- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने के कुछ ही दिनों बाद इस सप्ताह के अंत में इटली का दौरा करेंगे। इस नए कार्यकाल में अपनी पहली विदेश यात्रा पर, मोदी अन्य वैश्विक नेताओं के साथ जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन 13-15 जून को इटली के अपुलिया क्षेत्र में बोर्गो एग्नाज़िया (फ़सानो) में आयोजित किया जाएगा। मोदी 14 जून को एक दिन के लिए वहां रहेंगे।
समाचार एजेंसी के अनुसार, मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में अतिथि लिस्ट को छोटा रखने का एक कारण इटली में होने वाला जी7 शिखर सम्मेलन था। समारोह में बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, भूटान, नेपाल, मॉरीशस और सेशेल्स के नेता शामिल हुए। अधिकारियों ने कहा कि अतिथि लिस्ट भारत की ‘पड़ोसी पहले नीति’ को दर्शाती है, जो हिंद महासागर क्षेत्र के प्रमुख द्वीप देशों पर केंद्रित है।मोदी ने 25 अप्रैल को एक पोस्ट में कहा, “आज इटली अपने मुक्ति दिवस का जश्न मना रहा है, इस अवसर पर प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से बात की और शुभकामनाएं दीं। जून में जी7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित करने के लिए उनका धन्यवाद किया। जी7 में जी20 भारत के परिणामों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।”“हमारी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।” जी7 शिखर सम्मेलन एक अनौपचारिक अंतरराष्ट्रीय मंच है, जिसमें इटली, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका इसके सदस्य हैं।यूरोपीय संघ का प्रतिनिधित्व करने के लिए यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष और यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष भी इसमें शामिल होंगे। इटली ने इस साल 1 जनवरी को जी7 फोरम की अध्यक्षता संभाली।गौर करने वाली बात है कि जी-7 शिखर सम्मेलन के समापन के बाद, स्विट्जरलैंड वीकेंड में यूक्रेन शांति शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इस शिखर सम्मेलन में 90 देश और संगठन शामिल होंगे, जिनमें से आधे यूरोप से होंगे, जिनका उद्देश्य यूक्रेन में संभावित शांति की दिशा में एक रास्ता खोजना है। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भारत के इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने की संभावना नहीं है। -
नई दिल्ली। श्री नरेन्द्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद, पीएम किसान निधि की 17वीं किस्त जारी करने की अपनी पहली फाइल पर हस्ताक्षर किए। इससे 9.3 करोड़ किसानों को लाभ होगा और उनमें लगभग 20,000 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे।
इस फाइल पर हस्ताक्षर करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमारी सरकार किसान कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, इसलिए यह उचित है कि कार्यभार संभालने के बाद हस्ताक्षर की गई पहली फाइल किसान कल्याण से संबंधित है। हम आने वाले समय में किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए और भी अधिक काम करना चाहते हैं।" - नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने नये केंद्रीय मंत्रिपरिषद को ‘‘युवाओं और अनुभवी लोगों का बेहतरीन मिश्रण'' बताया और कहा कि लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘मैं 140 करोड़ भारतीयों की सेवा करने और भारत को प्रगति की नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मंत्रिपरिषद के साथ काम करने के लिए तत्पर हूं।'' नवनियुक्त मंत्रियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मंत्रियों की यह टीम युवा और अनुभवी लोगों का बेहतरीन मिश्रण है। हम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।'' मोदी ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए विदेशी गणमान्य व्यक्तियों का भी आभार जताया।
