- Home
- देश
-
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार एक (एसयूवी) वाहन द्वारा सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारने से एक परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने कहा कि घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश दंडोतिया ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर बड़ागांव खुरई इलाके पास हुई जब एक शादी समारोह से लौट कर कुछ लोग बस के इंतजार में सड़क किनारे खड़े थे। पुलिस के मुताबिक तभी एक तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान पप्पू जाटव (50), उनकी पत्नी राजा बेटी (35) और उनकी दो बेटियां रेशमा (10) और पूनम (05) के तौर पर हुई है। एएसपी ने कहा कि पांचवें मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है जो इन मृतकों का करीबी रिश्तेदार था। एएसपी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मृतक जाटव परिवार मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के डोंगर गांव का रहने वाला था और ग्वालियर में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। जाटव परिवार घर लौटने के लिए बस पकड़ने का इंतजार कर रहा था तभी यह दुर्घटना हो गयी। -
भोपाल. मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि सिकल सेल एनीमिया रोग के प्रबंधन के लिए सिकल सेल वाहक और रोगियों की संख्या प्राप्त किया जाना प्राथमिक आवश्यकता है। पटेल ने बुधवार को राजभवन में मध्यप्रदेश राज्य हीमोग्लोबिनोपैथी मिशन की समीक्षा करते हुए कहा, ‘‘ सिकल सेल एनीमिया रोग प्रबंधन के लिए सिकल सेल वाहक और रोगियों की संख्या प्राप्त किया जाना प्राथमिक आवश्यकता है। कार्य की गति और व्यापकता के लिए परीक्षण (स्क्रीनिंग) कार्य में आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर जोड़ा जाये। आंगनबाड़ी, स्कूल, छात्रावास और महाविद्यालयों के जांव शिविर में मिलने वाले सिकल सेल वाहक अथवा रोगी के परिजन की जांच करायी जानी चाहिए।'' उन्होंने सिकल सेल एनीमिया के उपचार प्रयासों में आयुर्वेद और अन्य पारम्परिक चिकित्सा प्रणालियों को शामिल किए जाने के संबंध में पहल की जरूरत बताई। उनका कहना था कि कोविड महामारी में जन-मानस की गिलोय की औषधीय उपयोगिता से पहचान हुई है, दरअसल आयुर्वेद में ऐसी अनेक जड़ी-बूटियाँ और उनके जानकार हैं, बस आवश्यकता उनके संबंध में प्रामाणिकता के साथ जानकारी संकलित किए जाने की है। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने पटेल को रोग नियंत्रण के लिए हीमोग्लोबिनोपैथी मिशन के तहत उठाए गए कदमों की जानकारी दी, जिसमें स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करने से पहले गांवों में जागरूकता अभियान भी शामिल हैं। बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण के तहत 14 जिलों में कार्ययोजना बनाई जा रही है और स्क्रीनिंग के बाद संबंधित पोर्टल में डाटा दर्ज किया जाएगा।
-
हैदराबाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत जी-20 देशों में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि भारत ने स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया है और कई अन्य उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने यहां इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) के स्नातक छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले साल देश ने रिकॉर्ड मात्रा में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हासिल किया। मोदी ने कहा, ‘‘आज, भारत जी-20 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। भारत इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के मामले में दूसरे स्थान पर है। वैश्विक खुदरा सूचकांक में भारत दूसरे स्थान पर है। भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप परिवेश है। ऐसी कई उपलब्धियां हैं।'' उन्होंने आगे कहा कि आज दुनिया देख रही है कि भारत का मतलब व्यापार है और यह न केवल सरकार की उपलब्धि है, बल्कि युवाओं और आईएसबी जैसे संस्थानों के स्नातकों की भी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘‘रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म'' इस मंत्र ने देश के शासन को फिर से परिभाषित किया है।'' उन्होंने कहा कि भारत ने 100 से अधिक देशों को कोविड-19 का टीका भेजा है। -
