- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोक सभा क्षेत्र वाराणसी के मतदाताओं को लगभग 6 मिनट का वीडियो जारी कर अपील की है कि वे नई काशी और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए बढ़चढ़ कर मतदान में हिस्सा लें। वाराणसी में 1 जून को वोट पड़ेंगे और गुरुवार को यहां प्रचार समाप्त हो गया।
पिछले दस साल से वाराणसी का प्रतिनिधित्व कर रहे प्रधानमंत्री मोदी ने अपने क्षेत्र के लोगों से मतदान में पिछले चुनाव समेत सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करने का आह्वान किया है। वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री पहली बार काशी से चुनाव लड़ने पहुंचे थे तो इस निर्वाचन क्षेत्र में 58.35 प्रतिशत वोट पड़े थे।साल 2019 के चुनाव में पूरे निर्वाचन क्षेत्र में वोट प्रतिशत घट कर 57.13 पर आ गया था। साल 2014 के चुनाव में मोदी को 56.37 प्रतिशत वोट मिले थे मगर पांच साल बाद जब मोदी दोबारा यहां से मैदान में उतरे तो उनकी जीत का अंतर और बढ़ गया तथा उन्हें 63.6 प्रतिशत वोट मिले।वाराणसी में कुछ लोगों का मानना है कि इस का परिणाम 2014 और 2019 के चुनावों से अलग रहेगा। देखना यह है कि क्या प्रधानमंत्री मोदी की जीत का अंतर अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अजय राय के मुकाबले पहले से अधिक बढ़ेगा? अजय को समाजवादी पार्टी का भी समर्थन प्राप्त है।बसपा ने यहां से अख्तर जमाल लारी को मैदान में उतारा है। वाराणसी में भाजपा शासन से नाराज लोग भी इस बात से इनकार नहीं कर रहे हैं कि पिछले दस वर्षों में वाराणसी में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।एक्स पर पोस्ट किए अपने संदेश वाले वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में हुए तमाम विकास कार्य भी गिनाए हैं। इनमें उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण, रोपवे परियोजना का नाम प्रमुखता से शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में पिछले दस वर्षों में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी से रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और किसानों से कहा, ‘वे मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें। उनका एक-एक वोट उन्हें नई ऊर्जा से भर देगा।’ - पुरी। ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ के चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के ढेर में विस्फोट होने से एक नाबालिग समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 32 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात को यह हादसा उस समय हुआ जब सैकड़ों लोग अनुष्ठान देखने के लिए नरेन्द्र पुष्करिणी के तट पर एकत्र हुए थे। उन्होंने बताया, ”एक लड़के ने कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य लोगों की भुवनेश्वर के निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान मौत हो गई।”ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप कुमार जेना, खुर्दा जिलाधिकारी चंचल राणा और स्वास्थ्य सचिव शालिनी पंडित घायल लोगों के इलाज की जानकारी लेने के लिए बुधवार देर रात अलग-अलग अस्पताल पहुंचे।मुख्यमंत्री नवीन पटनायक घायल लोगों से मिलने के लिए गुरुवार सुबह यहां एक निजी अस्पताल पहुंचे।पटनायक ने अस्पताल के चिकित्सकों से बात की और मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि घायल लोगों को पुरी, भुवनेश्वर और कटक के विभिन्न निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।पंडित ने गुरुवार सुबह संवाददाताओं से कहा, ”चिकित्सों की कई टीमें घायल लोगों की जान बचाने की पूरी कोशिश में जुटी हैं। चूंकि ऐसे मामलों में शुरुआती 48 घंटे का समय बहुत महत्वपूर्ण होता है, इसलिए हम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।”उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के इलाज का खर्च उठा रही है। पुरी के पुलिस अधीक्षक पिनाक मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं का एक समूह पटाखे जलाकर त्यौहार मना रहा था कि तभी अचानक जलते हुए पटाखों का एक टुकड़ा ढेर पर जा गिरा, जिससे विस्फोट हो गया।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को दुनिया के पहले सिंगल-पीस थ्रीडी प्रिंटेड सेमी-क्रायोजेनिक इंजन द्वारा संचालित रॉकेट के सफल प्रक्षेपण को भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए एक ‘महत्वपूर्ण अवसर’ बताया। चेन्नई स्थित अंतरिक्ष स्टार्ट-अप अग्निकुल कॉसमॉस ने श्रीहरिकोटा में अपने स्वयं के लॉन्च पैड से खुद से तैयार की गई थ्री डी-प्रिंटेड सेमी-क्रायोजेनिक रॉकेट ‘अग्निबाण’ की उप-कक्षीय परीक्षण-उड़ान सफलतापूर्वक भरी। इसके साथ यह ऐसा करने वाली भारत की दूसरी निजी कंपनी बन गई।मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक उल्लेखनीय उपलब्धि जो पूरे देश को गौरवान्वित करेगी!’’उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया के पहले सिंगल-पीस 3 डी प्रिंटेड सेमी-क्रायोजेनिक इंजन द्वारा संचालित अग्निबाण रॉकेट का सफल प्रक्षेपण भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है और हमारी युवा शक्ति की उल्लेखनीय सफलता का एक वसीयतनामा है। अग्निकुल कॉसमॉस टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’
-
