साड़ी नहीं लाने पर पति की हत्या करने के आरोप में महिला गिरफ्तार
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में साड़ी नहीं लाने को लेकर हुए घरेलू विवाद के बाद प्रेशर कुकर के ढक्कन से अपने पति की कथित तौर पर पिटाई करने और गला दबाकर उसकी हत्या करने के आरोप में 30 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली आरोपी सुनीता देवी हरेराम सिंह को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने शुरुआत में मौत को दुर्घटना बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित हरेराम किशुनजी सिंह (35) 19 जुलाई को बदलापुर पूर्व स्थित अपने घर पर थे, तभी साड़ी नहीं लाने को लेकर दंपति के बीच विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि गुस्से में आकर आरोपी महिला ने प्रेशर कुकर के ढक्कन से पति पर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पत्नी के बयान के आधार पर शुरुआत में दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की गई थी, लेकिन सरकारी अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट ने मामले को पूरी तरह से जांच का विषय बना दिया। बदलापुर पूर्व थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन पाटिल ने कहा, ''मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि गला दबाने के कारण दम घुटने से हुई थी। इसके बाद मृतक के परिजनों और मकान मालिक से पूछताछ में पत्नी पर संदेह हुआ।'' उन्होंने बताया कि स्थानीय अदालत ने मंगलवार को आरोपी सुनीतादेवी को 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।










Leave A Comment