्ट पर गिरने के बाद उनके दायें पैर का उपचार किया गया। उनके पैर पर काफी पट्टियां बांधी गई और इससे उनकी मूवमेंट पर भी असर पड़ा। नडाल ने अपनी सर्विस पर पहले ही मैच प्वाइंट पर मुकाबला जीत लिया जब गेरासिमोव ने शॉट नेट पर मार दिया। दूसरे वरीय नडाल अगले दौर में अमेरिका के मैकेंजी मैकडोनाल्ड से भिड़ेंगे।
- पेरिस। फ्रेंच ओपन के शुरूआती दौर में स्टान वावरिंका ने एंडी मर्रे को शिकस्त दी। कोरोना वायरस महामारी के कारण फ्रेंच ओपन मई की बजाय सितंबर में हो रहा है। फ्रांस में कोरोना वायरस के बढते मामलों के चलते 1000 दर्शकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। वावरिंका ने रविवार को खेले गए इस मुकाबले में 97 मिनट में मर्रे को 6.1, 6 . 3, 6 . 2 से हराया। मर्रे पूरे मैच में छह गेम ही जीत सके जो उनके 237 ग्रैंडस्लैम मैचों के कैरियर का सबसे खराब प्रदर्शन है। वह 2014 में भी रोलां गैरो पर 12 बार के चैम्पियन रफेल नडाल से हारे थे।
- पुंटा काना (डोमिनिक गणराज्य)। भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी पुंटा काना गोल्फ के आखिरी दिन दो अंडर 70 के स्कोर के साथ संयुक्त छठे स्थान पर रहे। लाहिड़ी ने कुल 13 अंडर का स्कोर किया। नवंबर 2018 में मायाकोबा गोल्फ क्लासिक के बाद पहली बार वह किसी टूर्नामेंट में शीर्ष दस में रहे हैं। वह अगस्त में डब्ल्यूजीसी ब्रिजस्टोन में संयुक्त छठे स्थान पर थे। हडन स्वाफोर्ड ने 18 अंडर के स्कोर के साथ खिताब जीता।
- मैनचेस्टर। जैमी वार्डी की हैट्रिक की मदद से लीसेस्टर ने मैनचेस्टर सिटी को 5.2 से हराकर प्रीमियर लीग फुटबॉल में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। वार्डी के आक्रामक खेल का सिटी के डिफेंडर कोई जवाब नहीं दे सके। लीसेस्टर के लिये चौथा गोल जेम्स मेडिसन ने किया जबकि यूरी टी ने पांचवां गोल दागा। छह दिन पहले सिटी ने वोल्वरहैम्पटन को 3 . 1 से हराया था।
- नई दिल्ली। भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) ने खेलो इंडिया फिर से के अगले चरण के लिए कदम बढ़ाते हुए देश भर में एसएआई के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एनसीओई) में टोक्यो ओलंपिक के लिए तैयारी करने वाले पैरा-एथलीटों एवं एथलीटों के लिए खेल गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से सुचारु करने का निर्णय लिया है।जून के आरंभ में पहले चरण के तहत एसएआई ने विभिन्न एसएआई केंद्रों पर केवल ओलंपिक की तैयारी करने वाले एथलीटों के लिए प्रशिक्षण शुरू किया था क्योंकि एसएआई के पास निजी बुनियादी ढांचा है जहां हमारे राष्ट्रीय एथलीटों की कोविड-19 से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। अगले चरण के तहत एनसीओई में टोक्यो ओलंपिक के लिए पैरा-एथलीटों एवं एथलीटों के लिए खेल गतिविधियों को (2024 पेरिस ओलंपिक और 2022 एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों पर ध्यान देने के साथ) सुचारु बनाने की योजना बनाई गई हैं। इसमें नौ प्रतिस्पर्धाओं को शामिल किया जाएगा जिनमें पैरा-एथलेटिक्स, पैरा-पावरलिफ्टिंग, पैरा-शूटिंग, पैरा-तीरंदाजी, साइकिलिंग, हॉकी, भारोत्तोलन, तीरंदाजी, कुश्ती, जूडो, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी और तलवारबाजी शामिल हैं। इसका आयोजन केवल एसएआई के क्षेत्रीय केंद्रों पर आवासीय सुविधाओं के साथ किया जा रहा है ताकि एथलीटों के लिए कोविड संक्रमण का कोई खतरा न रहे। यह निर्णय विस्तृत विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया है कि टोक्यो 2020 (21) के आयोजन में एक साल से भी कम समय रह गया है और ऐसे में हमारे एथलीटों को कोविड के जोखिम में नहीं डाला जा सकता है।