- Home
- देश
-
बेंगलुरु. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन की तैयारियों के तहत पैराशूट की क्लस्टर तैनाती का अनुकरण करने वाले परीक्षण किए हैं। इसरो ने टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी (टीबीआरएल), चंडीगढ़ में क्लस्टर कॉन्फ़िगरेशन में गगनयान पायलट और एपेक्स कवर सेपरेशन (एसीएस) पैराशूट के 'रेल ट्रैक रॉकेट स्लेड' के तैनाती के परीक्षण किए। पहले परीक्षण में दो पायलट पैराशूट की क्लस्टर तैनाती का अनुकरण किया गया।
इसरो ने एक बयान में कहा, ‘‘गगनयान मिशन में इन पायलट पैराशूट का इस्तेमाल मुख्य पैराशूट को निकालने और अलग से तैनात करने में किया जाता है।'' दूसरे परीक्षण में दो एसीएस पैराशूट की अधिकतम गतिशील दाब स्थितियों में क्लस्टर तैनाती का अनुकरण किया गया। इसरो ने कहा कि पायलट और एसीएस पैराशूट को एक पायरोटेक्निक मोर्टार उपकरण का इस्तेमाल करते हुए तैनात किया गया। ये परीक्षण एक और तीन मार्च को किये गये। -
ठाणे.महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को कहा कि तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश ने राज्य के कम से कम पांच जिलों में कटाई के लिए तैयार फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों को हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिये। विज्ञप्ति के मुताबिक, बेमौसम बारिश के कारण कई जिलों में खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं। इसमें कहा गया है कि ठाणे और पालघर के अलावा वाशिम, नासिक और औरंगाबाद जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई है, जिसके चलते कटाई के मौसम से ठीक पहले फसलों को नुकसान पहुंचा है। विज्ञप्ति में शिंदे के हवाले से कहा गया है कि किसानों को राहत और भरोसा दिलाया जाना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग से किसानों को हुए नुकसान का तत्काल पंचनामा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मुंबई, ठाणे और अन्य जिलों में बेमौसम बारिश जारी रहने के आसार हैं, लिहाजा प्रशासन को स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
-
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने आज विधान परिषद को बताया कि महिलाओं के मुद्दे पर सभी दलों की राय मालूम करने के बाद राज्य में उन्हें अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने की चौथी महिला नीति पेश की जायेगी। अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विधान परिषद की उपसभापति नीलम गौड़हे ने सभी क्षेत्रों में महिलाओं को समान और सम्मानित स्थान प्रदान करने का प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव का जवाब देते हुए श्री फडणवीस ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के अतिरिक्त इस महिला नीति में अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों के अतिरिक्त आर्थिक सशक्तिकरण और लैंगिक समानता जैसे मुद्दे भी शामिल हैं।
महाराष्ट्र के महिला और बाल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने घोषणा की कि राज्य की सभी समावेशी महिला की वर्तमान सत्र में घोषणा की जायेगी। उन्होंने सभी जिलों में प्रत्येक महीने के पहले सोमवार को महिला जनता दरबार शुरू करने की भी घोषणा की है। विपक्षी नेता अजीत पवार ने सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि महिला विधायकों और वरिष्ठ महिला नेताओं के होते हुए भी उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया। -
नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि धनशोधन निवारण अधिनियम 2002 क्रिप्टो करेंसी या आभासी परिसंपत्तियों में कारोबार पर लागू होगा। वित्त मंत्रालय ने एक अधिसूचना में बताया कि आभासी डिजिटल परिसंपत्तियों और फिएट मुद्रा, एक या उससे अधिक आभासी डिजिटल परिसंपत्तियों के बीच लेनदेन तथा उनके हस्तांतरण को धनशोधन अधिनियम के अंतर्गत लाया जाएगा। इसके अतिरिक्त आभासी डिजिटल परिसंपत्तियों को सुरक्षित रखने और उनके प्रशासन तथा इनकी पेशकश और बिक्री से जुड़ी वित्तीय सेवाओं को भी अधिनियम के अंतर्गत लाया जाएगा।
-
रक्षा मंत्रालय ने 70 बेसिक प्रशिक्षण विमानों की खरीद के लिए एचएएल के साथ अनुबंध किया
