- Home
- देश
-
इंदौर.उज्जैन में दुष्कर्म में नाकाम रहने पर एक महिला की हत्या के बाद उसके शव के टुकड़े अलग-अलग यात्री ट्रेनों में रखने के आरोप में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने रविवार को 60 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया। जीआरपी के एक अधिकारी ने बताया कि 37 वर्षीय महिला के दोनों हाथ और दोनों पैर ऋषिकेश में एक यात्री ट्रेन में 10 जून को मिले थे, जबकि उसके शरीर के बाकी हिस्से उत्तराखंड की इस धार्मिक नगरी से करीब 1,150 किलोमीटर दूर इंदौर में एक अन्य यात्री ट्रेन से नौ जून को बरामद किए गए थे। जीआरपी की इंदौर इकाई के पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि महिला के नृशंस हत्याकांड के आरोप में कमलेश पटेल (60) को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि रतलाम जिले की रहने वाली महिला अपने पति से झगड़े के बाद छह जून को अपना घर छोड़कर चली गई थी और तलाश किए जाने पर उसका कोई पता नहीं चलने के बाद उसके परिवार ने 12 जून को बिलपांक पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोरी ने बताया, ‘‘पति से झगड़े के बाद महिला उज्जैन पहुंची और मथुरा जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर बैठी थी। आरोपी पटेल महिला को फुसला कर अपने घर ले गया और उसे भोजन में नींद की गोली मिलाकर दे दी।'' उन्होंने बताया कि महिला को नींद आने पर आरोपी पटेल ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन महिला की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी पटेल ने रस्सी से गला घोटकर महिला की हत्या कर दी तथा छुरे से उसकी लाश के टुकड़े करके इंदौर-नागदा यात्री ट्रेन और इंदौर-देहरादून यात्री ट्रेन में रख दिए ताकि उसकी पहचान न हो सके। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल छुरा और अन्य अहम सबूत बरामद किए हैं और विस्तृत जांच जारी है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए पांच मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) के आयोजन में कथित अनियमितताओं के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी विभिन्न राज्यों में पुलिस द्वारा दर्ज मामलों को भी अपने दायरे में लाने के लिए कदम उठा रही है। यह प्राथमिकी केंद्र द्वारा एजेंसी को परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच सौंपने की घोषणा के एक दिन बाद दर्ज की गयी है। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक संदर्भ के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत एक नया मामला दर्ज किया है। परीक्षा 4,750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी और इसमें करीब 24 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था।
मंत्रालय ने कथित अनियमितताओं की जांच के लिए कई शहरों में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग मानते हुए शनिवार को जांच सीबीआई को सौंप दी। शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "पांच मई को आयोजित नीट-यूजी में कथित अनियमितता, धोखाधड़ी और कदाचार के कुछ मामले सामने आए हैं।" अधिकारी ने कहा, "एक समीक्षा के बाद परीक्षा प्रक्रिया के संचालन में पारदर्शिता के लिए यह निर्णय लिया गया कि मामले को व्यापक जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया जाए। -
इंदौर.मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की इंदौर इकाई के पदाधिकारी की शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने बताया कि एमजी रोड थाना क्षेत्र में भाजयुमो की शहर इकाई के उपाध्यक्ष मोनू कल्याणे (35) की दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हत्याकांड को तब अंजाम दिया गया, जब कल्याणे रविवार को शहर में आयोजित "भगवा यात्रा" के झंडे-बैनर लगवा रहे थे। मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को संदेह है कि वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। मिश्रा ने बताया कि कल्याणे की हत्या के बाद उनके समर्थकों ने कथित आरोपियों के घरों में घुसकर तोड़-फोड़ की और वाहनों में आग लगाने का प्रयास किया। कल्याणे की गिनती राज्य के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के करीबी समर्थकों में होती थी। -
श्रीनगर.जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में 13 सितंबर, 2023 को आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में बहादुर पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट शहीद हो गए थे। आखिरी सांस लेते वक्त भी हुमायूं द्वारा अपने पिता से कहे गए आखिरी शब्द शांत और आश्वस्त करने वाले थे, जो आज भी उनके कानों में गूंजते हैं। हुमायूं ने अपने पिता एवं जम्मू-कश्मीर पुलिस के सेवानिवृत्त महानिरीक्षक गुलाम हसन भट से फोन पर कहा था, ‘‘मुझे गोली लगी है... कृपया घबराएं नहीं।'' यह काला दिन पिछले साल 13 सितंबर का था। हुमायूं ने दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग से अपने पिता को फोन किया था और केवल 13 सेकंड तक बात की थी। उस समय आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ चल रही थी, जिसमें चार सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। आज अपने पोते अशहर के पहले जन्मदिन से एक महीने पहले गुलाम भट को अपने बेटे की याद आ रही है, जो बहुत जल्द ही उन्हें छोड़कर चले गए। जब वह अपने पोते को देखते हैं तो उन्हें अपने बेटे की ये यादें और भी मजबूत महसूस कराती हैं। नन्हा बच्चा कभी भी अपने पिता के बारे में ज्यादा कुछ नहीं जान पाएगा। गुलाम हसन भट ने कहा, ''जब मैं अशहर को घुटने के बल चलते हुए देखता हूं तो मुझे अपने बेटे हुमायूं की याद आती है। काश हुमायूं लंबे समय तक हमारे बीच रह पाता। अगले महीने अशहर का पहला जन्मदिन है। यह दुर्भाग्य की बात है कि मेरा बेटा इतना भी नहीं जी पाया कि वह यह दिन भी देख सके।'' शहीद हुमायूं भट के पिता ने पुलिस विभाग में 34 साल तक सेवाएं दी। उन्होंने अपने बेटे से आखिरी बार फोन पर की गई बात के बारे में विस्तार से बताया, जो हमेशा उनकी याद में रहेगा। पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट ने 13 सितंबर को सुबह करीब 11 बजकर 48 मिनट पर अपने पिता को आखिरी बार फोन किया था। हुमायूं ने कहा, ''पापा मुझे गोली लगी है। मेरे पेट में गोली लगी है और फिर कुछ देर रुकने के बाद उन्होंने कहा, ''कृपया घबराएं नहीं।'' इसके बाद फोन कट गया, लेकिन अपने बेटे से हुई इस 13 सेकेंड की बात से वह घबरा गए।
