- Home
- देश
- गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगरोडीह गांव में मंगलवार को छठ पूजा के दौरान उसरी नदी में दस वर्ष से कम उम्र के चार बच्चे पानी में डूब गए। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि आज छठ पर्व पर प्रातः स्नान करने महिलाओं के साथ बच्चे नदी तट पर गये थे जहां महेश सिंह का पुत्र मुन्ना सिंह, मदन सिंह की पुत्री सुहाना कुमारी, टिंकू सिंह की पुत्री सोनाक्षी कुमारी और बोकारो के अजय शर्मा की पुत्री दीक्षा कुमारी नदी में गहरे पानी में चले जाने से डूब गयी। उन्होंने बताया कि इससे इन बच्चों की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि बच्चों को आनन फानन में नदी से बाहर निकाल कर गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांव के लोगों ने बताया कि नदी में पानी काफी था और बच्चों को गहराई का अंदाजा नहीं लगा। उन्होंने बताया कि सभी बच्चों की उम्र 10 वर्ष से कम बतायी गयी है। उन्होंने बताया कि दीक्षा छठ पूजा के लिए बोकारो से अपने नानी के घर मंगरोडीह आयी थी। इस घटना से गांव में मातम छा गया है। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया है।-file photo
- मुंबई। कोविड-19 संक्रमण के मामलों में लगातार गिरावट और त्योहारी सीजन की मांग के कारण घरेलू विमान यात्रियों की संख्या अक्टूबर में सालाना आधार पर 67 प्रतिशत बढ़कर लगभग 87-88 लाख हो गयी। इक्रा की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है। क्रेडिट रेटिंग एजेंसी इक्रा के मुताबिक, अक्टूबर 2020 में घरेलू विमान यात्रियों की संख्या 52.71 लाख थी। इक्रा ने कहा कि इसके अलावा घरेलू एयरलाइंस ने अक्टूबर 2020 के 49,150 उड़ानों की तुलना में इस साल अक्टूबर में 72,000 के साथ 46 प्रतिशत अधिक उड़ानें संचालित कीं। वहीं क्रमिक आधार पर अक्टूबर, 2021 में उड़ानों की संख्या लगभग 18 प्रतिशत अधिक थी। हालांकि, विमान ईंधन (एटीएफ) की ऊंची कीमतों की वजह से निकट अवधि में चुनौती बनी हुई है। ईँधन की कीमतों में नवंबर 2021 में 13.9 प्रतिशत की क्रमिक वृद्धि दर्ज की गयी। इक्रा के उपाध्यक्ष और क्षेत्र प्रमुख सुप्रियो बनर्जी ने कहा कि अक्टूबर, 2021 के लिए, औसत दैनिक उड़ानें लगभग 2,400 थी, जो अक्टूबर, 2020 के 1,585 से काफी अधिक हैं। सितंबर, 2021 में यह संख्या लगभग 2,100 थी। उन्होंने कहा कि इस साल अक्टूबर के दौरान प्रति उड़ान, यात्रियों की औसत संख्या 122 थी, जबकि इससे पहले के महीने में प्रति उड़ान औसतन 117 यात्रियों ने सफर किया।
- नयी दिल्ली। धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (डीआईएफएफ) को चार दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। डिजिटल माध्यम से आयोजित हो रहे इस महोत्सव में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। चार नवंबर से 10 नवंबर तक निर्धारित डीआईएफएफ को अब चार दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। महोत्सव का समापन अब 14 नवंबर को होगा। महोत्सव की निदेशक ऋतु सरीन ने कहा, “दुनिया भर से महोत्सव में शामिल हो रहे लोगों का कहना है कि उन्हें हमारे मंच पर फिल्मों का आनंद लेने के लिए और अधिक समय चाहिए इसलिए हम ऐसा कर रहे हैं।
- नयी दिल्ली। महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में विधान परिषद के लिए स्थानीय निकाय श्रेणी से 42 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव 12 दिसंबर को होंगे। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। आयोग ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र में विधान परिषद के सात स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र के आठ मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल अगले साल एक जनवरी को खत्म होने वाला है। इसमें कहा गया है कि आयोग ने दिशा निर्देश जारी किए है कि अगर किसी स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र में कम से कम 75 प्रतिशत स्थानीय प्राधिकारी काम कर रहे हैं और निर्वाचन क्षेत्र के कुल मतदाताओं में से कम से कम 75 प्रतिशत मतदाता उपलब्ध है तो मतदाताओं को विधान परिषद के प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए उपलब्ध माना जाता है। आयोग ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय निकाय श्रेणी के सात