- Home
- देश
- नयी दिल्ली. शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली के सरकारी व निजी स्कूलों की कक्षाओं में छात्रों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर सख्त पाबंदी है। शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को कक्षाओं, खेल के मैदानों, प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों जैसे स्थानों पर मोबाइल फोन का उपयोग करने से बचने के लिए भी कहा गया है। डीओई ने एक परिपत्र में कहा, “माता-पिता को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके बच्चे स्कूल परिसर में मोबाइल फोन न लाएं। यदि छात्र स्कूल में मोबाइल फोन लाते हैं, तो स्कूल प्राधिकरण को उन्हें लॉकर में रखने की व्यवस्था करनी चाहिए और छुट्टी होने के बाद छात्रों को मोबाइल फोन वापस लौटा देना चाहिए।” परिपत्र में स्कूल अधिकारियों को हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है, जहां छात्र व अभिभावक आपात स्थिति में कॉल कर सकें। यह परामर्श दिल्ली के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए जारी किया गया है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत चिकित्सा उपकरणों के लिए वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल, दवा और चिकित्सा उपकरण क्षेत्रों में वृद्धि की बड़ी संभावनाएं हैं। गांधीनगर में 17-19 अगस्त तक आयोजित होने वाले 'इंडिया मेडटेक एक्सपो 2023' के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारतीय चिकित्सा उपकरण क्षेत्र का बाजार मौजूदा 11 अरब डॉलर से बढ़कर 50 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने आगे इस बात पर जोर दिया कि स्वास्थ्य देखभाल को किफायती बनाने के लिए, सरकार चिकित्सा उपकरणों के स्थानीयकरण के साथ ही जेनेरिक दवाओं की हिस्सेदारी को मौजूदा 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 50-60 प्रतिशत करने का लक्ष्य बना रही है। मांडविया ने कहा, ‘‘चिकित्सा उपकरण क्षेत्र को देश में उभरते हुए क्षेत्रों में से एक माना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की समग्र सोच के चलते भारत चिकित्सा उपकरणों के विनिर्माण और अभिनव चिकित्सा प्रौद्योगिकियों के उत्पादन में वैश्विक केंद्र बनाने के लिए तैयार है।'' तीन दिवसीय कार्यक्रम में आसियान, अफ्रीका, सीआईएस, मध्य पूर्व, ओसियाना के 50 देशों के लगभग 231 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
-
नयी दिल्ली. भारत में कोविड-19 के 39 नए मामले सामने आए और सक्रिय मामलों की संख्या अब 1,505 है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5,31,920 दर्ज की गयी है। कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.49 करोड़ (4,49,96,151) दर्ज की गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,62,726 हो गई है और स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। देश में कोविड-19 की मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत दर्ज की गयी है।। स्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार भारत में देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व शेर दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को कहा कि भारत को एशियाई शेरों का घर होने पर गर्व है और पिछले कुछ वर्षों में उनकी संख्या में लगातार वृद्धि देखी गई है। उन्होंने ट्वीट किया, विश्व शेर दिवस राजसी शेरों का जश्न मनाने का अवसर है जो अपनी ताकत और भव्यता से हमारे दिलों को मोहित करते हैं। भारत को एशियाई शेरों का घर होने पर गर्व है और पिछले कुछ वर्षों में भारत में शेरों की आबादी में लगातार वृद्धि हुई है। मैं शेरों के आवास की रक्षा की दिशा में काम करने वाले सभी लोगों की सराहना करता हूं। हम उनकी रक्षा करते रहें, यह सुनिश्चित करें कि वे आने वाली पीढ़ियों के लिए फलते-फूलते रहें।'' विश्व शेर दिवस का उद्देश्य शेरों के बारे में जागरुकता बढ़ाना है। यह दिवस शेरों के संरक्षण और सुरक्षा को लेकर जागरुकता बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष विश्वभर में 10 अगस्त को मनाया जाता है। भारत में पिछले कुछ वर्षों में शेरों की आबादी में लगातार वृद्धि हुई है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मध्य प्रदेश में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे तथा आधारशिला रखेंगे। श्री मोदी कोटा-बीना रेल मार्ग के दोहरीकरण परियोजना का लोकार्पण करेंगे। वह एक हजार 580 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दो सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें मोरीकोरी-विदिशा-हिनोतिया को जोड़ने वाली एक चार-लेन सड़क प्रधानमंत्री संत शिरोमणि गुरुदेव श्री रविदास जी स्मारक स्थल पर भूमि पूजन करेंगे। स्मारक का निर्माण करीब साढे ग्यारह एकड़ क्षेत्र में सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा।