उन्होंने कहा, ''यह कहना जितना आसान है, करना उतना ही मुश्किल है। मुझे लगता है कि वे मेरे जीवन के सबसे कठिन क्षण थे क्योंकि मुझे तब तक पता नहीं था कि क्या हो रहा है, जब तक मैं श्रीनगर में सेना के 92 बेस अस्पताल में अपने घायल बेटे का इंतजार नहीं करने लगा।'' गुलाम भट ने कहा, "किसी तरह मुझे पता था कि मेरे लिए क्या होने वाला है, लेकिन मैं अपनी उम्मीद के विपरीत सोच रहा था कि शायद मैं अपने हुमायूं को बात करते हुए देख पाऊंगा।" उन्होंने कहा कि अपने बेटे को खोने के गहरे दुख के बावजूद उसके साहस और नि:स्वार्थता से मुझे सांत्वना मिलती है, जिसने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। -
बेंगलुरु,। कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने रविवार को कहा कि जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) के विधान पार्षद सूरज रेवन्ना के खिलाफ पार्टी के एक पुरुष कार्यकर्ता की ओर से दर्ज कराए गए दुराचार मामले की जांच का जिम्मा आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दिया गया है।रेवन्ना को पार्टी के एक कार्यकर्ता से दुराचार करने के आरोप में सुबह गिरफ्तार किया गया था। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।सूरज रेवन्ना के खिलाफ पार्टी के एक कार्यकर्ता के साथ कुछ दिन पहले दुराचार करने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत शनिवार को मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस महानिदेशक एवं महानिरीक्षक कार्यालय से पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) एसं पुलिस अधीक्षक को भेजे गए संदेश में कहा गया है, ‘‘हासन जिले के होलेनरसीपुर ग्रामीण पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 377, 342, 506, 34 के तहत दर्ज मामले की जांच तत्काल प्रभाव से सीआईडी को सौंपी जाती है। सीआईडी को मामले की फाइल सौंपी जानी चाहिए।’’ इसमें कहा गया है कि हासन जिले के पुलिस अधीक्षक को मामले की फाइल संबंधित जांच अधिकारी के पास भेजकर व्यक्तिगत रूप से सीआईडी के जांच अधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया जाता है।गृहमंत्री परमेश्वर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है, सूरज रेवन्ना को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच सीआईडी को सौंपी जा रही है। परमेश्वर ने कहा, ‘‘इसी प्रकार के कई मामले सीआईडी को सौंपे गए हैं और इसे भी सीआईडी को सौंपा जा रहा है।’’परिवार के खिलाफ साजिश रचे जाने के सूरज रेवन्ना के अरोपों पर परमेश्वर में कहा, ‘‘शिकायत आई है और उसके आधार पर कानून के अनुसार जो भी कार्रवाई होनी चाहिए वह की जा रही है। इसके अलावा मुझे वैसी किसी राजनीतिक साजिश के बारे में जानकारी नहीं है, जिसका उन्होंने आरोप लगाया है।’’ - गुवाहाटी.। असम में बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है, क्योंकि प्रभावित लोगों और जिलों की संख्या में कमी आई है लेकिन इस आपदा से दो और लोगों की मौत हो गई है। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन में कहा गया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में दो लोगों की मौत हुई है जिससे इस वर्ष बाढ़, भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या 39 हो गई है। कोपिली और कुशियारा नदियां क्रमशः धरमतुल और करीमगंज में खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं। वर्तमान में 12 जिलों - बारपेटा, कामरूप, बाजाली, गोलपाड़ा, नागांव, होजाई, उदलगुरी, करीमगंज, दरांग, नलबाड़ी, कामरूप महानगर और कछार में 2,63,452 लोग प्रभावित हैं। शुक्रवार को 19 जिलों में 3.90 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित थे। एएसडीएमए के बुलेटिन में कहा गया कि राज्य में प्रभावित आबादी 33 राजस्व जिलों और 1,027 गांवों में फैली हुई है।
- नोएडा (उप्र) । गौतमबुद्ध नगर में सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान करने वालों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार देर रात विशेष अभियान चलाया और 497 लोगों को गिरफ्तार किया। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिव हरि मीणा ने बताया कि शनिवार देर रात पुलिस ने गौतमबुद्धनगर के तीनों क्षेत्रों (जोन)-- नोएडा, सेन्ट्रल नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध एक दिवसीय अभियान "ऑपरेशन स्ट्रीट सेफ" चलाया । उन्होंने बताया कि नोएडा जोन के नौ थाना क्षेत्रों में 40 स्थानों पर 1924 व्यक्तियों की जांच की गयी जिनमें 208 व्यक्तियों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की गयी। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सेन्ट्रल नोएडा जोन के आठ थाना क्षेत्रों में 31 स्थानों 146 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा जोन नौ थाना क्षेत्रों में 38 स्थानों पर 143 व्यक्तियों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की गयी। उन्होंने बताया कि इस तरह 497 लोगों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की गयी।