- Home
- बिजनेस
-
नयी दिल्ली। फॉक्सवैगन पैसेंजर कार्स इंडिया ने अपनी पोलो और वेंटो कार के स्वचालित बीएस-6 मॉडल की बुकिंग बुधवार को शुरू कर दी। कंपनी ने बयान में कहा कि पोलो जीटी की शोरूम कीमत घटाकर 9.67 लाख रुपये की गयी है। जबकि वेंटो हाइलाइन प्लस की शोरूम कीमत 12.99 लाख रुपये है। कंपनी के निदेशक स्टीफन नैप ने कहा कि एक ब्रांड के तौर पर हमारी अवधारणा भारत में प्रीमियम लेकिन सबकी पहुंच वाली कार विनिर्माता कंपनी बनने की है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हमने बीएस-6 उत्सर्जन मानक वाली स्वचालित पोलो और वेंटो पेश की है। इन दोनों मॉडल की डिलिवरी कंपनी 15 सितंबर से शुरू करेगी।
- मुंबई। टाटा मोटर्स ने आज अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी नेक्सन का नया संस्करण पेश किया, जिसकी दिल्ली में शो रूम कीमत 8.36 लाख से शुरू है।टाटा मोटर्स ने एक विज्ञप्ति में कहा कि नेक्सन का नया संस्करण एक्सएम (ए) पेट्रोल और डीजल दोनों संस्करणों में उपलब्ध है। इसमें दो ट्रांसमिशन विकल्प हैं- मैनुअल और ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन (एएमटी)। टाटा मोटर्स की यात्री वाहन कारोबार इकाई के विपणन प्रमुख विवेक श्रीवत्स ने कहा, हम अपनी प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए नेक्सन एक्सएम (एस) की पेशकश की घोषणा करने को तैयार हैं। यह एक ऐसा उत्पाद है, जो हमारे ग्राहकों को एक शानदार मूल्य पर इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसे बेहतरीन फीचर्स दे रहा है।
- नई दिल्ली। सकल जीएसटी राजस्व संग्रह, अगस्त महीने में 86 हजार चार सौ 49 करोड़ रुपये रहा। इसमें 15 हजार नौ सौ छह करोड़ रुपये केंद्रीय जीएसटी, 21 हजार 64 करोड़ रुपये राज्यीय जीएसटी और 42 हजार दो सौ 64 करोड़ रुपये एकीकृत जीएसटी है।सरकार ने केंद्रीय जीएसटी के लिए 18 हजार दो सौ 16 करोड़ रुपये, राज्यीय जीएसटी के लिए 14 हजार छह सौ 50 करोड़ और एकीकृत जीएसटी के लिए नियमित भुगतान किया।---
- नई दिल्ली। देश की दो सबसे बड़ी कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया और हुंदै मोटर्स की थोक बिक्री में अगस्त में सुधार देखा गया है। इनकी यात्री वाहन की घरेलू बिक्री अगस्त में क्रमश: 20.2 प्रतिशत और 19.9 प्रतिशत वृद्धि रही।वहीं इस दौरान महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू यात्री वाहन बिक्री भी एक प्रतिशत बढ़ी, जबकि टोयोटा किर्लोस्कर के यात्री वाहन बिक्री में वैसे तो गिरावट रही लेकिन यह जुलाई की तुलना में सुधार की राह पर है। कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए देश में 24 मार्च के बाद से लॉकडाउन की स्थिति थी। इसके असर से वाहन उद्योग भी अछूता नहीं रहा। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया की घरेलू बिक्री अगस्त में 20.2 प्रतिशत बढ़कर 1 लाख 16 हजार 704 वाहन रही। जबकि पिछले साल अगस्त में यह 97 हजार 61 वाहन थी। कंपनी की कुल बिक्री अगस्त में 17.1 प्रतिशत बढ़कर 1 लाख 24 हजार 624 वाहन रही जो पिछले साल इसी माह में 1 लाख 6 हजार 413 वाहन थी। माह के दौरान कंपनी की मिनी कार आल्टो और वैगन आर की बिक्री 94.7 प्रतिशत बढ़कर 19 हजार 709 इकाई पर पहुंच गई। अगस्त 2019 में यह 10 हजार 123 इकाई थी।इसी तरह कॉम्पैक्ट खंड में स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर की बिक्री 14.2 प्रतिशत बढ़कर 61 हजार 956 इकाई पर पहुंच गई। हालांकि सेडान श्रेणी में कंपनी की सियाज की बिक्री 23.4 प्रतिशत घटकर 1 हजार 223 इकाई रह गई। एक साल पहले समान महीने में यह 1 हजार 596 इकाई थी। कंपनी के यूटिलिटी वाहन विटारा ब्रेजा, एस-क्रॉस और एर्टिगा की बिक्री 13.5 प्रतिशत बढ़कर 21 हजार 30 इकाई पर पहुंच गई, जो पिछले साल इसी माह में 18 हजार 522 इकाई थी। मारुति की प्रतिद्वंदी और देश की दूसरी बड़ी कार कंपनी हुंदै मोटर्स इंडिया की घरेलू बिक्री भी 19.9 प्रतिशत बढ़कर 45 हजार 809 वाहन रही। पिछले साल अगस्त में यह 38 हजार 205 इकाई थी। हालांकि कंपनी की कुल बिक्री 6.06 प्रतिशत गिरकर 52 हजार 609 इकाई रही। अगस्त 2019 में यह 56 हजार 05 वाहन थी। हुंदै मोटर्स के बिक्री, विपणन और सर्विस निदेशक तरुण गर्ग ने कहा, कंपनी भारतीय वाहन उद्योग के पुनरोद्धार में योगदान दे रही हैं अगस्त में घरेलू बाजार में कंपनी ने 45 हजार 809 वाहन बेचे। पिछले साल के कमजोर आधार प्रभाव पर कंपनी की बिक्री 19.9 प्रतिशत बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कंपनी की नई क्रेटा, वेरना, टूसों, नियोस और औरा को ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू यात्री वाहन बिक्री भी इस दौरान एक प्रतिशत बढ़ी है। यूटिलिटी वाहनों, कार और वैन सहित यात्री वाहन खंड में कंपनी की बिक्री 13 हजार 651 वाहन रही, जो एक साल पहले समान महीने में 13,507 वाहन थी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय नाकरा ने कहा कि एसयूवी और पिकअप श्रेणी में लगातार हमारी मांग सुधर रही है। वहीं दूसरी तरफ समीक्षावधि में टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की बिक्री 48 प्रतिशत गिरकर 5 हजार 555 वाहन रही। अगस्त 2019 में यह 10,701 इकाई थी।सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया की घरेलू बिक्री अगस्त में 53 हजार 142 वाहन रही। यह अगस्त 2019 की 62 हजार 785 वाहन बिक्री की तुलना में 15.35 प्रतिशत कम है। वाणिज्यिक वाहन श्रेणी में हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोक लीलैंड की अगस्त में कुल वाहन बिक्री 31 प्रतिशत गिरकर 6,325 वाहन रही।आयशर मोटर्स और वोल्वो समूह के संयुक्त उपक्रम वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (वीईसीवी) की कुल बिक्री अगस्त में 30 प्रतिशत गिरकर 2,477 वाहन रही। जबकि कृषि उपकरण क्षेत्र में महिंद्रा एंड महिंद्रा की कुल ट्रैक्टर बिक्री अगस्त में 65 प्रतिशत बढ़कर 24 हजार 458 इकाई पर पहुंच गई। वहीं एस्कॉर्ट्स एग्री मशीनरी की ट्रैक्टर बिक्री अगस्त में 80.1 प्रतिशत बढ़कर 7,268 इकाई पर पहुंच गई। सोनालिका ट्रैक्टर ने अगस्त में अपने बिक्री रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए पिछले साल की तुलना में 80 प्रतिशत की उच्चतम घरेलू वृद्धि दर्ज करते हुए 8,205 ट्रैक्टरों की बिक्री की।
- नई दिल्ली। कोल इंडिया लिमिटेड-सी.आई.एल. देश में कोयला निकासी, आधारभूत संरचना, परियोजना विकास, अन्वेषण और स्वच्छ कोयला प्रौद्योगिकियों से संबंधित लगभग 500 परियोजनाओं के विकास पर एक करोड़ 22 लाख रुपये का निवेश करेगी।निवेश का लक्ष्य भारत को कोयले के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है और वर्ष 2023-2024 तक एक अरब टन का उत्पादन लक्ष्य हासिल करना है। केंद्रीय कोयला और खान मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सी.आई.एल. द्वारा आयोजित हितधारकों की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कंपनी के मामलों में सभी संबंधित हितधारकों की भागीदारी से परियोजना के जोखिम कम होंगे। उन्होंने बताया कि सी.आई.एल. अगले तीन से चार वर्षों में अपनी 49 फस्र्ट माइल कनेक्टिविटी परियोजनाओं के लिए दो चरणों में 14 हजार 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।----
- नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन बैंक ने एक साल की अवधि से संबद्ध ऋण के लिये कोष की सीमांत लागत आधारित ब्याज दर (एमसीएलआर) में 0.05 प्रतिशत की कटौती की।इंडियन बैंक ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि बैंक ने एक साल की अवधि से संबद्ध कर्ज के लिये एमसीएल 0.05 प्रतिशत घटाकर 7.30 प्रतिशत कर दिया है। नई दर तीन सितंबर, 2020 से प्रभावी होगी। रेपो आधारित ब्याज दर पेश किये जाने से पहले व्यक्तिगत, वाहन और आवास ऋण जैसे ज्यादातर उपभोक्ता कर्ज एक साल के एमसीएलआर से जुड़े थे। अब सभी नये खुदरा कर्ज (आवास, शिक्षा, वाहन), एमएसएमई को ऋण रेपो आधारित ब्याज दर से संबद्ध हैं।
- नई दिल्ली। केंद्रीय संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के संस्थापक और प्रमुख से कहा है कि वे विविध विचारों के बेहतर प्रतिनिधित्व के लिए देश विशेष समुदाय दिशा निर्देश बनाएं।फेसबुक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क ज़करबर्ग को लिखे पत्र में उन्होंने 2019 के आम चुनाव में फेसबुक के रवैये पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। श्री प्रसाद ने कहा है कि इस चुनाव में फेसबुक प्रबंधन ने दक्षिणपंथी विचारधारा का समर्थन करने वाले पोस्ट की पहुंच कम करने और ऐसे पृष्ठों को हटाने का बेजा प्रयास किया था। श्री रवि शंकर ने इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के पूर्वाग्रह का जिक्र करते हुए कहा कि फेसबुक प्रबंधन ने इस मुद्दे पर सुधार के उपायों की मांग करने वाले संदेशों का जवाब तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मीडिया के साथ फेसबुक कर्मचारियों के एक समूह की सांठ-गांठ से निहित स्वार्थी तथ्वों ने देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को चोट पहुंचाने की कोशिश की। श्री प्रसाद ने जोर देकर कहा कि ऐसे कई उदाहरण हैं जब सामाजिक व्यवस्था को नष्ट करने के एकमात्र उद्देश्य से अराजक और कट्टरपंथी तत्वों ने इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने, तथ्यों की वास्तविकता की जांच का काम बिना पुष्टि किए और अविश्वसनीय एजेंसियों को दिए जाने का प्रचलन समाप्त करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
-
