- Home
- देश
-
नई दिल्ली स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी तंबाकू उत्पादों के पैकेट पर निर्दिष्ट नई स्वास्थ्य चेतावनी को अधिसूचित किया है। संशोधित नियम इस साल पहली दिसंबर से लागू होंगे। मंत्रालय ने कहा कि पहली दिसंबर, 2022 को या उसके बाद निर्मित या आयात या पैक किए गए सभी तंबाकू उत्पादों पर पाठ्य स्वास्थ्य चेतावनी के साथ तंबाकू दर्दनाक मौत का कारण है , की छवि प्रदर्शित होगी।
-
नयी दिल्ली। केन्द्र सरकार ने 14 राज्यों से कोष का इस्तेमाल तेजी से करने और जिला अस्पतालों से संबद्ध नये मेडिकल कॉलेज बनाने के कार्य में तेजी लाने की बृहस्पतिवार को अपील की। स्नातक पाठ्यक्रमों को जल्द शुरू करने के लिए केन्द्र प्रायोजित योजना के तहत इसकी मंजूरी दी गयी थी।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार 2014 से तीन चरणों में अबतक 157 नए मेडिकल कॉलेज को मंजूरी दी गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिवों तथा चिकित्सा शिक्षा निदेशकों के साथ योजना की समीक्षा करते हुए परियोजनाओं की धीमी प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने राज्यों से परियोजनाओं को पूरा करने में तेजी लाने की अपील की ताकि 2023-24 शिक्षण सत्र में स्नातक पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकें। भूषण ने कहा कि चूंकि योजना 31 मार्च 2024 को समाप्त हो रही है,इसलिए सभी परियोजनाएं वक्त पर पूरी होनी जरूरी हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा परियोजना में व्यय की धीमी गति और धन के लिए अनुरोध नहीं किये जाने को लेकर केंद्र आगे धन जारी नहीं कर सकता। बैठक में अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, ओडिशा और पंजाब ने हिस्सा लिया - चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 वैश्विक महामारी को ‘‘अप्रत्याशित’’ और सदी में एक बार आने वाला संकट करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि देश ने अपने वैज्ञानिकों और आमजन की मदद से आत्मविश्वास के साथ इसका सामना किया। प्रधानमंत्री ने केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के बारे में कहा कि इस सरकार का ‘‘स्वभाव’’ सुधार करने का है। उन्होंने कहा कि यह सरकार प्रतिबंधात्मक नहीं, बल्कि उत्तरदायी है। उन्होंने ड्रोन एवं भू-स्थानिक और बुनियादी ढांचा सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए सुधारों का जिक्र किया।उन्होंने यहां अन्ना विश्वविद्यालय के 42वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कोविड-19 महामारी को ऐसा ‘‘अप्रत्याशित’’ और ‘‘एक सदी में एक बार आने वाला संकट’’ करार दिया, जिसके निपटने की कोई तय नियमावली नहीं थी।उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी ने हर देश की ‘‘परीक्षा ली’’। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भारत ने अपने वैज्ञानिकों, स्वास्थ्य सेवा कर्मियों, पेशेवरों और आमजन की मदद से अज्ञात (समस्या) का आत्मविश्वास से मुकाबला किया। इसके परिणामस्वरूप, भारत में हर क्षेत्र को नया जीवन मिल रहा है, चाहे वह उद्योग हो, नवाचार हो, निवेश हो या अंतरराष्ट्रीय व्यापार हो।’’उन्होंने कहा कि देश हर क्षेत्र में अग्रणी है और बाधाओं को अवसर में बदल रहा है।उन्होंने देश की सहायता के लिए पूर्वप्रभावी कर को हटाने और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए सुधारों की सराहना की।मोदी ने स्नातक करने वाले युवाओं से कहा कि आज का दिन उपलब्धियों का नहीं, बल्कि आकांक्षाओं का दिन है।उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, गैर शिक्षकों और अन्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि वे ‘‘राष्ट्र निर्माता’’ हैं, जो ‘‘भावी नेताओं’’ यानी छात्रों को तैयार कर रहे हैं।उन्होंने अपने बच्चों के विकास के लिए ‘‘अहम’’ बलिदान देने के वास्ते उनके माता-पिता की भी सराहना की। प्रधानमंत्री ने 100 साल से अधिक समय पहले कहे गए स्वामी विवेकानंद के शब्दों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए युवा पीढ़ी पर भरोसा दिखाया और उनके ‘‘वे शब्द आज भी प्रासंगिक हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘आज केवल भारत ही अपने युवाओं की ओर नहीं देख रहा, बल्कि पूरी दुनिया उम्मीद के साथ भारत के युवाओं की ओर देख रही है, क्योंकि आप देश के विकास के इंजन हैं और भारत दुनिया के विकास का इंजन है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत सम्मान की बात होने के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने अपने संबोधन में राज्य में शिक्षा के माहौल की सराहना की और कहा कि यह राज्य उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले लोगों की संख्या के मामले में सबसे अलग नजर आता है । स्टालिन ने कहा कि उनकी सरकार ने शिक्षा को अत्यधिक महत्व दिया है। उन्होंने इस क्षेत्र में की गई विभिन्न पहलों का जिक्र भी किया।