36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता: केंद्रीय विद्यालयों के विजेताओं को 25 जून को मिलेगा सम्मान
नई दिल्ली। 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता (2025-26) के लिए केंद्रीय विद्यालयों का पुरस्कार वितरण समारोह 25 जून को संसद भवन परिसर स्थित संसद पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। समारोह दोपहर 3 बजे से शुरू होगा।केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और विजेता विद्यार्थियों एवं केंद्रीय विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय, राष्ट्रपति एस्टेट, नई दिल्ली के छात्र राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अपनी युवा संसद की प्रस्तुति दोबारा मंचित करेंगे।संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 38 वर्षों से केंद्रीय विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। वर्ष 2025-26 में आयोजित 36वीं प्रतियोगिता में देशभर के केंद्रीय विद्यालय संगठन के 25 क्षेत्रों के 200 विद्यालयों ने भाग लिया।
युवा संसद योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्म-अनुशासन, विभिन्न विचारों के प्रति सहिष्णुता, लोकतांत्रिक मूल्यों, प्रभावी अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता तथा वाद-विवाद कौशल का विकास करना है। इसके माध्यम से छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली और संसदीय प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी जाती है।राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय, राष्ट्रपति एस्टेट, नई दिल्ली को प्रतिष्ठित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल रनिंग पार्लियामेंटरी शील्ड’ और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा पश्चिम, दक्षिण, मध्य और पूर्व जोन के विजेता विद्यालयों को भी जोनल ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। वहीं विभिन्न क्षेत्रों के 20 केंद्रीय विद्यालयों को क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।







.jpg)

Leave A Comment