मुंबई। सोनालिका ट्रैक्टर्स ने अगस्त में अपनी कुल बिक्री में 59 प्रतिशत की छलांग लगायी है। कंपनी ने अगस्त माह में 10,206 ट्रैक्टरों की बिक्री की जो सालभर पहले की समान अवधि में 6,412 ट्रैक्टर थी। कंपनी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सोनालिका ट्रैक्टर ने अगस्त में अपने बिक्री रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए पिछले साल की तुलना में 80 प्रतिशत की उच्चतम घरेलू वृद्धि दर्ज करते हुए 8,205 ट्रैक्टरों की बिक्री की। अगस्त के महीने में निर्यात सहित कुल बिक्री 10,206 ट्रैक्टरों की हुई जो संख्या पिछले साल की समान अवधि में 6,412 ट्रैक्टर थी। सोनालिका समूह के कार्यकारी निदेशक रमन मित्तल ने कहा, ट्रैक्टरों की मांग बढ़ी है और हम इस बढ़ती मांग को पूरा करने में सक्षम रहे हैं। अगस्त में, हमने 10,206 ट्रैक्टरों पर समग्र बिक्री के साथ 80 प्रतिशत की उच्चतम घरेलू वृद्धि दर्ज की है, और इस प्रकार लगातार चौथे महीने हमने एक नया रिकॉर्ड उच्च स्तर हासिल किया है और 73 प्रतिशत की अनुमानित ट्रैक्टर उद्योग के वृद्धि अनुमान को पीछे छोड़ा है। मित्तल ने कहा कि मांग के बेहतर रहने की उम्मीद है जिसका कारण खरीफ बुवाई का अधिक क्षेत्रफल होना और अच्छे मॉनसून के साथ-साथ किसानों के मशीनीकरण के प्रति झुकाव का बढ़ना है। उन्होंने कहा कि कंपनी, आगामी त्योहारी सत्र के लिए तैयारी में जुटी है। इस दौरान होने वाली बिक्री का कुल बिक्री में 40-45 प्रतिशत का योगदान होता है। भारत भर में सोनालिका ट्रैक्टर्स के पास 24 डिपो हैं और 983 डीलरों का नेटवर्क है। कंपनी ने कहा कि किसान उपयोग आधारित खेती की ओर उन्मुख हैं और विशेष जरूरतों को पूरा करने के लिए अनुकूलित ट्रैक्टरों की मांग बढ़ी है। ट्रैक्टरों की मांग बढ़ने के साथ-साथ विशेष उपकरणों की भी मांग बढ़ी है।
-
नई दिल्ली। सीएसआईआर-सीएमईआरआई (वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद) ने विश्व का सबसे बड़ा सौर पेड़ विकसित किया है, जिसे सीएसआईआर-सीएमईआरआई की आवासीय कॉलोनी, दुर्गापुर में स्थापित किया गया है। सीएसआईआर-सीएमईआरआई के निदेशक प्रो (डॉ.) हरीश हिरानी ने इसकी तकनीक के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इस स्थापित सौर पेड़ की क्षमता 11.5 केडब्ल्यूपी से अधिक है। इसमें स्वच्छ और हरित ऊर्जा की 12 हजार-14 हजार इकाइयों को उत्पन्न करने की वार्षिक क्षमता है।
इस सौर वृक्ष को इस तरह से निर्मित किया गया है कि इसके प्रत्येक पैनल के द्वारा सूर्य के अधिकतम प्रकाश को प्राप्त करने और इसके नीचे के क्षेत्र में कम से कम छाया क्षेत्र को सुनिश्चित किया जा सके। प्रत्येक वृक्ष में हर पैनल में 330डब्ल्यूपी की क्षमता से युक्त कुल 35 सौर पीवी पैनल हैं। सौर पीवी पैनलों को पकडऩे वाले हत्थे का झुकाव लचीला है और इसे आवश्यकतानुसार समायोजित किया जा सकता है, यह सुविधा छत पर लगी सौर प्रणालियों में उपलब्ध नहीं है। इससे ऊर्जा उत्पादन आंकड़ों की निगरानी वास्तविक समय या दैनिक आधार पर की जा सकती है।प्रो. (डॉ.) हरीश हिरानी ने बताया की सीएसआईआर-सीएमईआरआई द्वारा विकसित सौर वृक्ष में, दुनिया के सबसे बड़े सौर वृक्ष होने के अलावा विभिन्न स्थलों पर इसके अनुप्रयोग के लिए कुछ विशिष्ट विशेषताएं भी हैं। इन सौर वृक्षों को न्यूनतम छाया क्षेत्र सुनिश्चित करने के लिए इस तरह से निर्मित किया गया है कि इन सौर वृक्षों का उपयोग उच्च क्षमता वाले पंपों, ई-ट्रैक्टरों और ई-पावर टिलर जैसी कृषि गतिविधियों में व्यापक रूप से किया जा सके। इन सौर वृक्षों को अस्थिर-मूल्य जीवाश्म ईंधन के प्रतिस्थापन के रूप में कृषि के साथ जोड़ा जा सकता है। प्रत्येक सौर वृक्ष में जीवाश्म ईंधन से ऊर्जा उत्पादन के दौरान वायुमंडल के लिए पैदा होने वाली ग्रीनहाउस गैसों की तुलना में 10-12 टन सीओ2 उत्सर्जन को बचाने की क्षमता है। इसके अलावा, अतिरिक्त उत्पन्न ऊर्जा को ऊर्जा ग्रिड में सुरक्षित रखा जा सकता है।यह कृषि मॉडल एक सुसंगत आर्थिक प्रतिफल प्रदान कर सकता है और किसानों को कृषि संबंधी गतिविधियों में अनिश्चितताओं के प्रभावों का सामना करने में सहायता कर सकता है, इस प्रकार खेती को एक आर्थिक और ऊर्जा वहनीय लाभप्रद गतिविधि बना सकता है। प्रत्येक सौर वृक्ष की कीमत 7.5 लाख रुपये होगी और इच्छुक एमएसएमई अपने व्यवसायिक मॉडल को किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम कुसुम) योजना के साथ नवीकरणीय ऊर्जा आधारित ऊर्जा ग्रिड विकसित करने के लिए उपयोग में ला सकते हैं।इस सौर वृक्ष में आईओटी आधारित सुविधाऐं अर्थात् कृषि क्षेत्रों में चौबीस घंटे सीसीटीवी निगरानी, वास्तविक समय पर आद्र्रता की स्थिति, हवा की गति, वर्षा की भविष्यवाणी और मिट्टी के विश्लेषण सेंसर का उपयोग करने की क्षमता है। सीएसआईआर-सीएमईआरआई द्वारा विकसित सौर ऊर्जा संचालित ई-सुविधा कियोस्क को व्यापक कृषि डेटाबेस प्राप्त करने के साथ-साथ एकीकृत ऑनलाइन बाजार तक तत्काल और वास्तविक समय पर पहुंच के लिए ई-एनएएम यानी राष्ट्रीय कृषि बाजार के साथ सौर वृक्षों से जोड़ा जा सकता है। । यह सौर वृक्ष एक ऊर्जा विश्वसनीय और कार्बन रहित भारत बनाने की दिशा में एक अत्यंत व्यापक परिवर्तन है। - नई दिल्ली।. केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन प्रमोद चंद्र मोदी का कार्यकाल छह माह के लिये बढ़ा दिया गया।कार्मिक मंत्रालय के सोमवार को जारी आदेश में यह कहा गया है। भारतीय राजस्व सेवा के (आयकर कैडर) 1982 बैच के अधिकारी मोदी को फरवरी 2019 में सीबीडीटी का प्रमुख नियुक्त किया गया था। उन्हें पिछले साल अगस्त में एक साल के लिये फिर इसी पद पर नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति उनके 31 अगस्त 2019 को सेवानिवृत होने की तिथि से आगे एक साल के लिये 31 अगस्त 2020 तक की गई। कार्मिक मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मोदी के सीबीडीटी चेयरमैन के तौर पर पुन: नियुक्ति के कार्यकाल में छह माह के विस्तार को मंजूरी दी है। उनका यह विस्तार इस साल एक सितंबर से 28 फरवरी 2021 तक के लिये होगा।सीबीडीटी का प्रमुख उसका चेयरमैन होता है और उसमें अधिक से अधिक छह सदस्य हो सकते हैं। सीबीडीटी आयकर विभाग के लिये नीति, नियम आदि बनाता है।---