एथलीटों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्वारंटीन प्रोटोकॉल, एसएआई एसओपी और राज्य कोविड एसओपी सहित तमाम सुरक्षा मानदंडों का सख्ती से अनुपालन करने निर्णय लिया गया है। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया है कि समान प्रतिस्पर्धा वाले एथलीटों को भी बैचों में खेल गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। खेल गतिविधियों को सुचारु करने के लिए पहले चरण की शुरुआत 5 अक्टूबर, 2020 से होने की संभावना है।एसएआई ने एनसीओई में प्रशिक्षुओं के बीच वायरस के संक्रमण के किसी भी जोखिम को दूर करने के लिए क्षेत्रीय केंद्रों को बायो-बबल (जोनिंग) बनाए रखने का भी निर्देश दिया है। इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि एथलीटों के प्रशिक्षण में शामिल होने वाले कोच, सपोर्ट स्टाफ को भी एनसीओई में ही रखा जाएगा ताकि सभी एथलीटों की सुरक्षा के लिए बायो-बबल की अखंडता को बनाए रखा जा सके।एसएआई ने स्पोट्र्स से भी एथलीटों का समर्थन करने का भी फैसला किया है जहां एसएआई के पास निजी आवासीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध नहीं है। यदि वे प्ले एंड स्टे के तहत प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं और यदि वहां का प्रशासन, कोच एवं एथलीट कोविड-19 के खिलाफ सभी उपयुक्त एहतियात बरतने की जिम्मेदारी लेते हैं तो ऐसा किया जा सकता है।---
- पेरिस। वीनस विलियम्स लगातार तीसरे साल फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर की बाधा को पार करने में विफल रही और महिला एकल के पहले दौर में अन्ना कैरोलिना शिमिदलोवा से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई। अमेरिका की 40 साल की वीनस की ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में यह लगातार तीसरी हार है जबकि वह एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई हैं। इससे पहले वह आस्ट्रेलिया और अमेरिकी ओपन के भी पहले दौर में हार गई थी। सात बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन वीनस को 2018 से 11 ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में से आठ के पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा है। स्लोवाकिया की शिमिदलोवा अगले दौर में अमेरिकी ओपन उप विजेता विक्टोरिया अजारेंका से भिड़ेंगी।
- पेरिस। शीर्ष वरीय रोमानिया की सिमोना हालेप ने लगातार 10 गेम जीतकर रविवार को यहां लगातार 15वीं जीत के साथ फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई जबकि बेल्जियम के 11वें वरीय डेविड गोफिन टूर्नामेंट से बाहर होने वाले पहले वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बने। काफी सर्द मौसम में हो रहे टूर्नामेंट के पहले दौर के मुकाबले के दौरान 2018 की चैंपियन हालेप एक समय 2-4 से पीछे चल रही थी लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार 10 गेम जीतकर स्पेन की सारा सोरिब्स टोरमो को 6-4,6-0 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। हालेप की विश्व रैंकिंग दूसरी है लेकिन कोरोना वायरस से जुड़ी चिंताओं के कारण गत चैंपियन