कोलकाता. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के दमदम इलाके में स्थित अपने किराये के फ्लैट में 21-वर्षीया एक मॉडल ने कथित रूप से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। इससे कुछ दिन पहले ही एक टीवी अभिनेत्री ने भी आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बिदिशा डे मजूमदार का शव बुधवार शाम को नगर बाजार स्थित उनके फ्लैट से मिला। पड़ोसी दरवाज़ा तोड़कर अंदर दाखिल हुए, तो वह फंदे से लटकी मिली। उन्होंने बताया कि शव के पास से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा गया है कि वह अपने करियर में अवसरों की कमी के कारण अपनी जान दे रही हैं। अधिकारी के मुताबिक, हस्तलिपि विशेषज्ञ पत्र की जांच करेंगे। मॉडल शहर के नैहटी इलाके की रहने वाली थी और दुल्हन के मेकअप के फोटोशूट के लिए एक जाना माना चेहरा थी। मॉडलिंग जगत से जुड़े विभिन्न लोगों ने घटना पर दुख जताया है।
मॉडल शांतु मंडल ने सोशल मीडिया पर कहा, “आपने ऐसा क्यों किया? कल ही आपने अपने फेसबुक की डीपी, कवर फोटो और इंस्टाग्राम की डीपी बदली थी। सीरियल में काम करने वाली अभिनेत्री पल्लबी डे की आत्महत्या के बाद आपने पोस्ट किया था कि इतनी जल्दबाजी में कदम नहीं उठाना चाहिए और अब आपने खुद भी ऐसा ही किया है।” टीवी सीरियल में काम करने वाली प्रसिद्ध अभिनेत्री पल्लबी डे हाल में दक्षिण कोलकाता के गरफा इलाके में स्थित अपने किराये के फ्लैट में फंदे से लटकी मिली थी। पुलिस के मुताबिक, ऐसा लगता है कि उन्होंने खुदकुशी की है। - गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति गुरुवार को भी गंभीर बनी रही और बाढ़ के कारण एक बच्चे सहित दो और लोगों की मौत हो गई। राज्य के सात जिलों में बाढ़ से 5.61 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। एक सरकारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, कामरुप और नौगांव के राहा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस साल राज्य में बाढ़ और भूस्खलनों से मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। प्राधिकरण ने बताया कि कछार, दिमा हसाओ, हैलीकांडी, होजाई, कार्बी आंगलोंग, वेस्ट मोरीगांव और नौगांव जिलों में बाढ़ से 5,61,100 से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। बाढ़ से सबसे ज्यादा नौगांव प्रभावित है जहां 3.68 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। वही कछार जिले में करीब 1.5 लाख और मोरीगांव में 41,000 से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम चेन्नई में 28 हजार पांच सौ 40 करोड़ रूपये से अधिक की छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इससे देश में बुनियादी ढांचा और मजबूत होगा। श्री मोदी ने दो हजार नौ सौ 60 करोड़ की लागत से तैयार पांच परियोजनाओ को भी राष्ट्र को समर्पित किया। इस सभी 11 परियोजनाओं की लागत करीब 31 हजार पांच सौ करोड़ रूपये है।
पूरी की गई कुछ परियोजनाओं में चेन्नई की परिधि में तांबरम और चेंगलपट्टू को जोड़ने वाली तीसरी ब्रॉड-गेज लाइन शामिल है। एक अन्य परियोजना के अंतर्गत 75 किलोमीटर लंबी मदुरै-तेनी छोटी लाइन को बड़ी लाइन में बदला गया है। इस परिय़ोजना को 500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से क्रियान्वित किया गया है। प्रधानमंत्री ने 14 हजार आठ सौ 70 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी चेन्नई-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे की आधारशिला भी रखी। यह एक्सप्रेस-वे तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्से से होकर गुजरेगा।