- नई दिल्ली। अपना शानदार बाइक के लिए मशहूर कंपनी रॉयलर एनफील्ड अपनी एक नई बाइक लेकर आ रही है, जो काफी दमदार रहने वाली है। इस बाइक का इंजन 650 सीसी का है। नई बाइक Royal Enfield 650cc Cruiser का वीडियो जारी कर दिया गया है।भारत में Continental GT 650 और Interceptor 650 की सफलता के बाद रॉयल एनफील्ड अपनी 650 सीसी मोटरसाइकल रेंज में नया मॉडल लेकर आ रही है। नई बाइक आरई के नए सिंगल सिलेंडर प्लैटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं करेगी, जिसे आने वाले दिनों में मेटोर 350 के साथ पेश किया जाना है। बाइक में कुछ अलग फीचर भी मिल सकते हैं।रिपोर्ट के मुताबिक नई मोटरसाइकल पूरी तरह अलग फ्रेम पर आ सकती है क्योंकि साइड में दी गई मेटल ट्यूबिंग 650 सीसी ट्वीन्स अलग दिख रही है। इसके अलावा रियर शॉक्स भी अलग तरह से प्लेस किए गए हैं। नई मोटरसाइकल में अलॉय वील्स और चौड़ा रियर टायर दिख रहा है। कंपनी ने फिलहाल अधिकारिक रूप से इसकी कीमत उजागर नहीं की है साथ ही अभी ये स्पष्ट नहीं है कि भारतीय बाजार में इसे कब लांच किया जाएगा और इसकी बुकिंग कब से शुरू होने जा रही है। हालांकि रिपोर्ट के अनुसार इसकी कीमत शो रुम से बाहर 3 लाख रुपए हो सकती है और कंपनी इसे अगले साल ही लांच करेगी।---
- नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने कहा है कि देश व्यापार को सुगम बनाने की दिशा में कोरोना के बाद आर्थिक सुधार की राह पर लौट रहा है।सोमवार को अमरीका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच को संबोधित करते हुए श्री जयशंकर ने कहा कि इस महामारी ने सभी को डिजिटल रूप से जोड़ा है जिससे वस्तुओं की खरीद-फरोख्त बढ़ी है और इसका महत्व भी बढा है। उन्होंने कहा कि भारत ने ऐसे साझेदार बनाए हैं जिन पर संकट के समय में भरोसा किया जा सकता है। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच राजनीतिक विश्वास का स्तर बना है जो पहले नहीं था और रक्षा परिदृश्य भी बदल गया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध काफी मजबूत हुए हैं, जो नीति के साथ शुरू होकर अभ्यास तथा रक्षा व्यापार क्षेत्र में आगे बढ़े हैं।---
- नई दिल्ली। वेदांता लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि उसने भारतीय स्टेट बैंक के साथ 10 हजार करोड़ रुपये के दीर्घकालिक बैंक समूह के जरिये दिये जाने वाले कर्ज के लिये गठबंधन किया है। बड़ी राशि का कर्ज देने के लिये कई बैंक एक साथ मिलकर उसकी व्यवस्था करते हैं।वेदांता समह की अनुषंगी कंपनी हिन्दुस्तान जिंक ने बंबई शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा है, वेदांता लिमिटेड ने भारतीय स्टेट बैंक के साथ मिलकर 10 हजार करोड़ रुपये के बैंक समूह (सिंडीकेट) द्वारा दिये जाने वाले दीर्घकालिक कर्ज के लिये गठबंधन किया है। इसमें स्टेट बैंक समूह में अग्रणी भूमिका निभायेगा जबकि एसबीआई कैप ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड इसमें सिक्युरिटी ट्रस्टी होगी जिसकी अवधि सात साल की होगी। कंपनी ने कहा कि स्टेट बैंक ने अपने स्तर पर 5 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है। सूचना में कहा गया है कि इस सुविधा का इस्तेमाल वेदांता की निकट भविष्य में की जाने वाली रिण प्रतिभूतियों की परिपक्वता को निपटाने और धातु एवं खनन क्षेत्र की इस कंपनी के पूंजी व्यय को पूरा करने के लिये किया जायेगा।
- नई दिल्ली। पराग मिल्क फूड्स ने प्राइड ऑफ काउज ब्रांड के तहत सोमवार को सिंगल ओरिजिन घी (Single Origin Ghee) को बाजार में पेश किया। शुरुआत में ग्राहकों को इसकी बिक्री सब्सक्रिप्शन के आधार पर की जाएगी। बाद में चुनिंदा केंद्रों और ई-वाणिज्य मंचों पर भी यह उपलब्ध होगा।शेयर बाजार को दी जानकारी में कंपनी ने कहा कि अपने ब्रांड प्राइड ऑफ काउज के तहत उसने इस घी की एक लीटर पैकिंग के लिए 1,500 रुपये और 500 मिलीलीटर के लिए 780 रुपये की कीमत तय की है। पराग मिल्क फूड्स के अध्यक्ष देवेंद्र शाह ने कहा, यह गौशालाओं से घर तक दुग्ध उत्पाद पहुंचाने के क्षेत्र में कंपनी को मजबूती देने की दिशा में बढ़ाया एक और कदम है। इस पेशकश के साथ हम प्रीमियम खंड में उपभोक्ताओं को विविध डेयरी उत्पादों की पेशकश करने का ध्येय रखते हैं। कंपनी ने कहा कि प्राइड ऑफ काउज ब्रांड उन उपभोक्ताओं की ओर विशेष ध्यान देता है, जो प्राकृतिक और शुद्ध उत्पादों के उपभोग के माध्यम से एक स्वस्थ जीवन शैली पाने में विश्वास करते हैं। कंपनी के अन्य लोकप्रिय ब्रांड गोवर्धन , गो और अवतार हैं।-
-