मुंबई. मध्य रेलवे मुंबई नेटवर्क पर प्लेटफॉर्म विस्तार कार्यों के लिए 30 मई की मध्यरात्रि से 63 घंटे का ‘मेगा ब्लॉक' संचालित करेगा। इस कदम से मुंबई की ‘‘लाइफ लाइन'' कही जाने वाली लोकल ट्रेन की सेवाएं और लाखों यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होगी। ‘ब्लॉक' अवधि के दौरान लोकल और लंबी दूरी की ट्रेन की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है, इसलिए रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यदि आवश्यक न हो तो वे लोकल ट्रेन में यात्रा करने से बचें। सीएसएमटी और ठाणे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म विस्तार और चौड़ीकरण कार्यों के लिए ‘मेगा ब्लॉक' संचालित किया जाएगा। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के मंडल रेलवे प्रबंधक रजनीश गोयल ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया, ‘‘प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 (ठाणे में) के चौड़ीकरण के लिए 63 घंटे का मेगा ब्लॉक बृहस्पतिवार आधी रात से शुरू होगा, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर 10 और 11 (सीएसएमटी में) के विस्तार से संबंधित कार्यों के लिए 36 घंटे का ब्लॉक शुक्रवार आधी रात से शुरू होगा।'' उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म की चौड़ाई बढ़ने के बाद एस्केलेटर या एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) के लिए चौड़ी सीढ़ियां जैसी सुविधाएं प्रदान की जा सकेंगी। रेलवे अपने चार कॉरिडोर- मेन, हार्बर, ट्रांस-हार्बर और उरण पर प्रतिदिन 1,800 से अधिक लोकल ट्रेन सेवाएं संचालित करता है, जिनका उपयोग रोजाना 30 लाख से अधिक यात्री करते हैं।
-
कन्याकुमारी .प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बृहस्पतिवार से यहां स्थित विवेकानंद रॉक मेमोरियल पर 45 घंटे के प्रवास के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इस दौरान मोदी यहां ध्यान लगाएंगे। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने प्रधानमंत्री के आध्यात्मिक प्रवास की अनुमति देने के खिलाफ जिलाधिकारी के समक्ष याचिका दायर की। इसमें उन्होंने चुनाव आचार संहिता लागू होने और पर्यटन सीजन का हवाला दिया। द्रमुक ने कहा कि पर्यटन सीजन में घरेलू और विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में आयेंगे। देश के दक्षिणी छोर पर स्थित इस जिले में 2,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कड़ी निगरानी रखेंगी। पांच साल पहले उन्होंने 2019 के चुनाव प्रचार अभियान के बाद केदारनाथ गुफा में ध्यान लगाया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने बताया कि मोदी 30 मई को लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त होने के बाद यहां स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि देने के लिए बनाए स्मारक ‘रॉक मेमोरियल' पर ध्यान लगाएंगे। वह ध्यान मंडपम में 30 मई की शाम से लेकर एक जून की शाम तक ध्यान लगाएंगे। ऐसा माना जाता है कि इसी स्थान पर आध्यात्मिक विभूति विवेकानंद को ‘भारत माता' के बारे में दिव्य दृष्टि प्राप्त हुई थी। मोदी के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। तिरुनेलवेली रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) प्रवेश कुमार के साथ ही पुलिस अधीक्षक ई. सुंदरावथनम ने रॉक मेमोरियल, बोट जेटी, हेलीपैड और कन्याकुमारी में राज्य के अतिथि गृह का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात दल पहले ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया है। हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतारने का एक परीक्षण भी कर लिया गया है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थलों में शामिल कन्याकुमारी में और उसके आसपास करीब 2,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मोदी के संभावित कार्यक्रम के अनुसार, वह आध्यात्मिक प्रवास के लिए 30 मई की दोपहर को कन्याकुमारी पहुंचेंगे। इसके बाद वह मेमोरियल जाएंगे। वह एक जून को दोपहर तीन बजे तक विवेकानंद रॉक मेमोरियल पर ठहर सकते हैं जब देश में लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए मतदान हो रहा होगा। एक सूत्र ने बताया कि चूंकि प्रधानमंत्री ध्यान लगाने के लिए करीब 45 घंटे रुकेंगे तो तटीय सुरक्षा समूह, भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना समुद्री सीमाओं पर निगरानी रखेगी। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आध्यात्मिक प्रवास के लिए कन्याकुमारी को इसलिए चुना क्योंकि वह देश में विवेकानंद के दृष्टिकोण को साकार करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें यह विश्वास है कि चार जून को मतगणना होने के बाद वह तीसरी बार सत्ता में वापस लौटेंगे। लोकसभा चुनाव के लिए अंतिम चरण का मतदान एक जून को होना है। मतदान से दो दिन पहले चुनाव-प्रचार समाप्त हो जाता है। भाजपा के पदाधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर प्रधानमंत्री ध्यान लगाएंगे उसका विवेकानंद के जीवन पर बड़ा प्रभाव था। उन्होंने कहा कि देशभर में घूमने के बाद विवेकानंद यहीं पहुंचे थे और यहां उन्होंने तीन दिन तक ध्यान लगाया था और एक विकसित भारत का सपना देखा था। एक नेता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी कन्याकुमारी जाकर राष्ट्रीय एकता का संकेत दे रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि यह तमिलनाडु के प्रति प्रधानमंत्री की गहरी प्रतिबद्धता और स्नेह को भी दर्शाता है कि चुनाव समाप्त होने के बाद भी वह राज्य का दौरा कर रहे हैं।
-
