कड़ाके की सर्दी से ठिठुरा उत्तर भारत
नई दिल्ली। देश की राजधानी सहित पूरा उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। दिल्ली में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। आज राजधानी में इस साल का सबसे ठंडा दिन है और न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री पर पहुंच गया है। दिल्ली में दिसंबर की ठंड कई रिकॉर्ड तोड़ रही है। सर्दी का आलम यह है कि 118 साल बाद ऐसा हो सकता है कि दिसंबर के महीने में दिल्ली में सबसे ज्यादा सर्दी पड़ी हो। 1901 के बाद दूसरी बार राज्य में सबसे तेज सर्दी पडऩे जैसे हालात बनने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में साल के आखिरी दिन 31 दिसंबर को तापमान में और भी गिरावट दर्ज हो सकती है। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा था, जबकि अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री मापा गया था जो कि सामान्य से 7 डिग्री कम रहा। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई राज्यों में तेज ठंड पड़ेगी। इसमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के साथ राजस्थान यूपी भी शामिल हैं। इन राज्यों में अगले 2 दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। इसके अलावा उत्तरपूर्वी राज्यों में अगले 4 से 5 दिनों तक तक ऐसे हालात रह सकते हैं।
नए साल में हिल स्टेशनों पर भारी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 जनवरी तक हिल स्टेशनों में जमकर बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही पहाड़ी इलाकों में भी बर्फबारी की आशंका जताई जा रही है। राजस्थान के फतेहपुर में रात का तापमान 0 से 3 डिग्री के बीच और सीकर में 0 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। कई इलाकों में रात का तापमान एक डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
हिमाचल, कश्मीर में हालत खराब
हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में भी जमकर ठंड पड़ रही है। बर्फबारी होने की वजह से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। बता दें कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से नजदीकी मैदानी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पडऩे लगी है। जो नए साल में भी जारी रहेगी।
---
Leave A Comment