- अमेठी . जिले के मुंशीगंज क्षेत्र में रविवार को एक कार के मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद एक पेड़ से टकराने की घटना में चार लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मुंशीगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर में जामो-भादर मार्ग पर एक कार के सामने अचानक मोटरसाइकिल आ गई जिससे कार और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हुई और फिर कार एक पेड़ से जा टकराई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में सुल्तानपुर के कुड़वार इलाके की रहने वाली शबनम (35), वंदना पाठक (29), दुर्गेश उपाध्याय (35) तथा एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक दुर्घटना में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए उनमें से तीन को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है, दो अन्य लोगों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश). हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में रविवार सुबह एक दंपती के शव घर के पास स्थित गौशाला में खून से लथपथ पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। दूध विक्रेता रूपलाल अपनी पत्नी कमला देवी के साथ चांदपुर गांव में रहते थे।
रविवार की सुबह जब वह दूध लेकर नहीं आये तो कुछ ग्रामीण उनके घर पहुंच गए, लेकिन वहां न तो रूपलाल मिले और न ही उसकी पत्नी कमला देवी। जब ग्रामीण घर के पास में ही बनी गौशाला में गए तो बुजुर्ग दंपती के शव खून से लथपथ पड़े मिले।
पुलिस उपाधीक्षक मदन धीमान ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लगता है और नमूने लेने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और दंपती की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। -
नयी दिल्ली. दिल्ली यातायात पुलिस ने इस साल अब तक निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं होने पर 16,800 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 286 प्रतिशत अधिक है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। दिल्ली यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस साल एक जनवरी से पांच जून तक निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं होने पर 16,859 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि पिछले साल इसी अवधि के दौरान यह आंकड़ा 4,363 था।
उन्होंने बताया कि यह आंकड़ा पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में दर्ज हुए मामलों में 286 प्रतिशत अधिक है। अधिकारी ने कहा, ‘‘यह आंकड़ा सड़क सुरक्षा को बढ़ाने और यातायात नियमों के अनुपालन को लागू करने के व्यापक प्रयास को दर्शाता है।'' यातायात पुलिस विभाग ने बताया कि उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं होने पर वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है और इस कदम के कारण लगाए गए जुर्माने की संख्या में वृद्धि हुई है। अधिकारी ने बताया कि अपठनीय, अनुचित तरीके से बनाई गईं और निर्धारित मानकों के अनुरूप न होने वाली नंबर प्लेट के वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। -
जम्मू.भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से संबद्ध जम्मू के एक जौहरी ने नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में रविवार को तीसरी बार शपथ ग्रहण करने पर उनके लिए चांदी से बना तीन किलोग्राम का कमल का फूल तैयार किया है। ‘कमल' भाजपा का चुनाव चिह्न है।
जम्मू के बाहरी इलाके में स्थित मुथी गांव के निवासी रिंकू चौहान ने कहा कि मोदी को यह अनोखा उपहार देने का विचार उनके दिमाग में तब आया, जब भाजपा सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को हटाने का अपना वादा अगस्त 2019 में पूरा किया और उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया। पार्टी की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के प्रवक्ता चौहान ने अपने आवास पर कहा, ‘‘हमारे प्रिय प्रधानमंत्री के लिए यह उपहार तैयार करने में मुझे 15 से 20 दिन लगे। मैंने चांदी से बना कमल का फूल स्वयं तैयार किया है और मैं उन्हें यह भेंट देने का इंतजार कर रहा हूं।'' शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उतरीं अपनी पत्नी का समर्थन करने के लिए रिंकू चौहान को 2018 में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, लेकिन कुछ ही हफ्तों में उनका निष्कासन रद्द कर दिया गया था। पिछले करीब दो दशक से भाजपा से जुड़े चौहान ने कहा, ‘‘अनुच्छेद 370 हटने से पथराव की घटनाएं रुक गईं और कश्मीर में शांति बहाल करने में मदद मिली। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पिछले 500 साल से लटका था।'' रिंकू चौहान की पत्नी अंजलि चौहान ने कहा कि वह प्रधानमंत्री को यह उपहार देने के लिए उनसे मिलने को लेकर उत्सुक हैं। इस बीच, योग प्रशंसकों के एक समूह ने पुराने शहर की मुबारक मंडी में सुबह नियमित व्यायाम के दौरान मोदी के अगले पांच साल के सफल कार्यकाल के लिए विशेष प्रार्थना की। इस समूह में शामिल सोनिया टंडन नामक महिला ने कहा, ‘‘मोदी की जगह कोई भी नहीं ले सकता और मुझे खुशी है कि वह देश के प्रधानमंत्री के रूप में वापस आएंगे। हमने मोदी के लिए वोट दिया था। -