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने नागरिकता अधिनियम (सीएए) के तहत पश्चिम बंगाल, हरियाणा और उत्तराखंड में नागरिकता देने की शुरुआत कर दी है। गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी। भारत सरकार ने दिसंबर 2019 में बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से धार्मिक उत्पीड़न की वजह से 31 दिसंबर 2014 को या इससे पहले आए हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के लोगों को भारतीय नागरिकता देने के लिए सीएए बनाया है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और हरियाणा की अधिकार प्राप्त समितियों ने तीनों राज्यों के आवेदकों को बुधवार को नागरिकता प्रदान की। नागरिकता (संशोधन) नियम, 2024 की अधिसूचना के बाद दिल्ली की अधिकार प्राप्त समिति ने पहली बार भारतीय नागरिकता प्रदान की। इन आवेदकों को 15 मई को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह सचिव ने नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपा। नागरिकता प्रमाणपत्रों की यह दूसरी किस्त बुधवार को जारी की गई। एक जून को लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से कुछ दिन पहले यह कदम उठाया गया है। पश्चिम बंगाल में कई सीट पर शनिवार को अंतिम चरण में मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।
राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद कानून को अधिसूचित कर दिया गया था लेकिन भारतीय नागरिकता प्रदान करने के लिए नियम चार साल की देरी के बाद 11 मार्च को जारी किए गए। सीएए नियमों में आवेदन पत्र के प्रारूप, जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) द्वारा आवेदनों पर कार्रवाई की प्रक्रिया, राज्य स्तरीय अधिकार प्राप्त समिति (एसएलईसी) द्वारा जांच और नागरिकता प्रदान करने की परिकल्पना की गई है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आगे बढ़ेगी। सीएए के 2019 में पारित होने के बाद देश के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ था और प्रदर्शनकारियों ने इसे ‘भेदभाव' वाला करार दिया था। देश के विभिन्न हिस्सों में सीएए विरोधी प्रदर्शनों या पुलिस कार्रवाई के दौरान करीब 100 लोगों की जान गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कहते रहे हैं कि सीएए को लागू करने से कोई नहीं रोक सकता क्योंकि यह देश का कानून है। उन्होंने विपक्ष पर इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। -
नयी दिल्ली.भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दावा किया कि मणिशंकर अय्यर द्वारा 1962 में भारत पर हुए चीनी हमले को ‘कथित' आक्रमण बताया जाना कांग्रेस की ‘‘भारत विरोधी'' मानसिकता को दर्शाता है और यह ‘‘दुश्मन'' देशों को यहां की चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने का संकेत है क्योंकि विपक्ष इस लोकसभा चुनाव में बुरी तरह ‘हार' का सामना करने जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि अय्यर राहुल गांधी की सहमति के बिना इस तरह का बयान नहीं दे सकते। उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘‘चुप्पी'' को लेकर उन पर भी निशाना साधा। अय्यर ने मंगलवार को एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में यह टिप्पणी की थी।
‘फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब' में एक कार्यक्रम में अय्यर ने एक किस्सा सुनाते हुए कहा था, ‘‘...अक्टूबर 1962 में, चीनियों ने कथित तौर पर भारत पर आक्रमण किया।'' हालांकि, विवाद होने के बाद अय्यर ने अपनी इस टिप्पणी के लिए माफी मांग ली थी तथा कांग्रेस ने उनके इस बयान से दूरी बना ली। भाटिया ने कहा कि कांग्रेस अकसर अपने नेताओं की इस तरह की विवादास्पद टिप्पणियों से खुद को दूर करती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी को चीन जैसे देशों से दूरी बना लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर उस समय हस्ताक्षर किए थे जब संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सत्ता में था। भाटिया ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने अभी तक इसके विवरण का खुलासा नहीं किया है। -
नयी दिल्ली. एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने बाजार अनुसंधान के बाद महिला यात्रियों के लिए विशेष सुविधा की पेशकश की है। इसके तहत सीट बुक करने वाली महिलाएं अब वेब चेक-इन के समय अन्य महिला यात्रियों द्वारा बुक की गई सीटों के बारे में जान सकती हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इंडिगो देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन है। इसकी बाजार हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक है। अप्रैल में 80 लाख यात्रियों ने इंडिगो की सेवाएं लीं। एयरलाइन ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि उसने एक नई सुविधा शुरू की है जिसका उद्देश्य महिला यात्रियों के लिए यात्रा अनुभव को और सुगम बनाना है। बयान के अनुसार, “इसे बाजार अनुसंधान के आधार पर शुरू किया गया है। वर्तमान में यह हमारे #गर्लपावर सिद्धांत के अनुरूप प्रायोगिक चरण में है। यह सुविधा केवल वेब चेक-इन के दौरान महिला यात्रियों द्वारा बुक की गई सीटों की दृश्यता प्रदान करती है। यह विशेष रूप से महिला यात्रियों के लिए अकेले और साथ ही पारिवार के साथ बुकिंग के हिस्से के रूप में पीएनआर (यात्री नाम रिकॉर्ड) के लिए तैयार की गई है। -
छिंदवाड़ा. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक व्यक्ति ने अपने परिवार के आठ लोगों की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और फिर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। माहुलझिरी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर बोदल कछार गांव में हुई। अधिकारी ने बताया कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और जिलधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी गांव पहुंचे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