नई दिल्ली। मोबाइल हैंडसैट बनाने वाली चीन की कंपनी श्याओमी भारत में अपने ‘मी स्टोर' की संख्या बढ़ाना जारी रखेगी। कंपनी ने सोमवार को कहा कि यह उसके भारतीय कारोबार में करीब 15 प्रतिशत का योगदान देता है। श्याओमी ने वर्ष 2014 में भारतीय बाजार में प्रवेश किया। पहले कंपनी सिर्फ ऑनलाइन फोन की बिक्री करती थी। बाद में कंपनी ने 2017 में अपनी विशेष खुदरा दुकानों ‘मी स्टोर' की शुरुआत की। मी स्टोर के अलावा कंपनी 75 ये अधिक ‘मी होम्स', 45 से अधिक ‘मी स्टूडियोज' और फ्रेंचाइजी के तहत 8,000 से अधिक ‘मी प्रीफर्ड पार्टनर्स' स्टोर की श्रृंखला का भी परिचालन करती है। श्याओमी के भारतीय कारोबार के प्रबंध निदेशक मनु जैन ने कहा, मी स्टोर वर्तमान में देश के छोटे से छोटे शहरों में मौजूद है। कंपनी के पास कश्मीर और अंडमान एवं निकोबार में भी ‘मी स्टोर' हैं। इनमें से कई स्टोर आम लोगों ने खोले हैं जिन्हें खुदरा क्षेत्र या स्मार्टफोन उद्योग का कोई अनुभव नहीं था। ये ऐसे लोग थे जो उद्यमी और कारोबार के मालिक बनना चाहते थे। उन्होंने कहा कि कंपनी ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में अपना 3,000वां ‘मी स्टोर' खोला है। कंपनी के लगभग सभी मी स्टोर लाभ में हैं और आर्थिक दृष्टि से व्यवहारिक बने हुए हैं।
-
नई दिल्ली। जाने माने अर्थशास्त्री पिनाकी चक्रवर्ती को राष्ट्रीय लोक वित्त एवं नीति संस्थान (एनआईपीएफपी) का निदेशक नियुक्त किया गया है। वह 15 अक्टूबर से यह कार्यभार संभालेंगे। एनआईपीएफपी ने सोमवार को यह जानकारी दी। चक्रवर्ती रतिन रॉय का स्थान लेंगे। रतिन रॉय प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के पूर्व सदस्य रह चुके हैं। रॉय ने एनआईपीएफपी के निदेशक पद से जून में इस्तीफा दे दिया था। पिनाकी चक्रवर्ती एनआईपीएफपी में प्रोफेसर हैं लेकिन वर्तमान में वह अवकाश पर हैं और तमिलनाडु और केरल के लिये यूनिसेफ के राज्य कार्यालय में सामाजिक नीति प्रमुख के तौर पर कार्य कर रहे हैं। एनआईपीएफपी ने ट्वीट कर कहा, नये निदेशक की नियुक्ति: हमें यह घोषणा करते हुये प्रसन्नता हो रही है कि प्रोफसर पिनाकी चक्रवर्ती को 15 अक्टूबर 2020 से पांच साल की अवधि के लिये हमारा निदेशक नियुक्त किया गया है। भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल ने हाल ही में एनआईपीएफपी के चेयरमैन का पद संभाला है। -
-इसके दायरे में कोविड-19 जैसी महामारियों का प्रबंधन भी शामिल
-ओपीजेजीयू से डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी, जस्टिस दलवीर भंडारी जैसे 14 कानूनविद जुड़े
रायपुर। जिन्दल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) के चेयरमैन नवीन जिन्दल और जेएसपीएल फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती शालू जिन्दल के मार्गदर्शन में संचालित ओपी जिन्दल यूनिवर्सिटी, रायगढ़ (ओपीजेयू) और ओपी जिन्दल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत, हरियाणा (ओपीजेजीयू) ने शिक्षा व्यवस्था में कई गुणात्मक आयाम जोड़े हैं। अब इस दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाते हुए ओपीजेयू ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट (एनआईडीएम) के साथ आपदा प्रबंधन अध्ययन के लिए सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर किये हैं। इसके साथ ही ओपीजेजीयू ने अनेक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों को अपने साथ जोड़ा है।
स्टील टेक्नोलॉजी एवं प्रोडक्ट डेवलपमेंट में विशेषज्ञता प्रदान करने वाली देश की अग्रणी यूनिवर्सिटी ओपीजेयू ने आपदा प्रबंधन में शोध एवं अध्ययन के लिए एनआईडीएम के साथ सहमति-पत्र पर जो हस्ताक्षर किये हैं। उसके दायरे में कोविड-19 जैसी महामारियों का प्रबंधन भी आएगा। इस सिलसिले में 18 से 20 अगस्त तक एनआईडीएम ने ओपीजेयू में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का भी आयोजन किया ताकि आपदाओं का असर घटाकर न्यूनतम किया जा सके। यूनिवर्सिटी के कुलपति आर.डी. पाटीदार ने कहा कि आपदा प्रबंधन का अध्ययन कर छात्र राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय आपदाओं के प्रबंधन में अपना भविष्य बना सकते हैं।
ओपीजेजीयू से डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी , न्यायमूर्ति दलवीर भंडारी जैसे 14 कानूनविद जुड़े
ओपीजेजीयू ने कानून की पढ़ाई के लिए जाने-माने कानूनविद डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी और इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस के न्यायमूर्ति दलवीर भंडारी समेत 14 लोगों को यूनिवर्सिटी से जोड़ा है। यूनिवर्सिटी ने कॉरपोरेट इम्मरसन एंड मेंटरिंग (क्लेम) नामक प्रोग्राम भी शुरू किया है जिसमें देश की अग्रणी कानून फर्मों से 12 कॉरपोरेट पार्टनर नियुक्त किये गए हैं। ये सभी कानून एवं कॉरपोरेट लीगल प्रैक्टिस की पढ़ाई कराएंगे। कुलपति सी. राजकुमार ने कहा कि इन कदमों से कानून के छात्रों की क्षमता बढ़ेगी, उनके दृष्टिकोण का दायरा बढ़ेगा और वे अपने कार्य को बेहतर अंजाम दे सकेंगे।

