विश्व विश्वविद्यालय खेल: भारतीय तीरंदाज सात पदकों की दौड़ में
चेंगदू. कंपाउंड तीरंदाजों ने 31वें ग्रीष्मकालीन विश्व विश्वविद्यालय खेलों में शुक्रवार को यहां दो पदक पक्के किए, जिससे भारत इस प्रतियोगिता में सात पदकों की दौड़ में बना हुआ है। पूर्वशा शेंडे, प्रगति और अवनीत कौर की तिकड़ी ने कंपाउंड महिला टीम के एकतरफा सेमीफाइनल में मेजबान चीन की शुजिया मा, युआनयुआन वांग, जियायु झोउ को 229-224 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उनका सामना कोरिया से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में चीनी ताइपे को 232-228 से हराया।
भारत कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में भी पदक की दौड़ में बना हुआ है। सेमीफाइनल में अमन सैनी ने ऋषभ यादव को 147-146 से जबकि संगम बिस्ला ने फ्रांस के नाथन कैड्रोनेट को 148-142 से हराया। इस तरह से फाइनल में सैनी और बिस्ला आमने सामने होंगे। इसके अलावा भारत कांस्य पदक की दौड़ में भी बना हुआ है। सैनी, बिस्ला और ऋषभ यादव की कंपाउंड पुरुष टीम चीन (मीयू डू, यानसॉन्ग चेन और शिकुन वांग) से 227-228 के मामूली अंतर से हार गई। अब कांस्य पदक के लिए उनका मुकाबला कोरिया से होगा । अवनीत ने महिला कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने हमवतन प्रगति को 145-144 से हराया। रिकर्व वर्ग में भारत दो कांस्य पदक की दौड़ में बना हुआ है। अखिल समुद्रला, यशदीप भोगे और सचिन गुप्ता की पुरुष टीम सेमीफाइनल में कोरिया के डूही चोई, पिल-जोंग किम और मिंगी सियो से 3-5 (53-53, 53-58, 56-54 54-55) से हार गई। कांस्य पदक के लिए उनका मुकाबला इटली से होगा। संगीता, तनीषा वर्मा और रीता सावैयन की रिकर्व महिला टीम चीन से 4-5 (53-53, 56-55, 50-50, 53-57) से हार गई। कांस्य पदक के लिए उनका मुकाबला फ्रांस से होगा।

.jpeg)



.jpg)


.jpeg)

Leave A Comment