एक अन्य प्रमुख परियोजना में चेन्नई बंदरगाह और मदुरावॉयल को जोड़ने वाली चार लेन की 21 किलोमीटर लम्बी डबल डेकर एलिवेटेड सड़क परियोजना है, जिसे पांच हजार आठ सौ पचास करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने एक हजार आठ सौ करोड़ रुपये की लागत से चेन्नई एग्मोर, रामेश्वरम, मदुरै, काटपाडी और कन्याकुमारी में पांच रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के कार्यों का भी उद्घाटन किया। - मुंबई। मुंबई में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली 47 प्रतिशत से अधिक मौतों के मामले दोपहिया वाहन से जुड़े हैं, जिसके कारण पुलिस को पीछे बैठने वालों के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य करना पड़ा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के एक अधिकारी ने बताया कि 2020 में शहर में 1,812 सड़क दुर्घटनाओं में 350 लोगों की मौत हुई। उन्होंने बताया कि जब यातायात पुलिस ने आंकड़ों की पड़ताल की तो पाया कि 166 या 47.42 प्रतिशत सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतों में दोपहिया वाहन शामिल थे। अधिकारी ने कहा कि इस दौरान 148 (42.28 प्रतिशत) पैदल यात्रियों की जान चली गई, 22 मौतों (6.28 प्रतिशत) में चार पहिया वाहन जबकि आठ मौत (2.28 प्रतिशत) के मामले तीन पहिया वाहनों से जुड़े थे और जान गंवाने वाले छह लोग (1.71 प्रतिशत) साइकिल सवार थे। मुंबई यातायात पुलिस ने अधिसूचना जारी कर दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वालों के लिए भी हेलमेट अनिवार्य कर दिया है। आरटीओ के आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च, 2022 तक मुंबई में वाहनों की कुल संख्या 42.85 लाख थी, जिसमें से 25.41 लाख दोपहिया वाहन थे। इसके बाद 12.45 लाख चार पहिया वाहन और 2.33 लाख ऑटो रिक्शा समेत अन्य वाहन शामिल थे। file photo
- अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने बुधवार को कहा कि उसने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ स्वर्ण मंदिर के अंदर 'गुरबानी कीर्तन' को फिर से शुरू करने के लिए कदम उठाए हैं। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से हारमोनियम का इस्तेमाल धीरे धीरे बंद करने और तीन साल के भीतर कीर्तन के लिए तार वाले प्राचीन पारंपरिक वाद्ययंत्रों का उपयोग करने के लिए कहा है। अकाल तख्त सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था है। तार वाले वाद्ययंत्रों को ‘तांती साज' के रूप में जाना जाता है और इसमें 'रबाब', 'सारंदा', 'दिलरुबा', 'तानपुरा', 'सितार' और 'तौस' शामिल हैं। एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने धर्म प्रचार समिति, एसजीपीसी के तहत चलने वाले 'गुरमत संगीत विद्यालयों' और कॉलेजों को 'कीर्तन' प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए तार वाले वाद्ययंत्रों के साथ अभ्यास अनिवार्य करने के लिए कहा है।
- मुंबई। मुंबई यातायात पुलिस ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर दोपहिया वाहनों की पिछली सीट पर बैठने वालों के लिए हेल्मेट अनिवार्य कर दिया एवं इस नियम का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह नियम 15 दिनों बाद प्रभाव में आ जाएगा जिसके बाद यातायात अधिकारी उल्लंघनकर्ताओं के विरूद्ध कार्रवाई शुरू कर देंगे। अधिसूचना के अनुसार यातायात पुलिस ने पाया है कि दोपहिया वाहनों की पिछली सीट पर बैठने वाले ज्यादातर लोग हेल्मेट नहीं पहनते हैं और यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल बिना हेल्मेट के दोपहिया वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस 500 रूपये का जुर्माना करती है या उनका लाईसेंस रद्द कर देती है। अब 15 दिन बाद पिछली सीट पर बिना हेल्मेट के बैठने वालों पर भी इतना ही जुर्माना लगेगा।
-
लखनऊ . भारतीय रेलवे के उपक्रम 'आईआरसीटी' के भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन 21 जून से 18 दिवसीय रामायण सर्किट यात्रा से शुरू हो रहा है, जिसके अंतर्गत नेपाल स्थित जनकपुर को भी पहली बार ट्रेन से जोड़ा जाएगा। भारत और नेपाल के दो पवित्र तीर्थ स्थलों अयोध्या एवं जनकपुर को जोड़ती हुई पहली पर्यटक ट्रेन चलायी जा रही है। यह ट्रेन स्वदेश दर्शन के अंतर्गत चिन्हित रामायण सर्किट पर प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े स्थलों का पर्यटन कराएगी। नेपाल स्थित जनकपुर में राम जानकी मंदिर का भ्रमण भी ट्रेन टूर में शामिल होगा। आईआरसीटीसी, लखनऊ के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा, "भारत गौरव पर्यटक ट्रेन" द्वारा 'श्री रामायण यात्रा' के लिए बुकिंग की जा रही है। ट्रेन 21 जून को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। भारत गौरव' एसी पर्यटक ट्रेन, 21 जून को दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से 18 दिनों की यात्रा पर रवाना होगी।'' सिन्हा ने बताया, ‘‘यह विशेष पर्यटक ट्रेन दिल्ली से 