- नई दिल्ली। वॉट्सऐप दुनिया के सबसे पॉप्युलर इंस्टैंट मेसेजिंग ऐप्स में से एक है। वॉट्सऐप इस समय एक नए वॉलपेपर फीचर पर काम कर रहा है। इसके इस्तेमाल से यूजर अलग- अलग चैट के लिए अलग अलग वॉलपेपर सेट कर सकेंगे। यह फीचर इससे पहले आईओएस बीटा वर्जन में देखा जा चुका है। अब जल्द ही यह फीचर ऐंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। वॉट्सऐप के वी 2.20.199.5 बीटा वर्जन में यह फीचर टेस्ट किया जा रहा है। चूंकि यह फीचर अभी डिवेलपिंग स्टेज में है इसलिए इसका इस्तेमाल बीटा यूजर भी नहीं कर सकेंगे।वॉट्सऐप के इस फीचर का जल्द ही बीटा वर्जन रोल आउट किया जाएगा। हालांकि अभी कंपनी की तरफ से इस बारे में कोई तारीख नहीं बताई गई है। फाइनल रोलआउट से पहले इसे बीटा टेस्टर्स के लिए रोल आउट किया जाएगा। वॉट्सऐप के वॉलपेपर फीचर को सबसे पहले ङ्ख्रक्चद्गह्लड्डढ्ढठ्ठद्घश ने 12.20.199.5 वॉट्सऐप वर्जन में ट्रैक किया।हाल ही में आई एक और रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी फिर से चैट अटैचमेंट में कैमरा आइकन को उपलब्ध करा रही है।
- मुंबई। अडाणी समूह मुंबई हवाई अड्डे में जीवीके समूह की हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगा। अरबपति उद्योगपति गौतम अडाणी की अगुवाई वाले समूह ने सोमवार को कहा कि इस अधिग्रहण के बाद मुंबई हवाई अड्डे में उसकी कुल हिस्सेदारी बढ़कर 74 प्रतिशत हो जाएगी। इसके साथ ही समूह देश का का सबसे बड़ा निजी हवाई अड्डा परिचालक हो जाएगा।शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा गया है कि अडाणी समूह की प्रमुख होल्डिंग कंपनी अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लि. (एएएचएल) ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लि. (मायल) में जीवीके एयरपोर्ट डेवलपर्स लि. (एडीएल) के ऋण के अधिग्रहण के लिए करार किया है। इस ऋण को इक्विटी में बदला जाएगा। इससे अडाणी समूह के पास मायल में जीवीके समूह की पूरी 50.5 प्रतिशत हिस्सेदारी आ जाएगी। इसके अलावा अडाणी समूह मायल में अल्पांश शेयरधारकों एयरपोट्र्स कंपनी ऑफ साउथ अफ्रीका (एसीएसए) तथा बिडवेस्ट की 23.5 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण भी करेगा।अडाणी समूह ने कहा कि वह मायल में एसीएसए तथा बिडवेस्ट की 23.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए भी कदम उठाएगा। इसके लिए उसे भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की मंजूरी मिल चुकी है। समूह ने कहा, जीवीके एडीएल के अधिग्रहण के बाद वह आवश्यक परंपरागत और नियामकीय मंजूरियां हासिल करने के लिए कदम उठाएगा, जिससे मायल में वह नियंत्रक हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर सके।जीवीके ने शेयर बाजारों को अलग से भेजी सूचना में कहा है कि उसने अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लि. के साथ सहयोग की सहमति दी है। इसके तहत अडाणी समूह की कंपनी गोल्डमैन सैश की अगुवाई वाले गठजोड़ तथा एचडीएफसी सहित विभिन्न ऋणदाताओं से ऋण का अधिग्रहण करेगी। इस ऋण को परस्पर सहमति वाली शर्तों के तहत इक्विटी में बदला जाएगा। दोनों कंपनियों ने इस सौदे के वित्तीय पक्ष का खुलासा नहीं किया है। अडाणी समूह ने कहा कि वह मायल में निवेश करेगा और साथ ही नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए वित्त का प्रबंध करने में भी मदद करेगा जिससे इसका निर्माण शुरू हो सके। मायल की हवाईअड्डे में 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है।जीवीके के संस्थापक एवं चेयरमैन जीवीके रेड्डी ने कहा, कोविड-19 महामारी से विमानन क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस महामारी से यह क्षेत्र कई साल पीछे चला गया है। इससे मायल की वित्तीय स्थिति भी प्रभावित हुई है। रेड्डी ने कहा, इन परिस्थतियों में मायल की वित्तीय स्थिति में सुधार तथा नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए वित्त का प्रबंध करने को जल्द से जल्द वित्तीय रूप से मजबूत निवेशक लाने की जरूरत थी। यह परियोजना राष्ट्रीय महत्व की है।---
- नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने बैंकों से कहा है कि आईटी अधिनियम के तहत दिये गये इलेक्ट्रोनिक माध्यमों से हुए लेनदेन पर इस वर्ष पहली जनवरी के बाद वसूले गये शुल्क तुरंत रिफंड करें।वित्त मंत्रालय ने बैंकों से यह भी कहा कि भविष्य में इलेक्ट्रोनिक माध्यम से किये गये किसी भी लेनदेन पर कोई शुल्क न लगाएं। मंत्रालय ने कहा कि प्रत्यक्ष कर केंद्रीय बोर्ड ने इस बारे में पिछले वर्ष तीस दिसम्बर को अधिसूचना जारी की थी। अधिसूचना के अनुसार यदि यह लेन देन रुपे कार्ड, भीम-यूपीआई, यूपीआई क्यू आर कोड और भीम-यूपीआई क्यू आर कोड द्वारा किया जाता है तो कोई भी बैंक या सिस्टम प्रदाता कोई शुल्क नहीं लगायेगा। मंत्रालय ने कहा कि पेमेंट और सेटेलमेंट सिस्टम्स, पीएसएस अधिनियम में एक नया प्रावधान डाला गया है जिसके अनुसार इलेक्ट्रोनिक माध्यम द्वारा किसी भी पेमेंट अदा किये जाने या प्राप्त करने पर कोई भी बैंक या सिस्टम प्रदाता कोई शुल्क नहीं वसूलेगा।