इस कार्यक्रम में राज्यपाल आर. एन. रवि, केंद्रीय राज्य मंत्री एल मुरुगन और तमिलनाडु के उच्च शिक्षा मंत्री के पोनमुडी भी शामिल हुए। समारोह में छात्रों को डिग्री और मेडल दिए गए।
-
हिम्मतनगर (गुजरात). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोग क्या कह रहे हैं उसकी चिंता किए बिना हमें अपना काम करते रहना चाहिए। गुजरात के साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर के नजदीक साबर डेयरी में करीब 20 महिला पशुपालकों से संवाद करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘लोगों को कहने दीजिए जो उन्हें कहना है। हमें अपना काम जारी रखना चाहिए।'' प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी एक महिला पशुपालक द्वारा यह बताए जाने के बाद की कि वह कुछ लोगों द्वारा उनके खिलाफ इस्तेमाल किए जाने वाले असभ्य भाषा को पसंद नहीं करती। महिला ने कहा, ‘‘गुजरात आज पहले नंबर का राज्य है। लेकिन हमें तब अच्छा नहीं लगता जब कोई आपके बारे में असभ्य भाषा का इस्तेमाल करता है। हमने वर्ष 2001 के भूकंप के बाद गुजरात को फिर से खड़ा करने के लिए आपके संघर्ष को देखा है। लोगों द्वारा आपको ‘‘चायवाला'' या ‘‘मौत का सौदागर'' कहे जाने बावजूद आप लोगों की सेवा कर रहे हैं।'' हालांकि, मोदी ने महिला को बीच में ही रोक कर कहा कि उन्हें सेवा करते रहने के लिए लोगों का आशीर्वाद चाहिए। इस मौके पर मौजूद महिलाओं ने कहा कि उनका आशीर्वाद हमेशा उनके (मोदी के) साथ है।
-
शिमला. हिमाचल प्रदेश सरकार ने बागान परिचालकों और फल उत्पादकों को पैकेजिंग सामग्री की खरीद पर छह प्रतिशत सब्सिडी प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 15 जुलाई की पिछली तारीख से लागू होगी। राज्य के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि बृहस्पतिवार को यहां हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में सब्सिडी प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। यह सब्सिडी एचपी बागवानी उत्पाद विपणन और प्रसंस्करण निगम (हिमाचल प्रदेश सरकार के उपक्रम), जिसे एचपीएमसी के नाम से जाना जाता है, के माध्यम से बेचे जाने वाले कार्टन और ट्रे पर प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में एचपीएमसी को 10 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
राज्य मंत्रिमंडल ने केवल विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के शिक्षक, कार्मिकों और शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अनुसार वेतनमान में संशोधन की योजना को लागू करने को भी अपनी मंजूरी दे दी है। इसमें कहा गया है कि एक जनवरी, 2016 से 31 मार्च, 2022 तक यूजीसी के संशोधित वेतनमान का कुल वित्तीय बोझ लगभग 337 करोड़ रुपये का आयेगा। -
कोटा . राजस्थान के बूंदी जिले में जलमग्न पुल को पार करते समय 42 वर्षीय रेलवे स्टेशन मास्टर की कार तेज धारा की चपेट आ गई, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। घटना बुधवार देर रात हुई जब बूंदी के श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर तैनात जयपुर की जनता कॉलोनी के निवासी मनीष मेघवाल ड्यूटी से लौट रहे थे। थाना प्रभारी (एसएचओ) महेंद्र सिंह ने बताया कि मेघवाल की कार नामाना थाना क्षेत्र में चितावा नदी में जा गिरी। एसएचओ ने कहा कि करीब 15 घंटे के बाद बृहस्पतिवार दोपहर को घटनास्थल से लगभग 5-6 किलोमीटर दूर शव बरामद किया गया, जबकि कार का पता नहीं चल पाया है। डीएसपी हेमंत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश हो रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में नदी और नाले उफान पर हैं।
-