ऐश बार्टी ने पेरिस में नहीं खेलने का फैसला किया इसलिए उन्हें शीर्ष वरीयता दी गई है। वह अगले दौर में हमवतन इरिना कैमेलिया बेगु या स्विट्जरलैंड की जिल टेचमैन के बीच होने वाले मैच की विजेता से भिड़ेंगी। पुरुष वर्ग में गोफिन टूर्नामेंट से बाहर होने वाले पहली वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बने। बेल्जियम के इस खिलाड़ी को इटली के 19 साल के यानिक सिनर ने पहले दौर के मुकाबले में 7-5, 6-0, 6-3 से हराया। यानिक की इस साल गोफिन के खिलाफ दूसरी जीत है।
- नई दिल्ली। बैडमिंटन वर्ल्ड टूर 2020 का एशियाई चरण अगले वर्ष जनवरी में बैंकॉक में होगा जिससे 2020 सत्र अब 2021 में समाप्त होगा। विश्व बैडमिंटन महासंघ ने यह जानकारी दी है।विश्व बैडमिंटन महासंघ ने बयान जारी कर कहा कि कोरोना वायरस के कारण खिलाडिय़ों के लिए लॉजिस्टिक्स चुनौतियों को देखते हुए नवंबर में होने वाले एशिया चरण को निर्धारित समय में आय़ोजित नहीं किया जा सकता है। इस महीने की शुरुआत में बीडब्ल्यूएफ ने कोरोना के कारण कई टीमों के हटने के बाद थॉमस और उबर कप फाइनल्स 2020 को स्थगित करने का फैसला किया था।---
- मिलान। इंटर मिलान ने अंतिम तीन मिनट में दो गोल की बदौलत सीरी ए फुटबॉल टूर्नामेंट में फियोरेंटिना को 4-3 से शिकस्त दी। रोमेलू लुकाकू और डैनिलो डी एम्ब्रोसियो ने शनिवार को हुए मैच के अंत में गोल करके इंटर मिलान को सत्र में जीत से शुरूआत करायी। अटलांटा और लाजियो ने भी अपने पहले मुकाबले जीत लिये हैं। इंटर मिलान की टीम पिछले सत्र में यूवेंटस के बाद एक अंक पीछे रही थी। यूवेंटस ने रिकार्ड लगातार नौंवा सीरी ए खिताब जीता था।
- पुंटा काना। भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी पीजीए टूर पर 2018 के बाद सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए यहां तीसरे दौर में बोगी रहित आठ अंडर 64 का कार्ड खेल कर कोरालेस पुंटाकाना चैम्पियनशिप में संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर पहुंच गये। कोच विजय दिवेचा से सलाह लेने का असर उनके खेल पर दिखा जिससे उन्होंने पहले दो दौर के आपने स्कोर 69, 71 में काफी सुधार किया। दूसरे दौर के बाद वह संयुक्त रूप से 54वें स्थान पर थे लेकिन अब उनका स्कोर 11 अंडर का है। कट हासिल करने वाले एक अन्य भारतीय अर्जुन अटवाल ने तीसरे दौर में तीन अंडर का कार्ड खेला और वह कुछ छह अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 36वें स्थान पर है। एडम लांग (64) 17 अंडर के स्कोर के साथ शीर्ष पर है।
- ब्राइटन। ब्रूनो फर्नांडिस ने स्टापेज टाइम के दसवें मिनट में पेनल्टी पर गोल करके मैनचेस्टर युनाइटेड को प्रीमियर लीग फुटबॉल मैच में 3 . 2 से जीत दिलाई । इससे पहले उन्होंने निर्धारित समय के भीतर भी गोल किया था । युनाइटेड की ईपीएल के इस सत्र में यह पहली जीत है । पुर्तगाल के स्ट्राइकर फर्नांडिज का यह 2011 के बाद पहला प्रीमियर लीग गोल भी है ।
-
सोच्चि। मौजूदा चैम्पियन मर्सिडीज के लुइस हैमिल्टन शनिवार को क्वालीफाइंग मुकाबले से पहले रूस ग्रां प्री के आखिरी अभ्यास सत्र में सबसे तेज समय निकालने में सफल रहे। उन्होंने एक मिनट 33.279 सेकेंड का समय लिया जो दूसरे स्थान पर रहे उनके साथी चालक वालटेरी बोटास से 0.776 सेकेंड कम था। मैकलारेन के कार्लोस सैंज तीसरे स्थान पर रहे। वह बोटास से 0.041 सेकेंड से पिछड़ गये। इससे पहले दोनों अभ्यास में बोटास शीर्ष पर रहे थे।