नयी दिल्ली. रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को भारतीय वायु सेना के लिए 6,800 करोड़ रुपये से अधिक लागत पर 70 एचटीटी-40 बेसिक प्रशिक्षण विमान खरीदने के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड(एचएएल) के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। मंत्रालय ने 3,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत में तीन कैडेट प्रशिक्षण जहाजों की खरीद के लिए लार्सन एंड टूब्रो लिमिटेड(एलएंडटी) के साथ भी करार को अंतिम रूप दिया। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली सुरक्षा पर मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) ने एक मार्च को दोनों खरीद प्रस्तावों को अनुमति दी थी। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘रक्षा मंत्रालय ने 7 मार्च, 2023 को नयी दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में क्रमशः 70 एचटीटी-40 बेसिक प्रशिक्षण विमान तथा 3 कैडेट प्रशिक्षण जहाजों की खरीद के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड(एचएएल) तथा लार्सन एंड टूब्रो लिमिटेड(एलएंडटी) के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।'' मंत्रालय ने बताया कि अनुबंध पर हस्ताक्षर और आदान-प्रदान के दौरान रक्षा सचिव गिरधर अरमने, रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा एचएएल और एलएंडटी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। एचएएल छह साल से अधिक समय की अवधि के लिए 70 एचटीटी-40 विमान प्रदान करेगा, वहीं जहाजों की आपूर्ति 2026 से शुरू हो सकती है। एचटीटी-40 एक टर्बो प्रॉप विमान है, जिसमें अच्छी कम गति के परिचालन गुण हैं और यह विमान बेहतर प्रशिक्षण प्रभाव प्रदान करता है। एचटीटी-40 में लगभग 56 प्रतिशत सामग्री स्वदेशी है, जो समय के साथ प्रमुख घटकों तथा उप-प्रणालियों के स्वदेशीकरण के माध्यम से 60 प्रतिशत से अधिक हो जाएगी। मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह विमान नए पायलटों के प्रशिक्षण के लिए भारतीय वायुसेना के मौलिक प्रशिक्षण विमानों की कमी पूरा करेगा। खरीद में सिमुलेटर सहित संबंधित उपकरण और प्रशिक्षण सहायता शामिल होगी।'' उसने कहा, ‘‘एक स्वदेशी समाधान होने के नाते यह विमान भारतीय सशस्त्र बलों की भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिहाज से उन्नयन के लिए करने योग्य है। विमान की आपूर्ति 6 वर्ष की अवधि में की जाएगी।'' विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘एचएएल सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सहित घरेलू निजी उद्योग को अपनी आपूर्ति श्रृंखला में शामिल करेगी। खरीद में 100 से अधिक एमएसएमई में काम करने वाले हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार मिलेगा।'' -
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महिलाओं को पुरुषों के समान न्याय दिलाने के लिए समाज की मानसिकता बदलने की आवश्यकता पर बल दिया है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति ने भारतीय महिलाओं की अदम्य भावना पर हर स्टोरी, माई स्टोरी-व्हाई आई एम होपफुल अबाउट जेंडर जस्टिस शीर्षक से एक लेख लिखा। राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं के प्रति अंदर तक घर कर चुके पूर्वाग्रहों को पहचान कर उन्हें दूर करने की आवश्यकता है ताकि शांतिपूर्ण और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सके। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सामाजिक न्याय और समानता को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए गए हैं, लेकिन महिलाओं का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने में यह कदम अपर्याप्त साहित हुए हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने देखा है कि यदि महिलाओं को अवसर दिया जाता है तो अक्सर वे शिक्षा जगत में पुरुषों को पीछे छोड़ देती हैं। उन्होंने कहा कि यह भारतीय महिलाओं और समाज की हार न मानने वाली भावना है, जिससे उन्हें विश्वास होता है कि भारत, विश्व में महिलाओं को न्याय दिलाने के मामले में अग्रणी साबित होगा। राष्ट्रपति ने कहा कि अगर महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल किया जाए तो न केवल अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी, बल्कि जलवायु से जुड़ी कार्रवाई में भी तेजी आएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यदि महिलाओं को मानवता की प्रगति में बराबर का भागीदार बनाया जाए तो ये दुनिया और भी बहुत बेहतर हो जाएगी, अपने लेख में राष्ट्रपति ने उल्लेख किया है कि महिलाओं के प्रति पूर्वाग्रहों और प्रतिकूल रीति रिवाजों को कानून के माध्यम से या फिर जागरूकता के जरिए समाप्त किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में राष्ट्रपति के रूप में उनका चुना जाना महिला सशक्तिकरण गाथा का हिस्सा है। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता की शताब्दी तक का अमृत काल युवा महिलाओं का है। राष्ट्रपति मुर्मू ने सभी से आग्रह किया कि वे परिवार, पड़ोस या कार्य स्थल पर बालिका के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए बदलाव लाकर उसके आगे बढ़ने के अवसरों में सुधार लाएं। -