-
नयी दिल्ली. हुंदै मोटर इंडिया की हाल ही में बाजार में पेश शुरुआती स्तर की स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूी) एक्स्टर की 50,000 से ज्यादा बुकिंग हो गई हैं। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह मॉडल इसी साल 10 जुलाई को पेश किया गया था। हुंदै मोटर इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) तरुण गर्ग ने बयान में कहा, “इस एसयूवी ने देश में मानकों की नई परिभाषा तय की है और ग्राहकों को छह एयरबैग्स के साथ बेहतरीन सुरक्षा प्रदान की है। एक्स्टर को बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है। बाजार में उतरने से पहले जहां इस मॉडल को 10,000 से ज्यादा बुकिंग हो गईं थीं तो वहीं अब बाजार में उतरने के सिर्फ 30 दिन के अंदर इसकी 50,000 से ज्यादा बुकिंग हो चुकी हैं।” एक्स्टर की शोरूम कीमत 5.99 लाख रुपये से 9.99 लाख रुपये तक है।
-
नयी दिल्ली. केंद्र पेंशनभोगियों द्वारा डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने के लिए प्रोत्साहित करने के वास्ते नवंबर में अभियान चलाएगा। बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। पेंशनभोगियों के लिए पेंशन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए नवंबर में जीवन प्रमाणपत्र जमा कराना अहम गतिविधि होती है जबकि 80 साल या इससे अधिक उम्र के पेंशनभोगी अक्टूबर में भी जीवन प्रमाणपत्र जमा करा सकते हैं। बयान में कहा गया कि केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों के जीवन को सुगम बनाने के लिए पेंशन एवं कार्मिक कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने को प्रोत्साहित कर रहा है। कार्मिक मंत्रालय ने कहा, ‘‘सभी केंद्रीय पेंशन भोगियों और पेंशन वितरण प्राधिकारियों के बीच डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) जमा कराने के लिए डीएलसी/चेहरा प्रमाणन प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता फैलाने के वास्ते डीओपीपीडब्ल्यू ने नवंबर 2022 में देश के 37 शहरों में अभियान चलाया था। उक्त अभियान बहुत सफल रहा था और केंद्र सरकार के 35 लाख पेंशनभोगियों ने डीएलसी जमा कराया था।'' मंत्रालय ने बताया कि उसी तरह का अभियान एक से 30 नवंबर 2023 के बीच देश के 100 शहरों में चलाया जाएगा और इस बार 50 लाख पेंशनभोगियों से डीएलसी प्राप्त करने का लक्ष्य है।
-
मुरैना . जिले में बुधवार को एक तेज रफ्तार कार और दोपहिया वाहन में हुई टक्कर में एक सरकारी स्कूल के दो शिक्षकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। रजोधा पुलिस चौकी के प्रभारी प्रज्ञा शील ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर रजोधा गांव के पास हुई दुर्घटना में बाइक पर सवार एक अन्य शिक्षक घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा संचालित सीएम राइज स्कूल के तीन शिक्षक अपने कार्यस्थल से लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी पहचान कृष्णबिहारी चौबे और वीर बहादुर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए तीसरे शिक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि बाइक से टकराने के बाद कार पलट गई और उसका चालक मौके से भाग गया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
-