- तिरुवनंतपुरम। केरल की स्टार्टअप कंपनी एंट्री ने राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को अपना ब्रांड एम्बैसडर बनाया है। एंट्री स्थानीय भाषा की लर्निंग ऐप है, जो रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को सामग्री उपलब्ध कराती है। साथ ही कंपनी ने मौजूदा आईपीएल सीजन के दौरान पांच भाषाओं में विज्ञापन अभियान चलाने के लिए हॉटस्टार के साथ भी करार किया है। कंपनी ने बयान में कहा कि इस कदम से विशेष रूप से हिंदी पट्टी में उसकी पहुंच बढ़ेगी।एंट्री के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मोहम्मद हिसामुद्दीन ने कहा, रॉबिन का चयन काफी आसान था। वह शुरू से एंट्री को समर्थन देते रहे हैं। इसके अलावा वह चार भाषाएं बोल सकते हैं। इससे हमें यह निर्णय करने में आसानी हुई।-
- रोम। रोमानिया की टेनिस खिलाड़ी और 2018 की चैम्पियन सिमोना हालेप रविवार से शुरु हो रहे फ्रेंच ओपन में विश्व रैंकिग में 70वें स्थान पर काबिज सारा सोरिबेस तोरमो के खिलाफ अपने अभियान को शुरू करेंगी।पिछले 14 मुकाबलों से अजेय रही इस खिलाड़ी ने क्ले कोर्ट पर खेले जाने वाले इस ग्रैंडस्लैम के लिए दो महीने कड़ी ट्रेनिग के बाद तीन महीने से क्ले कोर्ट पर अभ्यास किया है। ग्रैंडस्लैम में चुनौती पेश करने से पहले उन्होंनं क्ले कोर्ट पर लगातार दो टूर्नामेंट जीत कर अपने इरादे जाहिर कर दिये है। कोविड-19 के कारण लागू लॉकडाउन के समय अपने घर में रही इस खिलाड़ी ने कहा, मैं अपनी दिनचर्या को लेकर बहुत सख्त थी और मैंने बहुत मेहनत की है। मैंने शारीरिक रूप से बहुत सुधार किया। उन्होंने कहा, इसलिए मैं दौड़ सकती हूं, मैं हर मैच में फिट महसूस कर सकती हूं। मेरे पैर मजबूत हैं, जिससे मैच के दौरान मेरा आत्मविश्वास बढ़ता है। विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज इस खिलाड़ी को रोलां गैरो में शीर्ष वरीयता दी गयी है क्योंकि गत चैम्पियन एश बार्टी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहीं है। कोविड-19 महामारी के कारण खेल के स्थगित से वापसी के बाद हालेप लगातार नौ मैच जीती हैं। इस दौरान उन्होंने प्राग और रोम में खिताब भी हासिल किया।
- हैम्बर्ग। यूनान के छठी रैंकिंग के स्टेफानोस सिटसिपास ने फ्रेंच ओपन की तैयारियों के लिये महत्वपूर्ण हैम्बर्ग ओपन टेनिस टूर्नामेंट में दुसान लाजोविच को 7-6 6-2 से हराकर 16 महीने में पहली बार क्ले कोर्ट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब सिटसिपास का सामना सेमीफाइनल में क्ले कोर्ट के विशेषज्ञ चिली के क्रिस्टियन गारिन से होगा। गारिन ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए कजाखस्तान के एलेक्जैंडर बुबिक को 3-6 6-4 6-4 से शिकस्त दी। दूसरा सेमीफाइनल आंद्रे रूबलेव और कैस्पर रड के बीच खेला जायेगा। पांचवीं वरीयता प्राप्त रूबलेव ने चौथे वरीय रोबर्टो बतिस्ता अगुट को 6-2 7-5 से पराजित किया जबकि रूड ने उगो हम्बर्ट पर 7-5 3-6 6-1 से जीत दर्ज की।