नयी दिल्ली। वरिष्ठ वैज्ञानिक हिमांशु पाठक को गुरुवार को कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग (डेयर) का सचिव और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) का महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के आदेश में यह जानकारी दी गई है। मौजूदा समय में पाठक महाराष्ट्र के बारामती में आईसीएआर-राष्ट्रीय अजैविक तनाव प्रबंधन संस्थान के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने पाठक की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से 60 वर्ष की आयु तक के लिए होगी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग (डीएआरई), कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संगठन है जो पूरे देश में बागवानी, मत्स्य पालन और पशु विज्ञान सहित कृषि में अनुसंधान और शिक्षा के समन्वय, मार्गदर्शन और प्रबंधन का शीर्ष निकाय है।
- देहरादून । उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने पहाड़ों में पार्किंग की विकट समस्या को दूर करने के लिए छोटी भूमिगत सुरंगों का निर्माण करने का निर्णय लिया है । इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी गयी । राज्य के मुख्य सचिव सुखबीर सिंह सन्धु ने बताया कि प्रस्तावित भूमिगत सुरंगें पहाडों में पार्किंग स्थल का काम करेंगी । उन्होंने बताया कि इन सुरंगों के निर्माण कार्य के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड, टिहरी हाइड्रो पॉवर लिमिटेड तथा उत्तराखंड जलविघुत निगम लिमिटेड को चुना गया है। सुरंगों के निर्माण से पहले उनका भूगर्भीय सर्वेंक्षण कराया जाएगा । एक अन्य प्रमुख फैसले में मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र की स्थापना को भी मंजूरी दी । देश में अपनी तरह का यह पहला संस्थान होगा जो इस संवेदनशील राज्य में भूस्खलन को रोकने तथा उसके उपचार के लिए कार्य करेगा । मंत्रिमंडल ने देहरादून-मसूरी रज्जुमार्ग परियोजना के टर्मिनल की उंचाई बढ़ाने में छूट के प्रस्ताव पर भी अपनी मुहर लगा दी । यह परियोजना उंचाई के संबंध में अस्पष्टता के कारण 2019 से रूकी पड़ी थी । उधम सिंह नगर जिले में किच्छा के निकट एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना के लिए केंद्र को 100 एकड भूमि निशुल्क देने का भी मंत्रिमंडल ने फैसला किया । इसके अलावा, मंत्रिमंडल ने प्रदेश में अपने टॉवर स्थापित करने वाली मोबाइल कंपनियों पर शुल्क लगाने का फैसला भी किया ।
- नयी दिल्ली। आधुनिक चित्रकार जैमिनी रॉय की कला और कलाकार के रूप में उनके उद्भव की यात्रा को शब्दों में पिरोती एक नई किताब आई है जिसमें रॉय के जीवन के कई पक्षों के साथ, अपनी कला को आजीविका और ध्यान का साधन मानने वाले व्यक्ति का भी चित्रण किया गया है। रॉय को एक आधुनिक यूरोपीय चित्रकार के साथ स्थानीय लोक कला पर भी बारीक दृष्टि रखने वाला कलाकार माना जाता है। लेखिका अनुराधा घोष ने अपनी पुस्तक में, रॉय के जीवन और कला के बारे में 1910 से लेकर उनके अंतिम दिनों तक का विवरण दिया है। नियोगी बुक्स द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का शीर्षक “जैमिनी रॉय: ए पेंटर हू रीविजिटेड द रूट्स” है जिसमें बंगाली लोक कला के आयामों से लोक कलाओं के विभिन्न स्वरूपों तक रॉय की यात्रा पर गहराई से विवेचना की गई है। रॉय की पहचान न केवल स्वदेशी ‘पटुआ' या ‘कालीघाट' पेंटिंग से थी बल्कि बांकुड़ा के मंदिर भित्तिचित्र, टेराकोटा की मूर्तियां, फर्श की कला, लोक गीत, नृत्य और रीति-रिवाजों ने भी उनकी पहचान को गढ़ा। घोष ने कहा, “जरूरी और महत्वपूर्ण चीजों की गहराई पर हमारे जीवन में इसलिए ध्यान दिया जाता है क्योंकि उन्हें अपनाने के लिए हमें मूल जीवनशैली में रहना पड़ता है। रॉय के जीवन और उनकी कला से यह परिलक्षित होता था। उनकी सामान्य जीवनशैली उनकी साधारण कला में दिखती थी।”
- अगरतला,। त्रिपुरा के ग्रामीण इलाकों में सड़कों को 'नैनो तकनीक' का इस्तेमाल करके बनाया जाएगा जिससे सड़कें यहां होने वाली भारी बारिश के बावजूद लंबे समय तक टिकी रहें। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 'प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना' (पीएमजीएसवाई-III) के तहत राज्य में 231.64 किलोमीटर लंबी 32 सड़कों के विनिर्माण के लिए 214.23 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। अधिकारी के मुताबिक, राज्य 114.23 किलोमीटर की 16 सड़कों का निर्माण नैनो तकनीक का इस्तेमाल करके करेगा। पीएमजीएसवाई (पीडब्ल्यूडी) में मुख्य अभियंता बिमल दास ने ‘ बताया, ‘‘पूरे पूर्वोत्तर में भारी वर्षा होती है, इसलिए राज्य ने अपने ग्रामीण संपर्क को विकसित करने के लिए 'नैनो तकनीक' को अपनाया है। इस तकनीक के तहत 'सीमेंट' और 'रसायन' के इस्तेमाल से सड़कों को कंक्रीट के ठोस ढांचे में बदला जाएगा।'' उन्होंने कहा कि 'चिप्स' और 'कोलतार' का इस्तेमाल आमतौर पर सड़कों को बनाने में किया जाता है, लेकिन इनसे बनने वाली सड़कें कुछ ही वर्षों में क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान होता है। दास ने कहा कि नैनो तकनीक से बनी सड़कें लंबे समय तक चलेंगी।
