कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 4.43 करोड़ कांवड़िए गंगा जल लेकर लौटे घर
देहरादून. दुनिया की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक कांवड़ यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी है जहां सोमवार शाम तक करीब 4.43 करोड़ कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घरों को लौट चुके हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अकेले सोमवार को 63.60 लाख कांवड़ियों ने हरिद्वार पहुंचकर गंगा जल लिया।
सावन माह की शुरूआत के साथ 30 जुलाई को इस वर्ष की कांवड़ यात्रा की शुरूआत हुई थी और इसका समापन 11 अगस्त को होगा। हर साल करीब 15 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से शिवभक्त हरिद्वार पहुंचते हैं और गंगाजल लेकर अपने-अपने घरों को लौटते हैं जहां शिवरात्रि के दिन वे शिवालयों में भगवान शिव का गंगा जल से अभिषेक करते हैं। कांवड़िए पैदल यात्रा करते हुए सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय करते हैं और पवित्र जल को सजाई गई कांवड़ में लेकर जाते हैं। यात्रा के विशाल स्वरूप को देखते हुए उत्तराखंड प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, विश्राम स्थलों और यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में कांवड़ियों की आवाजाही को सामान्य यातायात से अलग रखने के लिए बड़े पैमाने पर यातायात के मार्ग में परिवर्तन और प्रतिबंध लागू किए गए हैं।









Leave A Comment