मंत्रालय ने कहा कि जानकारी मिली है कि कुछ बैंक यूपीआई द्वारा किये जा रहे लेनदेन पर शुल्क लगा रहे हैं और वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंकों द्वारा ऐसा करना पीएसएस अधिनियम और आईटी अधिनियम का उल्लंघन है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि पेंशनभोगियों को अब इलेक्ट्रॉनिक पेंशन भुगतान आदेश (ई-पीपीओ) सीधे उनके डिजिलॉकर में मिलेगा, जिससे देरी की संभावना समाप्त होगी। डिजिलॉकर नागरिकों के लिए एक डिजिटल दस्तावेज वॉलेट है। इसमें वे अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक तरीके से रख सकते हैं और उन तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान नए पेंशनभोगियों को अपने पेंशन भुगतान आदेश की कागजी (फिजिकल) प्रति लेने के लिए बाध्य नहीं होना पड़े, इसे सुनिश्चित करने को यह कदम उठाया गया है। सिंह ने कहा कि पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए ई-पीपीओ को डिजिलॉकर के साथ जोड़ा जाएगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मंत्री ने कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर ई-पीपीओ को संबंधित पेंशनभोगी के डिजिलॉकर में सीधे भेजा जाएगा, जिससे विलंब की संभावना समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि इससे पेंशनभोगियो की मूल पीपीओ के गायब होने की समस्या का भी अंत होगा। ऐसा होने पर उन्हें काफी परेशानी होती है।
-
बेंगलुरू। कर्नाटक के नीलमंगला से महाराष्ट्र के सोलापुर के लिये पहली रॉल ऑन रॉल ऑफ (रोरो) सेवा को यहां रविवार को हरी झंडी दिखा दी गयी। इस सेवा से दोनों राज्यों के बीच माल की ढुलाई की मौजूदा दिक्कतों के दूर होने का अनुमान है। रोरो सेवा के तहत विभिन्न मालों से लदे ट्रक टैम्पू आदि सड़क पर चलने वाले वाहनों को रेलवे के खुले वैगन के माध्यम से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जाता है। दक्षिण पश्चिम रेलवे में इस तरह की पहली सेवा के ट्रायल को रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगाडी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने हरी झंडी दिखाई। येदियुरप्पा ने एक विज्ञप्ति में कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी पर जोर दे रहे हैं। क्षेत्र में एपीएमसी (कृषि उत्पाद बाजार समिति) के बाजार में रोरो के लियेजबरदस्त गुंजाइश है। उन्होंने ट्वीट किया, रोरो सेवा परेशानी मुक्त है, सड़क पर दुर्घटनाओं को कम करती है, पर्यावरण के अनुकूल है और ट्रक ऑपरेटरों तथा उद्योगों दोनों के लिये लाभदायक है। बेंगलुरू और सोलापुर के बीच चलने वाली पहली रोरो सेवा को हरी झंडी दिखाकर खुश हूं। सभी संबंधित पक्षों को मेरी शुभकामनाएं। इस सेवा के तहत ट्रेन धर्मावरम गुंटाकल, रायचूर और वाडी से चलकर महाराष्ट्र के सोलापुर के पास बाले तक जायेगी। यह यात्रा 17 घंटे में 682 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। - - छत्तीसगढ़ में स्टील, एल्यूमीनियम, कोयला, सीमेंट का अथाह भंडार, बिजली-पानी भी पर्याप्त, निवेशकों के लिए अनुकूल जगह- प्रदीप टंडनरायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सीएसआईडीसी) के प्रबंध निदेशक अरुण प्रसाद ने कहा कि सरकार ऑटो सेक्टर पार्क स्थापित करने की योजना बना रही है, क्योंकि हमारा प्रदेश निवेश के लिए ऑटो व्यवसायियों की पसंदीदा जगह है।छत्तीसगढ़ में इंजीनियरिंग एवं ऑटो कंपोनेंट सेक्टर में निवेश के अवसर विषय पर आयोजित फिक्की के वेबिनार में श्री प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में हमने एक मजबूत एवं निवेशकों के अनुकूल औद्योगिक नीति तैयार की है। छत्तीसगढ़ की मौजूदा बिजली उत्पादन क्षमता 23 हजार 800 मेगावाट है, जिसे 36 हजार मेगावाट करने की सरकार की योजना है। गौर करने योग्य तथ्य यह है कि कुल उत्पादित बिजली में से मात्र 1/6 हिस्सा हमारे प्रदेश में उपयोग होता है। छत्तीसगढ़ में बिजली शुल्क बहुत प्रतिस्पर्धात्मक है। रहन-सहन पर खर्च कम होता है और सस्ते श्रमिक भी उपलब्ध हैं।उन्होंने कहा कि हमारे औद्योगिक क्षेत्र कोलकाता और मुंबई जैसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्रों से रेल और सड़क नेटवर्क के जरिये जुड़े हैं। गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ पहला ऐसा राज्य है, जो खनिज पदार्थों की नीलामी कर रहा है।निर्यात तैयारी सूचकांक में चारों ओर भूमि से घिरे छत्तीसगढ़ प्रदेश को चौथा स्थान प्राप्त होने का उल्लेख करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि हम दुर्ग में रेल पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर चुके हैं, जो रेल निर्माण आवश्यकताओं की पूर्ति पर ध्यान केंद्रित करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जैव इथेनॉल नीति पर विशेष जोर दे रही है, क्योंकि हमें उम्मीद है कि यह भविष्य का ईंधन होगा।इस अवसर पर फिक्की छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के चेयरमैन प्रदीप टंडन ने कहा कि उद्योगपति कंपोनेंट व ढांचागत निर्माण समेत तमाम वस्तुओं के उत्पादन के लिए न्यूनतम खर्चे में बेहतरीन निर्माण सुविधाएं स्थापित करने के वास्ते निवेश-अवसर की तलाश में हैं, जो अपने-आप में छत्तीसगढ़ को पसंदीदा निवेश स्थल बनाए जाने का स्वागत योग्य संकेत है। श्री टंडन ने कहा कि छत्तीसगढ़ को स्टील, एल्यूमीनियम, कोयला, सीमेंट जैसे कच्चे माल के भंडार के रूप में जाना जाता है और यहां उद्योगों के विकास के लायक मित्रवत वातावरण है, भरपूर बिजली और पानी भी है।