निर्वाचन क्षेत्रों में से पांच में 75 प्रतिशत से अधिक स्थानीय निकाय काम कर रहे हैं। इसमें कहा गया है कि आयोग ने उपरोक्त नौ स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्रों से तेलंगाना विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव कराने का फैसला किया है। एक अन्य बयान में आयोग ने कहा कि कर्नाटक विधान परिषद के 25 मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल अगले साल पांच जुलाई को समाप्त हो रहा है। अब आयोग ने 20 स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्रों से कर्नाटक विधान परिषद का द्विवार्षिक चुनाव कराने का फैसला किया है। आंध्र प्रदेश विधान परिषद के 11 मौजूदा सदस्यों के कार्यकाल की अवधि इस साल आठ अगस्त को खत्म हो गयी। अब वहां आठ स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्रों से विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव कराने का फैसला किया गया है। आयोग ने बताया कि विधान परिषद की सभी सीटों पर चुनाव 10 दिसंबर को कराया जाएगा और मतगणना 14 दिसंबर को होगी। चुनाव प्रक्रिया 16 दिसंबर तक पूरी होगी।
- इंदौर । विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष प्रोफेसर धीरेंद्र पाल सिंह ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 के प्रकोप का दुष्प्रभाव नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन पर भी पड़ा है और देश में अगर हालात सामान्य होते, तो इस नीति को अपेक्षाकृत जल्दी अमली जामा पहनाया जा सकता था। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 29 जुलाई 2020 को नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति घोषित की थी और तब महामारी का प्रकोप आज के मुकाबले कहीं ज्यादा था। यह पूछे जाने पर कि क्या महामारी के प्रकोप के मद्देनजर नयी शिक्षा नीति पेश किए जाने का समय ठीक था, यूजीसी अध्यक्ष सिंह ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें इस पहलू को दूसरे तरीके से देखना चाहिए। पिछले साल कोविड-19 की बंदिशों के चलते मिले खाली समय से अकादमिक जगत का बौद्धिक जुड़ाव नयी शिक्षा नीति के विमर्श से लगातार बना रहा।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस लिहाज से नयी शिक्षा नीति पेश किए जाने का समय ठीक रहा। लेकिन हमें महामारी का दुष्प्रभाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने पर जरूर दिखाई दे रहा है। यदि स्थितियां सामान्य होतीं, तो इस नीति का क्रियान्वयन शायद और जल्दी हो सकता था।” सिंह ने हालांकि बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन की रफ्तार बढ़ाने के लिए केंद्र द्वारा राज्य सरकारों तथा कुलपतियों से लगातार बातचीत की जा रही है और अलग-अलग स्तरों पर नये सिरे से नियामकीय ढांचा बनाने की दिशा में भी काम जारी है। उन्होंने बताया, ‘‘नयी शिक्षा नीति के तहत शैक्षणिक संस्थानों में इसी अकादमिक सत्र से कुछ गतिविधियां शुरू हो गई हैं। ऐसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं कि जुलाई 2022 में शुरू होने वाले अगले अकादमिक सत्र में यह नीति देश भर में अच्छी तरह लागू हो जाए।'' इससे पहले, सिंह ने ‘‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संदर्भ में स्वाधीन भारत में शिक्षा का बदलता स्वरूप'' विषय पर व्याख्यान दिया। इसका आयोजन इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय और अंग्रेजी दैनिक ‘‘फ्री प्रेस'' ने मिलकर किया था। यूजीसी अध्यक्ष ने व्याख्यान में कहा कि नयी शिक्षा नीति विद्यार्थियों को न केवल भारतीय संस्कृति की जड़ों से जोड़ेगी, बल्कि उन्हें श्रेष्ठ वैश्विक नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भारत के पुरातन सांस्कृतिक मूल्यों और आधुनिक जगत के ज्ञान-विज्ञान का अनूठा संगम है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के एक अस्पताल में आग लगने से चार शिशुओं की मौत के एक दिन बाद मंगलवार को राज्य के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों का अग्नि सुरक्षा आडिट कराने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी भोपाल के अस्पताल में सोमवार को लगी आग ‘‘आपराधिक लापरवाही'' का नतीजा है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यहां कैबिनेट की बैठक के पहले मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों की बैठक में कहा, ‘‘इन बच्चों को बचाने की जिम्मेदारी हमारी (सरकार) थी क्योंकि वे हमारे संरक्षण में थे। यह एक गंभीर घटना है। यह आपराधिक लापरवाही है, जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। हमें भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को रोकने की जरुरत है। ऐसी घटनाओं से बचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की जानी चाहिए।'' मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कोविड-19 महामारी के मद्देनजर विभिन्न अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र और उसकी आपूर्ति लाइन स्थापित की गई है, इसलिए अग्नि सुरक्षा अब अधिक महत्वपूर्ण है। सरकार द्वारा संचालित कमला नेहरु बाल चिकित्सालय भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में सोमवार रात को भीषण आग लग गई, जिसमें चार शिशुओं की मौत हो गई। चौहान ने मंगलवार को कहा, ‘‘मैंने पहले भी अस्पतालों का अग्नि सुरक्षा आडिट करने का निर्देश दिया था। अब मैं मुख्य सचिव को एक रिपोर्ट पेश करने के लिए कह रहा हूं कि किन अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा आडिट किया गया और कौन से छूट गए।'' मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों का दोबारा अग्नि सुरक्षा आडिट कराने के भी आदेश दिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की प्रशंसा की जो सोमवार को आग लगने के तुरंत बाद अस्पताल पहुंचे और राहत कार्यों को संभाला। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘डॉक्टर, नर्स, वार्ड बॉय और अन्य लोगों को जिन्होंने 36 शिशुओं को अपनी जान जोखिम में डालकर बचाया है। उन्हें सम्मानित किया जाएगा।'' चौहान ने यह भी कहा कि वह सोमवार की रात को घटनास्थल का दौरा करने के इच्छुक थे लेकिन उन्हें रोक दिया गया ताकि राहत कार्य सुचारु रुप से चल सके। उन्होंने कहा कि वह रात भर अधिकारियों को निर्देश जारी कर स्थिति का जायजा ले रहे थे। सोमवार को आग लगने के बाद चौहान ने इसकी उच्च स्तरीय जांच कराने के आदेश दिए थे। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) मोहम्मद सुलेमान यह जांच करेंगे। इस बीच, प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री एवं भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने मंगलवार को यहां सारंग के साथ आग से प्रभावित अस्पताल का दौरा किया। सिंह ने कहा, ‘‘एक बड़ी त्रासदी टल गई क्योंकि शिशुओं को समय पर दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया था। फिलहाल हमारे पास चार मौतों की सूचना है। जांच से पता चलेगा कि शिशुओं की मौत किस वजह से हुई। यह एक दुखद घटना है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के उपाय किए जा रहे हैं।'' सारंग के अनुसार अस्पताल के एसएनसीयू में कुल 40 बच्चों को भर्ती किया गया था। इनमें से 36 शिशुओं का अलग अलग वार्डों में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि संभवत: शार्ट सर्किट के कारण लगी आग में चार बच्चों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के परिवार में से प्रत्येक को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
- नयी दिल्ली। कोविड-19 महामारी के कारण अनिश्चितताओं की वजह से न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में मुद्रा नोटों यानी नकदी की मांग में वृद्धि हुई है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने हालांकि उस आलोचना को खारिज कर दिया कि नोटबंदी अर्थव्यवस्था में नकदी को कम करने में विफल रही है। सरकारी सूत्रों ने कहा कि नोटबंदी के बाद डिजिटल भुगतान प्रणाली के विकास से अंततः नकदी पर निर्भरता पर अंकुश लगेगा। आधिकारिक आँकड़े प्लास्टिक कार्ड, नेट बैंकिंग और यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) सहित विभिन्न तरीकों से डिजिटल भुगतान में उछाल की ओर इशारा करता है। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) का यूपीआई प्रणाली देश में भुगतान के एक प्रमुख माध्यम के रूप में तेजी से उभर रहा है। यूपीआई को 2016 में लॉन्च किया गया था और इसके जरिये लेन-देन महीने-दर-महीने बढ़ रहा है। अक्टूबर 2021 में, मूल्य के संदर्भ में लेनदेन 7.71 लाख करोड़ रुपये या 100 अरब डॉलर से अधिक था। अक्टूबर में यूपीआई के जरिए कुल 421 करोड़ लेनदेन किए गए। सूत्रों ने यह भी बताया कि अमेरिका में भी, कुल नकदी लेनदेन 2020 के अंत तक 2.07 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई, जो एक साल पहले की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है और यह 1945 के बाद से एक साल की सबसे बड़ी प्रतिशत वृद्धि भी है। सूत्रों ने बताया कि आर्थिक अनिश्चितता की अवधि के दौरान नकदी की मांग हमेशा बढ़ती है और चूंकि नकदी संपत्ति का सबसे तरल रूप है, इसलिए भारी अनिश्चितता की अवधि के दौरान नकदी में वृद्धि की उम्मीद रहती है। महामारी के दौरान नकदी की मांग में वृद्धि एक विश्वव्यापी घटना रही है।
- नयी दिल्ली। वित्त वर्ष 2020-21 के लिए अब तक 2.38 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं। आयकर विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इसमें से 1.68 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न (आईटीआर) संसाधित किए गए हैं, जबकि 64 लाख से अधिक मामलों में रिफंड जारी किए गए हैं। आयकर विभाग ने ट्वीट किया, आयकर ई-फाइलिंग पोर्टल को वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 2.38 करोड़ से अधिक आईटीआर प्राप्त हुए हैं।'' विभाग ने करदाताओं से ई-फाइलिंग पोर्टल पर वित्त वर्ष 2020-21 के लिए अपने आईटीआर जल्द दाखिल करने का आग्रह भी किया। सरकार वित्त वर्ष 2020-21 के लिए आईटीआर दाखिल करने की नियत तारीख दो बार बढ़ा चुकी है। करदाताओं के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है।
- नयी दिल्ली। कोविड-19 संबंधी नियमों के उल्लंघन के लिए 19 अप्रैल से 8 नवंबर के बीच 3.15 लाख से अधिक लोगों पर जुर्माना लगाया गया, जिनमें से सबसे अधिक मामले मास्क नहीं पहनने से संबंधित थे। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी। दिल्ली पुलिस द्वारा साझा किए गए ताजा आंकड़े के मुताबिक इस दौरान इस तरह के उल्लंघन के लिए 3,15,772 चालान किए गए। आंकड़े से पता चला है कि 2,79,198 लोगों पर मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना लगाया गया, इसके बाद 30,379 लोगों पर सामाजिक दूरी के मानदंड का पालन नहीं करने और 3,046 लोगों पर सार्वजनिक स्थानों पर शराब, पान और तंबाकू के सेवन के लिए जुर्माना लगाया गया। आंकड़ों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के लिए 1,685 और बड़ी सार्वजनिक सभाओं के आयोजन के लिए 1,464 चालान किए गए। कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के मद्देनजर अप्रैल में दिल्ली में लॉकडाउन लगाया गया था। सरकार ने चरणबद्ध तरीके से ‘अनलॉक' प्रक्रिया शुरू की थी और 31 मई से निर्माण और उत्पादन गतिविधियों की अनुमति दी गई थी। बाद के हफ्तों में, बाजारों, मॉल, मेट्रो ट्रेनों, रेस्तरां और बार और कई अन्य गतिविधियों की अनुमति दी गई।
- नयी दिल्ली। दीपावली त्योहार के दौरान मजबूत मांग के कारण नवंबर के पहले सप्ताह में मुंबई नगरपालिका क्षेत्र में आवासीय संपत्तियों का पंजीकरण 1,441 इकाई रहा। संपत्ति सलाहकार कंपनी नाइट फ्रैंक इंडिया ने यह जानकारी दी। पंजीकरण का यह आँकड़ा प्राथमिक और द्वितीयक (पुनः बिक्री) बाजार दोनों में खरीदी गई संपत्तियों का है। संपत्ति सलाहकार कंपनी ने कहा कि शहर में अक्टूबर 2021 में 8,576 इकाइयों की 10 साल की उच्चतम संपत्ति बिक्री पंजीकरण दर्ज किया गया, जो पिछले साल के इसी महीने से आठ प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘मौजूदा पंजीकरण दर पर, नवंबर में वर्ष 2021 के लिए कुल बिक्री एक लाख इकाइयों तक पहुंचने की संभावना है।'' नाइट फ्रैंक इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि आर्थिक माहौल में सुधार और देश भर में तेज कोविड टीकाकरण ने घर खरीदारों को विश्वास दिलाया है।
-
मेरठ (उत्तर प्रदेश। जनपद के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम हरिद्वार की तरफ से आ रहे बाइक सवार को ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रक ने बाइक सवार व्यक्ति, महिला और 11 साल के किशोर को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कंकरखेड़ा थाने के प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना के अनुसार, सड़क हादसे में मरने वालों की पहचान दोघट थाना क्षेत्र के गांव बढ़ल धनोरा के रहने वाले कृष्ण पाल (41), उनकी पत्नी मीनू (39) और बेटा अंशुल (11) के रूप में हुई है। तीनों बाइक से दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के रास्ते बागपत की तरफ जा रहे थे। थाना प्रभारी के अनुसार, घटना के बाद ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। -