- शिलांग। मेघालय के पूर्वी खासी पर्वतीय जिले में भारी बारिश से हुए भूस्खलन में कई घर मलबे में दब गए, जिसमें दो महिला क्रिकेटरों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य लोग लापता है। यह जानकारी अधिकारियों ने आज दी।मावनेई इलाके के सरपंच बाह बुद ने बताया, राष्ट्रीय स्तर पर मेघालय का प्रतिनिधित्व करने वाली रजिया अहमद (30) और स्थानीय खिलाड़ी फिरोजिया खान के शव मलबे से निकाल लिए गए हैं। मेघालय क्रिकेट संघ के महासचिव गिडिओन खारकोंगोर ने कहा कि रजिया 2011-12 से राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न टूर्नामेंट में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। उन्होंने कहा कि रजिया ने पिछले साल बीसीसीआई द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में मेघालय की ओर से भाग लिया था। रजिया की टीम की साथियों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।---
- जेनेवा । भारतीय गोल्फर त्वेसा मलिक लावाक्स महिला ओपन के तीसरे और अंतिम दौर में 72 का कार्ड खेलकर संयुक्त रूप से 22वें स्थान पर रही। वह पिछले हफ्ते लेडीज यूरोपीय टूर पर लैकोस्टे ओपन डि फ्रांस में संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर रही थीं। उन्होंने पहले दौर में 74 और दूसरे दौर में 72 का कार्ड खेला था। इस 24 साल की खिलाड़ी का कुल स्कोर दो ओवर 218 का रहा। कोविड-19 महामारी के कारण स्थगन के बाद फिर से खेल शुरु होने पर उन्होंने सात प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया जिसमें पांच में कट हासिल किया जबकि दो बार शीर्ष 10 में जगह पाने में सफल रहीं ।
- बालीमेना। भारतीय गोल्फर शुभंकर शर्मा ने दुबई ड्यूटी फ्री आयरिश ओपन के दूसरे दौर में 72 का कार्ड खेलकर कट में जगह बनायी। यूरोपीय टूर पर दो बार के विजेता 24 वर्षीय गोल्फर शुभंकर ने कुल चार ओवर 144 के स्कोर से कट हासिल किया। वह संयुक्त 47वें स्थान पर बने हुए हैं। वहीं उनके साथी गगनजीत भुल्लर 75 और 78 का कार्ड खेलकर कट हासिल करने से चूक गये।
- दुबई। किंग्स इलेवन पंजाब के युवा स्पिनर रवि बिश्नोई ने कहा कि मुख्य कोच अनिल कुंबले ने उन्हें सलाह दी कि हमेशा शांत रहो और बतौर गेंदबाज अपनी काबिलियत पर भरोसा रखो। टीम की गुरूवार रात इंडियन प्रीमियर लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर पर मिली 97 रन की जीत में 20 साल के बिश्नोई ने तीन विकेट चटकाये।बिश्नोई ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, अनिल सर ने हमेशा मुझे अपनी गेंदबाजी काबिलियत और कौशल पर भरोसा रखने को कहा है। उन्होंने मुझे कहा कि ज्यादा चीजों को मत आजमाओ और क्रीज पर शांत व संयमित बने रहो। भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम के खिलाड़ी ने उस टीम के खिलाफ अपने चार ओवरों में 32 रन देकर तीन विकेट चटकाये जिसमें विराट कोहली और एबी डिविलियर्स जैसे धुरंधर थे।शीर्ष खिलाडिय़ों के खिलाफ गेंदबाजी करने के बारे में पूछने पर बिश्नोई ने कहा, आईपीएल से पहले हमारा लंबा शिविर लगा था, मैं खुद को मानसिक रूप से तैयार कर रहा था क्योंकि यहां सभी के कौशल का स्तर समान है। इसलिये मेरा ध्यान मानसिक रूप से मजबूत होने और भयभीत नहीं होने पर था। उन्होंने कहा, मैंने खुद से कहा कि लूज गेंद नहीं डालो क्योंकि इससे वे मेरे खिलाफ आक्रामक हो जायेंगे।---
