ब्रेकिंग न्यूज़

युवक के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला, तीन घंटे की जटिल सर्जरी के बाद निकाला गया हथियार

कोटा। राजस्थान के बारां जिले में सो रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में कुल्हाड़ी का धारदार हिस्सा उसके सिर में गहराई तक धंस गया, जिसे रविवार को कोटा के एक अस्पताल में तीन घंटे से अधिक समय तक चली जटिल सर्जरी के बाद निकाला गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बारां जिले के भंवरगढ़ थाना क्षेत्र निवासी 30-वर्षीय रामजीलाल सहरिया पर 11-12 जुलाई की दरमियानी रात उस समय हमला किया गया, जब वह अपने घर में पत्नी ममता और बेटी के साथ सो रहे थे। पुलिस ने बताया कि कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी रात करीब दो बजे जगीं। उन्होंने देखा कि रामजीलाल फर्श पर खून से लथपथ पड़े हैं और उनके सिर के बाईं ओर कुल्हाड़ी का धारदार हिस्सा गहराई तक धंसा हुआ है। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत भंवरगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें बारां जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोटा भेज दिया गया। रविवार सुबह करीब पांच बजे परिजन उन्हें न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) लेकर पहुंचे। उस समय कुल्हाड़ी का हिस्सा उनके सिर में धंसा हुआ था। एनएमसीएच के न्यूरोसर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. एस. एन. गौतम ने बताया कि मरीज को अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। कुल्हाड़ी का धारदार हिस्सा सिर में करीब 2.5 सेंटीमीटर तक धंसा हुआ था। उनका रक्तचाप बहुत कम था और काफी मात्रा में रक्त बह चुका था। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन से पहले मरीज की स्थिति और रक्तचाप को स्थिर किया गया तथा चोट की गंभीरता का आकलन करने के लिए आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गई। हालांकि, सिर में धंसी कुल्हाड़ी के कारण सीटी स्कैन करना भी काफी चुनौतीपूर्ण था।
 डॉ. गौतम ने बताया कि अपराह्न करीब तीन बजे चिकित्सकों की टीम ने सर्जरी शुरू की, जो तीन घंटे से अधिक समय तक चली। इस दौरान कुल्हाड़ी के धारदार हिस्से को अत्यंत सावधानी से निकाला गया, ताकि मस्तिष्क की कोशिकाओं को न्यूनतम नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि मरीज की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और खतरा टला नहीं है। अगले आठ से दस दिन उसकी सेहत के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे। इस बीच, भंवरगढ़ के क्षेत्राधिकारी गोपीचंद आर्य ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता है। उस पर हुए इस जानलेवा हमले के पीछे की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english