नई दिल्ली। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी को 30 जून तक लोकपाल का सचिव नियुक्त किया गया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष के रूप में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राकेश रंजन की नियुक्ति को भी स्वीकृति दी। 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अमित यादव को सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग में विशेष कार्य अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है। श्री यादव 31 जुलाई को मौजूदा सचिव सौरभ गर्ग की सेवानिवृत्ति के बाद सचिव का पदभार संभालेंगे।
1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राज कुमार गोयल को गृह मंत्रालय में सीमा प्रबंधन विभाग के सचिव से कानून और न्याय मंत्रालय में न्याय विभाग के सचिव के रूप में स्थानांतरित किया गया है। समिति ने 1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राजेंद्र कुमार को सीमा प्रबंधन विभाग में सचिव पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी। -
नई दिल्ली। भारतीय पर्वतारोही सत्यदीप गुप्ता ने एक सत्र में दो बार माउंट एवरेस्ट और माउंट ल्होत्से पर चढ़ने वाले पहले व्यक्ति बनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने माउंट एवरेस्ट से माउंट ल्होत्से तक 11 घंटे और 15 मिनट में यात्रा कर एक और रिकॉर्ड बनाया। श्री गुप्ता ने सोमवार को दोपहर में 8 हजार 516 मीटर ऊंचे माउंट ल्होत्से पर चढाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने आधी रात को 12 बजकर 45 मिनट पर 8 हजार 849 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की। उनके साथ पर्वतारोहण मार्गदर्शक पेस्टेम्बा शेरपा और नीमा उंगडी शेरपा भी थे। श्री गुप्ता ने इससे पहले 21 मई को माउंट एवरेस्ट और 22 मई को माउंट ल्होत्से पर चढ़ाई की थी।
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे नगर निगम ने मानसून की अपनी तैयारियों के तहत शहर में 4,000 से अधिक जर्जर इमारतों की पहचान की है और इनमें से कुछ में रहने वाले लोगों को अपने घर खाली करने के लिए कहा गया है। नगर निकाय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे नगर निगम ने शहर के विभिन्न वार्ड में कुल 4,297 जर्जर इमारतों की एक सूची जारी की है। नगर निगम के प्रवक्ता रवींद्र मांजरेकर ने बताया कि मुंब्रा वार्ड में सबसे ज्यादा 1,340 जर्जर इमारतें हैं जबकि वागले एस्टेट में 1,101, दीवा में 654 और कोपरी-नौपाड़ा में 433 इमारतें जर्जर स्थिति में हैं। उन्होंने बताया कि कम से कम 86 इमारतें सी-1 श्रेणी के अंतर्गत आती हैं। इसका अर्थ ऐसी असुरक्षित इमारतें हैं, जिन्हें खाली कराकर ध्वस्त किये जाने की आवश्यकता है। अधिकारी ने बताया कि 21 इमारतों को पहले ही खाली करा दिया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हाल ही में नगरपालिका अधिकारियों को मानसून से पहले, जर्जर इमारतों में रह रहे लोगों को वहां से हटाने और उन्हें दूसरी जगहों पर भेजने का कार्य तेजी से करने का निर्देश दिया था।
-
नई दिल्ली। चक्रवात रेमल के कारण हुई भारी वर्षा से पूर्वोत्तर भारत में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पूर्वोत्तर के कई इलाके इससे प्रभावित हुए हैं। मिजोरम में 23, असम में तीन और मेघालय में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। तेज़ हवाओं के साथ हुई बारिश से पेड़, बिजली के खंभे उखड़ गए और कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे बिजली तथा इंटरनेट सेवाएं बाधित हो गईं।मिजोरम की राजधानी आइजोल के बाहरी इलाके में पत्थर की खदान ढहने और लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढकर 23 हो गई है। मिजोरम के मुख्यमंत्री लालडुहोमा ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। राज्य के सभी स्कूल और सरकारी कार्यालय आज बंद रहे। असम में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 17 अन्य घायल हो गए। मेघालय में पूर्वी जैंतिया पहाडी जिले में एक दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिले में भूस्खलन से चार लोग घायल हो गए।
-
आइजोल. मिजोरम के आइजोल जिले में ‘रेमल' चक्रवात के प्रभाव से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मंगलवार सुबह पत्थर की खदान ढहने से दो नाबालिग समेत कम के कम 17 लोगों की मौत हो गई जबकि छह-सात अन्य लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य की राजधानी के दूसरे इलाकों में भी भूस्खलन के चलते कई अन्य लोग लापता हो गए हैं। घटना आइजोल शहर के दक्षिणी बाहरी हिस्से में स्थित मेल्थम और ह्लिमेन के बीच के इलाके में सुबह करीब छह बजे हुई। मिजोरम के पुलिस महानिदेशक अनिल शुक्ला ने बताया, “हमने अब तक 17 शव बरामद किए हैं और बचाव अभियान जारी है। हमें आशंका है कि छह-सात और लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं।” उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण आपदा स्थल पर बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है। शुक्ला ने कहा कि बारिश के कारण राज्य में कई अन्य स्थानों पर भूस्खलन हुआ और कम से कम दो लोग बह गए। आइजोल के उपायुक्त नाजुक कुमार ने कहा कि जब तक मलबा साफ नहीं हो जाता, तब तक तलाश अभियान जारी रहेगा।