21 जून को रवाना होगी। यह पर्यटकों को प्रभु श्रीराम से जुड़े सभी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों का भ्रमण व दर्शन कराएगी। यह दोनों देशों की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को और मजबूती प्रदान करेगी। यह ट्रेन 18 वें दिन दिल्ली वापस पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन द्वारा लगभग 8000 किलोमीटर की यात्रा पूरी की जाएगी।'' उन्होंने बताया, ‘‘पूर्णतया वातानुकूलित पर्यटक ट्रेन में ऐसी तृतीय श्रेणी के 11 कोच होंगे। साथ ही आधुनिक किचन कार से यात्रियों को उनकी बर्थ पर ही शाकाहारी स्वादिष्ट भोजन परोसा जाएगा। ट्रेन में यात्रियों के मनोरंजन व यात्रा की जानकारी आदि प्रदान करने हेतु इन्फोटेन्मेंट सिस्टम भी लगाया गया है। स्वच्छ शौचालय के साथ ही सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड एवं सीसीटीवी कैमरे भी प्रत्येक कोच में उपलब्ध रहेंगे।'' भारत गौरव पर्यटक ट्रेन, भारत सरकार की पहल "देखो अपना देश" के अनुरूप, घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही है। आईआरसीटीसी ने टूर के बुकिंग प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए पेटीएम व रेज़रपे जैसी पेमेंट गेटवे फर्मों से करार किया है जिससे भुगतान डेबिट/क्रेडिट कार्ड के माध्यम से आसान किश्तों में भी किया जा सके। पहले आने वाले 50 प्रतिशत यात्रियों को यात्रा किराया में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। आईआरसीटीसी ने इस 18 दिनों की यात्रा के लिए 62,370 रुपये प्रति व्यक्ति का शुल्क निर्धारित किया है।
-
अहमदाबाद । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 मई को गुजरात दौरे पर आएंगे और राज्य के अनेक हिस्सों में सार्वजनिक समारोहों में भाग लेंगे। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी। गुजरात के मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता जीतू वाघानी ने बुधवार को गांधीनगर में उक्त यात्रा के बारे में संवाददाताओं को जानकारी दी। गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मोदी 28 मई को सुबह 10 बजे राजकोट जिले की जसदण तहसील में अटकोट गांव में श्री पटेल सेवा समाज द्वारा निर्मित एक अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। अस्पताल के प्रबंध न्यासी डॉ भरत बोघारा ने बताया कि राजकोट-भावनगर राजमार्ग पर स्थिति 200 बिस्तर वाले केडी परवाडिया मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण 40 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। गुजरात भाजपा के उपाध्यक्ष बोघारा ने कहा, ‘‘हम आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों और सरकार द्वारा जारी अन्य कार्ड धारकों को निशुल्क उपचार प्रदान करेंगे।'' उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक रैली को भी संबोधित करेंगे। शाम में मोदी गांधीनगर में ‘सहकार सम्मेलन' में भाग लेंगे और अनेक सहकारी समितियों के करीब 10,000 निर्वाचित प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। वाघानी ने बताया कि शाह 28 मई को सुबह द्वारका स्थित द्वारकाधीश मंदिर जाएंगे और उसके बाद पास में स्थित तटीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षुओं से संवाद करेंगे। बाद में केंद्रीय मंत्री गांधीनगर में सहकार सम्मेलन में शिरकत करेंगे। सहकारिता मंत्री शाह रविवार को पंचामृत डेयरी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और पंचमहल जिले के गोधरा में एक सभा को संबोधित करेंगे। जानकारी के अनुसार बाद में शाह खेड़ा जिले के नाडियाड कस्बे में जाएंगे और गुजरात राज्य पुलिस आवास निगम द्वारा पुलिस विभाग के लिए राज्य में बनाये गये 57 आवासीय और गैर-आवासीय भवनों को लोकार्पित करेंगे। वाघानी ने बताया कि शाम में शाह अहमदाबाद के नारनपुरा इलाके में एक खेल परिसर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम को मोटेरा स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल का फाइनल मैच देखेंगे। वाघानी ने यह भी बताया कि गांधीनगर में एक और दो जून को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय स्कूल शिक्षा सम्मेलन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के शिक्षा मंत्री व शिक्षा सचिव शिरकत करेंगे।
-