नयी दिल्ली. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में 30 मई को समय से पहले पहुंचने के बाद मुंबई में भी सामान्य से दो दिन पहले रविवार को पहुंचा गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। सामान्यतः मॉनसून एक जून तक केरल और 11 जून तक मुंबई तथा 27 जून तक राष्ट्रीय राजधानी पहुंच जाता है।
मौसम विभाग ने केरल में मॉनसून के 15 मई को 31 मई तक पहुंचने की संभावना जताई थी। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से मई के अंत में गुजरे चक्रवात रेमल ने मॉनसून को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया जिसके परिणामस्वरूप पूर्वोत्तर में मॉनसून का आगमन समय से पहले हो गया है। केरल में मॉनसून के आगमन की सामान्य तिथि एक जून तथा अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में पांच जून है। पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से कम, उत्तर-पश्चिम में सामान्य और देश के मध्य और दक्षिण प्रायद्वीप क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। - हैदराबाद। मीडिया जगत की जानी मानी हस्ती एवं रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का रविवार को हैदराबाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया। रामोजी फिल्म सिटी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे किरण ने चिता को मुखाग्नि दी। खबरों और मनोरंजन की दुनिया में व्यापक बदलाव लाने वाले रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का शनिवार की सुबह यहां एक अस्पताल में निधन हो गया था। वह 88 वर्ष के थे। रामोजी राव के अंतिम संस्कार में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू समेत कई नेता शामिल हुए। रामोजी राव ने समाचार पत्र ‘ईनाडु' और ईटीवी चैनल समूह की शुरुआत करके अविभाजित आंध्र प्रदेश में मीडिया जगत में क्रांतिकारी बदलाव किया था। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। आंध्र प्रदेश सरकार ने नौ और 10 जून को राजकीय शोक की घोषणा की है।एक आधिकारिक संदेश में कहा गया है कि राजकीय शोक के दौरान पूरे राज्य में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और आधिकारिक रूप से किसी उत्सव का आयोजन नहीं किया जाएगा। पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एन. वी. रमण, तेलगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव और डी सीताक्का, फिल्म जगत के सदस्यों और अन्य लोगों ने रामोजी राव को श्रद्धांजलि अर्पित की। चंद्रबाबू नायडू उनकी अर्थी को कंधा देने में शामिल हुए।उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने भारी मन से अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया और तेलुगु जगत के दिग्गज रामोजी राव को अंतिम विदाई दी। वह अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वह एक मार्गदर्शक के रूप में हमें प्रेरित करते रहेंगे। ''
- नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून रविवार को मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, उत्तरी अरब सागर के कुछ हिस्सों और मुंबई सहित महाराष्ट्र में आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कल तक दक्षिण कोंकण, गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, तटीय और उत्तरी कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 7 दिनों के दौरान गरज और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आईएमडी ने बताया कि रविवार से पश्चिमोत्तर भारत में भीषण गर्मी का एक नया दौर शुरू हो गया है। पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान और मध्य प्रदेश में गुरुवार तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी भारत और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति जारी रह सकती है।
