लगातार एसिडिटी होना क्यों नहीं है सही?
कई लोगों को लगातार एसिडिटी की दिक्कत बनी रहती है। आमतौर पर एसिडिटी को लोग कई तरह की समस्याओं से जोड़कर देखते हैं, जैसे रात को अच्छी नींद न होना, रात को सोने से पहले तली-भुनी चीजों का सेवन कर लेना आदि। क्या आप जानते हैं कि कभी-कभी यह किसी गंभीर बीमारी का लक्षण भी हो सकता है। इसलिए, जरूरी है कि आप इसे इग्नोर न करें, बल्कि यह क्यों हो रहा है, इसके कारणों को जानने की कोशिश करें।
लगातार एसिडिटी होने के कारण-
1. गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स रोग (जीईआरडी)
यह एक तरह का पाचन विकार है, जिसमें पेट का एसिड भोजन नली में वापिस लौट आता है। इसी वजह से पेट या सीने में जलन की समस्या बनी रहती है। कई बार जब एसिड वापिस ईसोफेगस की ओर लौटता है, तो इसकी वजह से अजीब गंध और स्वाद भी महसूस होती है। इसके मुख्य लक्षणों की बात करें, तो खाना न पचना, खाना निगलने में दिक्कतें और बार-बार उल्टी जैसा महसूस होना शामिल है।
2. क्रॉनिक किडनी डिजीज
विशेषज्ञों की मानें, तो क्रॉनिक किडनी डिजीज शरीर में एसिड की मात्रा को बढ़ा देते हैं। ऐसे में शरीर में एसिडोसिस जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि किडनी शरीर से टॉक्सिन्स और एसिड को सही तरह से बाहर नहीं निकाल पा रही है। कहने की जरूरत नहीं है कि एसिड की मात्रा शरीर में बढ़ने से सीने में जलन होने लगती है और उल्टी-मतली जैसी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं।
3. पेप्टिक अल्सर
इस बीमारी में पेट या छोटी आंत की परत में दर्दनाक घाव या छाले हो जाते हैं। ये असल में, पेट में एसिड और डाइजेशन जूस से बनते हैं। आपको बता दें कि ये बीमारी घातक है। यह बैक्टीरिया के कारण हो सकता है। इस तरह की बीमारी होने पर पेट के ऊपरी हिस्से में जलन और दर्द हो सकता है, खाने के तुरंत बाद दर्द होने लगता है। हालांकि, कभी-कभी इस बीमारी के लक्षण नजर नहीं भी आते हैं। इसलिए, आपको इस ओर विशेष ध्यान देना चाहिए।
4. अपच
जैसा कि शब्द से ही स्पष्ट है कि खाने की चीजें न पचने के कारण यह समस्या होती है। "अपच वजह से पेट के ऊपरी हिस्से में जलन, दर्द और बेचैनी महसूस हो सकती है। असल में अपच एक आम समस्या है। जब पाचन प्रक्रिया सही से काम न करे, तभी यह समस्या देखने को मिलती है। यह अक्सर भोजन की खराब आदतें, जैसे जल्दी खाना या मसालेदार चीजों का अधिक सेवन करने से होती हैं।"
5. गॉलस्टोन
आपको यह जानकर हैरानी हो सकती है कि पित्ताशय की पथरी के कारण भी एसिडिटी की समस्या हो सकती है। असल में पथरी की वजह से पित्त की नलिकाएं ब्लॉक हो जाती हैं। ऐसे में पाचन प्रक्रिया बाधित होती है। नतीजतन, पेट में भारीपन महसूस होना, गैस बनना और अपच की समस्या जैसे लक्षण नजर आने लगते हैं। यहां तक कि एसिडटी और सूजन जैसे संकेत भी मरीज में दिखने लगते हैं।
निष्कर्ष
सीने या पेट में जलन हो, तो सबसे पहले अपने खानपान की आदतों पर गौर किया जा सकता है। हां, अगर आपको यह समस्या अक्सर होती है, तो बेहतर है कि आप इसे इग्नोर न करें। यह गॉलस्टोन जैसी गंभीर बीमारी का लक्षण भी हो सकता है। अगर डाइट और लाइफस्टाइल में बदलाव करने के बाद भी आप नोटिस करें कि आपकी एसिडिटी कम नहीं हो रही है, तो बेहतर है कि आप डॉक्टर से संपर्क करें अपनी जांच करवाएं।



.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
Leave A Comment