प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन में दीपोत्सव में शामिल होंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
भोपाल. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उज्जैन में 17 सितंबर को आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस आयोजन के मद्देनजर भाजपा ने शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में करीब 25 लाख दीप जलाए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में जल, थल और नभ में भारत का परचम लहरा रहा है, तो वहीं समाज के हर वर्ग के उत्थान में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा, "नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को सारा देश सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाता है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में विकास का दीप जलाने एवं अभियान का आरम्भ करने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 सितंबर को मध्यप्रदेश पधार रहे हैं।" यादव ने कहा, "विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष का मध्यप्रदेश में आत्मीय स्वागत करता हूं।" भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद नवीन पहली बार मध्यप्रदेश आ रहे हैं।
नवीन का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब 19 सितंबर को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करने आ रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि जब से राहुल गांधी का इंदौर में कार्यक्रम तय हुआ है तभी से भाजपा उसे बाधित करने का कोई ना कोई प्रयास कर रही है लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा, भले नितिन नवीन आएं या कोई और। भाजपा ने एक बयान में कहा कि नितिन नवीन 17 सितंबर को दोपहर इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर हवाई अड्डा पहुंचेंगे और स्थानीय गांधी नगर मैदान में ग्रामीण आबादी को जमीन का मालिकाना हक देने वाली स्वामित्व योजना के तहत निशुल्क रजिस्ट्री वितरण की शुरूआत करेंगे। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत नवीन उज्जैन के रामघाट पर शिप्रा आरती और 'आशीर्वाद का दीया' नाम से आयोजित दीपोत्सव में भाग लेंगे। पार्टी के मुताबिक, नवीन रामघाट पर आयोजित भजन संध्या में भी शामिल होंगे और अगले दिन और अगले दिन 18 सितंबर को प्रातः श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे। भाजपा अध्यक्ष इसके बाद इंदौर हवाई अड्डा पहुंचेंगे और वहां से पंजाब के लिए रवाना हो जाएंगे।
भाजपा ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रमों की घोषणा की है, जिनमें प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उज्जैन में बड़ा दीपोत्सव कार्यक्रम भी शामिल है। राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले भाजपा अध्यक्ष के मध्यप्रदेश दौरे पर आने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रभारी मुकेश नायक ने 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में कहा कि इंदौर ऐसा शहर है जो सभी का स्वागत करता है। उन्होंने कहा, "लेकिन इंदौर में जब दूषित पानी से 35 लोगों की मौत हो गई तब राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित भाजपा का कोई अन्य बडा़ नेता क्यों नहीं आया।" नायक ने कहा कि चाहे कोई भी आए, राहुल गांधी के कार्यक्रम के स्वरूप पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
उन्होंने दावा किया, "राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह है और यह अब तक हुए 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रमों में सबसे सफल साबित होगा।" कांग्रेस ने शुरुआत में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के आयोजन के लिए शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी थी लेकिन मंजूरी नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम की तारीख 12 सितंबर से बदलकर 19 सितंबर कर दी गई।











Leave A Comment