-
मुंबई. महाराष्ट्र के नासिक जिले में रेल की पटरी पर सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से दो किशोरों की मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। जीआरपी के अधिकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार शाम को वलदेवी नदी पुल के पास रेल की पटरी पर घटी।
उन्होंने बताया कि संकेत कैलास राठौड़ और सचिन दिलीप करवार पटरी पर वीडियो बनाने के साथ सेल्फी ले रहे थे। दोनों इस काम में इतने मशगूल थे कि उन्हें पता ही नहीं चला कि उनके पीछे ट्रेन आ रही है। अधिकारी ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारी ने बताया कि दोनों देवलाली कैंप स्थित भाटिया कॉलेज के छात्र थे और हाल ही में उन्होंने 11वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। -
भुवनेश्वर. ओडिशा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी सहयोगी और बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता वी.के. पांडियन ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार के मद्देनजर रविवार को सक्रिय राजनीति छोड़ने की घोषणा की। नौकरशाह से नेता बने पांडियन ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘अब मैंने सक्रिय राजनीति छोड़ने का फैसला किया है। यदि इस सफर में मैंने किसी को कोई ठेस पहुंचाई हो, तो मुझे माफ कर दें। यदि मेरे खिलाफ चलाये गए अभियान ने बीजू जनता दल की हार में कोई भूमिका निभाई है, तो मुझे खेद है। इसके लिए मैं समस्त बीजू परिवार से क्षमा याचना करता हूं।'' पांडियन ने कहा कि राजनीति में आने का उनका एकमात्र इरादा पटनायक की सहायता करना था और यही कारण है कि उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में 78 सीट जीतकर बीजद के 24 साल लंबे शासन को खत्म कर दिया। वहीं, पटनायक नीत पार्टी ने 51 सीट पर जीत दर्ज की, कांग्रेस को 14 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को एक सीट मिली। बीजद राज्य में लोकसभा की एक भी सीट नहीं जीत सका। वहीं, भाजपा ने 20 और कांग्रेस ने (लोकसभा की) एक सीट पर जीत दर्ज की।0 पांडियन ने कहा, ‘‘मैं हमेशा ओडिशा को अपने दिल में रखूंगा और गुरु नवीन बाबू मेरी सांस में रहेंगे।
-
- 10 लोगों की मौत और अन्य 33 लोग घायल
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध आतंकवादियों की गोलीबारी में रविवार जम्मू संभाग के रियासी जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस गहरी खाई में गिर गई। रियासी जिले के तरयाथ इलाके में एक बस के खाई में गिर जाने से 10 लोगों की मौत हो गई और अन्य 33 लोग घायल हो गए। बस शिव कोडी मंदिर जा रही थी जिस पर पोनी इलाके के टेरयाथ गांव में हमला हुआ। रियासी के एसएसपी मोहिता शर्मा ने कहा कि आतंकवादियों के एक समूह ने जिले के रनसू इलाके से आ रही यात्री बस पर हमला किया। हमले में एक गोली बस के ड्राइवर को लग गई जिसके बाद उसने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस जिले के पौनी के कांडा इलाके के पास एक गहरी खाई में गिर गई।
रियासी के उपायुक्त विशेष महाजन ने भी हताहतों की संख्या की पुष्टि की है। पीड़ितों के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया और पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों के अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों पहुंचाया गया। वहीं इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। बस में सवार सभी यात्री जम्मू कश्मीर के नहीं थे और वे उत्तर प्रदेश के लग रहे थे। यात्री शिव कोड़ी के दर्शनों के लिए आए थे। प्रथम दृष्टया के अनुसार, आतंकी बस का इंतजार कर रहे थे और राजमार्ग पर उस पर हमला कर दिया। हताहतों की पहचान की जा रही है। -