भोपाल. पूर्व डकैत मलखान सिंह बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गया। मध्य प्रदेश में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। अपनी बड़ी मूंछों पर ताव देते हुए मलखान सिंह ने पत्रकारों से कहा कि वह हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़े और भाजपा के लिए प्रचार किया था। उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा के शासन पर महिलाओं के खिलाफ अपराधों को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने लोगों में आतंक पैदा किया है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद मलखान सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से भाजपा को उखाड़ फेकेंगे। कांग्रेस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि शिक्षा विभाग के पूर्व अधिकारी संतोष शर्मा भी 1,200 समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हुए।
-
गोरखपुर . जिले के स्वास्थ्य विभाग के करीब 32 डॉक्टर बिना किसी आधिकारिक सूचना के ड्यूटी से गायब हैं और उनमें से कुछ पिछले एक साल से काम पर नहीं आ रहे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। मुख्य चिकित्साधिकारी आशुतोष दुबे ने बताया कि विभाग ऐसे डॉक्टरों को नोटिस भेज रहा है लेकिन अभी तक इन डॉक्टरों ने जवाब नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक रिपोर्ट सरकार को भेजी गई है। रिकॉर्ड के अनुसार, जिले का स्वास्थ्य विभाग पहले से ही डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है क्योंकि जिले में 21 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और 51 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। इसके अलावा, 23 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं और केंद्रों पर 162 डॉक्टर तैनात हैं, जिनमें से 32 बिना किसी आधिकारिक सूचना के गायब हैं। इनमें से आठ परास्नातक की पढ़ाई करने गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, गायब डॉक्टरों को कई बार नोटिस भेजा जा चुका है और शासन को इस संबंध में रिपोर्ट भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में दिक्कतें आ रही हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि इन लापता डॉक्टरों ने न तो औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपा है और न ही कहीं और अपनी नियुक्ति के बारे में कोई जानकारी दी है। -
भुवनेश्वर. विशेषज्ञों ने बुधवार को कहा कि दुनियाभर में आदिवासियों द्वारा बोली जाने वाली बोलियों समेत 7,000 भाषाओं में से लगभग 40 प्रतिशत विलुप्त हो चुकी हैं और कई अन्य लुप्त होने के कगार पर हैं। साहित्य अकादमी के सचिव डॉक्टर के. श्रीनिवासराव ने कहा कि दुनिया भाषाओं के विलुप्त होने के खतरे का सामना कर रही है, जिनमें से कई को विलुप्तप्राय भाषाओं के तौर सूचीबद्ध किया जा चुका है और भाषाओं का विलुप्त होना संस्कृति के विलुप्त होने के समान है। वह यहां एक निजी विश्वविद्यालय, शिक्षा 'ओ' अनुसंधान (एसओए) में नौ अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय जनजातीय लेखक सम्मेलन के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। दो दिवसीय सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 70 आदिवासी लेखकों ने हिस्सा लिया। साहित्य अकादमी ने भारत की प्राचीन संस्कृति और विरासत के संरक्षण, प्रसार और पुनर्स्थापना केंद्र (प्राचीन) के सहयोग से सम्मेलन का आयोजन किया था। साहित्य अकादमी के संथाली सलाहकार बोर्ड के संयोजक चैतन्य प्रसाद मांझी ने कहा कि दुनिया की 7,000 भाषाओं में से लगभग 40 प्रतिशत विलुप्त हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यूनेस्को ने उनके संरक्षण और प्रसार के लिए 2022 से 2032 के बीच के वर्षों को स्वदेशी भाषाओं का अंतरराष्ट्रीय दशक घोषित किया है।
-
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों तक लोगों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिक बसों के उपयोग की योजना बनाई है। एक सरकारी बयान से यह जानकारी मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजना के अनुरूप परिवहन निगम ने प्रथम चरण में अपने बस बेड़े में 250 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके लिए भारत सरकार की ‘फेम टू' योजना के तहत मिलने वाले 40 प्रतिशत अनुदान के लिए पत्र भेजा गया है। बयान के अनुसार, भारत सरकार ने इस संबंध में विचार करने के लिए अपनी सैंद्धातिक सहमति दी है।
एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ाने की योजना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार का इरादा प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे अयोध्या, काशी, प्रयागराज, मथुरा, चित्रकूट को प्रदेश की राजधानी से इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से सीधे जोड़ने का है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषणमुक्त, पर्यावरण हितैषी होने के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी किफायती हैं। -
नई दिल्ली। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा के विरूद्ध दर्ज विशेषाधिकार हनन की शिकायत को विशेषाधिकार समिति को भेज दिया है। भाजपा के सांसद एस.फांगनोन कोन्याक और नरहरि अमीन, एआईएडीएमके के एम थम्बीदुरई और बिजु जनता दल के संबित पात्रा ने एक शिकायत दर्ज कराई थी। उस शिकायत में यह कहा गया था कि श्री चड्ढा ने उनकी सहमति के बिना उच्च सदन में उनके द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव में उनके नाम शामिल किए थे। यह प्रस्ताव दिल्ली सेवा विधेयक की एक प्रवर समिति को भेजा जाना था। श्री राघव चड्ढा का यह कदम प्रथम दृष्टया नियमों और पीड़ित सदस्यों की गरिमा का घोर उल्लंघन जान पड़ता है। संसदीय बुलेटिन के अनुसार मामले को विशेषाधिकार समिति को भेज दिया गया है।
-
अलीगढ़ . शहर के सिविल लाइंस इलाके में बुधवार को एक वकील की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने संवाददाताओं को बताया कि अधिवक्ता अब्दुल मुग़ीस (48) आज दोपहर अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे, तभी रास्ते में सिविल लाइंस क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका और बेहद करीब से गोली मार दी। उन्होंने बताया कि अब्दुल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में घटना के किसी संपत्ति विवाद से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। इस घटना को लेकर वकीलों ने कचहरी में विरोध प्रदर्शन किया। बहरहाल, पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। आगे की जांच की जा रही है।
- -
मुंबई. भारत छोड़ो आंदोलन की 81वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को यहां अगस्त क्रांति मैदान में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस आंदोलन ने ब्रिटिश शासन से मुक्ति के भारत के संघर्ष में एक अहम भूमिका निभाई थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मैदान में सभा का नेतृत्व किया और स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अन्य लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की। आम लोग सुबह अगस्त क्रांति मैदान पंहुचे और गांधी स्मृति स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित की। यह वह मैदान है जहां से महात्मा गांधी ने आजादी के लिए 'करो या मरो' का आह्वान किया था। अगस्त 1942 में महात्मा गांधी के तत्काल स्वतंत्रता के आह्वान के साथ आंदोलन मुंबई के गोवालिया टैंक में शुरू किया गया था, जिसे बाद में ऐतिहासिक अवसर के साथ जुड़े होने के कारण अगस्त क्रांति मैदान के रूप में जाना जाने लगा।
-
मुंबई. महाराष्ट्र में ‘बेटे' की चाह में कल्याण स्टेशन से चार वर्षीय एक बच्चे का कथित रूप से अपहरण वाले चार लड़कियों के एक पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नासिक निवासी आरोपी काचरू वाघमारे उर्फ बाबा ने सोमवार सुबह वारदात को अंजाम दिया। उनके मुताबिक, मुंबई के बाहरी हिस्से में स्थित कल्याण स्टेशन के प्रतीक्षा कक्ष के बाहर खेल रहे बच्चे को आरोपी ने कथित रूप से अगवा कर लिया। अधिकारी ने बताया कि दिहाड़ी मज़दूरी करने वाले आरोपी वाघमारे बच्चे को लेकर स्टेशन से चला गया। वह कल्याण शहर के आसपास गया और बच्चे के लिए खाने-पीने की चीज़ें खरीदीं और जालना जाने वाली ट्रेन में सवार होने के लिए फिर स्टेशन वापस आया। जालना यहां से करीब 350 किलोमीटर दूर है। इस बीच, लड़के के पिता ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) से संपर्क किया और कहा कि उनका बेटा लापता हो गया है। जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज की और स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला, तो आरोपी वाघमारे बच्चे के साथ घूमता हुआ दिखा। अधिकारी ने बताया कि जब आरोपी वाघमारे स्टेशन लौटा, तो जीआरपी ने उसे पकड़ लिया। अधिकारी ने बताया कि वह जालना के लिए ट्रेन पकड़ने की योजना बना रहा था। अधिकारी ने बताया, “ आरोपी वाघमारे की चार बेटियां हैं। उसने कहा कि उसे बेटे की चाहत थी, इसलिये उसने बच्चे को अगवा कर लिया।