एक अधिकारी ने बताया कि आइजोल के सेलम वेंग में भूस्खलन से एक इमारत बह गई, जिसके बाद तीन लोग लापता हो गए, और उनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि हुनथर में राष्ट्रीय राजमार्ग छह पर भूस्खलन के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से अलग हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा कई अंतर-राज्य राजमार्ग भी भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए गृह मंत्री के सपडांगा, मुख्य सचिव रेनू शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक बुलाई। मुख्यमंत्री ने खदान ढहने और बारिश के कारण हुई आपदाओं में मारे गए लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने खदान ढहने से मारे गए आठ मिजो लोगों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये के चेक सौंपे और कहा कि शेष राशि उन्हें जल्द ही दी जाएगी। गृह मंत्री के सपडांगा ने बताया, ''चार गैर-आदिवासी लोगों की पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। यदि वे मिजोरम के स्थायी निवासी हैं, तो उन्हें अनुग्रह राशि दी जाएगी। यदि वे अस्थायी रूप से काम करने के लिए यहां आए हैं, तो उनके परिवार को कोई वित्तीय सहायता नहीं मिलेगी।" लालदुहोमा ने कहा कि सरकार ने चक्रवात रेमल के परिणामस्वरूप हुई बारिश से संबंधित आपदाओं से निपटने के लिए 15 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। बाद में, लालदुहोमा ने आपदा प्रबंधन और पुनर्वास विभाग के मंत्री सपडांगा के साथ स्थिति का जायजा लेने और बचाव कार्यों की निगरानी करने के लिए पत्थर खदान स्थल का दौरा किया। बारिश के कारण, सभी स्कूल बंद कर दिए गए है और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है। इस बीच, एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आइजोल से लगभग 21 किलोमीटर दूर सैरांग गांव में तलावंग नदी में अभूतपूर्व बाढ़ के कारण 30 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, "नदी के किनारे स्थित कई खेत पानी में डूब गए हैं। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।" आइजोल शहर में, कुछ कब्रिस्तान भी भूस्खलन से बह गए हैं, और 150 से अधिक कब्रें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पापुआ न्यू गिनी में विनाशकारी भूस्खलन के कारण लोगों की मौत और तबाही होने पर मंगलवार को दुख जताया और कहा कि भारत हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पापुआ न्यू गिनी में विनाशकारी भूस्खलन से लोगों की मौत और तबाही से बहुत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। भारत हरसंभव सहयोग मुहैया कराने के लिए तैयार है।'' पापुआ न्यू गिनी सरकार के अनुसार, दक्षिण प्रशांत द्वीप राष्ट्र में भूस्खलन से 2,000 से अधिक लोगों के जिंदा दफन होने की आशंका है। यह हादसा शुक्रवार तड़के यमबली गांव में हुआ जब एक पर्वत का एक हिस्सा ढह गया। भूस्खलन के समय लोग सो रहे थे। यह गांव ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी तट पर स्थित इस गरीब, ग्रामीण आबादी वाले देश के अंदरुनी इलाके में एक अस्थिर और दूरस्थ क्षेत्र में स्थित है जिससे तलाश व बचाव अभियान जटिल और खतरनाक हो गया है।
-
जयपुर. राजस्थान के उदयपुर जिले में सोमवार रात एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य झुलस गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा एक बाइक व जीप की टक्कर के कारण हुआ। पुलिस ने बताया कि फलासिया थाना क्षेत्र के उदयपुर-आबू रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक उस जीप से जा टकराई जिसमें बाराती सवार थे। बाइक पर सवार तीन दोस्त युवक पास ही कहीं जा रहे थे। हादसे में, बाइक पर सवार सुनील, राहुल और दीपक (उम्र 18-20 वर्ष) की सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार टक्कर से बाइक का पेट्रोल टैंक फट गया और बाइक व जीप में आग लग गई। जीप में सवार छह यात्रियों में से दो झुलस गए और उन्हें उदयपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
नयी दिल्ली. उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ाने का अनुरोध करने वाली याचिका को तत्काल सूचीबद्ध करने के संबंध में कोई भी फैसला प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) लेंगे क्योंकि मुख्य मामले पर फैसला पहले से सुरक्षित है। केजरीवाल ने उनका वजन अचानक छह से सात किलोग्राम कम हो जाने के कारण कई चिकित्सकीय जांच कराने के लिए उच्चतम न्यायालय से अंतरिम जमानत की अवधि सात दिन बढ़ाने का अनुरोध किया है। न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी और न्यायमूर्ति के वी विश्वनाथन की अवकाश पीठ ने केजरीवाल की अंतरिम याचिका को स्वयं सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया और मुख्यमंत्री की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी से पूछा कि याचिका को तत्काल सूचीबद्ध करने के लिए पिछले सप्ताह तब क्यों इसका उल्लेख नहीं किया गया, जब मुख्यमंत्री को अंतरिम जमानत देने वाली पीठ में शामिल न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता अवकाश पीठ में बैठे थे। मुख्यमंत्री को अंतरिम जमानत देने वाली पीठ की अध्यक्षता न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने की थी। पीठ ने कहा, ‘‘जब न्यायमूर्ति दत्ता पिछले सप्ताह अवकाश पीठ में बैठे थे, आपने तब इसका उल्लेख क्यों नहीं किया? माननीय सीजेआई को निर्णय लेने दें क्योंकि यह औचित्य का मुद्दा उठाता है... हम इसे सीजेआई को भेजेंगे।'' सिंघवी ने कहा कि चिकित्सकीय परामर्श परसों मिला था और इसलिए पिछले सप्ताह उस अवकाश पीठ के समक्ष इसका उल्लेख नहीं किया जा सका जिसमें न्यायमूर्ति दत्ता