सूरत. गुजरात के सूरत शहर में सड़क किनारे बैठे लोगों के समूह के बीच एक कार घुस गई और इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उतरान पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे शहर के बाहरी रिंग रोड पर यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया और सड़क किनारे बैठे लोगों के एक समूह के बीच जा घुसा। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में आठ वर्षीय विनय, उसके पिता देवेश वाग्झानी (40) और चाचा संकेत बावरिया (32) की मौत हो गई। पुलिस निरीक्षक ए डी महंत ने बताया कि कार अहमदाबाद से आ रही थी और इसके चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। उन्होंने बताया कि विनय और उसके चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि चार घायल पीड़ितों का उपचार जारी है। उनमें से एक की हालत गंभीर है। कार की टक्कर से वहां दो अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। कार चालक यग्नेश गोहिल (40) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
-
रीवा.मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शनिवार शाम को दो ट्रकों के बीच टक्कर के बाद लगी आग में एक महिला और एक बच्चे समेत कम से कम चार लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। रीवा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) साकेत पांडे ने बताया कि जब दोनों ट्रक अत्यधिक ज्वलनशील माल ले जा रहे थे तभी जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बाईपास पर टकरा गए। उन्होंने बताया कि जले हुए वाहनों से शवों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। मृतकों में एक ट्रक चालक और उसका सहायक के साथ-साथ एक स्थानीय महिला और उसका 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार टक्कर से पहले ब्रेक फेल होने पर एक चालक अपने वाहन से कूद गया था। डीआईजी ने कहा, ‘‘चालक को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच जारी है। मृतकों की पहचान करने और उनकी उम्र का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
-
मंगलुरु. कर्नाटक के मंगलुरु में कुलशेखरा में 'गणेश आभूषण' नामक दूकान से 25 मई को चोरी गये लगभग साढ़े तीन लाख रुपये के 59 ग्राम सोने के आभूषणों को शनिवार को पुलिस ने बरामद कर लिया और आभूषण चोरी करने की आरोपी लड़की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने यहां बताया कि 25 मई को मंगलुरु पूर्व पुलिस थानांतर्गत कुलशेखरा में शक्तिनगर के रहने वाले योगीश आचार्य की 'गणेश आभूषण' नामक दूकान से लगभग साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषणों की चोरी हो गयी थी जिसकी शिकायत योगीश ने दर्ज करायी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस सिलसिले में भारतीय दंड संहिता की धारा 380 के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने बड़े पैमाने पर छापेमारी कर आखिरकार आज चोरी करने वाली लड़की को चुराये गये 59 ग्राम वजन के आभूषणों के साथ धर दबोचा। पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी लड़की को जेल भेज दिया गया है।
-
भुवनेश्वर. बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शनिवार को कहा कि ओडिशा विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के लिए वी के पांडियन की आलोचना करना दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि उन्होंने 'शानदार काम' किया है। ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके पटनायक ने दोहराया कि तमिलनाडु से आये और नौकरशाह से राजनेता बने पांडियन उनके उत्तराधिकारी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा के लोग तय करेंगे कि उनका उत्तराधिकारी कौन होगा। नवीन पटनायक ने शनिवार को कहा कि लोगों के फैसले को विन्रमता से स्वीकार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह हर संभव तरीके से ओडिशा के लोगों की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा, ''पांडियन की आलोचना करना दुर्भाग्यपूर्ण है। वह पार्टी में शामिल हुए, लेकिन उन्होंने कोई पद नहीं संभाला। उन्होंने किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ा। जब भी मुझसे मेरे उत्तराधिकारी के बारे में पूछा गया मैंने हमेशा स्पष्ट रूप से कहा है कि वह पांडियन नहीं हैं। मैं फिर से दोहराता हूं कि ओडिशा के लोग ही मेरे उत्तराधिकारी का फैसला करेंगे।'' पटनायक ने कहा, ''एक अधिकारी के तौर पर उन्होंने (पांडियन) पिछले 10 वर्ष में विभिन्न क्षेत्रों में शानदार काम किया है चाहे वह दो चक्रवातों के दौरान हो या कोविड-19 महामारी के दौरान हो। इस