- ऑकलैंड। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डेविड व्हाइट ने जानकारी दी कि बोर्ड को आगामी गर्मियों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए सरकार से मंजूरी मिल गयी है, जिसमें वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला शामिल है।न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) उसी तरह का बायो-बबल (जैव सुरक्षित माहौल) बनाने की कोशिश कर रहा है जैसा कि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को फिर से शुरू करने के लिए बनाया था।एनजेडसी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड को टैग करत हुए लिखा, एनजेडसी को इस साल गर्मियों में अंतरराष्ट्रीय टीमों की मेजबानी के लिए सरकार की मंजूरी मिली है, जो निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुरूप है और यह वेस्टइंडीज तथा पाकिस्तान के साथ शुरु होगा। क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के दौरों का विवरण अगले सप्ताह की शुरुआत में घोषित किया जाएगा। वर्तमान भविष्य दौरा कार्यक्रम (एफटीपी) के अनुसार, न्यूजीलैंड को टेस्ट और टी20 श्रृंखला के लिए वेस्टइंडीज और पाकिस्तान की मेजबानी करनी है। व्हाइट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दौरों की मेजबानी की मंजूरी बोर्ड के लिए बड़े वित्तीय प्रोत्साहन की तरह है। उन्होंने कहा, यह हमारे लिए बहुत बड़ा प्रोत्साहन है, यह हमारी वित्तीय जीवन रेखा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ही न्यूजीलैंड में इस खेल का पूरा खर्च निकलता है। इसलिए यह बहुत महत्वपूर्ण है।न्यूजीलैंड को भी एकदिवसीय श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण शुक्रवार को इसे स्थगित कर दिया गया था। टूर्नामेंट से पहले पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के साथ इंडियन प्रीमियर लीग खेल कर जाने वाले न्यूजीलैंड के खिलाडिय़ों को पृथकवास में रहना होगा।----
-
मुंबई। एकदिवसीय क्रिकेट के शानदार बल्लेबाजों में शामिल रहे आस्ट्रेलिया के डीन जोन्स का गुरुवार को मुंबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। जोन्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए स्टार स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम का हिस्सा थे और मुंबई में थे। वह 59 बरस के थे। जोन्स शहर के एक होटल में जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं। जोन्स ने आस्ट्रेलिया की ओर से 52 टेस्ट और 164 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वह 1987 विश्व कप जीतने वाली आस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे। स्टार स्पोर्ट्स ने विज्ञप्ति में कहा, बेहद दुख के साथ हम डीन मर्विन जोन्स एएम के निधन की खबर साझा कर रहे हैं। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा, हम उनके परिवार के प्रति संवेदना जाहिर करते हैं और इस मुश्किल समय में उनके सहयोग के लिए तैयार हैं। विज्ञप्ति में कहा गया, जोन्स खेल के महान दूतों में से एक थे और वह दक्षिण एशिया में क्रिकेट के विकास से जुड़े रहे। वह नई प्रतिभा को खोजने और युवा क्रिकेटरों को तराशने को लेकर जुनूनी थे। प्रसारणकर्ता ने कहा, वह चैंपियन कमेंटेटर थे जिनकी मौजूदगी और खेल को पेश करने का तरीका हमेशा प्रशंसकों को खुशी देता था। स्टार और दुनियाभर में उनके लाखों प्रशंसकों को उनकी कमी खलेगी। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं। जोन्स ने अपने करियर के दौरान 44.61 की औसत से 6068 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन बनाए जिसमें सात शतक और 46 अर्धशतक शामिल रहे। भारतीय प्रशंसकों के जेहन में वह चेपक में टाई रहे एतिहासिक टेस्ट में अपनी यादगार पारी के लिए जगह बना चुके थे।












.jpg)





.jpg)

.jpg)


.jpg)
.jpg)


