ब्रेकिंग न्यूज़

बेहतरीन एक्ट्रेस होने के साथ कमाल की डांसर भी थी पद्मिनी
पुण्यतिथि पर विशेष 
  साउथ की मशहूर अभिनेत्री पद्मिनी  रामचंद्रन  को लोग भूले नहीं हैं। फिल्म जिस देश में गंगा बहती है और मेरा नाम जोकर में उनका अभिनय और डांस कमाल का था। इन दोनों फिल्मों का निर्माण राजकपूर ने किया था। राजकपूर की फिल्मों से सही मायने में उन्हें लोकप्रियता मिली , लेकिन कहा जाता है कि उन्हीं के कारण वे हिन्दी फिल्मों से दूर भी हुईं। 
पद्मिनी अपनी बहनों रागिनी व ललिता के साथ त्रावणकोर सिस्टर्स के नाम से मशहूर हुई। तीनों ही बहनें प्रशिक्षित भारतनाट्यम डांसर थीं। फिल्मों के अलावा उन्होंने कई स्टेज प्रोग्राम किए। वे कथकली और केरल नाट्यम स्टाइल में भी पारंगत थीं।  
 पद्मिनी का जन्म 12 जून 1932 को तिरुवनन्तपुरम में हुआ था। जिसे पहले त्रावणकोर कहते थे। इसी वजह से अपनी बड़ी बहन ललिता तथा छोटी बहन रागिनी के साथ इनकी नृत्य तिगड़ी त्रावणकोर सिस्टर्स (त्रावणकोर बहनें) के नाम से काफ़ी प्रसिद्ध हुई । पद्मिनी ने हिंदी के अलावा तेलुगु, तमिल, मलयालम फिल्मों में भी अभिनय किया। उन्होंने साल 1989 में एक फिल्म  मोहब्बत का पैगाम का निर्देशन भी किया। 
 साल 1948 में उनकी पहली हिंदी फिल्म  कल्पना  आई। इसके बाद पद्मिनी ने काजल, जिस देश में गंगा बहती है, मेरा नाम जोकर, आशिक, अफसाना, चंदा और बिजली, भाई-बहन, दर्द का रिश्ता, मस्ताना, रागिनी , अमरदीप, राजतिलक, परदेसी जैसी कई हिंदी फिल्मों में काम किया। 24 सितंबर, 2006 को तमिलनाडु में हार्टअटैक की वजह से 74 साल की उम्र में पद्मिनी ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अपने कॅरिअर में उन्होंने डांस और अभिनय के लिए कई पुरस्कार और सम्मान हासिल किए। जिस देश में गंगा बहती है, के लिए उन्हें 1960 में बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्म फेयर अवार्ड मिला।  1966 में फिल्म काजल के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला। 
 अभिनेत्री पद्मिनी रामचंद्रन दक्षिण की फिल्मों में काफी मशहूर रही।   हिंदी में पद्मिनी की कामयाबी का सिलसिला शुरू हुआ राज कपूर की फिल्म जिस देश में गंगा बहती है , से । फिल्म में उन्होंने बोल्ड किरदार निभाया था। फिल्म हिट रही और पद्मिनी को बॉलीवुड में एक नया आयाम मिला।  पद्मिनी ने राज कपूर के साथ फिल्म मेरा नाम जोकर में भी काम किया था।  इस फिल्म में भी  पद्मिनी ने बोल्ड सीन भी किए।  बतौर एक्ट्रेस पद्मिनी का करिअर आगे बढ़ रहा था, लेकिन कहा जाता है कि राज कपूर की निजी दिलचस्पी ने पद्मिनी के कॅरिअर पर ब्रेक लगा दिया।   कहा जाता है कि राज कपूर पद्मिनी को बाहर की फिल्मों में काम करने से मना करते थे। 
 पद्मिनी ने भी राज साहब की खुशी के लिए दूसरे बैनर की फिल्मों को स्वीकार करना बंद कर दिया।   कम ही लोगों को मालूम होगा कि फिल्म मदर इंडिया का प्रस्ताव पहले पद्मिनी को ही मिला था, लेकिन उन्होंने फिल्म में काम करने से इंकार कर दिया। जल्द ही  पद्मिनी को भी  अहसास हो गया कि राजकपूर के साथ उनके रिश्ते का कोई भविष्य नहीं है। इसलिए उन्होंने यूएस के एक डॉक्टर रामचंद्रन से शादी कर सिनेमा जगत और भारत देश को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।  पद्मिनी ने राजकपूर, एम जी रामचंद्रन, शिवाजी गणेशन, राजकुमार, प्रेम नासिर , शम्मी कपूर, एस. एस. राजेन्द्रन और देवानन्द जैसे मशहूर अभिनेताओं के साथ काम किया।  पद्मिनी ने सबसे अधिक 59 फिल्में शिवाजी गणेशन के साथ की।  पद्मिनी ने अपने कॅरिअर में ज्यादातर तमिल फिल्में ही कीं।   
 
 
 अमरीका के फिजिशियन रामचंद्रन से शादी करने के बाद वे  न्यूजर्सी में बस गईं। उनका एक बेटा  है प्रेमनाथ रामचंद्रन।  शादी के 16 साल के बाद  पद्मिनी ने न्यूजर्सी में एक डांस स्कूल खोला  पद्मिनी स्कूल ऑफ फाइन ऑट्र्स। आज उनका यह स्कूल अमरीका के सबसे बड़े भारतीय क्लासिकल डांस इंस्टीट्यूट में से एक है। (छत्तीसगढ़आजडॉटकॉम विशेष)
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english