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम की शुरूआत की, जिसके तहत भारतीय नागरिकों और ‘ओसीआई' कार्ड धारकों की आव्रजन प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि ‘फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन-ट्रस्टेड ट्रेवलर प्रोगाम' (एफटीआई-टीटीपी) सरकार की एक दूरदर्शी पहल है जिसे भारतीय नागरिकों और ओसीआई (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) कार्ड धारकों के लिए तैयार किया गया है। पात्र व्यक्तियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा और आवेदन पत्र में निर्दिष्ट अन्य आवश्यक जानकारी के साथ-साथ अपना बायोमेट्रिक्स (उंगलियों के निशान आदि) देना होगा। उन्होंने कहा कि एफटीआई पंजीकरण अधिकतम पांच वर्ष या पासपोर्ट की वैधता की अवधि तक, जो भी पहले हो, वैध होगा। अधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए ‘बायोमेट्रिक्स' अनिवार्य है।एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आवेदन को अस्वीकार होने से बचाने के लिए आवेदक को अपना वर्तमान आवासीय पता बताना होगा। उन्होंने कहा कि एफटीआई-टीटीपी का उद्देश्य लोगों की यात्रा को सुगम करना तथा उसे अधिक तीव्र, आसान और सुरक्षित बनाना है। मोबाइल ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) और ईमेल सत्यापन के माध्यम से पहचान सफलतापूर्वक सत्यापित होने के बाद आवेदकों का पंजीकरण किया जाएगा।
- नयी दिल्ली। हवाई अड्डे को ईमेल भेजकर, दुबई जाने वाले विमान में बम रखे होने की झूठी सूचना देने के आरोप में 13 वर्षीय एक लड़के को पकड़ा गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।पुलिस उपायुक्त (आईजीआई हवाई अड्डा) ऊषा रंगनानी ने बताया कि लड़के ने कुछ दिन पहले बम की झूठी सूचना देते हुए फोन करने वाले एक अन्य किशोर से जुड़ी खबरों से प्रभावित होकर ‘‘महज मजाक में’’ ईमेल भेजा था।रंगनानी ने बताया कि यह घटना सोमवार को हुई थी, जब 18 जून को दुबई जाने वाले विमान में बम रखे होने की धमकी के संबंध में एक शिकायत दर्ज की गयी। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गयी और जांच शुरू की गयी। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी दिशा निर्देश, प्रोटोकॉल और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया।उन्होंने कहा, ‘‘हवाई अड्डे को हाई अलर्ट पर रखा गया और आपात स्थिति की घोषणा की गयी।’’रंगनानी ने बताया कि हालांकि, जांच के दौरान सूचना झूठी साबित हुई।उन्होंने कहा, ‘‘जांच के दौरान यह पता चला कि ईमेल भेजने के तुरंत बाद ईमेल आईडी हटा दी गयी। यह पता चला कि ईमेल उत्तरांचल के पिथौरागढ़ से भेजा गया।’’डीसीपी रंगनानी ने बताया कि एक दल भेजा गया और लड़के को फर्जी ईमेल भेजने के आरोप में पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘लड़के ने पुलिस दल का बताया कि उसके माता-पिता ने पढ़ाई के उद्देश्य से उसे एक मोबाइल फोन दिया था जिससे उसने ईमेल भेजा और बाद में अपनी आईडी हटा दी। उसने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी नहीं दी क्योंकि वह डर गया था। उसे पकड़ लिया गया और बाद में उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।’’
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रख्यात विचारक और शिक्षाविद डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनके शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि डॉक्टर मुखर्जी ने अपना जीवन भारत माता की सेवा में समर्पित कर दिया था । उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टर मुखर्जी का ऊर्जावान व्यक्तित्व देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक और गोवा में अगले चार दिनों तक अत्यधिक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में भी ऐसी ही बनी रह सकती है और साथ ही गरज के साथ आंधी आने और बिजली चमकने की भी संभावना है।
विभाग ने कहा कि अगले तीन दिनों के दौरान मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा गांगेय पश्चिम बंगाल, बिहार झारखंड और उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं। पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अगले पांच दिनों तक तेज से बहुत तेज वर्षा जारी रहने का अनुमान है।मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में आंधी चलने और बिजली गिरने की आशंका है। इस बीच पश्चिम उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बने रहने का अनुमान है। -
भोपाल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने राज्य की राजधानी भोपाल में प्रवेश बिन्दुओं पर इन देवताओं से संबंधित तोरण द्वार बनाने का भी निर्णय लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री यादव ने शुक्रवार को संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान इस संबंध में निर्देश जारी किए। यादव ने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश सरकार राज्य में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों की पहचान करेगी और उन्हें तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेगी।'' उन्होंने विभाग को भोपाल शहर के प्रवेश बिंदुओं पर भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से संबंधित तोरण द्वार बनाने के निर्देश दिए तथा 11वीं शताब्दी के परमार वंश के शासक राजा भोज के अलावा भारतीय साहित्य में वर्णित राजा विक्रमादित्य को समर्पित प्रवेश द्वार निर्मित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी ने बताया कि यादव ने अधिकारियों को राज्य की सीमाओं पर प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश भी दिए ताकि लोगों को मध्य प्रदेश की संस्कृति और धार्मिक महत्व वाले स्थलों के बारे में जानकारी मिल सके। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धार्मिक स्थलों के विकास की योजना बनाने के निर्देश दिए। राज्य में लोगों के बीच भारतीय संस्कृति और दर्शन का प्रचार-प्रसार करने के लिए मानस जयंती के अवसर पर गीता महोत्सव आयोजित करने को लेकर कार्य योजना बनाने के भी विभाग को निर्देश दिए गए हैं। यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को स्थानीय प्रतिनिधियों की मदद से विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है और पर्यटन स्थलों के प्रचार की जरूरत पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विभिन्न संग्रहालयों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