-
नयी दिल्ली. बिहार के सीतामढ़ी में रामायण रिसर्च परिषद की ओर से स्थापित की जाने वाली माता सीता की प्रतिमा तथा संबंधित क्षेत्र को पर्यटन एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने को लेकर केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट की अध्यक्षता में मंगलवार को संसद भवन परिसर में एक बैठक की। भट्ट के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक इस बैठक में विभिन्न राज्यों से कई महिला सांसदों ने हिस्सा लिया तथा अपने विचार रखे। बयान में कहा गया, ‘‘महिला सांसदों ने परिषद के इस प्रयास की सराहना की तथा आश्वस्त किया कि जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वह बढ़-चढ़कर इस कार्य में हिस्सा लेंगी और माता सीता की प्रतिमा की स्थापना की दिशा में भी हरसंभव प्रयास करेंगी।'' बैठक में प्रयागराज से सांसद रीता बहुगुणा जोशी, सीधी से सांसद रीति पाठक, केंद्रीय राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी, शिवहर से सांसद रमा देवी, भिण्ड से सांसद संध्या राय, छोटा उदयपुर से सांसद गीताबेन राठवा, भरतपुर से सांसद रंजिता कोली, गुवाहाटी से सांसद क्वीन ओझा, टेहरी गढ़वाल से सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, रायगढ़ से सांसद गोमती साय, राजसमंद से सांसद राजकुमारी दिया कुमारी, बदायूं से सांसद संघमित्रा मौर्य, रायगंज से देबोश्री चौधरी, फूलपुर प्रयागराज से सांसद केशरी देवी समेत कई महिला सांसदों ने हिस्सा लिया। बयान के अनुसार भट्ट ने महिला सांसदों से राजनीति से परे होकर आगे आने की अपील की और इस कार्य को सफल बनाने के लिए एक साथ मिलकर देश की महिलाओं को जागरूक बनाने का आह्वान किया। इस दौरान भट्ट ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर के लिए 500 वर्षों के संघर्षकाल पर आधारित 1108 पृष्ठ के लिखे जा रहे एक ग्रंथ पर भी चर्चा की, जिसे हिंदी के अलावा 10 अन्य अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में अनुवाद किया जाना है तथा कई देशों में इसका विमोचन किया जाना है। बैठक के दौरान रामायण रिसर्च काउंसिल के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
-
नयी दिल्ली. मेटा के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया मंच व्हॉट्सएप ने वीडियो कॉल के लिये स्क्रीन साझा करने और ‘लैंडस्केप मोड' की सुविधा शुरू की है। मेटा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। ‘लैंडस्केप' एक क्षैतिज ‘मोड' है जिसका उपयोग वेब पेज, तस्वीर, दस्तावेज या संदेश जैसी विस्तृत स्क्रीन सामग्री को प्रदर्शित करने के लिये किया जाता है। जुकरबर्ग ने फेसबुक पर लिखा है, ‘‘हम व्हॉट्सएप पर वीडियो कॉल के दौरान आपकी स्क्रीन साझा करने की सुविधा जोड़ रहे हैं।'' स्क्रीन साझा करने की सुविधा से उपयोगकर्ताओं को कॉल के दौरान अपनी स्क्रीन का ‘लाइव' दृश्य साझा करने की अनुमति मिलेगी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह सुविधा ‘शेयर' आइकन पर क्लिक करके और एक विशिष्ट एप्लिकेशन साझा करने या पूरी स्क्रीन साझा करने के बीच चयन करके शुरू की जा सकती है। मेटा ने कहा, ‘‘अब आप अपने फोन पर व्यापक रूप से देखने और साझा करने के अनुभव को लेकर ‘लैंडस्केप मोड' में वीडियो कॉल का भी आनंद उठा सकते हैं।
-
बेंगलुरु. भारत के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 का लैंडर ‘विक्रम' 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट-लैंडिंग' करने में सक्षम होगा, भले ही इसके सभी संवेदक और दोनों इंजन काम न करें। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने मंगलवार को यह बात कही। गैर-लाभकारी संस्था दिशा भारत द्वारा आयोजित ‘चंद्रयान-3: भारत का गौरव अंतरिक्ष मिशन' विषय पर एक बातचीत के दौरान सोमनाथ ने कहा कि लैंडर 'विक्रम' का पूरा डिजाइन इस तरह से बनाया गया है कि यह विफलताओं को संभालने में सक्षम होगा। सोमनाथ ने कहा, “अगर सब कुछ विफल हो जाता है, अगर सभी सेंसर नाकाम हो जाते हैं, कुछ भी काम नहीं करता है, फिर भी यह (विक्रम) लैंडिंग करेगा। इसे इसी तरह डिज़ाइन किया गया है - बशर्ते कि प्रणोदन प्रणाली अच्छी तरह से काम करे।” चंद्रयान-3 अंतरिक्ष में 14 जुलाई को प्रक्षेपित हुआ और यह पांच अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कर गया। इसे चंद्रमा के करीब लाने के लिए तीन और डी-ऑर्बिटिंग कवायद होगी - ताकि विक्रम 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर उतर सके। सोमनाथ ने कहा कि ये डी-ऑर्बिटिंग कवायद नौ अगस्त, 14 अगस्त और 16 अगस्त को होगी।