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज़ चार दिन की भारत यात्रा पर अहमदाबाद पहुंचे, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ शुक्रवार को भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक सम्मेलन में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी दो दिन के गुजरात दौरे पर अहमदाबाद पहुंचने वाले हैं। अहमदाबाद पहुंचने के बाद ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री साबरमती आश्रम गए और उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधीनगर के राजभवन में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भाग लिया, बाद में श्री अल्बानीज़ ने अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया की एक यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में भी भाग लिया।
- अगरतला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता माणिक साहा ने बुधवार को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने दूसरी बार यह जिम्मेदारी संभाली है।उनके साथ आठ मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली जिनमें रतनलाल नाथ, प्राणजीत सिंघा रॉय, सांतना चकमा, टिंकू रॉय और बिकाश देबबर्मा और सुक्ला चरण नोएटिया शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे।कुल मिलाकर, भाजपा के आठ और उसके सहयोगी दल आईपीएफटी के एक सदस्य को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। इनमें से पांच नए चेहरे हैं, जबकि पहले के मंत्रिमंडल में शामिल रहे चार मंत्रियों को भी नये मंत्रिमंडल में जगह मिली है।नोएटिया ‘इंडीजेनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा’ (आईपीएफटी) से ताल्लुक रखते हैं।राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शपथ दिलाई।माणिक साहा के नेतृत्व वाले मंत्रिपरिषद में तीन आदिवासी विधायकों को स्थान मिला है।धनपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने वाली केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है, हालांकि अब भी तीन मंत्री पद खाली हैं।विपक्षी वाम दलों और कांग्रेस ने चुनाव बाद हुई हिंसा का हवाला देते हुए शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया।टिपरा मोथा के 13 विधायकों में से कोई भी शपथ ग्रहण में नहीं दिखा।इस पार्टी के प्रमुख प्रद्युत किशोर माणिक्य देवबर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘टिपरा ने समझौा नहीं किया। प्रतीक्षा करो और देखो।’’माणिक साहा पिछले साल की शुरुआत में बिप्लब कुमार देब के स्थान पर मुख्यंत्री बने थे। प्रदेश की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 32 सीट पर जीत दर्ज की है, जबकि इसकी सहयोगी इंडिजेनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को एक सीट मिली है।
-
पावर ग्रिड के निदेशक मंडल ने 4,071 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी
नयी दिल्ली. सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी पावर ग्रिड कॉरपोरेशन के निदेशक मंडल ने देश में दो पारेषण परियोजनाओं में करीब 4,071 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है। कंपनी ने बीएसई को भेजी एक सूचना में कहा, ‘‘पावर ग्रिड के निदेशक मंडल ने छह मार्च, 2023 को हुई अपनी बैठक में परियोजनाओं में निवेश की मंजूरी दे दी है।'' निदेशक मंडल ने कुर्नूल पवन ऊर्जा क्षेत्र/सौर ऊर्जा क्षेत्र (एपी) के भाग-ए और भाग-बी के लिए 3,546.94 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पारेषण प्रणाली को मंजूरी दी है। इसे नवंबर, 2024 तक चालू किया जाना है। इसके अलावा पूर्वी क्षेत्र विस्तार योजना-एक्सएक्सआईएक्स (ईआरईएस-एक्सएक्सआईएक्स) को भी मंजूरी दी है। इस पर 524.04 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना को नवंबर, 2025 में चालू किया जाना है। - सुलतानपुर (उप्र) । होली खेलने के बाद बुधवार को गोमती नदी में नहाने गए चार युवकों में से तीन की डूबने से मौत हो गई जबकि चौथा लापता है।पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, तीन शवों को नदी से निकाला जा चुका है जबकि चौथे युवक की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बताया, “ कोतवाली नगर के सीताकुंड घाट के पास होली खेलकर दोपहर करीब तीन बजे चार युवक नहाने के लिए नदी में गए थे । जब उनका एक साथी डूबने लगा तो अन्य ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन चारों नदी में डूब गये।” उन्होंने बताया कि स्थानीय गोताखोरो ने तीन शवों को बरामद कर लिया है लेकिन चौथे युवक की तलाश जारी है। वर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान अमित राठौर (30), गया प्रसाद (28) और रुद्र कुमार (18) के रूप में हुई है।