अच्छे काम के बाद वे नौकरशाही से सेवानिवृत्त होकर बीजद में शामिल हो गए और बेहतरीन काम करके उन्होंने पार्टी में अपना योगदान दिया। वे एक ईमानदार व्यक्ति हैं और उन्हें इसी बात के लिए याद किया जाना चाहिए।'' नवीन पटनायक का यह बयान पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के द्वारा चुनाव में बीजद की हार पर पांडियन की आलोचना करने पर आया। अपने स्वास्थ्य के बारे में बात करते हुए पटनायक ने कहा, ''मैं बताना चाहता हूँ कि मेरा स्वास्थ्य हमेशा ठीक रहा है और आगे भी ऐसा ही रहेगा। आपने देखा होगा कि मैंने पिछले महीने भीषण गर्मी के दौरान भी जोर-शोर से प्रचार किया था और यह मेरे स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देने के लिए काफी है।'' विधानसभा चुनाव में बीजद की हार के बारे में बात करते हुए पटनायक ने कहा, ''मुझे लगता है कि हमने हमेशा कोशिश की है और बेहतरीन काम किया है। हमारे पास अपनी सरकार और पार्टी पर गर्व करने के लिए बहुत कुछ है। लोकतंत्र में या तो आप जीतते हैं या हारते हैं।'' उन्होंने कहा, ''लंबे समय बाद शिकस्त मिलने पर हमें हमेशा जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए। मैंने हमेशा कहा है कि ओडिशा के 4.5 करोड़ लोग मेरा परिवार हैं। मैं उनकी हरसंभव सेवा करता रहूंगा।'' उन्होंने ओडिशा के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने बार-बार मुझे अपना आशीर्वाद दिया है।
भाजपा ने ओडिशा की 147 विधानसभा सीट में से 78 पर जीत दर्ज कर बीजद के 24 साल के शासन को समाप्त करते हुए सत्ता हासिल की। वहीं, बीजद को केवल 51 सीट पर ही जीत मिली, जबकि कांग्रेस ने 14 और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने एक सीट जीती और तीन निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी हुए। बीजद राज्य की एक भी लोकसभा सीट नहीं जीत सकी, जबकि भाजपा 20 सीट पर कांग्रेस एक सीट पर विजयी रही। -
कोच्चि. कोच्चि में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास अंगदिक्कादावु इलाके में एक घर में आग लगने से दो बच्चों समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की जलकर मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार यह घटना तड़के हुई। उन्होंने बताया कि आग घर की दूसरी मंजिल पर लगी | अग्निशमन सेवा के एक कर्मी ने कहा, ''हमें सुबह 5.20 बजे फोन आया। जब हमारी टीम घर पहुंची, मकान में आग लगी हुई थी। उस समय तक चारों लोगों की जलकर मौत हो गई थी।'' हादसे के वक्त एक बुजुर्ग महिला नीचे सो रही थीं और उन्हें पास के एक घर में ले जाया गया।
सूत्रों ने बताया कि वैज्ञानिक जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। -
कोप्पल। कर्नाटक में कोप्पल जिले के एक गांव में शनिवार की सुबह सांस संबंधी समस्याओं, खासकर अस्थमा के इलाज के लिए जड़ी-बूटी निर्मित दवा लेने के वास्ते देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों लोग उमड़ पड़े। इस गांव का नाम कुटागनहल्ली है। यहां पारंपरिक चिकित्सक अशोक राव कुलकर्णी द्वारा तैयार की गई ‘‘चमत्कारी गोली'' लेने के लिए कर्नाटक के कई हिस्सों, पड़ोसी महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के सभी राज्यों से लोग पहुंचे। कुलकर्णी के अनुसार, इस दवा को तब लिया जाता है जब चंद्रमा मृगशिरा नक्षत्र से आर्द्रा नक्षत्र में प्रवेश करता है। दवा लेने का वास्तविक ‘मुहूर्त' शनिवार सुबह 7.47 बजे का था।
कुलकर्णी के परिवार ने दावा किया कि यह दवा हिंदू चंद्र कैलेंडर के 'ज्येष्ठ मास' में जब क्षेत्र में बारिश होती है तब विशेष रूप से फायदा पहुंचाती है और यही वजह है कि शनिवार को दवा लेने के लिए भारी भीड़ थी। यह दवा देते हुए कुलकर्णी के परिवार को लोगों को 100 साल पूरे हो गए हैं।
कुलकर्णी ने कुटागनहल्ली में संवाददाताओं से कहा, "इससे पहले मेरे पिता व्यास राव कुलकर्णी ने 60 वर्षों तक यह दवा दी थी और उनके बाद मैंने इसे देना शुरू किया। यह दवा वितरित करते हुए मेरा 40वां वर्ष है।" लोगों का इस दवा पर सदियों पुराना भरोसा है और यही कारण है कि वे मुफ्त में दवा प्राप्त करने के लिए गांव की तरफ खिंचे चले आते हैं। कुटागनहल्ली में नजारा किसी भव्य मेले जैसा था। भारी भीड़ की उम्मीद में कई विक्रेताओं ने सब्जियों, खाद्य पदार्थ और छोटी-मोटी चीजें बेचने के लिए अस्थायी दुकानें लगा रखी थीं। -