शामिल थे। उन्होंने कहा, ‘‘अगर इसे डिजिटल माध्यम से भी उस पीठ (न्यायमूर्ति खन्ना और न्यायमूर्ति दत्ता की) के समक्ष सूचीबद्ध किया जाता है तो भी मुझे कोई आपत्ति नहीं है।'' पीठ ने कहा, ‘‘चूंकि केजरीवाल को एक जून तक अंतरिम जमानत देने वाली न्यायमूर्ति खन्ना और न्यायमूर्ति दत्ता की पीठ ने मुख्य याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है, इसलिए जमानत की अवधि बढ़ाए जाने पर फैसले के लिए याचिका को सीजेआई के समक्ष रखना उचित होगा।'' केजरीवाल ने 26 मई को दायर अपनी याचिका में कहा है कि वह जेल लौटने के लिए न्यायालय द्वारा निर्धारित की गई तिथि दो जून के बजाय नौ जून को आत्मसमर्पण करना चाहते हैं। याचिका में कहा गया है कि उनका वजन छह से सात किलोग्राम कम हो गया है और उनका कीटोन स्तर ‘‘बहुत अधिक'' है, जो गुर्दा (किडनी), हृदय की गंभीर बीमारी और यहां तक कि कैंसर का संभावित संकेतक है। याचिका में कहा गया है कि मुख्यमंत्री को ‘पैट-सीटी स्कैन' सहित कुछ चिकित्सकीय जांच कराने की जरूरत है। ‘पैट-सीटी स्कैन' यानी ‘पॉजिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी-कंप्यूटेड टोमोग्राफी' जांच के जरिए शरीर के अंगों एवं ऊतकों की विस्तृत तस्वीरें ली जाती हैं। शीर्ष अदालत ने 10 मई को, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर केजरीवाल को प्रचार करने के लिए एक जून तक यानी 21 दिन की अंतरिम जमानत दी थी, जिसके अनुसार उन्हें दो जून को जेल लौटना है। केजरीवाल को आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
न्यायालय ने निर्देश दिया था कि केजरीवाल दो जून को आत्मसमर्पण करेंगे। इसके एक दिन पहले एक जून को, लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान होना है। केजरीवाल के खिलाफ मामला 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की आबकारी नीति बनाने और उसे क्रियान्वित करने में कथित भ्रष्टाचार और धनशोधन से संबंधित है। यह नीति अब रद्द की जा चुकी है। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को दक्षिण भारत के प्रख्यात अभिनेता और संयुक्त आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे नंदमुरि तारक रामाराव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि फिल्म और राजनीति में उनका योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। दक्षिण भारत के सबसे लोकप्रिय नामों में शुमार नंदमुरि तारक रामाराव का जन्म आज ही के दिन 1923 में हुआ था। फिल्मों में अपार सफलता हासिल करने के बाद एनटीआर ने राजनीति का रूख किया और उन्होंने तीन बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली। मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महान एनटीआर को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। वह तेलुगु सिनेमा की एक उल्लेखनीय हस्ती और एक दूरदर्शी नेता थे। फिल्म और राजनीति में उनका योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘स्क्रीन पर उनकी अविस्मरणीय भूमिकाओं से लेकर उनके परिवर्तनकारी नेतृत्व तक के लिए उन्हें याद किया जाता है। हम अपने समाज के लिए उनके दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए काम करते रहेंगे।
-
नई दिल्ली । भारत ने भूस्खलन से प्रभावित हुए पापुआ न्यू गिनी के लोगों को राहत मुहैया करने के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर की तत्काल वित्तीय सहायता की मंगलवार को घोषणा की।द्वीपीय राष्ट्र के एंगा प्रांत में 24 मई को हुए भूस्खलन में सैकड़ों लोग मलबे में दब गए और बड़े पैमाने पर तबाही हुई थी। पापुआ न्यू गिनी से मीडिया में आई खबरों के अनुसार, भूस्खलन में 2,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख जताया है और प्रशांत महासागर में स्थित इस द्वीपीय देश को मुश्किल घड़ी में हर संभव सहायता मुहैया करने के लिए भारत के तैयार रहने से अवगत कराया है।मंत्रालय ने कहा, ‘‘एक करीबी मित्र और फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन (एफआईपीआईसी) के तहत साझेदार होने के नाते तथा पापुआ न्यू गिनी के मित्रवत लोगों के लिए एकजुटता की भावना के तहत, भारत सरकार ने राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण प्रयासों में मदद के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर की तत्काल राहत सहायता दी है।’’विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में पापुआ न्यू गिनी के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।जयशंकर ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हालिया भूस्खलन के बाद पापुआ न्यू गिनी में हुई जनहानि से बहुत दुखी हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम वहां की सरकार और लोगों के साथ हैं। भारत इस मुश्किल घड़ी में अपने मित्रों के साथ एकजुटता से खड़ा है।’’ विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत, पापुआ न्यू गिनी में 2018 में आए भूकंप और 2019 एवं 2023 के ज्वालामुखी विस्फोट के समय भी वहां के लोगों के साथ दृढ़ता से खड़ा था। मंत्रालय ने कहा कि भारत मानवीय सहायता और आपदा राहत के लिए प्रतिबद्ध है तथा एक जिम्मेदार देश बना रहेगा। - पटना। पटना विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज परिसर में कुछ अज्ञात हमलावरों ने स्नातक अंतिम वर्ष के एक छात्र की सोमवार को कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान पटना विश्वविद्यालय के बीएन कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र हर्ष राज (22) के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार यह घटना तब हुई जब राज दोपहर में परीक्षा देकर बाहर आ रहा था। सूचना मिली थी कि सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के लॉ कॉलेज परिसर में स्नातक की परीक्षा देने गये एक छात्र को कुछ अज्ञात लोगों ने पीट-पीटकर घायल कर दिया है। पटना पुलिस ने एक बयान में कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। वारदात के बाद परिसर के अंदर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘आरोपी नकाब पहने हुए थे।'' प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब पीड़ित परीक्षा कक्ष से बाहर आ रहा था, तभी आरोपियों ने पीड़ित पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि परिसर में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
