एम्स कॉर्निया के रोग से पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए मोबाइल ऐप विकसित कर रहा है
नई दिल्ली। नई दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स कॉर्निया के रोग से पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए एक मोबाइल ऐप विकसित कर रहा है। इस रोग से व्यक्ति में अंधापन आ सकता है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में एम्स में डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद नेत्र रोग संस्थान के प्रमुख डॉक्टर जे. एस. टिटियाल ने कहा है कि इस ऐप के माध्यम से कॉर्निया प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा कर रहे मरीज और जिनका कॉर्निया प्रत्यारोपण हुआ है, वे डॉक्टरों से सलाह ले सकते हैं। डॉक्टर टिटियाल ने कहा कि इस ऐप से नजदीकी नेत्र अस्पतालों को भी जोड़ा जाएगा। इस ऐप से आंखों से संबंधित किसी भी रोग का इलाज करा रहे मरीजों को आवश्यकतानुसार सलाह दी जा सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि ऐप को छह महीने में शुरू कर दिया जाएगा।
डॉक्टर जे. एस. टिटियाल ने बताया कि डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद संस्थान का राष्ट्रीय नेत्र बैंक कॉर्निया प्रत्यारोपण के बारे में जागरूकता बढ़ाने और नेत्रदान बढ़ाने के लिए देश भर में 37 वां नेत्रदान पखवाड़ा मना रहा है। डॉक्टर टिटियाल ने कार्निया प्रत्यारोपण की मांग को पूरा करने के लिए अधिक से अधिक नेत्रदान करने पर भी बल दिया। उन्होंने बताया कि देश में एक वर्ष में करीब एक लाख कार्निया प्रत्यारोपण की जरूरत है। इस समय केवल 35 हजार से 40 हजार तक ही प्रत्यारोपण हो पाते हैं।

.jpg)





.jpg)
.jpg)

Leave A Comment