राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2025 तक देश से टी.बी. उन्मूलन के मिशन को फिर से मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि जन भागीदारी, देश से टीबी रोग के उन्मूलन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने देश से 2025 तक टीबी उन्मूलन के मिशन पर पुन: बल देने के लिए प्रधानमंत्री टी बी मुक्त भारत अभियान का .शुक्रवार को वर्चुअली शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने नि-क्षय 2.0 पहल की भी शुरूआत की। नि-क्षय वेबपोर्टल है जो उपचाराधीन टीबी मरीजों को विभिन्न प्रकार का समर्थन उपलब्ध कराने के इच्छुक दानदाताओं के लिए मंच है।
राष्ट्रपति ने कहा कि विश्व की सबसे बडी आयुष्मान भारत योजना के तहत टी बी के उन्मूलन की दिशा में कार्य करने के लिए आरोग्य केंद्रों को विशेष रूप से तैयार किया गया है। टी बी पर नियंत्रण पाने के लिए नए भारत की प्रतिबद्धता पर बल देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि कोविड महामारी से निपटने के भारत के प्रयास इस मामले में देश की गंभीरता का प्रमाण है। उन्होंने टी बी के उन्मूलन की सफलता में जनप्रतिनिधियों की भूमिका के महत्व पर बल दिया। सदियों पुरानी कहावत - बचाव ही बेहतर उपचार है, को स्मरण करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि जल्द ही टी बी से बचाव का कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से कहा कि बिना संकोच के टी बी का जल्दी पता लगाने और इसका उन्मूलन करने में सहायता के लिए आगे आएं। राष्ट्रपति ने कहा कि लोगों को आसानी से सूचना उपलब्ध कराने के लिए नि-क्षय पोर्टल को उन्नत बनाया गया है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ० मनसुख मांडविया ने 2030 के सतत विकास लक्ष्य से पांच वर्ष पहले देश से टीबी समाप्त करने के प्रधानमंत्री के आहवान को दोहराया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से भारत, टी बी को हराएगा। नि-क्षय मित्र पहल टी बी की बीमारी को समाप्त करने के लिए सामुदायिक समर्थन जुटाने की परिकल्पना पर आधारित है। नि-क्षय मित्र बनने के लिए मार्गदर्शक को www.nikshay.in या www.tbcindia.gov.in. पर पंजीकरण कराना होगा। नि-क्षय मित्र पौष्टिक नैदानिक, व्यवसायिक और अतिरिक्त पोषण, अनुपूरक समर्थन चुन सकते हैं। वे एक वर्ष से तीन वर्ष की अवधि तक समर्थन करने का विकल्प चुन सकते हैं। उन्हें राज्य, जिला, ब्लॉक या स्वास्थ्य केंद्र का भी विकल्प चुनना होगा। जिला टी बी अधिकारी नि-क्षय मित्र बनने की प्रक्रिया सुगम बनाएंगे।







.jpg)
.jpg)

Leave A Comment