एक ही घर में बारात लेकर पहुंचे सात दूल्हे! वहां लटका मिला ताला, जांच में सामने आया यह सच
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को अजीबो-गरीब मामला आया। भोपाल के कोलार थाने में एक दो नहीं पूरे सात दूल्हे अपनी शिकायत लेकर जमा हुए थे, जिनकी शिकायत थी कि जब हम बारात लेकर यहां पहुंचे, तो न तो दुल्हन, न घरवाले और न ही शादी कराने वाले। इन दूल्हों की शिकायत पर कोलार पुलिस ने ठगी करने वाली संस्था के संचालकों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। संस्था ने इन सभी से शादी कराने के 20-20 हजार रुपये लिए थे।
पुलिस ने बताया कि शादी करवाने का झांसा देकर युवकों से लाखों की ठगी करने के आरोप में एक संस्था के संचालकों पर कोलार पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। संस्था पर आरोप है कि गरीब लड़कियों को अच्छा रिश्ता दिलाने के बहाने लड़कों को दिखाया जाता था। इन्हीं लड़कियों को दिखाकर वर पक्ष से 20-20 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन के नाम पर वसूले जाते थे। बाद में लड़कियों से कहते थे कि लड़के ने शादी से मना कर दिया। तय तारीख पर जब लड़का बारात लेकर बताए ठिकाने पर पहुंचता तो यहां ताला लगा मिलता।
जानकारी के मुताबिक मेहगांव, भिंड निवासी 35 वर्षीय केशव बघेल गुरुवार को बारात लेकर आए, तो शादी वाले घर पर ताला लगा मिला। यहां न तो दुल्हन थी और न परिवार वाले। टीआई चंद्रभान पटेल के मुताबिक, शादी तय कराने वाली संस्था के दफ्तर पर भी ताला था। परेशान होकर केशव कोलार थाने पहुंचे, तो यहां पहले से छह दूल्हे और उनके परिजन अपनी-अपनी शिकायत दर्ज करवा रहे थे।
ऐसे तय हुआ नकली रिश्ता
पुलिस के अनुसार पीडि़तों की शिकायत में बताया गया कि केशव के बहनोई जगदीश तीन महीने पहले भिंड गए थे। बस स्टैंड पर उन्हें एक संस्था का पर्चा मिला। इसमें चार लोगों के नाम और नंबर दिए गए थे। पर्चे में दावा किया गया था कि संस्था गरीब बच्चियों की शादी कराती है। पर्चे पर दिए नंबर पर बात करने पर एक महिला ने कॉल रिसीव किया। उसने रिश्ते के लिए संस्था के ऑफिस बुलाया। जगदीश ने बताया कि 16 जनवरी की दोपहर वे ऑफिस पहुंचे। उन्हें 25 वर्षीय लड़की दिखाई गई। इसके बाद रिश्ता तय हो गया था। आरोप है कि संस्था ने शादी कराने के नाम पर 20 हजार रुपये लिए थे।
बारात लेकर पहुंचे, तो मिला सन्नाटा
केशव ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि जब कोलार में बताए पते पर पहुंचा, तो वहां ताला लगा मिला। उन्होंने कॉल किया, लेकिन सभी के फोन बंद थे। इस संबंध में शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचने पर छह दूल्हे शिकायत करते मिले। दूल्हों में दो आगरा, एक शिवपुरी और एक भिंड का था। शेष दूल्हे बिना शिकायत करे ही वापस चले गए।
--File photo






.jpg)

.jpg)
.jpg)
Leave A Comment