राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं, बताया मजबूत भारत का अहम स्तंभ
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए शुभेच्छाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत को मजबूत, सुरक्षित और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनकी गहरी समझ प्रशंसनीय है। प्रधानमंत्री ने उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राजनाथ सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं, केंद्रीय आवास एवं शहरी मामले तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने उन्हें भाजपा परिवार का वरिष्ठ सदस्य और लोकप्रिय जननेता बताते हुए शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजनाथ सिंह को प्रखर वक्ता और जनप्रिय राजनेता बताते हुए कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और यशस्वी जीवन की कामना की।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजनाथ सिंह का नेतृत्व राष्ट्र की सुरक्षा, सामर्थ्य और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में प्रेरणादायी रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उनके श्रेष्ठ स्वास्थ्य और कीर्तिमय जीवन की कामना की। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और संकल्प से भारत का रक्षा क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार सशक्त हो रहा है। उन्होंने स्वदेशी रक्षा उत्पादन और सैन्य आधुनिकीकरण में राजनाथ सिंह के योगदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया।










Leave A Comment