-
चेन्नई. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने राज्य में हाथियों की गणना के लिये किये सर्वेक्षण की रिपोर्ट मंगलवार को यहां जारी की, जिसके अनुसार राज्य में हाथियों की संख्या में वृद्धि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में 2,961 हाथी हैं, जो 2017 की संख्या 2,761 से 200 अधिक है। इस साल 17 से 19 मई के बीच किए गए समकालिक सर्वेक्षण में तमिलनाडु के साथ-साथ केरल और कर्नाटक को भी शामिल किया गया। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, “राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कई कदमों से जंगल में हाथियों की संख्या में वृद्धि हुई है।” रिपोर्ट में कहा गया है कि 26 वन प्रभागों में से, मुदुमलाई टाइगर रिजर्व में हाथियों की संख्या सबसे अधिक है। इसके बाद एमटीआर मासिनागुडी प्रभाग और एसटीआर हसनूर प्रभाग का स्थान आता है। रिपोर्ट के अनुसार, पांच हाथी अभयारण्यों में, नीलगिरी पूर्वी घाट हाथी अभयारण्य में हाथियों की संख्या सबसे अधिक है। इसके बाद अगस्त्यमलाई हाथी अभयारण्य, नीलांबर साइलेंट वैली-कोयंबटूर हाथी अभयारण्य और पेरियार हाथी अभयारण्य रहे।
- file photo
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों के साथ बातचीत में अपनी सरकार के कई कल्याणकारी कदमों को रेखांकित किया और उनसे कहा कि वे लोगों को बताएं कि यह 'मोदी की गारंटी' है कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाते रहेंगे। सूत्रों ने कहा कि उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन की रणनीति को आकार देने के लिए भाजपा नीत राजग के देशभर के सांसदों के साथ बातचीत के हिस्से के तहत सोमवार को गुजरात के सांसदों के साथ एक बैठक में यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी बात रखने के लिए किसानों को 6,000 रुपये के वार्षिक प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य बीमा और उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन सहित अन्य कार्यक्रमों का उल्लेख किया। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने सांसदों से कहा कि वे लोगों के बीच जाएं और उन्हें यह बताएं कि कहा कि ये सब कल्याणकारी योजनाएं आगे भी जारी रहेंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह 'मोदी की गारंटी' है। राजग सांसदों के साथ अपनी बातचीत जारी रखते हुए प्रधानमंत्री ने मंगलवार को दो अलग-अलग बैठकों में राजस्थान, गोवा और महाराष्ट्र के सांसदों को संबोधित किया। भाजपा ने सत्तारूढ़ गठबंधन के सांसदों को क्षेत्रवार 11 समूहों में विभाजित किया है और मोदी उन सभी को संबोधित करने वाले हैं। मंगलवार की बैठकों के साथ, उन्होंने 10 समूहों को संबोधित किया है।
-
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार देश में फिल्मों के निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता संस्थाओं को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को बढ़ाने और बड़ी फिल्मों के लिए एकमुश्त सुविधाएं देने पर विचार कर रही है। सरकार दृश्य-श्रव्य सह-उत्पादन के लिए पिछले साल एक प्रोत्साहन योजना लेकर आयी थी, जिसके तहत भारतीय सह-निर्माता भारत में हुए खर्च के 30 प्रतिशत तक नकद प्रतिपूर्ति का दावा कर सकता है, जो अधिकतम दो करोड़ रुपये हो सकती है। सूचना और प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा ने मंगलवार को कहा कि सरकार प्रोत्साहन राशि बढ़ाने पर विचार कर रही है क्योंकि उसे लगता है कि अन्य देश अपने यहां फिल्मांकन के लिए अधिक आकर्षक सुविधाएं दे रहे हैं। चंद्रा ने यहां चौथे ‘ग्लोबल एवीजीसी एंड इमर्सिव मीडिया समिट' में यहां कहा, ‘‘हम जल्द ही इस बात की घोषणा करेंगे कि प्रोत्साहन राशि में कितनी बढ़ोतरी की गई है। सरकार इस प्रस्ताव पर अभी विचार कर रही है।'' उन्होंने कहा कि सरकार को प्रोत्साहन योजनाओं के तहत देश में फिल्मांकन के लिए निर्माताओं से छह-सात आवेदन प्राप्त हुए हैं, लेकिन उन्होंने इस बात पर नाखुशी जताई कि इस पहल के बारे में ‘एनीमेशन' और ‘विजुअल इफेक्ट' उद्योग के लोगों को जानकारी नहीं थी। चंद्रा ने कहा कि सरकार जल्द ही एक अलग अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन फिल्म महोत्सव आयोजित करने पर भी विचार कर रही है।