- भुवनेश्वर।ओडिशा में 13 मई से एक जून तक होने वाले विधानसभा चुनाव में 412 ‘करोड़पति' उम्मीदवार मैदान में हैं। ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स' (एडीआर) और ‘ओडिशा इलेक्शन वॉच' ने 1,285 उम्मीदवारों में से 1,283 के चुनावी हलफनामों का विश्लेषण किया है, जो ओडिशा में 147 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। ओडिशा में विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ ही हो रहे हैं।एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि विश्लेषण किए गए 1,283 उम्मीदवारों में से 412 (32 प्रतिशत) करोड़पति हैं जबकि 2019 के विधानसभा चुनाव में 1,121 उम्मीदवारों में से 304 (27 प्रतिशत) करोड़पति थे। इसमें कहा गया है कि सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के 128 उम्मीदवारों, भाजपा के 96 उम्मीदवारों, कांग्रेस के 88 उम्मीदवारों और आम आदमी पार्टी के 11 उम्मीदवारों ने एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। मौजूदा विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 2.89 करोड़ रुपये है, जबकि 2019 में चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.69 करोड़ रुपये थी। रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व कोयला मंत्री दिलीप रे ओडिशा विधानसभा चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। राउरकेला विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिलीप ने 313.53 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की है। इसके बाद, चंपुआ क्षेत्र से बीजद उम्मीदवार सनातन महाकुड 227.67 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर बस्ता विधानसभा क्षेत्र से बीजद उम्मीदवार सुबासिनी जेना हैं, जिन्होंने 135.17 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति घोषित की है। रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा में विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतरे पांच उम्मीदवारों ने अपने हलफनामे में शून्य संपत्ति घोषित की है। इसके अनुसार, 1283 उम्मीदवारों में से 348 (27 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। 2019 के ओडिशा विधानसभा चुनाव में 1,121 उम्मीदवारों में से 332 (30 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए थे। इस विधानसभा चुनाव में 292 ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले विचाराधीन हैं।इसी तरह, 566 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं के बीच घोषित की है, जबकि 652 उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता स्नातक या उससे ऊपर है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को कहा कि लू लगने से बीमार पड़ने वाले मरीज़ों के लिए दिल्ली सरकार के तहत आने वाले अस्पतालों में दो-दो बिस्तर आरक्षित रखे जाएंगे जबकि लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) में पांच बिस्तर आरक्षित होंगे। भारद्वाज ने पूर्वी दिल्ली के निजी शिशु अस्पताल में लगी आग की घटना और लू की स्थिति पर चर्चा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। भारद्वाज ने पत्रकारों से कहा कि मौजूदा लू की स्थिति को देखते हुए, 26 सरकारी अस्पतालों में दो-दो तथा एलएनजेपी अस्पताल में पांच बिस्तर गर्मी से बीमार पड़ने वाले मरीज़ों के लिए आरक्षित होंगे। file photo
- वाराणसी ।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को कहा कि जब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा हैं, तब तक धर्म के आधार पर आरक्षण लागू नहीं होने दिया जाएगा। वाराणसी ।लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी और प्रधानमंत्री मोदी के चुनाव प्रचार के लिए यहां पहुंचे नड्डा ने काल भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में विपक्ष के बारे में पूछे गये एक सवाल पर कहा, ''विपक्ष को आप देख ही लेंगे कि चार जून (लोकसभा चुनाव परिणाम की घोषणा की तिथि) को उनका क्या हाल होगा।'' उन्होंने विपक्ष पर धर्म के आधार पर आरक्षण देने का मंसूबा रखने का आरोप लगाते हुए कहा, ''संविधान में स्पष्ट लिखा हुआ है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा और जब तक मोदी जी हैं और भारतीय जनता पार्टी है, तब तक धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने दलित, आदिवासी, पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के आरक्षण पर किसी को डाका नहीं डालने देंगे।''