-
नयी दिल्ली. भारतीय नौसोना ने बृहस्पतिवार को अमेरिका से दो और एमच-60 ‘रोमियो' बहुउद्देश्यीय (मल्टी मिशन) हेलीकॉप्टर प्राप्त किये। नौसेना अपनी समग्र लड़ाकू क्षमता को बढ़ाने के प्रयास के तहत ये हेलीकॉप्टर खरीद रही है। इसके साथ ही, नौसेना को प्राप्त हुए इस श्रेणी के हेलीकॉप्टर की कुल संख्या बढ़ कर पांच हो गई है। लॉकहीड मार्टिन कॉरपोरेशन द्वारा निर्मित एवं सभी मौसम में उपयोग में लाये जाने वाले कुल 24 हेलीकॉप्टर की आपूर्ति 2025 तक पूरी होगी। इनमें हेलफायर मिसाइल और घातक रॉकेट प्रणाली लगी होंगी। नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि दो हेलीकॉप्टर की आपूर्ति बृहस्पतिवार को कोच्चि हवाई अड्डे पर की गई, जबकि एक अन्य हेलीकॉप्टर की आपूर्ति अगले महीने होनी है। अमेरिकी सरकार के साथ किये गये लगभग 15,000 करोड़ रुपये के सौदे के तहत भारत ये हेलीकॉप्टर खरीद रहा है।
-
नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और बाल देखभाल समेत विभिन्न पाठ्यक्रम अब एक नये वेब पोर्टल पर निशुल्क उपलब्ध होंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर शुक्रवार को पोर्टल लॉन्च किया जाएगा, जिसका उद्देश्य डिजिटल अंतराल को पाटना और देश के दूरदराज के हिस्सों में उच्च शिक्षा की पहुंच को बढ़ाना है। यूजीसी ने ई-संसाधनों को एकीकृत करने के मकसद से आगामी शैक्षणिक सत्र 2022-2023 से इन पाठ्यक्रमों को पेश करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के साथ करार किया है। मंत्रालय के तहत 7.5 लाख सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी) और स्पेशल पर्पज वीकल (एसपीवी) केंद्र काम कर रहे हैं। यूजीसी के अध्यक्ष एम. जगदीश कुमार ने कहा, ''उच्च शिक्षा को सभी के लिए सुलभ बनाने के अपने प्रयासों के तहत, यूजीसी छात्रों को अंग्रेजी के साथ-साथ क्षेत्रीय भाषाओं में डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने के वास्ते लगातार काम कर रहा है।'' सीएससी का उद्देश्य डिजिटल पहुंच प्रदान करना और नागरिकों को, विशेष रूप से ग्रामीण भारत में रहने वाले लोगों को उनके घर पर ई-गवर्नेंस सेवाएं उपलब्ध कराना है। पोर्टल पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों में 23,000 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम, उभरते क्षेत्रों में 137 'स्वयं' व्यापक ऑनलाइन मुक्त पाठ्यक्रम और 25 गैर-इंजीनियरिंग 'स्वयं' पाठ्यक्रम शामिल हैं। यूजीसी पोर्टल पर इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
-
पटना. बिहार के छह जिलों में बुधवार देर शाम से बृहस्पतिवार तक वज्रपात की चपेट में आकर 11 लोगों की मौत हो गयी । वज्रपात की चपेट में आकर कैमूर एवं गया जिलों में तीन-तीन, नवादा जिले में दो, रोहतास, बक्सर एवं बांका जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी है । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमत्री कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुमार ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने सभी मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें तथा वज्रपात से बचाव के लिये आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। उन्होंने कहा कि लोग खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें। - देवघर। झारखंड के देवघर स्थित बाबा धाम में कोरोना के कारण दो वर्षों बाद इस वर्ष 14 जुलाई से प्रारंभ हुए श्रावणी मेले में बाबा के दर्शन करने अब तक लगभग सोलह लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और इन श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में कुल एक करोड़, 58 लाख, 14 हजार, सत्तर रुपये मूल्य का कुल चढ़ावा चढ़ाया है। देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है तथा भक्त