बांग्लादेश के तटीय क्षेत्र से टकराया सितरंग...चार 4 राज्यों में तूफान का रेड अलर्ट...!
नई दिल्ली। बांग्लादेश के तटीय क्षेत्र से टकराने के बाद साइक्लोन सितरंग ने भारत में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट का मतलब है इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक सितरंग आज शाम भारत में एंट्री करेगा। उधर, त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर, और नागालैंड में 100 से 110 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल रही हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल, ओडि़शा और असम के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है। मंगलवार को गुवाहाटी में बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। इससे पहले सोमवार को सितरंग ने बांग्लादेश में भारी तबाही मचाई। साइक्लोन के कारण वहां 11 लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक बरगुना, नारेल, सिराजगंज और द्वीपीय जिले भोला से मौतों की सूचना मिली है।
7 राज्यों में अलर्ट
इससे पहले मौसम विभाग ने 7 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया था। जिन सात राज्यों को हाई अलर्ट पर रखा गया है उनमें त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर, पश्चिम बंगाल और नागालैंड शामिल हैं। इसके अलावा ओडिशा में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को सितरंग का सबसे ज्यादा असर सुंदरबन और पूर्वी मिदनापुर के तटीय इलाकों पर पडऩे की संभावना है।
Leave A Comment