ब्रेकिंग न्यूज़

नितिन नवीन ने भाजपा संगठन, निर्वाचित प्रतिनिधियों और बंगाल सरकार के बीच समन्वय पर जोर दिया

कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल में पार्टी संगठन, निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत पर रविवार को जोर दिया। नवीन ने राज्य इकाई के हाल में किए गए पुनर्गठन के बाद उसके कामकाज की समीक्षा की।
   शुक्रवार को राज्य भाजपा में किए गए संगठनात्मक फेरबदल के बाद पश्चिम बंगाल के अपने पहले दौरे पर आए नवीन ने राज्य पदाधिकारियों, जिला नेताओं, सांसदों, विधायकों और अन्य पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक तंत्र को राज्य में उसकी सरकार के साथ समन्वित करना था। पार्टी सूत्रों ने बताया कि नवीन का संदेश स्पष्ट था कि संगठन के पदाधिकारियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच मतभेदों के कारण गतिविधियों के अलग-अलग केंद्र नहीं बनने चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी तंत्र को सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहिए, ताकि उसके कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जा सके। भाजपा की राज्य इकाई के नेता ने कहा, ''संगठन और निर्वाचित प्रतिनिधियों को करीबी समन्वय के साथ काम करना चाहिए और पार्टी तथा सरकार को एक-दूसरे का पूरक होना चाहिए।'' न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में संगठनात्मक समीक्षा बैठक के दौरान नवीन ने राज्य पदाधिकारियों, विभाग संयोजकों, राज्य मोर्चा अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और पार्टी के आईटी, मीडिया तथा सोशल मीडिया संचालन का काम संभालने वाले लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, राज्य भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल भी बैठक में मौजूद रहे और उन्होंने इसे संबोधित किया। भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ भी चर्चा की। इस दौरान निर्वाचित प्रतिनिधियों और संगठन के बीच समन्वय समेत कई मुद्दों पर बातचीत हुई। वह अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान बाद में राज्य कोर ग्रुप और वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
    पार्टी सूत्रों ने बताया कि हाल के महीनों में कोलकाता, उसके आसपास के क्षेत्रों और कुछ जिलों में ऐसे मामलों को लेकर चिंता जताई गई थी, जहां निर्वाचित प्रतिनिधियों और संगठन के नेताओं के बीच पर्याप्त समन्वय के बिना काम करने की धारणा बनी थी। भाजपा के राज्यसभा सदस्य राहुल सिन्हा ने कहा, ''राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल में नयी सरकार के पहले 150 दिनों में किए गए कार्यों का जायजा लिया। यह भाजपा सरकार के भविष्य के कामकाज के लिए गृहकार्य है।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत केंद्रीय नेतृत्व राज्य में किए जा रहे काम और भविष्य की योजनाओं पर नजर रख रहा है। सिन्हा ने कहा, ''मुझे लगता है कि यह बंगाल के लिए गौरवशाली दौर है।'' उन्होंने कहा कि भाजपा की ''डबल इंजन सरकार'' की अवधारणा का मतलब राज्य और केंद्र सरकारों के बीच समन्वय है। सूत्रों ने बताया कि नवीन ने इस बात पर भी जोर दिया कि संगठन को पिछले कुछ महीनों में नयी सरकार द्वारा किए गए कार्यों का सक्रिय रूप से प्रचार-प्रसार करना चाहिए। भाजपा की राज्य इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि ऐसी बैठकें यह दर्शाती हैं कि सरकार बनने के बाद भी संगठनात्मक गतिविधियां जारी हैं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english