बड़ी संख्या में सोने और चांदी के सिक्के तथा नकदी भी बाबा के दरबार में चढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई से प्रारंभ श्रावण मेले में पहले 13 दिनों में 26 जुलाई तक कुल 15,79,269 श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में जलाभिषेक किया। इस दौरान कुल 37,038 भक्तों ने टिकट खरीद कर ‘शीघ्रदर्शनम्' सुविधा का लाभ उठाया। भजंत्री ने बताया कि मंदिर प्रशासन ने भक्तों द्वारा चढ़ाये गये सोने और चांदी के सिक्कों तथा शीघ्र दर्शनम् के टिकटों से कुल 92 लाख, 84 हजार रुपये प्राप्त किये। इस बीच मंदिर की पंडा समिति के देवनाथ पंडा ने बताया कि इस वर्ष भक्तों में अन्य वर्षों की तुलना में असीम उत्साह दीख रहा है।
- बाड़मेर/नयी दिल्ली,। भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू विमान गुरुवार रात राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतू इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो पायलटों की मौत हो गयी। भारतीय वायुसेना के अनुसार यह विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था। बृहस्पतिवार रात 9.10 बजे यह हादसा बायतू के भीमड़ा गांव के पास हुआ।भारतीय वायुसेना ने ट्वीट किया,‘‘ भारतीय वायुसेना का दो सीटों वाला मिग-21 ट्रेनर विमान राजस्थान के उतरलाई हवाई अड्डे से प्रशिक्षण उड़ान के लिए रवाना हुआ। रात करीब 9:10 बजे बाड़मेर के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोनों पायलटों को जानलेवा चोटें लगीं।'' ट्वीट में कहा गया, ‘‘ भारतीय वायुसेना को पायलटों की जान जाने का गहरा दुख है और वह शोक की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं।'' इससे पहले बाड़मेर के कलेक्टर लोक बंधु ने बताया, ‘‘यह वायुसेना का विमान था जो बायतू के भीमड़ा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलने पर आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुर्घटना के संबंध में वायु सेना प्रमुख वी आर चौधरी से बात की है।सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘ राजस्थान के बाड़मेर में वायु सेना के मिग-21 ट्रेनर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो वायु योद्धाओं के प्राण गंवाने से बेहद दुखी हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘ देश के प्रति उनकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदना उनके परिजनों के साथ हैं।'' राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के घटना पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
-
पणजी. दक्षिण गोवा जिले में जुआरी नदी में एक एसयूवी के गिरने से एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गयी। एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा बुधवार देर रात एक बजकर करीब 10 मिनट पर हुआ। नौसेना के गोताखोरों ने बृहस्पतिवार की दोपहर को गाड़ी को नदी से बाहर निकाला और बचावकर्ताओं को चारों शव निकालने के लिए कार के दरवाजे काटने पड़े। पुलिस ने बताया कि एसयूवी ने पणजी से करीब 15 किलोमीटर दूर कोर्तालिम गांव में जुआरी नदी पर बने पुल पर एक कार से आगे निकलने की कोशिश की। इसी दौरान वह पुल की रेलिंग से टकरायी और नदी में गिर गयी। एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में दक्षिण गोवा में लोतोलिम गांव का एक शख्स, उसकी पत्नी, भाई और एक दोस्त शामिल है। ये सभी पणजी जा रहे थे। घटना के तुरंत बाद भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल, पुलिस और राज्य दमकल एवं आपात सेवा के कर्मियों ने व्यापक तलाश एवं बचाव अभियान चलाया। रात में अंधेरे के कारण अभियान रोकना पड़ा था। नौसेना के गोताखोरों ने बृहस्पतिवार को सुबह नदी की तलहटी में वाहन के पड़े होने का पता लगाया और तीन घंटे बाद सुबह करीब साढ़े 11 बजे शवों का पता चला। अधिकारी ने कहा, ‘‘बचावकर्मियों को शव निकालने के लिए वाहन के दरवाजे काटने पड़े। उन्होंने बताया कि वाहन को किनारे तक लाने के लिए एक नौका की मदद लेनी पड़ी। उन्होंने कहा, ‘‘हमें मालूम हुआ कि कार में सवार लोगों की बुधवार रात को उनके गांव में एक पार्टी थी और वे देर रात करीब साढ़े 12 बजे पणजी के लिए रवाना हुए थे।'' यह पुल दक्षिण गोवा में मडगांव और पणजी शहरों के बीच एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है।
- -