-
वाराणसी . अयोध्या में भव्य राम मंदिर में श्रीरामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करवाने वाले मुख्य पुजारी आचार्य लक्ष्मीकांत दीक्षित का शनिवार सुबह निधन हो गया। परिजनों ने यह जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि वह 86 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। उनका दाह संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य मंदिर में भगवान श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की गयी थी। आचार्य दीक्षित की गिनती काशी के वरिष्ठ विद्वानों में होती है। आचार्य दीक्षित के द्वारा काशी के 121 ब्राह्मणों ने अयोध्या के भव्य मंदिर में श्रीरामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करवाई थी। लक्ष्मीकांत दीक्षित मूल रूप से महाराष्ट्र के शोलापुर जिले के रहने वाले थे, लेकिन कई पीढ़ियों से उनका परिवार काशी में रह रहा है। वे सांगवेद महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आचार्य लक्ष्मीकांत दीक्षित के निधन पर दुख प्रकट करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ‘‘काशी के प्रकांड विद्वान एवं श्रीराम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य पुरोहित, वेदमूर्ति, आचार्य श्री लक्ष्मीकांत दीक्षित जी का गोलोकगमन अध्यात्म और साहित्य जगत की अपूरणीय क्षति है।'' योगी ने कहा, ‘‘संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति की सेवा हेतु वे सदैव स्मरणीय रहेंगे।''
उन्होंने कहा, ‘‘प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और उनके शिष्यों तथा अनुयायियों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'' -
नयी दिल्ली. केन्द्र सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कदाचार और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक कड़ा कानून लागू किया। इस कानून के तहत दोषी पाए जाने पर अधिकतम 10 वर्ष की कैद और एक करोड़ रुपए तक के अर्थदंड का प्रावधान है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लगभग चार महीने पहले, लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) विधेयक 2024 को मंजूरी दी थी। कार्मिक मंत्रालय ने शुक्रवार रात एक अधिसूचना जारी की, जिसमें कहा गया है कि इस कानून के प्रावधान 21 जून से लागू हो जाएंगे। यूजीसी-नेट 2024 परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक हो जाने को लेकर जारी विवाद के बीच, सरकार का यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले की जांच के लिए बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया था। विपक्षी दलों ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में भी अनियमितताएं होने का आरोप लगाया है, जिसके परिणाम एनटीए ने चार जून को घोषित किए थे। अधिसूचना में कहा गया, ‘‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) विधेयक 2024 की धारा 1 की उपधारा (2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए, केंद्र सरकार 21 जून 2024 को उक्त अधिनियम लागू कर रही है।'' यह अधिसूचना जारी होने से एक दिन पहले ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से पूछा गया था कि यह कानून कब लागू होगा, इसपर उन्होंने कहा था कि कानून मंत्रालय नियम बना रहा है। राज्यसभा में ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) विधेयक 2024 को नौ फरवरी को पारित किया गया था, वहीं लोकसभा में इसे छह फरवरी को मंजूरी दी गई थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विधेयक को 12 फरवरी को मंजूरी दी और यह कानून अस्तित्व में आ गया। इस कानून का उद्देश्य संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), रेलवे, बैंकिंग भर्ती परीक्षाओं और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) आदि द्वारा आयोजित परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकना है। इसमें नकल पर रोकथाम के लिए न्यूनतम तीन साल से पांच साल तक के कारावास और इस तरह के संगठित अपराध में शामिल लोगों को पांच से 10 साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है। कानून में, न्यूनतम एक करोड़ रुपये के जुर्माने का भी प्रावधान है। इस कानून से पहले, परीक्षाओं के संचालन में शामिल विभिन्न एजेंसियों द्वारा कोई धांधली किये जाने या अपराध होने की स्थिति में, उससे निपटने के लिए कोई विशिष्ट कानून नहीं था।
-
पुणे. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी महा विकास आघाडी (एमवीए) सहयोगियों की तुलना में कम सीट पर चुनाव लड़ने पर राजी हो गई थी लेकिन विधानसभा चुनाव में ऐसा नहीं होगा। पार्टी के एक नेता ने राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार को उद्धृत करते हुए यह बात कही।
पवार ने शुक्रवार को पुणे शहर और जिले के पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की और इसके बाद विधायकों और नवनिर्वाचित सांसदों के साथ भी एक बैठक की थी। राकांपा (शरदचंद्र पवार) पुणे इकाई के प्रमुख प्रशांत जगताप पहली बैठक में शामिल हुए थे।
जगताप ने बताया कि बैठक में पवार ने सदस्यों से कहा कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव में कम सीटों पर चुनाव सिर्फ इसलिए लड़ा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि शिवसेना और कांग्रेस के साथ गठबंधन बरकरार रहे। जगताप ने कहा,‘‘ उन्होंने संकेत दिए हैं कि विधानसभा चुनाव में स्थिति अलग होगी।''
