असम में बाढ़ से 10.6 लाख से अधिक लोग प्रभावित
नई दिल्ली। असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में अब तक 10.6 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों तक राहत और पुनर्वास सहायता पहुंचाने के लिए 24 घंटे काम कर रही है तथा भोजन, पीने का पानी, दवाइयों और अन्य जरूरी वस्तुओं की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि राज्य के कई जिलों में बाढ़ का असर जारी है और इस आपदा में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए 24 घंटे काम कर रही है। जल्द ही इस मुद्दे पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करूंगा और आगे की जानकारी साझा करूंगा।”
मुख्यमंत्री द्वारा साझा किए गए ताजा बाढ़ बुलेटिन के अनुसार, 29 अप्रैल से 23 जुलाई के बीच राज्य के 25 जिलों में 10,63,216 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से 77 राजस्व सर्किल और 2,023 गांव प्रभावित हुए हैं। प्रभावित लोगों के लिए 162 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां 41,264 लोग रह रहे हैं। इसके अलावा, सहायता वितरण के लिए 1,072 राहत केंद्र स्थापित किए गए हैं।
सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ से अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें चराइदेव में 10, शिवसागर में 21, जोरहाट में 8, धेमाजी में 3, कार्बी आंगलोंग में 2, गोलाघाट में 2 और सोनितपुर में 1 व्यक्ति की जान गई है। वहीं, 8 लोग अब भी लापता हैं, जिनमें 6 शिवसागर, 1 धेमाजी और 1 चराइदेव से हैं। बाढ़ के कारण 401 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 1,856 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 28,912 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है और राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि वह जल्द ही एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में बाढ़ की मौजूदा स्थिति के साथ राहत और बचाव कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।









.jpg)
Leave A Comment