ब्रेकिंग न्यूज़

यूएन महासचिव गुटेरेस समेत कई विदेशी मेहमान पहुंचे भारत, ब्रिक्स सम्मेलन में वैश्विक सहयोग पर होगी चर्चा

 नई दिल्ली। भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि गुटेरेस की यात्रा बहुपक्षवाद, संवाद और वैश्विक सहयोग के प्रति ब्रिक्स देशों की साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करती है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर गुटेरेस के भारत पहुंचने की जानकारी साझा की। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक के अनुसार, यात्रा के दौरान गुटेरेस की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने की उम्मीद है। यह 2026 में गुटेरेस की भारत की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह फरवरी में नई दिल्ली में आयोजित इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल हुए थे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के रूप में यह भारत का उनका पांचवां दौरा है।

 गुटेरेस का मौजूदा कार्यकाल अब अंतिम चार महीनों में है। ऐसे में ब्रिक्स सम्मेलन उनके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ महासचिव के रूप में मुलाकात के अंतिम अवसरों में से एक हो सकता है। पुतिन और शी इस महीने के अंत में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा की वार्षिक उच्चस्तरीय बैठक में शामिल नहीं होंगे, जबकि दोनों ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।
 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा भी शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लंबे समय से मजबूत और दोस्ताना संबंध हैं, जो रणनीतिक साझेदारी पर आधारित हैं। दोनों देश ग्लोबल साउथ के हितों और विकास के लिए मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हैं। उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन भी नई दिल्ली पहुंचे। वह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ‘कम्युनिटी ऑफ लैटिन अमेरिकन एंड कैरिबियन स्टेट्स’ (सेलाक) का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और सेलाक व्यापार बढ़ाने, तकनीकी ज्ञान एवं नवाचार साझा करने और ग्लोबल साउथ के देशों के बीच साझेदारी मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
 युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो का भी नई दिल्ली में स्वागत किया गया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और युगांडा के बीच साझा इतिहास और द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय स्तरों पर बढ़ती साझेदारी के आधार पर गर्मजोशी भरे और दोस्ताना संबंध हैं।
 भारत की अध्यक्षता में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ साझेदार और आउटरीच आमंत्रित देशों के नेता भी हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन के दौरान वैश्विक चुनौतियों, बहुपक्षीय सहयोग और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english