इलेक्ट्रिकल उपकरण उद्योग और दूरसंचार उपकरणों के लिए इंजीनियरिंग निर्यात में जबरदस्त वृद्धि हुई है और बुनियादी ढांचे, बिजली, खनन, तेल एवं गैस, रिफाइनरी, स्टील, मोटर वाहन, और उपभोक्ता उत्पाद जैसे क्षेत्रों में क्षमता वृद्धि से भी इंजीनियरिंग उत्पादों की मांग में तेजी से इजाफा हो रहा है।श्री टंडन ने कहा कि वाणिज्य एवं उद्योग और रेल मंत्रालय, यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रयासरत हैं कि वर्ष 2030 तक इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात 200 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाए। देश भर में विशेष आर्थिक क्षेत्रों (एसईजेड) की संख्या का अनुमोदन और सात राज्यों में दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे (DMIC) के विकास से इंजीनियरिंग क्षेत्र को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ऑटोमैटिक रूट से 100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और मेक इन इंडिया जैसी पहल के जरिये प्रमुख अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने भारतीय इंजीनियरिंग क्षेत्र में प्रवेश किया है , क्योंकि इस क्षेत्र के विकास के अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध हैं।हेल्ला इंडिया लाइटिंग लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रामशंकर पांडेय ने कहा कि राज्य में स्थानीय ब्रांडों के कारण समृद्धि आई है इसलिए हमें वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देना चाहिए और छत्तीसगढ़ में एक ब्रांड विकसित करना चाहिए। ऑटो उद्योग प्रति वर्ष सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 50 अरब का योगदान कर रहा है और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से 30 लाख लोगों को रोजगार दे रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि मौलिक उपकरण उत्पादक (OEM) पारिस्थितिकी तंत्र का एक हिस्सा है और वही इंजन के रूप में पूरे सिस्टम को खींच रहा है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनन और निर्माण क्षेत्र में निवेश आकर्षित कर सकता है, क्योंकि यह क्षेत्र आगे बढ़ रहा है और समृद्ध हो रहा है। हमें ऑटो सेक्टर के लिए एक उचित पारिस्थितिकी तंत्र की आवश्यकता है, जो अनिवार्य रूप से मांगों का सृजन सुनिश्चित करे।केस न्यू हॉलैंड कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट हेड सतेंद्र तिवारी ने कहा कि वैश्विक परिचालन के एक पहलू के रूप में हम सप्लाई चेन की उन जटिलताओं की पहचान कर सकते हैं जो कोविड-19 के कारण भारतीय बाजार में आई है।----
- नई दिल्ली। भारत और आसियान देश, मुक्त व्यापार समझौते की समीक्षा करने को राजी हुए हैं ताकि इसे अधिक आसान, सुविधाजनक और अनुकूल बनाया जा सके। समीक्षा से आसियान और भारत के बीच विभिन्न वस्तुओं के व्यापार का समझौता अद्यतन हो जाएगा और व्यापार, सीमा-शुल्क तथा विनियामक प्रक्रियाओं को सुचारु बनाया जा सकेगा।केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और आसियान देशों के आर्थिक मंत्रियों के 17 वें विचार-विमर्श सम्मेलन की सह अध्यक्षता करते हुए कहा कि मुक्त व्यापार समझौता दोनों पक्षों के लिए लाभप्रद होना चाहिए और सभी को इसका फायदा मिलना चाहिए।उन्होंने गैर-शुल्क प्रतिबंधों को दूर करने और क्षेत्र में बाजार तक पहुंच को आसान बनाने के लिए नियमों को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। श्री गोयल ने जोर देकर कहा कि भारत और आसियान के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक संबंधों के साथ ही गहरी दोस्ती भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये संबंध भविष्य में और सुदृढ़ होते रहेंगे और भारत तथा आसियान देश और अधिक खुशहाल होंगे। बैठक में आसियान के सभी 10 देशों के व्यापार मंत्रियों ने हिस्सा लिया और दुनिया भर में कोविड महामारी के प्रकोप से आर्थिक असर को कम करने के लिए मिल कर कार्य करने की वचनबद्धता दोहराई।----
-
नई दिल्ली। दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया के चेयरमैन सुरेश नारायण ने कहा है कि कोविड-19 महामारी के बीच उपभोक्ताओं के व्यवहार में बड़ा बदलाव आया है और अब वे लक्जरी की जगह जरूरी चीजों की खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संकट के चलते पैदा हुए आर्थिक व्यवधान के कारण उपभोक्ता खर्च के तरीके में बदलाव हुआ है और अब गुणवत्ता, सुरक्षा, पोषण तथा भरोसे को अधिक महत्व मिल रहा है, क्योंकि अनिश्चितता के इस वक्त में उपभोक्ता जांचे-परखे ब्रांडों को पसंद कर रहे हैं। नारायण ने कहा कि कोविड-19 के बाद आर्थिक संकट के कारण उपभोक्ताओं के खर्च करने के तरीके में बदलाव आया है, और अब लक्जरी की जगह जरूरी चीजों की खरीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही उपभोक्ता अब ई-कॉमर्स जैसे माध्यमों का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं और लॉकडॉउन के पहले के मुकाबले इनका प्रसार बढ़ा है।



















.jpg)
.jpg)






.jpg)