- प्रतापगढ़ (उप्र) । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर बुधवार को दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि दुर्घटना जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर मणिकपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रहमत अली का पुरवा गांव के पास हुई।अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) रोहित मिश्रा ने बताया कि लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग के निकट दो गाड़ियों में आमने सामने की हुई टक्कर में दोनों कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तत्काल स्थानीय चिकित्सालय लाया गया जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।उन्होंने बताया कि एक बच्ची सहित दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए प्रयागराज भेज दिया।अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान राहुल श्रीवास्तव (35) व उसकी पत्नी प्राची (30) व बेटा अर्थ (10) के रूप में की गयी है ।मिश्रा के मुताबिक, घायलों में राहुल की बेटी काव्या व दूसरी कार के चालक प्राजंल श्रीवास्तव शामिल हैं। मिश्रा ने बताया कि प्रांजल लखनऊ जा रहे थे जबकि राहुल और उनका परिवार होली मनाने के लिए लखनऊ से प्रयागराज आ रहा था।
-
सात प्रतिशत कंपनियों में ही डिजिटल वृद्धि का लाभ उठाने वाली संस्कृतिः रिपोर्ट
नयी दिल्ली. इन्फोसिस की एक अध्ययन रिपोर्ट में कहा गया है कि डिजिटल प्रौद्योगिकियों से वृद्धि को प्रोत्साहन देने वाले परिचालन ढांचे एवं संस्कृति का सही मेल सिर्फ सात प्रतिशत कंपनियों में ही मौजूद है। इन्फोसिस नॉलेज इंस्टिट्यूट की यह रिपोर्ट कहती है कि उच्च गुणवत्ता और पारदर्शी आंकड़ों पर आधारित निर्णय लेने वाली और जिम्मेदार जोखिम लेने की संस्कृति के निर्माण पर जोर देने वाली कंपनियों के मुश्किल वृहद-आर्थिक परिस्थितियों में लाभप्रद वृद्धि करने की अधिक संभावनाएं हैं। इसके अलावा प्रक्रिया के बजाय उत्पादों के इर्दगिर्द अपनी गतिविधियों को संचालित करने से कंपनियों के लिए नए उत्पादों का तेजी से विपणन कर पाना संभव हो पाता है। इससे कंपनियों को शुरुआती उत्पाद पेश करने का लाभ भी मिलता है। यह रिपोर्ट अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, चीन एवं भारत की कंपनियों में काम करने वाले करीब 2,700 अधिकारियों के बीच कराए गए एक सर्वेक्षण पर आधारित है। इसे दिग्गज सूचना प्रौद्योगिकी इन्फोसिस की वैचारिक इकाई ने तैयार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दस में से नौ कंपनियों में डिजिटल वृद्धि का लाभ उठाने के लिए अनुकूल संगठनात्मक ढांचे एवं संस्कृति का अभाव है। इसके अलावा डिजिटल प्रौद्योगिकी से पैदा होने वाले वृद्धि अवसरों का फायदा उठाने के लिए संस्कृति एवं परिचालन ढांचे का सही तालमेल भी सिर्फ सात प्रतिशत कंपनियों में ही पाया जाता है। इस रिपोर्ट में कंपनियों की सफलता के लिए तीन कारक बताए गए हैं। इनमें आंतरिक स्तर पर आंकड़ों का इस्तेमाल, जिम्मेदार जोखिम लेने के लिए संगठन के भीतर संस्कृति बनाना और उत्पादों के इर्दगिर्द कारोबार खड़ा करना शामिल हैं। लेकिन तीनों पहलुओं में संतुलन साधने का काम 10 प्रतिशत से भी कम कंपनियां कर पाई हैं। -
सभी को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए देशभर में 9,000 जन औषधि केंद्र खोले गए : भूपेंद्र यादव