नयी टिहरी (उत्तराखंड) । टिहरी जिले में बुधवार को एक एसयूवी के खाई में गिर जाने और उसमें आग लगने से पश्चिम बंगाल के पांच लोगों समेत छह की मौत हो गयी। जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि हादसा ऋषिकेश-गंगोत्री राजमार्ग पर कोटिगढ़ के पास उस समय हुआ जब हरिद्वार से केदारताल-गंगोत्री जा रहा वाहन खाई में गिर गया। वाहन 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया और आग की लपटों में घिर गया, जिसमें ड्राइवर सहित वाहन के सभी छह लोग झुलस गए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दुर्घटना का शिकार हुए बोलेरो वाहन पर उत्तराखंड का नंबर था लेकिन उसमें यात्रा करने वाले लोग पश्चिम बंगाल के थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। मृतकों की पहचान मदन मोहन भुइयां, उनकी पत्नी झुमरू भुइयां, उनके बेटे नीलेश भुइयां, प्रदीप दास, देवमाल्या देव और ड्राइवर आशीष के रूप में हुई है। -
मुंबई। भारतीय विज्ञापन मानक परिषद (एएससीआई) ने बुधवार को अपने नियमों का दायरा बढ़ाते हुए कहा कि शरीर का आकार, आयु और शारीरिक तथा मानसिक स्थितियों से जुड़े संभावित भेदभाव वाले विज्ञापनों पर अब कार्रवाई की जायेगी। विज्ञापन उद्योग के स्व-नियामक निकाय एससीआई ने कहा कि संहिता उल्लंघन के नियमों में नस्ल, जाति, स्त्री-पुरूष भेदभाव या राष्ट्रीयता के आधार पर किसी का उपहास न करना पहले से ही शामिल है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "हालांकि, अब इसमें लिंग पहचान और यौन आकर्षण, शरीर का आकार, आयु और शारीरिक और मानसिक स्थितियां जैसे संभावित भेदभाव या उपहास को अब संहिता में शामिल किया गया है। इन आधारों पर किसी का मजाक उड़ाने या उपहास करने वाले विज्ञापनों को अब नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।" एएससीआई ने कहा कि उसे उभरते हुए समाज और उपभोक्ताओं की बदलती चिंताओं के साथ तालमेल बिठाना होगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि विज्ञापन अपेक्षाओं के अनुरूप रहे। -
मुंबई .टेक्सास के स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद प्रियंका चोपड़ा, सेलेना गोमेज, टेलर स्विफ्ट, आर माधवन जैसी फिल्मी दुनिया की दिग्गज हस्तियों ने अमेरिका में सख्त शस्त्र कानून की आवश्यकता जतायी है। दुनियाभर की मशहूर फिल्मी हस्तियों ने अमेरिकी सरकार से आग्रह किया कि देश में बड़े पैमाने पर सामने आ रहीं गोलीबारी की घटनाओं पर लगाम लगाने का समाधान तलाश करें। अमेरिका में टेक्सास राज्य के एक प्राथमिक स्कूल में एक 18 वर्षीय बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी करके 19 बच्चों समेत 21 लोगों की हत्या कर दी, वहीं कई अन्य इस घटना में घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर को भी मार गिराया है। अधिकारियों ने कहा कि सैन एंटोनियो से 134 किलोमीटर दूर टेक्सास के उवाल्डे शहर के रॉब एलीमेंट्री स्कूल में मंगलवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। घटना पर रोष व्यक्त करते हुए अभिनेत्री एवं गायिका सेलेना ने कहा कि अगर बच्चे स्कूल में ही सुरक्षित नहीं हैं तो वे कहां सुरक्षित होंगे। सेलेना ने कहा, ''आज, मेरे गृह राज्य में पढ़ाई के दौरान 18 निर्दोष छात्रों की हत्या कर दी गई। एक शिक्षिका को भी अपना कर्तव्य निभाते हुए मार दिया गया। यह बेहद निराशाजनक है, और मैं नहीं जानती कि इससे ज्यादा क्या कहूं।'' उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कानून में बदलाव की जरूरत है।
गायिका टेलर स्विफ्ट ने कहा कि अमेरिका में एक और गोलीबारी की घटना की खबर सुनकर वह गुस्से और दुख से भर गई हैं। टेलर ने हाल में अमेरिका में हुईं अन्य गोलीबारी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा, ''एक राष्ट्र के रूप में, हम असहनीय तकलीफों के आदी हो गए हैं।'' वहीं, अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक समाचार क्लिप साझा की और कहा, ''केवल शोक व्यक्त करना ही काफी नहीं है। इससे आगे बढ़कर बहुत कुछ करने की जरूरत है। बेहद दुखद।'' अभिनेता माधवन ने ट्वीट कर कहा, ''वाकई दिल दहला देने वाला। इसका एक स्पष्ट समाधान होना चाहिए।''
अभेनित्री स्वरा भास्कर ने भी घटना को ''भयावह'' और ''दुखद'' करार देते हुए सवाल उठाया कि पूर्व में हुई इस तरह की घटनाओं के बावजूद अमेरिका के शस्त्र कानून में कोई संशोधन क्यों नहीं किया गया। -
