तूफान सित्रांग भीषण चक्रवात का रूप लेगा
नई दिल्ली । उत्तर-पश्चिम दिशा और निकटवर्ती बंगाल की खाड़ी के मध्य में चक्रवात सित्रांग उत्तर-उत्तर-पूर्वी दिशा की ओर बढ़ गया है और अब यह बंगाल की खाड़ी के उत्तर में केंद्रित है। मौसम विभाग का कहना है कि इसके उत्तरी-उत्तर-पूर्वी दिशा में आगे बढ़ते रहने और अगले छह घंटों के दौरान भीषण चक्रवात का रूप लेने की संभावना है। कल तड़के इसके तिनकोना द्वीप और बरिसाल के निकट सनद्वीप के बीच बांग्लादेश तट को पार कर जाने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज उत्तरी तटवर्ती ओडिशा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। भद्रक और बालेश्वर ज़िलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के तटवर्ती ज़िलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। दक्षिण असम, मेघालय, मिज़ोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
कल सुबह तक बंगाल की खाड़ी के उत्तर में और बांग्लादेश के तट पर 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार धीरे-धीरे कम होकर पचास से साठ-सत्तर किलोमीटर प्रति घंटा हो जाएगी। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गयी है।
Leave A Comment