हिम्मतनगर (गुजरात). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल का मिश्रण 2014 से पहले 40 करोड़ लीटर था, जो अब बढ़कर 400 करोड़ लीटर हो गया है। उन्होंने गुजरात में साबर डेयरी की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा में कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल के मिश्रण से किसानों की आय भी बढ़ गयी है। मोदी ने कहा कि पिछले आठ वर्ष में किसानों की सालाना आय बढ़ाने के निरंतर प्रयास अब नतीजे दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेती के अलावा पशुपालन, मत्स्य पालन और शहद के उत्पादन जैसी संबद्ध कारोबारी गतिविधियों ने भी किसानों की आय बढ़ायी है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि सरकार ने प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है क्योंकि मवेशी इसे खा लेते थे। -
नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को संसद में कहा कि 2014 से अब तक 229 पुरावस्तुओं को विदेशों से वापस लाया गया है। संस्कृति व पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष के दौरान विरासत वस्तुओं को विदेशों से वापस लाने की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 तक केवल 13 पुरावस्तुओं को वापस लाया गया था और उसके बाद 2014 से आज की तारीख तक 229 पुरावस्तुओं को वापस लाया गया है। रेड्डी ने कहा कि सरकार अवैध रूप से विदेश ले जाए गए भारतीय पुरावशेषों को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है और जब कभी भारतीय मूल के ऐसे किसी पुरावशेष के विदेश में किसी स्थान पर होने का पता चलता है तो भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण उन्हें वापस लाने के लिए विदेश मंत्रालय के माध्यम से अपने दूतावासों या मिशन के साथ मामले को उठाता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने स्मारकों और पुरावशेषों का राष्ट्रीय रजिस्टर तैयार करने के लिए वर्ष 2007 में राष्ट्रीय संस्मारक और पुरावशेष मिशन (एनएमएमए) की शुरूआत की थी। मंत्री ने कहा कि इस मिशन के तहत 16.83 लाख पुरावशेषों और 1.84 लाख निर्मित धरोहरों और स्थलों के आंकड़े एकत्र किए गए हैं जो छात्रों, कॉलेजों, अनुसंधानकर्ताओं, प्रशासनिक कर्मियों सहित आम लोगों के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास पुरावशेषों और स्मारकों का वृहद डाटाबेस तैयार करने का है।
- -
नई दिल्ली। श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि पिछले वर्ष अगस्त में शुरू हुए ई-श्रम पोर्टल पर अब तक 400 व्यवसायों में लगे असंगठित क्षेत्र के 28 करोड़ से अधिक श्रमिकों ने पंजीकरण कराया है। श्री यादव ने कहा कि यह पोर्टल सरकार को अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों की पहचान करने और एक विश्वसनीय रीयलटाइम डेटाबेस तैयार करने में मदद करेगा। श्री यादव नई दिल्ली में एक समारोह में बोल रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन मजदूर पलायन परामर्श, भारत में लचीले, समावेशी और सतत् नीतियां तथा संस्थानों को आगे बढ़ाने और सभी के लिए अच्छे कार्य को बढ़ावा देने के उददेश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि देश में श्रम सुधारों के लिए एक प्रगतिशील ढांचा अपनाया गया है जो जिनेवा में अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन सम्मेलन में सम्पन्न चर्चा के अनुरूप है।
- नयी दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा अब अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए पहले से आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने कहा है कि अब युवाओं को वर्ष की पहली जनवरी को 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने के लिए पूर्व-आवश्यक मानदंड की प्रतीक्षा करने की आवश्यकता नहीं है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडे ने सभी राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों, चुनाव पंजीकरण अधिकारियों और सहायक चुनाव पंजीकरण अधिकारियों को इसके निर्देश दिये हैं।आयोग के अनुसार मतदाता सूची को हर तीसरे महीने में अद्यतन किया जाएगा और पात्र युवाओं को उस वर्ष की अगली तिमाही में पंजीकृत किया जा सकेगा जिसने 18 वर्ष पूरे कर लिये हों। मतदाता सूची में पंजीकरण होने के बाद, उन्हें एक फोटो पहचान पत्र जारी किया जाएगा।
-