न्यूयॉर्क. अरबपति एलन मस्क ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देते हुए कहा है कि वे अपनी कंपनियों द्वारा भारत में "रोमांचक कार्य" किए जाने को लेकर उत्साहित हैं। मोदी नौ जून को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह उनका प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीसरा कार्यकाल होगा। मस्क ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, "दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनावों में जीत पर नरेन्द्र मोदी को बधाई! भारत में मेरी कंपनियों द्वारा किए जाने वाले रोमांचक काम को लेकर उत्साहित हूं।” प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें जवाब में कहा, “एलन मस्क, आपकी शुभकामनाओं की सराहना करता हूं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली भारतीय युवा, देश की जनसांख्यिकी, पूर्वानुमानित नीतियां और स्थिर लोकतांत्रिक राजनीति इसके सभी भागीदारों के लिए कारोबारी माहौल प्रदान करती रहेगी। इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता टेस्ला और माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने इससे पहले अप्रैल में "टेस्ला संबंधी भारी दायित्वों" के कारण भारत की अपनी प्रस्तावित यात्रा स्थगित कर दी थी। मस्क 21 और 22 अप्रैल को भारत दौरे पर रहने वाले थे। इस दौरान उनका प्रधानमंत्री मोदी से भी मिलने का कार्यक्रम था। हालांकि, बाद में उन्होंने ‘एक्स' पर ही सूचित किया था कि वे इसी साल बाद में भारत दौरे पर आने के लिए उत्साहित हैं। पिछले साल जून में मस्क ने मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की थी। उन्होंने कहा था कि वह 2024 में भारत आने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया था कि टेस्ला जल्द ही भारतीय बाजार में प्रवेश करेगी। उनकी प्रस्तावित यात्रा से यह उम्मीदें बढ़ गई थीं कि वह इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता टेस्ला के साथ-साथ अपने दूरसंचार उपक्रम (सैटकॉम) उद्यम स्टारलिंक को देश में स्थापित करने की योजना की घोषणा करेंगे।
-
पणजी। गोवा में मानसून-पूर्व बारिश शुरू हो जाने के कारण राज्य के समुद्र तट अब सुनसान नजर आ रहे हैं, जो पर्यटकों और स्थानीय लोगों से भरे रहते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को गोवा के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। अगले चार दिन तक भारी बारिश होने का भी पूर्वानुमान है। हालांकि, फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी गोवा नहीं पहुंचा है, लेकिन तटीय राज्यों में शुक्रवार से बारिश शुरू हो चुकी है। बेनौलीम के एक स्थानीय मछुआरे पेले उर्फ फ्रांसिस्को फर्नांडीस ने कहा कि समुद्र तटों पर घूमने के लिए यह सबसे अच्छा समय है लेकिन तैराकी के लिए यह सही समय नहीं है। उन्होंने कहा कि घुटने तक गहरे पानी में जाया जा सकता है, लेकिन तैरना सख्त वर्जित है। उन्होंने कहा, ‘‘एक जून से 31 जुलाई तक मोटर चालित नौका से मछली पकड़ना प्रतिबंधित कर दिया गया है। कुछ अवधि के लिए केवल पारंपरिक मछुआरों को मछली पकड़ने की अनुमति दी गई है।'' राज्य सरकार की ओर से नियुक्त एजेंसी दृष्टि लाइफसेविंग सर्विसेज ने तट के किनारे लाल झंडे लगा दिये हैं जबकि इसके कर्मी समुद्र तटों पर गश्त भी कर रहे हैं। मुंबई से अपने परिवार संग आए पर्यटक राहुल गायकवाड़ ने कहा कि मानसून के दौरान गोवा के समुद्र तट साफ-सुथरे होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘समुद्र तटों पर मुक्त रूप से टहला जा सकता है। बारिश के मौसम में होटल का किराया काफी कम रहता है जो पर्यटकों के लिए वहनीय हो जाता है।'' राज्य पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गोवा साल भर की पर्यटन गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘(गोवा में) ऑफ-सीजन नहीं होता, हम चाहते हैं कि बारिश के मौसम में भी लोग गोवा आएं। मानसून के समय में गोवा अधिक हरा-भरा रहता है।
-
