दिल्ली में ‘विद्या वाहिनी’ योजना की शुरुआत, सीएम रेखा गुप्ता ने 3,000 से अधिक छात्राओं को बांटी साइकिलें
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ‘विद्या वाहिनी’ योजना की शुरुआत करते हुए विभिन्न सरकारी स्कूलों की 9वीं कक्षा की 3,000 से अधिक छात्राओं को मुफ्त साइकिलें वितरित कीं। पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली करीब 1.40 लाख छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से मुफ्त साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम नारी शक्ति का उत्सव है और शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक बेटी को सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास और लगन के साथ पढ़ाई कर अपने लक्ष्यों को हासिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाई पेंटिंग भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत’ के विजन में महिला-नेतृत्व वाले विकास को केंद्र में रखा है और शिक्षा को महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम बताया है। उन्होंने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ योजना इसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से छात्राओं का स्कूल आने-जाने का सफर सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। इससे समय की बचत होगी, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, स्कूल छोड़ने की संभावना कम होगी और अभिभावकों की रोजमर्रा की चिंताएं भी घटेंगी।रेखा गुप्ता ने कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आजादी, आत्मविश्वास, सम्मान, आत्मनिर्भरता और अवसर का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का जिम्मेदारी से उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ योजना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दिल्ली की कमान एक महिला मुख्यमंत्री के हाथों में है, जो यह सुनिश्चित कर रही हैं कि लड़कियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पटपड़गंज के विधायक रविंदर सिंह नेगी, शिक्षा एवं खेल निदेशक नितिन जिंदल, शिक्षक तथा अभिभावक भी उपस्थित रहे।
Leave A Comment