नई दिल्ली। राज्यसभा के तीन सदस्यों को उनके अनुचित व्यवहार के लिए सप्ताह के शेष दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया। इनमें आम आदमी पार्टी के सुशील गुप्ता, संदीप पाठक और निर्दलीय सदस्य अजीत कुमार भुइयां शामिल हैं। इससे पहले राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस, डीएमके पार्टी, तेलंगाना राष्ट्र समिति, वामपंथी दलों और आम आदमी पार्टी के 20 सदस्यों को निलंबित कर दिया गया था।
इसी तरह, चार लोकसभा सदस्यों को भी उनके अनुचित व्यवहार के लिए निलंबित किया जा चुका है।पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने पर संसदीय कार्य राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन ने सभापति का अपमान करने और सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के कारण नियम-256 के तहत सदस्यों को निलंबित करने का प्रस्ताव पेश किया। सदन ने ध्वनिमत से इसे पारित कर दिया। इसी दौरान कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित अन्य विपक्षी सदस्य महंगाई और गुजरात शराब कांड के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।सदन के नेता पीयूष गोयल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की आपत्तिजनक टिप्पणी का मुद्दा उठाया। उन्होंने देश के आदिवासी समुदाय और महिलाओं के खिलाफ की गई टिप्पणी की निंदा की। इस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की। हंगामा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।इससे पहले सदन की बैठक शुरू होने पर मूल्यवृद्धि और गुजरात शराब कांड के मुद्दे पर कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, और अन्य विपक्षी सदस्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन के बीचों-बीच आ गए।इस बीच, वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी का मुददा उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी से राष्ट्रपति का अपमान हुआ है जो जनजातीय समुदाय से हैं। वित्तमंत्री ने मांग की कि इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए।सभापति एम. वेंकैया नायडु ने कहा कि किसी को भी राष्ट्रपति के प्रति अपमानजनक टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने विपक्षी सदस्यों से बार बार आग्रह किया कि वे अपनी सीटों पर बैठ जाएं लेकिन उनकी अपील का कोई असर नहीं हुआ। बाद में सभापति ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी। -
नयी दिल्ली। कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) देश में 16 राजमार्गों और एक्सप्रेसवे समेत 10,275 किलोमीटर के क्षेत्र में बिजली चालित वाहनों के लिए 810 चार्जिंग स्टेशन लगाएगी। सीईएसएल बिजली मंत्रालय के तहत एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी है।
कंपनी ने एक बयान में बताया कि ये चार्जिंग स्टेशन मुंबई-पुणे राजमार्ग, अहमदाबाद-वडोदरा राजमार्ग, दिल्ली-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, हैदराबाद ओआरआर एक्सप्रेसवे और आगरा-नागपुर राजमार्ग समेत अन्य व्यस्त मार्गों पर बनाए जाएंगे। सीईएसएल ये चार्जिंग स्टेशन सेवा खरीद मॉडल के जरिए बना रही है। सार्वजनिक-निजी साझेदारी मॉडल के तहत सीईएसएल जिन कंपनियों के साथ साझेदारी करेगी, वे इन चार्जिंग स्टेशनों में निवेश करेंगी और उनका संचालन भी करेंगी। अगले छह से आठ महीने में ये चार्जिंग स्टेशन बन कर तैयार हो जाएंगे। -
नयी दिल्ली. गूगल मैप्स पर अब भारत के 10 शहरों में सड़कों और गलियों की वास्तविक तस्वीरें देखी जा सकेंगी। प्रौद्योगिकी कंपनी ने इसके लिये दो स्थानीय कंपनियों के साथ भागीदारी की है। सरकार ने पूर्व में सुरक्षा कारणों से सड़कों और अन्य जगहों की व्यापक फलक वाली तस्वीरें दिखाने की अनुमति नहीं दी थी। अबतक गूगल मैप्स पर उपग्रह से ली गयी तस्वीरें होती थीं, लेकिन अब उसपर वास्तविक तस्वीरें होंगी। गूगल ने बुधवार को बयान में कहा कि जेनेसिस इंटरनेशनल और टेक महिंद्रा की भागीदारी के साथ सड़कों, गलियों की वास्तविक तस्वीर देखने की सेवा शुरू की गयी है। बयान के अनुसार, ‘‘गूगल मैप्स पर आज से सड़क की तस्वीर उपलब्ध होगी। यह सेवा बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, पुणे, नासिक, वडोदरा, अहमदनगर और अमृतसर में होगी।'' गूगल, जेनेसिस इंटरनेशनल और टेक महिंद्रा की 2022 तक इस सेवा का 50 से अधिक शहरों में विस्तार करने की योजना है। इसके साथ गूगल मैप्स यातायात प्राधिकरणों की तरफ से जारी गति सीमा के आंकड़े भी दिखाएगी।