नड्डा ने कहा, ''मैं जब भी वाराणसी आता हूं तो काल भैरव मंदिर, संकट मोचन और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करता हूं। जैसा कि हम सभी जानते हैं कि काशी एक धार्मिक नगरी है और सनातन को आगे ले जाने वाली है। यहां से नई ऊर्जा मिलती है।'' उन्होंने कहा, ''मैंने समाज की भलाई, शांति और खुशी तथा नरेन्द्र मोदी सरकार में शुरू किए गए विकास कार्यों को ताकत देने के लिए प्रार्थना की है। नरेन्द्र मोदी जी 400 से ज्यादा सीटों के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।'' बाद में शहर में आयोजित बुनकर कारीगर महासम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''जब जी20 का आयोजन हुआ तो उसमें अतिथियों को जो परिधान दिए गए, वो हमारे बुनकर भाइयों द्वारा निर्मित परिधान ही थे। देश के परंपरागत हुनर को आगे बढ़ाने का काम किया गया। इसी तरह बनारस में दीनदयाल हथकरघा संकुल के द्वारा कम से कम 300 करोड़ का निवेश हो रहा है, ताकि बुनकर भाइयों का तेजी से विकास हो सके।'' उन्होंने कहा कि मोदी जी ने ‘वोकल फॉर लोकल' को आगे बढ़ाने का काम किया।नड्डा ने कहा, ‘‘ वोकल फॉर लोकल... ये सिर्फ एक नारा नहीं है। ये भारत के आर्थिक जगत का मंत्र है और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की आत्मा है।'' नड्डा ने कहा,''महात्मा गांधी जी ने खादी को आगे बढ़ाने का नारा दिया था, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने इसे दरकिनार कर दिया। खादी की चिंता भी अगर किसी ने की, तो वो मोदी जी ने की और उसे मुख्यधारा में लाने का काम किया। इसलिए 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' (एक जिला एक उत्पाद) को प्रोत्साहन दिया गया।'' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के बाद जो बुनकरों की जिंदगी में बदलाव आया है, वो मोदी जी के मजबूत नेतृत्व के कारण संभव हो पाया है। 10 साल पहले लोग सोचते थे कि इस देश में कुछ बदलने वाला नहीं है, ऐसी मानसिकता बन गई थी। लोगों में उदासीनता आ गई थी। लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में लोगों की आशाएं और आकांक्षाएं बदल गई हैं... आज उनको लगता है कि नेता देश को बदल सकता है। मोदी जी ने बुनकर समाज को हर तरीके से प्रोत्साहन देने का काम किया है। देर शाम प्रभावी मतदाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में 'विकासवाद' देश का एजेंडा बन चुका है। उन्होंने कहा,''आज जातिवाद की राजनीति के जगह रिपोर्ट कार्ड, जवाबदेही और पारदर्शिता की राजनीति ने आकार लिया है।साधारण लोग भी समझने लगे हैं कि कौन जातिवाद की राजनीति कर रहा है और कौन विकासवाद की। आज भारत के राजनीति की संस्कृति, परिभाषा व चाल-चरित्र बदला है।'' उन्होंने कहा कि आप सबकी उपस्थिति ने ये साफ कर दिया है कि आपने मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। आपको ये भी मालूम है कि मोदी जी ने 10 साल में राजनीति की परिभाषा, राजनीति की संस्कृति और राजनीति की सोच बदल डाली है। आज राजनीति विकासवाद की हो गई है।नड्डा ने कहा,''आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत की ख्याति और ताकत... दुनिया की निगाह में है। आज दुनिया का 46 प्रतिशत रियल टाइम डिजिटल ट्रांजेक्शन (वास्तविक समय में डिटिजल अंतरण) भारत में होता है।आज भारत में सब्जी बेचने वालों से लेकर गांव-गांव तक लोग डिजिटल पेमेंट के तहत लेन-देन करते हैं।'' भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि कि आज दुनिया में सबसे सस्ती और असरदार दवाई भारत में बन रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत, दुनिया को दवाई निर्यात करने में दूसरे स्थान पर खड़ा है। आज इस्पात उद्योग में भारत चौथे स्थान से दूसरे स्थान पर आ गया है और खिलौना उद्योग में हम तीसरे स्थान पर आ गए हैं। नड्डा ने सोमवार को वाराणसी में कई बैठकों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार मैदान में हैं। इस सीट के लिए सातवें और अंतिम चरण में आगामी एक जून को मतदान होगा।
- गाजियाबाद (उप्र) ।गाजियाबाद के राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर के एक बैंक में पैसा जमा कराने जा रहे पेट्रोल पंप कर्मी से सोमवार को कथित तौर पर बदमाशों ने 9.50 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक पेट्रोल पंप कर्मी की पहचान मयंक गौड़ के रूप में हुई, जो दोपहिया वाहन से बैंक जा रहे थे। उसने बताया कि जैसे ही वह रिंग रोड पर पहुंचा, दो मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने उनकी स्कूटी रोक ली और बंदूक की नोक पर 9.50 लाख रुपये से भरा उनका बैग लूट लिया। पुलिस ने बताया कि गौड़ की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि लुटेरे पेट्रोल पंप से उनका पीछा कर रहे थे। लूट कांड में कुछ जानकार लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने बताया कि लूट का खुलासा करने के लिए कविनगर थाना ने चार टीम बनाई हैं। पुलिस उपायुक्त नगर कुंवर धनंजय सिंह ने बताया कि पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ।
-
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मुरादाबाद मार्ग पर एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने से पिता और उसके दो बच्चों की मौत हो गयी जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी। जिले के नूरपुर थाने के प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सोमवार शाम मुरादाबाद मार्ग पर अस्करीपुर के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक शब्बू (32), उसका दो वर्षीय पुत्र काशिफ और आठ माह की बेटी काशिफा की मौत हो गयी जबकि शब्बू की पत्नी परवीन गंभीर रूप से घायल है। कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल परवीन को जिला अस्पताल भेजा गया है।


.jpg)
.jpg)







.jpg)
.jpg)






.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)