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराने के लिए देशभर में 9,000 से अधिक जन औषधि केंद्र खोले हैं। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक बयान में कहा गया है कि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने जन औषधि दिवस-2023 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा देशभर में 9,000 से अधिक जन औषधि केंद्र खोले गए हैं, ताकि सभी लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। यादव ने कहा कि इन केंद्रों पर कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध हैं, जिससे जनता को महंगी दवाओं के बोझ से राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सरकार द्वारा इन जन औषधि केन्द्रों पर महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सस्ते दामों पर सेनेटरी पैड की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। यादव ने कहा कि मोदी सरकार साल के अंत तक देश में जन औषधि केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 10,000 करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। -
राष्ट्रीय फोटोग्राफी पुरस्कार: फोटो पत्रकार शिप्रा दास को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिला
नयी दिल्ली. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) की ओर से दिये जाने वाले आठवें राष्ट्रीय फोटोग्राफी पुरस्कार के तहत वरिष्ठ फोटो पत्रकार शिप्रा दास को मंगलवार को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने साल के पेशेवर फोटोग्राफर का पुरस्कार शशि कुमार रामचंद्रन को प्रदान किया। अरुण साहा को साल के शौकिया फोटोग्राफर का पुरस्कार मिला। पेशेवर और शौकिया वर्ग में पुरस्कार का विषय क्रमश: ‘जीवन और पानी' तथा ‘भारत की सांस्कृतिक विरासत' था। इस अवसर पर मुरुगन ने कहा कि विजेता विभिन्न पेशेवर पृष्ठभूमि से हैं, लेकिन जो चीज उन्हें जोड़ती है वह फोटोग्राफी के प्रति उनका जुनून है। पेशेवर श्रेणी में ‘विशेष उल्लेख पुरस्कार' दीपज्योति बनिक, मनीष कुमार चौहान, आरएस गोपाकुमार, सुदीप्तो दास और उमेश हरिश्चंद्र निकम को दिया गया। शौकिया श्रेणी में ‘विशेष उल्लेख पुरस्कार' सी एस श्रीरंज, मोहित वधावन, रविशंकर एस एल, सुभदीप बोस और थारुन अदुरगतला को मिला। राष्ट्रीय फोटोग्राफी पुरस्कार की ज्यूरी की अध्यक्षता विजय क्रांति ने की जबकि जगदीश यादव, अजय अग्रवाल, के माधवन पिल्लई, अशिमा नारायण और संजय मिश्र इसके सदस्य थे। लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के तहत तीन लाख रुपये, साल के पेशेवर फोटोग्राफर पुरस्कार के तहत एक लाख रुपये और साल के शौकिया फोटोग्राफर पुरस्कार के तहत 75 हजार रुपये नकद प्रदान किये जाते हैं। पेशेवर और शौकिया वर्ग के तहत पांच विशेष उल्लेख पुरस्कार हैं। पेशेवर वर्ग के विशेष उल्लेख पुरस्कार के तहत 50 हजार रुपये और शौकिया वर्ग के विशेष उल्लेख पुरस्कार के तहत 30 हजार रुपये दिये जाते हैं। -
मांडविया ने बेंगलुरु में ‘नमो नि:शुल्क डायलिसिस केंद्र', ‘जनऔषधि केंद्र' का किया उद्घाटन
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने बेंगलुरु में ‘नमो नि:शुल्क डायलिसिस केंद्र' और ‘जन औषधि केंद्र' का मंगलवार को उद्घाटन किया। इसके अलावा, मांडविया ने ‘नमो डे केयर सेंटर' का भी उद्घाटन किया। इसके साथ ही 5वें जन औषधि दिवस पर चार ‘नमो मोबाइल स्वास्थ्य देखभाल' इकाइयों को हरी झंडी दिखाई। रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘मांडविया ने आज ‘5वें जन औषधि दिवस' के अवसर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की उपस्थिति में बेंगलुरु दक्षिण में ‘नमो नि:शुल्क डायलिसिस केंद्र' और ‘100वें जन औषधि केंद्र' का शुभारंभ किया।'' मंडाविया ने इस अवसर पर कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता सभी नागरिकों को किफायती और बेहतर गुणवत्ता वाली दवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए देशभर में जन औषधि केंद्र खोले गए हैं। -
रंगों के महोत्सव वाली इंदौरी "गेर" पर यूनेस्को की छाप लगवाने की कवायद फिर शुरू होगी
इंदौर . देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में फागुनी मस्ती के माहौल में रंगपंचमी पर हर साल निकाली जाने वाली "गेर" (होली की विशाल शोभायात्रा) को यूनेस्को की मान्यता दिलाने के लिए स्थानीय प्रशासन तीन साल के अंतराल के बाद फिर कवायद शुरू करेगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने गेर को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के तौर पर यूनेस्को की सूची में शामिल कराने के लिए वर्ष 2020 में योजना बनाई थी, लेकिन कोविड-19 का प्रकोप शुरू होने के बाद यह कवायद सिरे नहीं चढ़ सकी। जिलाधिकारी इलैया राजा टी. ने संवाददाताओं को बताया,‘‘इंदौर की गेर दुनिया भर में मशहूर है। गेर को सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े आयोजन के रूप में यूनेस्को की मान्यता दिलाने के लिए हम नये सिरे से प्रयास शुरू करेंगे।'' उन्होंने