गूगल ने ‘ट्रैफिक लाइट' के समय को बेहतर ढंग से बनाने के मॉडल को लेकर बेंगलुरु यातायात पुलिस के साथ अपनी साझेदारी की भी घोषणा की है। बयान में कहा गया है, ‘‘यह स्थानीय यातायात प्राधिकरण को प्रमुख चौराहों पर सड़क की भीड़ का प्रबंधन करने में मदद कर रहा है... इस व्यवस्था का पूरे शहर में विस्तार किया जाएगा।'' गूगल स्थानीय यातायात अधिकारियों के साथ साझेदारी में कोलकाता और हैदराबाद में भी इसका विस्तार करेगी।
इसके अलावा, वैश्विक कंपनी ने वायु की गुणवत्ता के बारे में जानकारी देने के लिये केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के साथ भी गठजोड़ की घोषणा की है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल के पुनरुद्धार के लिए 1.64 लाख करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी दी। पैकेज के तीन हिस्से हैं - सेवाओं में सुधार, बहीखातों को मजबूत करना और फाइबर नेटवर्क का विस्तार। दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए फैसले के बारे में पत्रकारों को बताया कि सरकार बीएसएनएल को 4जी सेवाओं की पेशकश करने के लिए स्पेक्ट्रम आवंटित करेगी। वैष्णव ने कहा कि बीएसएनएल के 33,000 करोड़ रुपये के वैधानिक बकाये को इक्विटी में बदला जाएगा। साथ ही कंपनी इतनी ही राशि (33,000 करोड़ रुपये) के बैंक कर्ज के भुगतान के लिये बॉन्ड जारी करेगी। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने बीएसएनएल और भारत ब्रॉडबैंड नेटवर्क लिमिटेड (बीबीएनएल) के विलय को भी मंजूरी दी है। -
नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने ठगों के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दो व्यक्तियों ने बीमा पॉलिसी का दावा दिलाने के नाम पर 500 से ज्यादा लोगों के साथ कथित रूप से 12 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपियों की पहचान एसएस कुमार और ए नायक के तौर पर हुई है और दोनों ही की उम्र 29 साल है। वे राजस्थान से ताल्लुक रखते हैं लेकिन फिलहाल उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों बीमा दावा दिलाने के नाम पर 2014 से लोगों के साथ ठगी कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि 30 शिकायतों की पहचान की गई है और वे आरोपियों के खातों से जुड़ी हैं। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ की शाखा ‘इंटेलीजेंस फ्यूज़न एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस' (आईएफएसओ) ने मामले का पता लगाया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने अटके हुए बीमा पॉलिसी के दावों को दिलाने के बहाने से साढ़े सात साल के दौरान उसके साथ 2.80 करोड़ रुपये की ठगी की है। आईएफएसओ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) केपीएस मल्होत्रा ने कहा कि जांच के दौरान पता लगाया गया कि पैसा कहां कहां गया और पाया गया कि शिकायतकर्ता के साथ ठगी के लिए करीब 30 बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि यह भी पता चला कि यह गिरोह कई राज्यों में फैला हुआ है और कई स्तरों पर संचालित हो रहा था। मल्होत्रा के मुताबिक, यह भी पता लगाया गया कि इन खातों का इस्तेमाल करके गिरोह ने 500 से ज्यादा लोगों के साथ 12 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। अधिकारी ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि आरोपी टेली कॉलिंग के लिए जाली सिम कार्ड और पैसा प्राप्त करने के लिए जाली खातों का इस्तेमाल करते थे। उन्होंने बताया कि 20 जून को गुप्त सूचना के आधार पर गाजियाबाद के लाल कुआं के पास जाल बिछाया गया और दो लोगों को पकड़ लिया गया। मल्होत्रा के मुताबिक, उन्हें अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
उन्होंने कहा, “ पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 2014 से बीमा पॉलिसी का लाभ दिलाने के बहाने से लोगों के साथ ठगी कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि वे अलग अलग स्तर पर काम करते थे और आम तौर पर गिरोह के अन्य सदस्यों से नहीं मिलते थे।” पुलिस ने कहा कि उनके पास से दो मोबाइल फोन, 25 डेबिट और क्रेडिट कार्ड जब्त किए गए हैं। अपराध से अर्जित पैसे से दो संपत्तियों की खरीद की बात सामने आई है।


.jpeg)




.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)













