ब्रेकिंग न्यूज़

दमन के NAMO एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए पहली सीधी उड़ान शुरू, केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने दिखाई हरी झंडी

 नई दिल्ली। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने दमन के NAMO एयरपोर्ट से दमन-दिल्ली-दमन मार्ग पर पहली सीधी उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकारी क्षेत्र की एयरलाइन एलायंस एयर ने इस सेवा की शुरुआत की है, जिससे दमन को पहली बार दिल्ली से सीधा हवाई संपर्क मिला है।

सरकार के अनुसार, NAMO एयरपोर्ट का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के तहत किया गया है। यह भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) के एयर स्टेशन परिसर में विकसित दोहरे उपयोग (ड्यूल-यूज) वाला हवाई अड्डा है। इसके सिविल टर्मिनल की आधारशिला 25 अप्रैल 2023 को रखी गई थी और प्रधानमंत्री ने 5 जून 2026 को इसका उद्घाटन किया था।करीब 124 करोड़ रुपये की लागत से 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस एयरपोर्ट के निर्माण में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 88 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। 3,700 वर्ग मीटर में फैला यह टर्मिनल फिलहाल प्रतिदिन 14 ATR उड़ानों का संचालन कर सकता है और इसकी वार्षिक क्षमता 3.67 लाख यात्रियों की है।
राम मोहन नायडू ने कहा कि इस नई सेवा से अब दमन से दिल्ली की यात्रा, जो पहले सूरत या मुंबई के रास्ते 8 से 10 घंटे में पूरी होती थी, अब करीब ढाई घंटे में पूरी की जा सकेगी। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री की उड़ान (UDAN) योजना को दिया।मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की 450 से ज्यादा विकास परियोजनाएं पूरी की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के योगदान के सम्मान में स्थानीय लोगों ने इस हवाई अड्डे का नाम NAMO एयरपोर्ट रखा है।उन्होंने बताया कि दमन, दीव और दादरा एवं नगर हवेली में 7,000 से अधिक उद्योग हैं, जबकि आसपास के वापी और वलसाड क्षेत्रों में 15,000 से ज्यादा उद्योग संचालित हैं। बेहतर हवाई संपर्क से निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पर्यटन का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि हर साल करीब 20 लाख पर्यटक दमन आते हैं और सीधी उड़ान शुरू होने से यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। सरकार भविष्य में रनवे का विस्तार कर एयरबस A320 जैसे बड़े विमानों का संचालन शुरू करने और मुंबई, सूरत, अहमदाबाद तथा पटना जैसे शहरों से भी हवाई संपर्क बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है।उन्होंने कहा कि दमन का मत्स्य उद्योग, समुद्री उत्पाद और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र भी इस हवाई संपर्क से लाभान्वित होंगे, क्योंकि अब इनके उत्पाद कम समय में देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाए जा सकेंगे।
मंत्री ने यह भी बताया कि संशोधित उड़ान (UDAN) योजना को अगले 10 वर्षों के लिए बढ़ाया गया है। इसके तहत 29,000 करोड़ रुपये के निवेश से देशभर में 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। कार्यक्रम में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि NAMO एयरपोर्ट क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए गेमचेंजर साबित होगा और आने वाले वर्षों में इसकी भूमिका और बढ़ेगी।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english