बताया कि गेर के सांस्कृतिक इतिहास और महत्व से जुड़े दस्तावेज जुटा कर यूनेस्को को प्रस्ताव भेजा जाएगा कि वह इस आयोजन को मान्यता दे। इस बीच, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने महापौर परिषद की बैठक के बाद बताया, "हम चाहते हैं कि इंदौर की गेर, दुनिया के पर्यटन कैलेंडर में अपनी खास जगह बनाए। इसलिए हमने फैसला किया है कि गेर को यूनेस्को की मान्यता दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।" गेर को "फाग यात्रा" के रूप में भी जाना जाता है जिसमें इंदौर के हजारों हुरियारे बगैर किसी औपचारिक बुलावे के उमड़कर फागुनी मस्ती में डूबते हैं। रंगपंचमी पर यह रंगारंग जुलूस शहर के अलग-अलग हिस्सों से गुजरते हुए ऐतिहासिक राजबाड़ा (इंदौर के पूर्व होलकर शासकों का महल) के सामने पहुंचता है, जहां रंग-गुलाल की चौतरफा बौछारों के बीच हुरियारों का आनंद में डूबा समूह कमाल का मंजर पेश करता है। जानकारों ने बताया कि शहर में गेर की परंपरा रियासत काल में शुरू हुई, जब होलकर राजवंश के लोग रंगपंचमी पर आम जनता के साथ होली खेलने के लिए सड़कों पर निकलते थे। उन्होंने बताया कि होलकर शासकों के राज में गेर में बैलगाड़ियों पर लदी कड़ाहियों से बड़ी-बड़ी पिचकारियों के जरिये रंग भरा जाता था और इसे हुरियारों पर बरसाया जाता था। -
कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ बारिश, कुछ इलाकों में ओलावृष्टि
जयपुर. राजस्थान के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुयी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान सबसे अधिक बारिश कोटा के चेचट में 25 मिमी, बांसवाड़ा के भूंगरा में 15 मिमी, पाली के जवाई बांध में 14 मिमी, बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ में 12 मिमी, बागीदौरा में 11 मिमी, झालावाड़ के पिड़ावा में 11 मिमी, कोटा के मंडाना में 10 मिमी, झालावाड़ के पचपहाड़ में 10 मिमी, बांसवाड़ा के सलोपत में 10 मिमी, पाली के सुमेरपुर में 10 मिमी और अन्य कई इलाकों में नौ मिमी से लेकर 1 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश के साथ ओले भी पड़े।जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज एक प्रेरित परिसंचरण तंत्र राज्य के दक्षिणी भागों के ऊपर बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इसके प्रभाव से बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा व उदयपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम बारिश होने, कहीं-कहीं अचानक 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि आठ मार्च को इस तंत्र का असर पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में बना रहेगा। इस दौरान जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा संभाग के जिलों में मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं नौ मार्च से राज्य में अगले तीन-चार दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस से लेकर 29.7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस से लेकर 21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। -
बिना इजाजत मारी पिचकारी तो होगी पुलिस में शिकायत
लखनऊ. उत्तर प्रदेश पुलिस ने मंगलवार को होली की शुभकामनाओं के साथ—साथ हिदायत भी दी कि बगैर इजाजत किसी को रंग न लगायें, वरना पुलिस कार्रवाई हो सकती है। राज्य पुलिस ने अपने आधिकारिक हैंडल से किये गये ट्वीट में सुरक्षित होली का संदेश देते हुए फिल्मी गीत 'बलम पिचकारी' का जिक्र किया और कहा, ''बलम पिचकारी जो विदआउट कंसेंट (रजामंदी) मुझे मारी.....तो 1090 (महिला हेल्पलाइन) पे कॉलिंग हो गयी।'' ट्वीट में कहा गया कि होली को रंगबिरंगी बनाने के लिये रंग खेलने के दौरान रजामंदी लेना बहुत जरूरी है। अगर कोई होली के नाम पर प्रताड़ित करे या हमला करे तो पुलिस की डायल 112 सेवा पर फोन करें। राज्य पुलिस ने लोगों को होली पर हुड़दंग नहीं करने की हिदायत देते हुए सभी को होली की शुभकामना दी।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस का ट्विटर हैंडल काफी लोकप्रिय है और उसके करीब 28 लाख फालोवर हैं। -
सहारनपुर . सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार ढाबे में जा घुसी और उसकी चपेट में आने से ढाबा मालिक की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन ने मंगलवार को बताया कि सोमवार शाम को थाना रामपुर मनिहारान के तहत सहारनपुर राजमार्ग पर दिल्ली की ओर से तेज गति से आ रही एक कार सड़क किनारे बने एक ढाबे में जा घुसी और उसकी चपेट में आने से ढाबा मालिक राजेश उर्फ पप्पू की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद कार पलट गई जिससे कार में सवार तीन महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गये। मौके पर मौजूद राहगीरों ने कार में सवार चारों घायलों को किसी तरह बाहर निकाला । जैन ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। -