उन्होंने बताया कि राकांपा (शरद पवार) प्रमुख ने पुणे, बारामती, मावल और शिरूर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में स्थिति की भी समीक्षा की। दूसरी बैठक में शामिल हुए पार्टी के एक अन्य नेता ने बताया कि पवार ने सांसदों और विधायकों से विधानसभा चुनावों के लिए तैयार रहने को कहा। इस बीच, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख जयंत पाटिल ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह सीट बंटवारे के दौरान कितनी सीटें मांगेगी। - नयी दिल्ली। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने शनिवार को यहां उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने आर्थिक विकास, क्षेत्रीय संपर्क और हरित ऊर्जा पर चर्चा की। हसीना भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। लोकसभा चुनावों के पश्चात नयी सरकार के गठन के बाद किसी विदेशी नेता की यह पहली द्विपक्षीय राजकीय यात्रा है। उपराष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने अपने गहरे ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित किया और उन्होंने आर्थिक और विकासात्मक साझेदारी, क्षेत्रीय संपर्क, हरित ऊर्जा, डिजिटल संबंध और अंतरिक्ष सहयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार साझा किए।
- लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि भारत में लोकसभा के लिए हुआ इस बार का चुनाव, देश के लोकतंत्र के सामर्थ्य और उसकी मजबूत जड़ों की गहराई को दुनिया के सामने प्रस्तुत करता है। यहां 'कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह' को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, "भारत में लोकसभा के लिए हुआ इस बार का चुनाव, देश के लोकतंत्र के सामर्थ्य और उसकी मजबूत जड़ों की गहराई को दुनिया के सामने प्रस्तुत करता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस चुनाव में देश के 64 करोड़ से ज्यादा लोगों ने मतदान किया है। इसमें भाजपा को 23.59 करोड़ और कांग्रेस को 13.67 करोड़ लोगों ने वोट दिया ।'' सिंह ने कहा,''सन् 1962 के 62 वर्षों बाद पहली बार नरेन्द्र मोदी के रूप में पहली बार कोई व्यक्ति लगातार तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनने में सफल हुआ है।'' भाजपा नीत राजग सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से बताते हुए सिंह ने कहा,''पिछले दस साल वाकई अभूतपूर्व है। इस समय भारत की वृद्धिदर दुनिया सबसे अधिक है। पिछले दस वर्षों में हमारा निर्यात बढ़ा है और चालू खाता घाटा (करंट अकाउंट डिफिसिट) कम हुआ है। पिछले दस वर्षों में आय और अवसर दोनों बढ़े हैं ।'' उन्होंने कहा ,‘‘हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने जितना विकास पिछले दस वर्षों में किया है वह तो बस ट्रेलर है। विकास की पूरी तस्वीर हमें आगे देखने को मिलेगी ।'' लोकसभा में लखनऊ का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पर प्रकाश डालते हुए सिंह ने कहा,''इस साल अटलजी का जन्म शताब्दी वर्ष मनाया जाना है। यह हमारे लिए सौभाग्य का विषय है कि हमें अटल जी का जन्म शताब्दी समारोह मनाने का अवसर मिलेगा। मैं लखनऊ के सभी कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि उनका जन्म शताब्दी वर्ष पूरे उत्साह से मनाया जाना चाहिए ।'' वाजपेयी 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में लखनऊ से लोकसभा के लिए चुने गए। इसके बाद 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में लालजी टंडन के सांसद चुने जाने पर भाजपा ने इस सीट पर अपना दबदबा कायम रखा। हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में राजनाथ सिंह ने लखनऊ से लगातार तीसरी बार 1.35 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करके हैट्रिक बनाई। लखनऊ के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लखनऊ के लोकसभा सदस्य सिंह ने कहा,'' मैं लखनऊ में विकास की गति को रुकने नहीं दूँगा।मैं अगले पाँच-दस वर्षों में विकसित लखनऊ का निर्माण के लिए पूरा प्रयास करूँगां।'' इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उप्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और विधायक नीरज बोरा भी मौजूद थे ।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के बीच शनिवार को वार्ता हुई। मोदी और हसीना के बीच हुई वार्ता के प्रमुख परिणामों में तीस्ता नदी के संरक्षण एवं प्रबंधन के लिए एक बड़ी परियोजना के वास्ते भारत द्वारा एक तकनीकी दल को शीघ्र ही बांग्लादेश भेजना, एक व्यापक व्यापार समझौते पर बातचीत शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ना और रक्षा संबंधों को बढ़ावा देना शामिल है। दोनों पक्षों ने डिजिटल क्षेत्र, समुद्री क्षेत्र, समुद्री अर्थव्यवस्था, रेलवे, अंतरिक्ष, हरित प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने के लिए 10 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों पक्षों ने दो "विश्वसनीय" पड़ोसियों के बीच कई नए क्षेत्रों में परिवर्तनकारी सहयोग के लिए एक "भविष्यवादी दृष्टिकोण" पर भी सहमति जताई। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच वार्ता का मुख्य जोर डिजिटल और ऊर्जा संपर्क में भारत-बांग्लादेश सहयोग को बढ़ाने के तरीकों का पता लगाना था। साथ ही दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच सीमाओं के शांतिपूर्ण प्रबंधन की दिशा में काम करने का संकल्प लिया। मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए लोगों के बीच आपसी संपर्क को दोनों देशों के बीच संबंधों का आधार बताया और कहा कि बांग्लादेश से इलाज के लिए भारत आने वाले लोगों के लिए भारत ई-मेडिकल वीजा सुविधा शुरू करेगा। भारत ने रंगपुर में एक नया सहायक उच्चायोग खोलने का भी फैसला किया है।