जालौन . जालौन जिले के उरई क्षेत्र में बुधवार को महाराष्ट्र से मजदूरों को लेकर सिद्धार्थनगर जा रहा एक लोडर सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गया। हादसे में लोडर में सवार दो लोगों की मौत हो गयी जबकि 11 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उरई क्षेत्र में निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास महाराष्ट्र से मजदूरों को लेकर सिद्धार्थनगर जा रहे लोडर के चालक को संभवत: झपकी आने के कारण वह अनियंत्रित होकर एक ढाबे के किनारे खड़े डम्पर से जा टकराया। इस हादसे में लोडर में सवार सैरी निसां और लोडर के चालक शकील की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में लोडर सवार 11 अन्य लोग घायल हो गये जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि घायलों में से चार लोगों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
-
इंदौर. वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान मध्यप्रदेश के इंदौर से गुम 540 मोबाइल फोन पुलिस ने देश के अलग-अलग इलाकों से ढूंढ निकाले और उनके मालिकों को बुधवार को सौंप दिए। इन उपकरणों का कुल मूल्य 1.5 करोड़ रुपये के आस-पास है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संबंधित मालिकों को उनके मोबाइल फोन सौंपे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश हिंगणकर (अपराध निरोधक शाखा) ने बताया कि इन लोगों ने अपने मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत इंदौर पुलिस के मोबाइल ऐप ‘‘सिटीजन कॉप'' पर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन शिकायतों पर जांच करते हुए पुलिस ने मध्यप्रदेश के साथ ही दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान, उड़ीसा, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में इन उपकरणों को ढूंढ निकाला। हिंगणकर ने बताया,"हम विस्तृत जांच के जरिये पता लगा रहे हैं कि क्या इन गुम मोबाइल फोन की किसी संगठित गिरोह के जरिये अवैध खरीद-फरोख्त की गई थी।" -
मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने बुधवार को अपने दिवंगत पिता सुनील दत्त की 17वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया और कहा कि वह उनकी 'ताकत और प्रेरणा' हैं। प्रसिद्ध अभिनेता और राजनेता सुनील दत्त का 25 मई, 2005 को 75 वर्ष की आयु में उनके बांद्रा स्थित आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। संजय दत्त ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए इंस्टाग्राम पर हिंदी सिनेमा के दिग्गज सुनील दत्त की एक पुरानी तस्वीर साझा की। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, ‘‘अच्छे-बुरे हर हालात में आप हमेशा मुझे रास्ता दिखाने और रक्षा करने के लिए थे। आप मेरी ताकत, प्रेरणा और हर जरूरत में सहारा थे, जो एक बेटे को चाहिए। आप हमेशा मेरे दिल में रहेंगे पापा। मुझे आपकी याद आती है।'' दत्त की छोटी बहन प्रिया दत्त ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने पिता के साथ पुरानी तस्वीरों का एक यादगार वीडियो साझा किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्ष 2005 उनके जीवन में कई बदलाव लेकर आया क्योंकि उन्होंने अपने पिता को खो दिया था और वह उसी वर्ष मां बनी थीं। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘‘आज 25 मई 2005 को 17 साल हो गए। उस साल मेरे जीवन में कई बदलाव हुए। मैंने उस व्यक्ति को खो दिया जो मेरे लिए दुनिया का पर्याय था और उसी साल मैंने अपने बेटे के जन्म की खुशी का अनुभव किया जो मेरे लिए दुनिया है।'' प्रिया दत्त ने अपनी दिवंगत मां-दिग्गज अभिनेत्री नरगिस दत्त को भी याद किया, जिनकी 3 मई, 1981 को 51 वर्ष की आयु में अग्नाशय के कैंसर से मृत्यु हो गई थी। प्रिया ने प्राचीन चीनी दार्शनिक और लेखक लाओ त्ज़ु को उद्धृत किया। उन्होंने लिखा, ‘‘जीवन और मृत्यु एक धागा है, एक ही रेखा को अलग-अलग नजरिये से देखा जाता है। -