नई दिल्ली. गेमिंग श्रेणी में पोर्टफोलियो बढ़ाने के साथ ही खुदरा क्षेत्र में लगातार विस्तार कर रही पर्सनल कंप्यूटर (पीसी) विनिर्माता आसुस की नजर इस वर्ष उपभोक्ता नोटबुक बाजार में शीर्ष स्थान पर है। उसकी योजना 2023 में भारत में अपने स्टोर की संख्या बढ़ाकर 300 करने की है। आसुस इंडिया में कारोबार प्रमुख (उपभोक्ता एवं गेमिंग पीसी, सिस्टम बिजनेस ग्रुप) अर्नाल्ड सू ने बताया कि कंपनी 2023 तक भारत में अपने विशिष्ट स्टोर की संख्या मौजूदा 200 से बढ़ाकर 300 करना चाहती है। इसके अलावा उपभोक्ताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए वह अन्य प्रकार के खुदरा स्टोर में भी विस्तार करना चाहती है। सू ने कहा, ‘‘मौजूदा वर्ष हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस वर्ष हम भारत में पहले स्थान पर पहुंचने के लिए प्रयासरत हैं। यह पूरे कारोबार विस्तार को बहुत महत्वपूर्ण बनाता है। अभी भारत में हमारे 200 विशिष्ट स्टोर हैं जिन्हें बढ़ाकर 300 तक करने का लक्ष्य है। हम हर तिमाही में 20 से 25 स्टोर जोड़ेंगे।'' बाजार शोध कंपनी आईडीसी के मुताबिक आसुस उपभोक्ता नोटबुक श्रेणी में एचपी और लिनोवो के बाद तीसरे स्थान पर है। उसकी बाजार हिस्सेदारी 15.6 फीसदी है और 2022 की चौथी तिमाही में कंपनी की वार्षिक वृद्धि दर 20 फीसदी रही है। विशिष्ट स्टोर के अलावा कंपनी की योजना दिसंबर 2023 तक महंगी ‘शॉप इन शॉप आउटलेट' की संख्या 150 से बढ़ाकर 250 करने, कंपनी के कियोस्क वाली दुकानों की संख्या मौजूदा 1,200 से बढ़ाकर 2,000 और डीलर्स शॉप नेटवर्क को 6,000 से बढ़ाकर 8,000 करने की है।
-
जयपुर. राजस्थान के करौली जिले के सदर हिंडौन थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम तेज रफ्तार से जा रहे दो दुपहिया वाहनों की आमने सामने की भिड़ंत में चाचा भतीजा सहित तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस सहायक उपनिरीक्षक बदन सिंह ने बताया कि बयाना हिंडौन राजमार्ग पर एकोरासी मोड़ के पास दो बाइक की आमने सामने की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार महेन्द्र जाटव, उसके भतीजे राहुल जाटव तथा दूसरी बाइक पर सवार पिंटू गुर्जर की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव परिजनों को सौंप दिये गये। उन्होंने बताया कि एक बाइक पर सवार चाचा भतीजे लगन समारोह में शामिल होने के लिये सूरौठ जा रहे थे वहीं दूसरा बाइक सवार कांदरोली जा रहा था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
जयपुर. राजस्थान में बीकानेर जिले के जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात मिठाई की एक दुकान में लगी आग में दो श्रमिकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। थानाधिकारी महावीर प्रसाद ने बताया कि जयपुर-बीकानेर राजमार्ग पर हल्दीराम प्याऊ के पास मिठाई की एक दुकान में देर रात शार्ट सर्किट के कारण लगी आग में ऊपरी मंजिल में सो रहे दो श्रमिकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार निवासी राकेश मंडल (24) और बीकानेर निवासी धन्नेसिंह (25) की रूप में की गई है। प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
--file photo
-
नयी दिल्ली. होली के त्योहार के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा और भीड़ कम करने के लिए 196 विशेष ट्रेन 491 फेरे लगाएंगी। रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेन देशभर के महत्वपूर्ण गंतव्यों को जोड़ेंगी।
रेल मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में कहा, होली के त्योहार के मौके पर रेल यात्रियों की सुविधा और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए भारतीय रेलवे 196 विशेष ट्रेन के 491 फेरे चला रहा है।'' बयान के मुताबिक, ‘‘देशभर के प्रमुख स्थलों जैसे दिल्ली-पटना, दिल्ली-भागलपुर, दिल्ली-मुजफ्फरपुर, दिल्ली-सहरसा, गोरखपुर-मुंबई, कोलकाता-पुरी, गुवाहाटी-रांची, नयी दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा, जयपुर- बांद्रा टर्मिनस, पुणे-दानापुर आदि को जोड़ने के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएंगी। रेलवे ने अनारक्षित डिब्बों में यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से चढ़ाने के लिए आरपीएफ (रेलवे पुलिस बल) के कर्मचारियों की देखरेख में टर्मिनस स्टेशन पर कतारें लगवाने सहित भीड़ नियंत्रण के विभिन्न उपाय लागू किए हैं। मंत्रालय के अनुसार, ट्रेन का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों को आपातकालीन ड्यूटी में तैनात किया गया है। -
