विक्रम-1 लॉन्च से हर देशवासी गौरव से भरा हुआ है : पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में विक्रम-1 के सफल लॉन्च के बारे में बात की। उन्होंने कहा विक्रम-1 लॉन्च से हर देशवासी गौरवान्वित हुआ। हम सभी भारतीय स्पेस सेक्टर के इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। पीएम मोदी ने कहा कि ये प्राइवेट सेक्टर द्वारा विकसित भारत का पहला रॉकेट है। उन्होंने कहा कि देश के युवा इनोवेटर्स ने वो कर दिखाया, जिसकी कल्पना तक मुश्किल थी। पीएम मोदी ने युवाओं के कौशल, जुनून और धैर्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक हमारा स्पेस सेक्टर निजी क्षेत्र के लिए बंद रहा था। इस सेक्टर में रुचि रखने वाले काफी युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिल पा रहा था। युवा हित को देखते हुए हमने स्पेस सेक्टर को को निजी क्षेत्र के लिए खोला। आज इसका परिणाम दुनिया देख रही है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे युवा साथी विज्ञान में भी भारत का मस्तक ऊंचा कर रहे हैं। विज्ञान ओलंपियाड (Science Olympiads) दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगितायों में से एक हैं। इनमें बड़ी संख्या में छात्र हिस्सा लेते हैं। मन की बात में उन्होंने आगे कहा कि इसी महीने फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और गणित का ओलंपियाड हुआ। इन प्रतियोगिताओं में भारतीय दल शानदार प्रदर्शन कर रहा है। फिजिक्स ओलंपियाड में हमारे सभी पांच छात्रों ने गोल्ड मेडल जीता और भारत ने पहली रैंक हासिल की। पिछले एक दशक में हर फिजिक्स ओलंपियाड में हमारे देश के छात्रों ने गोल्ड या सिल्वर मेडल जरूर जीते हैं। केमिस्ट्री ओलंपियाड में भी हमारे सभी छात्रों ने गोल्ड मेडल जीते। ये अब तक की बेस्ट परफॉर्मेंस रही है। पीएम मोदी ने बताया कि बायोलॉजी ओलंपियाड में भी हमारे सभी छात्रों ने मेडल जीते, इनमें एक गोल्ड मेडल भी शामिल है। वहीं, गणित ओलंपियाड में हमारे छात्रों ने दो स्वर्ण और चार रजत पदक अपने नाम किये। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे देश की युवा शक्ति पर बहुत गर्व है। यह देखकर खुशी होती है कि भारत में ओलंपियाड और हैकथॉन की संस्कृति लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा की मुझे विश्वास है कि देश के बारे में अधिक से अधिक युवा ऐसे मंचों पर अपनी रुचि दिखाएंगे और भारत का परचम भी लहराएंगे।









.jpg)
Leave A Comment