सुरेंद्रनगर। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के एक गांव में घरेलू विवाद के कारण एक महिला ने अपनी नौ महीने की बेटी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। थानगढ़ पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना मंगलवार की शाम जिले के नवगाम गांव में हुई। उन्होंने बताया कि भावुबेन दाभी (22) ने एक रस्सी बांध कर पहले अपनी बेटी को फांसी लगाई और फिर स्वयं भी उसी कमरे में छत से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अधिकारी ने बताया कि संयुक्त परिवार में रहने वाली महिला का परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आए दिन झगड़ा होता था और वह परिवार से अलग रहना चाहती थी। उन्होंने बताया कि उसने घरेलू विवाद के कारण यह कठोर कदम उठाया है। -
बागपत। यूपी के बागपत जिले के छपरौली क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान जहर खाने वाली आरोपी की मां बहनों में से बड़ी बहन की उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि मंगलवार को छपरौली थाना क्षेत्र के बाछोड़ गांव में पुलिस की दबिश के दौरान जहर खाने वाली युवती स्वाति (19) की मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मेरठ के अस्पताल में भर्ती युवती की मां अनुराधा और छोटी बहन प्रीति (17) की हालत अभी चिंताजनक बनी हुई है। दबिश के लिए गए पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर जादौन ने कहा कि अभी तक की जांच में उनका कोई दोष नहीं पाया गया है और ना ही उनके खिलाफ पीडि़त पक्ष अथवा ग्रामीणों की तरफ से कोई शिकायत की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। मालूम हो कि गत तीन मई को छपरौली गांव के एक ग्रामीण ने पुलिस में तहरीर दी थी कि उसकी पुत्री को गांव का ही एक युवक लेकर भगा ले गया है। इस मामले में पुलिस लड़के के घर लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार शाम पुलिस को वादी पक्ष से सूचना मिली थी कि आरोपी व लड़की गांव में ही घर पर हैं। इस सूचना पर कल शाम करीब सात बजे पुलिस दबिश देने गई थी। इसी दौरान घर में मौजूद आरोपी युवक की मां अनुराधा एवं दो बहनों ने सल्फास और चूहे मारने वाली दवाई खा ली थी। -
नई दिल्ली। दिल्ली में अपने पति की हत्या करने के आरोप में 28 वर्षीय एक महिला को एक अन्य व्यक्ति के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या के लिए एक व्यक्ति को सुपारी दी थी। जांच अधिकारियों को भ्रमित करने के लिए दोनों ने मिलकर इस हत्याकांड को लूट की कोशिश की घटना दर्शाने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी चंद्रकला नामक महिला ने रनहोल्ला इलाके के निवासी आरोपी जुम्मन (27) के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी चंद्रकला ने आरोपी जुम्मन को इस काम के लिए डेढ़ लाख रुपये और एक हथौड़ा भी दिया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और 50 हजार रुपए बरामद कर लिये हैं।
बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा के अनुसार, आरोपी महिला और उसके पति का अक्सर झगड़ा होता रहता था। उस शख्स की दो पत्नियां थीं और दोनों के बीच विवाद की एक वजह यह भी थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी चंद्रकला ने आरोप लगाया कि उसके पति के विवाहेतर संबंध थे। साजिश के मुताबिक हत्या को 18 मई को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब आरोपी महिला का पति सो रहा था। बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने कहा, व्यक्ति खून से लथपथ पाया गया। उसकी पहचान दिल्ली के विकास नगर निवासी वीर बहादुर वर्मा (50) के रूप में हुई। उसे गंभीर हालत में डीडीयू अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने इस सिलसिले में आरोपी चंद्रकला और उसके सहयोगी आरोपी जुम्मन को गिरफ्तार कर दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। -
शाहजहांपुर। उत्तरप्रदेश में मेडिकल स्टोर के मालिक और आशा कार्यकर्ता द्वारा कथित पिटाई से क्षुब्ध भाजपा की महिला नेता ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। मरने से पहले महिला नेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर आत्महत्या का कारण भी बताया है। पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार ने प्राप्त शिकायत के हवाले से बुधवार को बताया कि राष्ट्रीय गौ रक्षा संघ महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष भाजपा नेता ममता तिवारी मंगलवार रात मेडिकल कॉलेज के सामने एक मेडिकल स्टोर पर गई थी, जहां एक्सपायर दवा को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद मेडिकल स्टोर के मालिक एवं आशा कार्यकर्ता ने उसकी पिटाई कर दी। एसपी ने बताया कि घटना के बाद बेइज्जती के चलते ममता तिवारी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, उनकी बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला नेता ने मृत्यु से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला था जिसमें उसने दो लोगों पर पिटाई का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी कारण उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -
नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग ने जनप्रतिनिधित्व कानून 1951 की धारा 29-ए और 29-सी का अनुपालन न करने के मामले में 2100 से अधिक पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार का 15 मई को पदभार ग्रहण करने के बाद यह दूसरा बड़ा निर्णय है। जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 29-सी के अनुसार पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों को दान प्राप्त करने के संबंध में रिपोर्ट देनी होती है। इन पार्टियों को मिले दान पर आयकर में शतप्रतिशत छूट दी जाती है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत उन देशों को गेहूं के निर्यात की अनुमति जारी रखेगा, जिन्हें इसकी गंभीर आवश्यकता है और जो हमारे मित्र देश हैं तथा जिनके पास साख पत्र है। श्री गोयल स्विट्जरलैंड में दावोस में विश्व आर्थिक मंच के सत्र को संबोधित कर रहे थे।
श्री गोयल ने बताया कि इस वर्ष गेहूं के उत्पादन में 7 से 8 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की आशा थी, लेकिन भीषण गर्मी के कारण फसल की जल्द कटाई से उत्पादन में कमी आई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति के अनुसार देश का उत्पादन घरेलू खपत के लिए पर्याप्त है।श्री गोयल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गेंहू बाज़ार में भारत कभी भी परम्परागत रूप से निर्यातक नहीं रहा है औऱ देश ने लगभग दो साल पहले ही गेंहू का निर्यात शुरू किया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सात लाख मीट्रिक टन गेहूं का निर्यात किया गया और अधिकतर निर्यात अंतिम दो महीनों में हुआ जब रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू हो चुका था।श्री गोयल ने कहा कि भारत से गेहूं का निर्यात विश्व व्यापार का एक प्रतिशत से भी कम है और गेहूं निर्यात पर पाबंदी से वैश्विक बाजारों पर असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत जरूरतमंद देशों और पड़ोसी राष्ट्रों को निर्यात की अनुमति देना जारी रखेगा। -
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश में तीन संसदीय और सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
तीन संसदीय सीटों में उत्तर प्रदेश से रामपुर और आजमगढ़ तथा पंजाब से संगरूर शामिल है।समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण आजमगढ़ सीट पर उपचुनाव होगा। समाजवादी पार्टी के ही मोहम्मद आजम खान ने भी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद रामपुर लोकसभा सीट से त्यागपत्र दे दिया था। पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट भगवन्त मान के त्यागपत्र से खाली हुई है, जो हाल में हुए विधानसभा चुनावों के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री बने हैं। जिन सात विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होना है वे हैं- दिल्ली में राजेन्द्र नगर, झारखंड में मंदार, आंध्रप्रदेश में आत्माकुर और त्रिपुरा में अगरतला, टाउन बोर्दोवली, सुरमा और जुबाराज नगर।उपचुनावों के लिए नामांकन की अंतिम तारीख छह जून है, मतदान 23 जून को होगा और मतगणना 26 जून को कराई जाएगी। -
लुधियाना. लुधियाना के गुरु तेग बहादुर नगर में बुधवार को घर में एक पति पत्नी मृत पाये गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दंपति की पहचान भूपिंदर सिंह (65) और शापिंदर कौर (62) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि दंपति की गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घर की पहली मंजिल पर रहने वाले उनके बेटे ने पुलिस को इस बात की सूचना दी थी।





.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)












.jpg)