मथुरा. ब्रज की होली कई मायनों में अलग है। यहां होली अन्य शहरों की तरह एक-दो दिन नहीं, बल्कि डेढ़-दो माह तक मनाई जाती है। दरअसल, ब्रज में होली से जुड़ी परंपराओं का निर्वहन वसंत पंचमी के दिन से ही शुरू हो जाता है, जब मंदिरों व चौराहों पर होली जलाए जाने वाले स्थानों पर होली का डांढ़ा (लकड़ी का टुकड़ा, जिसके चारों ओर जलावन लकड़ी, कंडे, उपले आदि लगाए जाते हैं) गाड़ा जाता है। अहिवासी ब्राह्मण समाज के प्रमुख डॉ. घनश्याम पांडेय ने बताया कि उसी दिन से मंदिरों में ठाकुर जी को प्रसाद के रूप में अबीर, गुलाल, इत्र आदि चढ़ाना और श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में यही सामग्री बांटना शुरू हो जाता है। इसके साथ ही मंदिरों में रोज सुबह-शाम होली के गीतों का गायन भी आरंभ हो जाता है। यह क्रम रंगभरी एकादशी तक जारी रहता है, जब गीले रंगों की बौछार शुरू होने लगती है। मथुरा में बरसाना और नंदगांव की लठमार होली, वृंदावन के मंदिरों की रंग-गुलाल वाली होली, मुखराई के चरकुला नृत्य और गोकुल की छड़ीमार होली के बीच होली पूजन के दो दिन बाद चैत्र मास की द्वितीया (दौज) के दिन बलदेव (दाऊजी) के मंदिर प्रांगण में भगवान बलदाऊ एवं रेवती मैया के श्रीविग्रह के समक्ष बलदेव का प्रसिद्ध हुरंगा खेला जाता है। इसमें कृष्ण और बलदाऊ के स्वरूप में मौजूद गोप ग्वाल (बलदेव कस्बे के अहिवासी ब्राह्मण समाज के पंडे) राधारानी की सखियां बनकर आईं भाभियों के साथ होली खेलते हैं। यह सिलसिला बलदाऊ से होली खेलने की अनुमति लेने के साथ शुरू होता है। देवर के रूप में आए पुरुषों का दल एक तरफ, तो भाभी के स्वरूप में मौजूद समाज की महिलाओं का दल दूसरी ओर होता है। दोनों दलों के बीच पहले होली की तान और गीतों के माध्यम से एक-दूसरे पर छींटाकशी होती है। इसके बाद, पुरुषों का दल महिलाओं पर रंग बरसाने लगता है। जवाब में महिलाएं पुरुषों के कपड़े फाड़कर उनका पोतना (कोड़े जैसा गीला कपड़ा) बनाती हैं और उनके नंगे बदन पर बरसाने लगती हैं। पोतना की मार शायद बरसाना की लाठियों से भी ज्यादा तकलीफ देने वाली होती है। लेकिन, होली के रंगे में डूबे हुरियार टेसू के फूलों से बने फिटकरी मिले प्राकृतिक रंगों से उस मार को भी झेल जाते हैं। इन दिनों मंदिर में नौ मार्च को आयोजित होने वाले इसी हुरंगा की तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी पुलकित खरे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेष कुमार पांडेय ने मंदिर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और जहां भी आवश्यक समझा, मंदिर प्रशासक आरके पांडेय को सुधार के निर्देश दिए। मंदिर प्रशासक ने बताया कि हुरंगा के लिए ढाई कुंतल केसरिया रंग मिलाकर टेसू के 10 कुंतल फूलों से रंग तैयार किया गया है। इसके अलावा, 10-10 कुंतल अबीर-गुलाल और फूलों का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टेसू का रंग पूरी तरह से प्राकृतिक रूप से तैयार किया जाता है। इसमें केसर, चूना, फिटकरी मिलाकर शुद्ध रंग बनाया जाता है।
-
शिलांग. नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेता कोनराड के संगमा ने मंगलवार को दूसरी बार मेघालय के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। मेघालय के राज्यपाल फागू चौहान ने एनपीपी के सात अन्य विधायकों, यूनाइडेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के दो विधायकों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (एचएसपीडीपी) के एक-एक विधायक को राजभवन में मंत्रिमंडल में सदस्यों के रूप में गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी शपथ समारोह में शामिल हुए। एनपीपी के प्रेस्टोन तिनसोंग और स्नियाभलंग धार ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में एनपीपी के मार्कुइस एन मारक, रक्कम ए संगमा, अम्पारेन लिंगदोह, कॉमिंगोन यंबन तथा ए टी मोंडल, भाजपा के ए एल हेक, यूडीपी के पॉल लिंगदोह तथा किरमेन श्याला और एचएसपीडीपी के शकलियर वर्जरी शामिल हैं।

.jpeg)
.jpeg)


.jpeg)



.jpeg)


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)









.jpg)