वार्ता में मोदी और हसीना ने रक्षा उत्पादन और बांग्लादेशी सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने का संकल्प लिया तथा आतंकवाद एवं कट्टरपंथ का मुकाबला करने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। रोहिंग्या शरणार्थियों के मुद्दे के साथ-साथ म्यांमा की स्थिति और बिम्सटेक (बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल) समूह के ढांचे के तहत क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने पर भी बातचीत हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमने 1996 की गंगा जल संधि के नवीनीकरण के लिए तकनीकी स्तर पर बातचीत शुरू करने का निर्णय लिया है।" उन्होंने अपने मीडिया वक्तव्य में कहा, "बांग्लादेश में तीस्ता नदी के संरक्षण और प्रबंधन पर, एक तकनीकी दल जल्द ही बातचीत के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगा।" इस बड़ी परियोजना का महत्व इसलिए बढ़ गया है क्योंकि चीन ने भी परोक्ष तौर पर इसमें रुचि दिखाई है। इस परियोजना के तहत तीस्ता नदी के पानी के प्रबंधन और संरक्षण के लिए बड़े जलाशय और संबंधित बुनियादी ढांचे का निर्माण करने की परिकल्पना की गई है। परियोजना पर यह कदम दोनों देशों के बीच तीस्ता जल बंटवारे पर एक समझौता होने के लंबे समय से लंबित प्रस्ताव के बीच उठाया गया है। इस समझौते पर सितंबर 2011 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बांग्लादेश यात्रा के दौरान हस्ताक्षर होने थे, लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आपत्तियों के कारण इसे अंतिम समय में स्थगित कर दिया गया था। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि भारत उपयुक्त भारतीय सहायता से बांग्लादेश के अंदर तीस्ता नदी के संरक्षण और प्रबंधन की योजना बना रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बांग्लादेश, भारत का सबसे बड़ा विकास साझेदार है और नयी दिल्ली उसके साथ अपने संबंधों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा, "बांग्लादेश हमारी पड़ोसी प्रथम नीति, ‘एक्ट ईस्ट' नीति, दृष्टि ‘सागर' और हिंद-प्रशांत दृष्टि के संगम पर स्थित है। भारत ‘सागर' या क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास के व्यापक नीति ढांचे के तहत हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के साथ सहयोग कर रहा है। मोदी ने कहा, "हमने कनेक्टिविटी, वाणिज्य और सहयोग पर अपना ध्यान केंद्रित रखा है। पिछले 10 वर्षों में, हमने 1965 से पहले मौजूद कनेक्टिविटी को बहाल किया है।" उन्होंने कहा, "अब हम डिजिटल और ऊर्जा कनेक्टिविटी पर अधिक जोर देंगे। इससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को गति मिलेगी।" मोदी ने कहा, "हमारे आर्थिक संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए, दोनों पक्ष सीईपीए (व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते) पर बातचीत शुरू करने पर सहमत हुए हैं।" प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग का विस्तार करने का भी फैसला किया है।उन्होंने कहा, "हमने रक्षा उत्पादन से लेकर सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण तक रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की। हमने आतंकवाद का मुकाबला करने, कट्टरपंथ को खत्म करने और सीमाओं के शांतिपूर्ण प्रबंधन पर अपने जुड़ाव को मजबूत करने का फैसला किया है।" मोदी ने कहा, "हम हिंद महासागर क्षेत्र के लिए एक समान दृष्टिकोण साझा करते हैं। हम हिंद-प्रशांत महासागर पहल में शामिल होने के बांग्लादेश के फैसले का स्वागत करते हैं।" हसीना ने अपनी टिप्पणी में, भारत को बांग्लादेश का प्रमुख पड़ोसी और एक भरोसेमंद दोस्त बताया।उन्होंने कहा, "भारत हमारा प्रमुख पड़ोसी, विश्वसनीय मित्र और क्षेत्रीय साझेदार है। बांग्लादेश, भारत के साथ हमारे संबंधों को बहुत महत्व देता है, जिसकी शुरुआत 1971 के मुक्ति संग्राम से हुई थी।'' हसीना ने कहा, "मैं बांग्लादेश की मुक्ति में भारत सरकार और भारत के लोगों के योगदान को कृतज्ञता के साथ याद करती हूं।" उन्होंने 1971 के युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले "भारत के वीर शहीदों" को भी श्रद्धांजलि दी। हसीना ने कहा, "आज हमारी बहुत ही उपयोगी बैठकें हुईं, जिसमें हमने सुरक्षा, व्यापार, संपर्क, साझा नदियों के जल के बंटवारे, बिजली एवं ऊर्जा तथा क्षेत्रीय और बहुपक्षीय सहयोग के क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।" बांग्लादेश की प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को भारत की अपनी दो दिवसीय यात्रा शुरू की थी।लोकसभा चुनाव के बाद भारत में नयी सरकार के गठन के बाद यह किसी विदेशी नेता की पहली द्विपक्षीय राजकीय यात्रा है। हसीना ने सुबह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।वार्ता से पहले, हसीना का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया।हसीना भारत के पड़ोस और हिंद महासागर क्षेत्र के उन सात शीर्ष नेताओं में शामिल थीं, जिन्होंने नौ जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के शपथग्रहण समारोह में भाग लिया था।
- नयी दिल्ली,। प्रतियोगी परीक्षाओं नीट और नेट में अनियमितताओं को लेकर उठे विवाद के बीच शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के माध्यम से परीक्षाओं का पारदर्शी, सुचारू और निष्पक्ष संचालन सुनिश्चित करने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख के. राधाकृष्णन के नेतृत्व में विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ‘‘पारदर्शी, छेड़छाड़ मुक्त और त्रुटि रहित परीक्षाएं एक प्रतिबद्धता है। विशेषज्ञों की उच्च स्तरीय समिति का गठन परीक्षा प्रक्रिया की दक्षता में सुधार लाने, सभी संभावित कदाचारों को समाप्त करने, डेटा सुरक्षा प्रोटोकॉल को मजबूत करने और एनटीए में सुधार लाने के लिए उठाए गए कदमों की श्रृंखला में पहला कदम है।'' उन्होंने कहा, ‘‘छात्रों का हित और उनका उज्ज्वल भविष्य सदैव हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।'' समिति परीक्षा प्रक्रिया के तंत्र में सुधार, डेटा सुरक्षा प्रोटोकॉल में सुधार और एनटीए की संरचना और कार्यप्रणाली को लेकर सिफारिशें करेगी। समिति दो महीने के भीतर मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। समिति में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली के पूर्व निदेशक रणदीप गुलेरिया, हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बी जे राव, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर एमेरिटस के राममूर्ति शामिल हैं। ‘पीपल स्ट्रॉन्ग' के सह-संस्थापक और कर्मयोगी भारत के बोर्ड सदस्य पंकज बंसल, आईआईटी दिल्ली के छात्र मामलों के डीन आदित्य मित्तल और शिक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव गोविंद जायसवाल भी समिति में शामिल हैं।