काबुल से 168 लोगों को लेकर वायुसेना का विशेष विमान हिंडन हवाई अड्डे पहुंचा
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना की एक विशेष उड़ान से 107 भारतीय नागरिकों सहित 168 लोग आज काबुल से गाजियाबाद के हिंडन हवाई अड्डे पर पहुंच गए। इस उड़ान के जरिए भारत सुरक्षित लाए गए अफगानिस्तान के संसद सदस्य नरिन्दर सिंह खालसा ने वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी। अफगानिस्तान से लाए गए एक यात्री ने सहायता के लिए भारत का धन्यवाद किया।
इससे पहले, अफगानिस्तान के काबुल से सुरक्षित दोहा ले जाए गए एक सौ 35 भारतीयों को कल रात भारत वापस लाया गया। कतर के दोहा में भारतीय दूतावास ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हर तरह की सहायता प्रदान की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट संदेश में बताया कि तजाकिस्तान से 87 भारतीयों को ला रही एअर इंडिया की उड़ान कल रात नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। नेपाल के दो नागरिकों को भी अफगानिस्तान से सुरक्षित निकाला गया है। उन्होंने बताया कि इसके बाद दो और उड़ानों के जरिए बाकी लोगों को भी लाया जाएगा।
भारत, तजाकिस्तान के दुशान्बे और कतर के रास्ते अपने नागरिकों को विमान से वापस ला रहा है। भारतीय वायु सेना अफगानिस्तान में अपने राजदूत सहित अब तक लगभग 180 लोगों को वापस ला चुकी है। विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान में रह रहे भारतीय नागरिकों से अपील की है कि सहायता की आवश्यकता होने पर वे विशेष अफगानिस्तान प्रकोष्ठ से तत्काल संपर्क करें। अफगानिस्तान से भारतीय नागरिकों की वापसी और अन्य सहायता के लिए तालमेल बिठाने के प्रयोजन से इस प्रकोष्ठ की स्थापना की गई है।


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)

.jpg)

Leave A Comment