-
नयी दिल्ली. भारत में कोविड-19 के 25 नए मामले आए और उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,543 दर्ज की गयी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5,31,918 दर्ज की गयी है। कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.49 करोड़ (4,49,96,059) दर्ज की गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस बीमारी से स्वस्थ होने की दर 98.81 प्रतिशत है तथा 4,44,62,598 लोग इससे उबर चुके हैं। मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत दर्ज की गयी है। आंकड़ों के अनुसार, देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 220.67 करोड़ खुराकें दी गयी हैं।
-
इंदौर .घनी बस्तियों और तंग जगहों में लगी आग बुझाने में अग्निशमन दल को होने वाली मुश्किलों का हल खोजने के लिए इंदौर में इंजीनियरिंग के एक विद्यार्थी ने ‘मिनी रोबोट' बनाया है। विकास के अगले चरण में इस रोबोट को कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद से कुछ इस तरह उन्नत बनाया जा रहा है कि यह किसी स्थान पर लगी आग का खुद पता लगा कर उसे बुझा सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि मिनी रोबोट को इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के शुरू किए गए ‘‘इन्टर्नशिप विद मेयर'' कार्यक्रम के तहत विकसित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्यक्रम के जरिये शहर के युवाओं को नवाचारी अनुसंधान के लिए सरकारी मदद मुहैया कराई जाती है। ‘‘इन्टर्नशिप विद मेयर'' कार्यक्रम से जुड़े मनुज जायसवाल (21) ने मंगलवार को बताया कि उनके द्वारा विकसित मिनी रोबोट को कोई भी प्रशिक्षित व्यक्ति मोबाइल फोन से जुड़े रिमोट कंट्रोल की मदद से चला सकता है। उन्होंने बताया कि यह रोबोट आग बुझाने के लिए फोम (झाग) की बौछार करता है। जायसवाल, शहर के एक निजी महाविद्यालय में ऑटोमेशन और रोबोटिक्स में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया, ‘‘मैं कृत्रिम मेधा (एआई) पर आधारित मशीन लर्निंग मॉडल की मदद से रोबोट को लगातार विकसित कर रहा हूं। मैं चाहता हूं कि रोबोट किसी स्थान पर लगी आग को बिना किसी मानवीय दखल के खुद ढूंढकर बुझा सके।'' इंजीनियरिंग के विद्यार्थी ने बताया कि तीन महीने के अनुसंधान से तैयार मिनी रोबोट को बनाने में करीब दो लाख रुपये की लागत आई है। जायसवाल ने बताया, ‘‘मेरी योजना है कि निवेशकों की मदद से मिनी रोबोट का बड़े पैमाने पर निर्माण किया जाए। यह रोबोट अग्निशमन विभाग के साथ ही कारखानों, दफ्तरों और अन्य स्थानों पर तैनात किया जा सकता है।'' उन्होंने बताया कि वह आग बुझाने वाले मिनी रोबोट के लिए पेटेंट हासिल करने की प्रक्रिया महीना भर पहले ही शुरू कर चुके हैं।
-
जम्मू. अमरनाथ गुफा मंदिर जाने के लिए आगे की यात्रा के वास्ते जम्मू के आधार शिविर से 451 तीर्थयात्रियों का एक जत्था मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर घाटी की ओर रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अब तक का सबसे छोटा जत्था 18 वाहनों के काफिले में भगवती नगर आधार शिविर से पहलगाम और बालटाल में आधार शिविरों के लिए सुबह तीन बजकर 30 मिनट से तीन बजकर 45 मिनट के बीच रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 303 तीर्थयात्री अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान - पहलगाम मार्ग से यात्रा कर रहे हैं। इनमें 26 महिलाएं और 20 साधु संत शामिल हैं। कुल 148 श्रद्धालु गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से मंदिर की ओर जा रहे हैं। इस जत्थे में 25 महिलाएं शामिल हैं। एक जुलाई को शुरू हुई 62 दिवसीय इस वार्षिक यात्रा के दौरान अब तक 4.23 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। यह यात्रा 31 अगस्त को समाप्त होगी।

.jpeg)











.jpg)