चंडीगढ़. पंजाब के संगरूर जिले में शनिवार को निर्माणाधीन चावल मिल की एक दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के कनकवाल भंगुआ गांव में हुई। पुलिस ने बताया कि दीवार गिरने की घटना में मारे गए सभी मजदूर संगरूर के आस-पास के गांवों के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक एक घायल मजदूर को चंडीगढ़ के स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराया गया है।
-
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह रेलवे स्टेशन पर शनिवार तड़के एक अज्ञात व्यक्ति ने दंपति पर हमला कर दिया और उनके ढाई माह के शिशु की हत्या कर दी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने यह जानकारी दी। जीआरपी चौकी के प्रभारी महेश कोरी ने बताया कि घटना सुबह करीब पांच बजे की है और इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता लेखराम आदिवासी अपनी पत्नी और शिशु के साथ दिल्ली से गोंडवाना एक्सप्रेस में आये थे। अधिकारी ने बताया कि दंपति मडियादोह गांव जा रहे थे, लेकिन शिशु की तबीयत खराब होने के कारण वे दमोह स्टेशन पर उतर गए और वे उसे जिला अस्पताल ले जाना चाहते थे। उन्होंने बताया कि जब महिला शिशु को पानी पिला रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया और शिकायतकर्ता ने हमलावर को डराने के लिए ईंट उठा ली। अधिकारी ने बताया कि हमले में बच्चे की मौत हो गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जीआरपी के जवान परिवार की मदद के लिए नहीं आए और उन्हें पुलिस हेल्पलाइन पर फोन करना पड़ा। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
-
नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को सर्वसम्मति से कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष चुना गया है। पार्टी के नेता राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि श्रीमती गांधी ने यह पद स्वीकार कर लिया है। इससे पहले, कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से लोकसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका निभाने का अनुरोध किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल ने कार्यसमिति की बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कार्यसमिति का मानना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस एक मजबूत तथा सतर्क विपक्ष की भूमिका निभायेगी।
पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि हाल में हुए चुनाव से कांग्रेस पार्टी को नई उर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्यों के स्तर पर चुनाव में प्रदर्शन का विस्तृत विश्लेषण करेगी।इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के सभी नवनिर्वाचित सांसदों को प्रतिकूल परिस्थितियों में जीत हासिल करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मणिपुर से अपनी न्याय यात्रा शुरू की थी और उसे राज्य की दोनों सीटों के अलावा नागालैंड, असम और मेघालय में भी जीत मिली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए देशभर में जबर्दस्त समर्थन मिला है। श्री खरगे ने कहा कि पार्टी इंडिया ब्लॉक के सहयोगियों के साथ संसद के भीतर और बाहर मिलकर काम करेगी। बैठक में पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। -
गी नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक परिवर्तन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारतीय विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन में सुधार पर प्रसन्नता भी व्यक्त की है।
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारतीय विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन में निरंतर सुधार के बारे में क्यूएस क्वाक्वेरेली साइमंड्स लिमिटेड के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक श्री नुंजियो क्वाक्वेरेली को जवाब देते हुए, प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया;“पिछले दशक में, हमने शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक परिवर्तनों पर ध्यान केन्द्रित किया है। यह क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में परिलक्षित होता है। विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थानों को उनकी कड़ी मेहनत एवं समर्पण के लिए बधाई। इस कार्यकाल में, हम अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए और भी अधिक काम करना चाहते हैं।”









.jpg)


