शिक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि समिति एनटीए की मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी), प्रोटोकॉल की गहन समीक्षा करना तथा प्रत्येक स्तर पर अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तंत्र के साथ-साथ इन प्रक्रियाओं को मजबूत करने के उपाय सुझाएगी। समिति एनटीए की मौजूदा डेटा सुरक्षा प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल का मूल्यांकन करना तथा इसके सुधार के लिए उपाय का सुझाव देगी। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग-राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) के आयोजन में गड़बड़ी को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही एनटीए रविवार को छह केंद्रों पर उन 1,563 अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल प्रवेश परीक्षा की दोबारा परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रही है, जिन्हें समय की बर्बादी की भरपाई के लिए पहले कृपांक दिए गए थे। मेडिकल में प्रवेश की परीक्षा नीट कथित लीक सहित कई अनियमितताओं को लेकर जांच के घेरे में है, वहीं यूजीसी-नेट को आयोजित होने के एक दिन बाद ही रद्द कर दिया गया क्योंकि मंत्रालय को सूचना मिली थी कि परीक्षा की शुचिता से समझौता किया गया।
- जम्मू,।' जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने शनिवार को कहा कि अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यहां भगवती नगर आधार शिविर में व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) आनंद जैन के साथ डुल्लू ने वार्षिक तीर्थयात्रा से पहले व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए भारी सुरक्षा वाले आधार शिविर का दौरा किया। अमरनाथ के लिए 52 दिवसीय तीर्थयात्रा 29 जून को अनंतनाग में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल में 14 किलोमीटर के छोटे लेकिन खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से शुरू होगी। मुख्य सचिव ने आधार शिविर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को 28 जून को यहां (भगवती नगर) से रवाना किया जाएगा और अगले दिन (कश्मीर में) यात्रा शुरू होगी। हम व्यवस्था का निरीक्षण करने आए हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की है।'' उन्होंने कहा, ‘‘लगभग सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और हम तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर काम कर रहे हैं, ताकि उनकी यात्रा आरामदायक हो सके।'' डुल्लू ने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए ठहरने के केंद्रों और अन्य सुविधाओं की क्षमता में कई गुना वृद्धि की गई है और तीर्थयात्रा पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा के पर्याप्त उपाय किए जा रहे हैं। जो भी करना होगा, किया जाएगा, क्योंकि यात्रा सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।''
- पुरी (ओडिशा),। ओडिशा के पुरी शहर में शनिवार को 12वीं सदी के मंदिर में हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ की 'स्नान यात्रा' के लिए एकत्रित हुए। चक्रराज सुदर्शन के साथ भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ की मूर्तियों को मंदिर परिसर में स्थित स्नान मंडप में लाया गया, जहां उन पर 108 घड़ों का पवित्र जल डाला गया। भगवान जगन्नाथ को 35 घड़ों के जल से स्नान कराया गया, जबकि भगवान बलभद्र को 33 घड़ों, देवी सुभद्रा को 22 घड़ों और चक्रराज सुदर्शन को 18 घड़ों के जल से स्नान कराया गया। जल मंदिर स्थित 'सुना कुआं' या स्वर्ण कुएं से लाया गया। पानी में जड़ी-बूटी और सुगंधित तत्व मिलाए गए और उसके बाद उस जल से स्नान बेदी' में देवताओं का स्नान कराया गया। यह अनुष्ठान वार्षिक रथयात्रा उत्सव की शुरुआत का प्रतीक है। जगन्नाथ संस्कृति के शोधकर्ता पंडित सूर्यनारायण रथशर्मा ने बताया कि गजपति महाराजा राजा दिब्यसिंह देब ने स्नान अनुष्ठान के तुरंत बाद 'स्नान मंडप' में 'चेरा पन्हरा' (झाडू लगाने) की रस्म निभायी। 'चेरा पन्हरा' के पूरा होने के बाद, देवताओं को 'स्नान बेदी' में 'हाथी बेसा' (हाथी की पोशाक) पहनाई गई। हाथी की पोशाक और इस अवसर पर विशेष वेशभूषा पारंपरिक रूप से राघबा दास मठ और गोपाल तीर्थ मठ के कारीगरों द्वारा तैयार की जाती है। मान्यता के अनुसार, अत्यधिक स्नान के कारण देवता बीमार पड़ जाते हैं और उन्हें 'अनासर गृह' में ले जाया जाता है। देवताओं को अब 'अनासर गृह' में 14 दिनों के लिए पृथकवास किया जाएगा। इस अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को देवताओं के दर्शन करने की अनुमति नहीं होती है। ठीक होने पर, देवता 'नबजौबन दर्शन' के अवसर पर श्रद्धालुओं के सामने आते हैं। पुलिस की लगभग 68 प्लाटून (एक प्लाटून में 30 जवान होते हैं) तैनात की गई थीं और सुचारू 'दर्शन' के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। अधिकांश श्रद्धालुओं ने मंदिर के सामने स्थित सड़क 'बड़ा डंडा' से देवताओं के दर्शन किए।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री कार्यालय ने आज सुबह 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी. के. मिश्रा, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य लोगों ने योग सत्र में सहभागिता की।\प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट कियाः "आज सुबह प्रधानमंत्री कार्यालय में 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी. के. मिश्रा, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य लोगों ने योग सत्र में सहभागिता की।
- अमरावती। आंध्र प्रदेश में 16वीं विधानसभा का पहला सत्र शुक्रवार को नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण के साथ शुरू हुआ।तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के विधायक जी बुचैया चौधरी ने अस्थाई अध्यक्ष के तौर पर सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता की।अमरावती के वेलागापुडी स्थित विधानसभा कक्ष में सुबह नौ बज कर 45 मिनट पर सत्र शुरू हुआ। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ढाई साल से अधिक समय के बाद सत्र में शामिल हुए।अभिनेता-राजनेता और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने अपने 16 साल के राजनीतिक जीवन में पहली बार पीथापुरम विधानसभा सीट से विधायक और उपमुख्यमंत्री के तौर पर सदन में प्रवेश किया।इस सत्र में विधानसभा के नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।तेदेपा के सूत्रों के अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेता और नरसीपट्टनम के विधायक सी अय्यन्नापतरुदू को विधानसभा अध्यक्ष चुना जा सकता है। सबसे पहले मुख्यमंत्री एवं कुप्पम से विधायक चंद्रबाबू नायडू ने शपथ ली, उनके बाद उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने शपथ ली।शपथ लेने के बाद नायडू अस्थाई अध्यक्ष के आसन के समीप गए और दोनों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया। आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 175 सदस्यीय सदन में 164 सीटें जीती हैं।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुजरात के अहमदाबाद में योगाभ्यास किया और देश और दुनिया के सभी योगप्रेमियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री अमित शाह ने कहा कि उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है और ये दिन एक विशेष महत्व इसीलिए रखता है क्योंकि ये 10वां योग दिवस है। उन्होंने कहा कि 2014 में देश ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए श्री नरेन्द्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री नरेन्द्र मोदी जी जब पहली बार संयुक्त राष्ट्र महासभा में गए तब उन्होंने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी ने ना सिर्फ प्रस्ताव रखा बल्कि हमारे चिरपुरातन विज्ञान और हमारे ऋषि,-मुनियों की एक अनुपम भेंट का परिचय भी विश्व के नेताओं को कराया। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिन में 170 से अधिक देशों ने योग दिवस मनाने को सहमति दी और वहीं से पूरा विश्व योग के रास्ते पर चल पड़ा।केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत ने पूरे विश्व और मानवता को काफी कुछ दिया है लेकिन अगर कोई सबसे बड़ा उपकार और उपहार दिया है तो वह योग को विश्व को देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मन, शरीर और आत्मा के बीच में एकात्मता लाने का योग से बड़ा कोई और विज्ञान नहीं है और मन के अंदर की अगाध शक्तियों के महासागर में गोता लगाने का एकमात्र माध्यम योग ही है। श्री शाह ने कहा कि अपने मन के अंदर की शक्तियों को आत्मा के साथ जोड़कर विश्व कल्याण के रास्ते पर ले जाने का योग से बड़ा कोई और माध्यम नहीं हो सकता। इसके साथ ही, आज के ज़माने में प्रचलित कई रोगों का उपाय भी योग ही है। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के इस प्रयास से पूरी मानवता के लिए योग को एक बड़ा मंच मिला है। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व योग को स्वीकार रहा है, सीख रहा है और सिखा रहा है। उन्होंने कहा कि ना सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में लाखों लोगों ने योग को मन से स्वीकार कर आगे बढ़ाने का काम किया है।श्री अमित शाह ने कहा कि गुजरात सरकार और सभी के सहयोग से लगभग सवा करोड़ से ज़्यादा लोगों ने आज सुबह गुजरात में योगाभ्यास किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार ने योग को बढ़ावा देने और इसे खेल के रूप में भी मान्यता देने का काम किया है। श्री शाह ने कहा कि हमारे वेदों द्वारा दिए गए वसुधैव कुटुंबकम के सूत्र को चरितार्थ करने का काम योग कर रहा है। उन्होंने कहा कि 21 जून के दिन पूरी दुनिया में अलग-अलग समय पर कहीं ना कहीं योग हो रहा है। श्री शाह ने कहा कि योग के माध्यम से हम निष्काम कर्म की कल्पना को निरंतर प्रयास से सिद्ध कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व के कल्याण के मंत्र को ज़मीन पर उतारने के लिए भी निरंतर योगाभ्यास ज़रूरी है।केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि हमारे ऋषियों का दिया गया ज्ञान ही हमें आगे बढ़ा सकता है। हमारे शारीरिक सामर्थ्य, मन की शांति और कल्पनाओं के विस्तार, चेतना शक्ति के केन्द्रीकरण औऱ पूरे देश की सामूहिक ऊर्जा की जागृति के लिए योग से बड़ा कोई साधन हो नहीं सकती। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने योग दिवस की भेंट देकर पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति और ज्ञान का ध्वज फहराने का काम किया है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस वर्ष के योग दिवस कार्यक्रम की झलकियां साझा की हैं।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा:"श्रीनगर में डल झील पर इस वर्ष के योग दिवस कार्यक्रम में एक मनोरम वातावरण की अनुभूति हुई, यह प्रकृति के साथ पूर्ण सामंजस्य को दर्शाता है। बारिश के बावजूद वहां एकत्र हुए असंख्य लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। इसकी कुछ झलकियां प्रस्तुत हैं।"





.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)





.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)