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते औरैया से दिल्ली जा रही निजी डबल डेकर बस सोमवार को आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई जबकि वाहन में सवार करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। एसपी देहात श्रीश चंद्र ने बताया कि सोमवार सुरीर कोतवाली क्षेत्र में यह हादसा उस समय हुआ जब आगरा की तरफ से दिल्ली की ओर जा रही औरेया की डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों में से चार की हालत चिकित्सकों ने चिंताजनक बताई है। उन्होंने बताया कि बस और ट्रक की टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। वहीं, बस में फंसे लोग केबिन का गेट स्वत: बंद हो जाने के कारण आपातकालीन खिड़की से कूदकर निकले। इसी बीच आसपास के गांवों से ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्हीं में से एक ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सुरीर कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि औरेया जिले के स्यानी निवासी 45 वर्षीय राजू की इलाज के दौरान मौत हो गई। -
ग्वालियर (मप्र। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के एक गांव में सोमवार को विवाद सुलझाने बैठी पंचायत के दौरान कुछ बदमाशों द्वारा दखल देने और हवा में गोली चलाने से नाराज ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पीट-पीट मार डाला। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्वालियर जिले के धरमपुरा गांव में दो परिवारों के बीच युवक और युवती को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में युवक के साथ मारपीट हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी, ग्रामीण) जयराज कुबेर ने कहा कि विवाद के निपटारे के लिए गांव में पंचायत का आयोजन किया गया जहां बदमाश लखन गडरिया अपने गिरोह के साथ स्थानीय ग्रामीणों को धमकाने के लिए पहुंच गया और हवा में फायरिंग शुरु कर दी। उन्होंने कहा कि गडरिया की इस हरकत से क्रोधित ग्रामीणों ने बदमाशों को घेर कर उनपर धारदार हथियारों और पत्थरों से हमला कर दिया जिसमें गडरिया और उसके साथी राजपाल बघेल की मौत हो गई जबकि अन्य बदमाश मौके से भाग निकले। कुबेर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों पर हमला करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। -
विदिशा (मप्र)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में चक पाटनी गांव के पास सोमवार को एक वाहन के पलट जाने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। सिविल लाइंस थाना प्रभारी योगेंद्र डांगी ने बताया कि मालवाहक वाहन का टायर फटने के बाद वाहन पलट गया और हादसे में एक महिला श्रमिक की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान रामकली बाई (32) के तौर पर हुई है। हादसे में घायल खेतिहर मजदूर काम करने के लिए कटनी से विदिशा आ रहे थे। -
चेन्नई। तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और बारिश से संबंधित घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई तथा 60 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा। भारी बारिश के कारण कई जलाशयों में पानी भर गया तथा कई सड़कें उफनती नदियों की तरह दिखने लगीं। अधिकारियों ने यहां सोमवार को कहा कि राज्य के कुछ हिस्सों में निचले इलाकों में रह रहे लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। विभिन्न जलाशयों के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश के कारण अतिरिक्त पानी छोड़ने की नौबत आ गयी है। चेन्नई में ज्यादातर सड़कों और गलियों में पानी जमा है। निचले इलाकों में दो फुट तक पानी भर गया। इससे यातायात भी प्रभावित हुआ। सुरक्षा को देखते हुए कई मोहल्लों में बिजली की आपूर्ति रोक दी गई है। बाढ़ से प्रभावित एक थाने को अस्थायी इमारत में तब्दील करना पड़ा। शहर में कम से कम 75 पेड़ उखड़ गए जिन्हें नगर निगम के कर्मी साफ कर रहे हैं। दिन भर मॉनसून की बारिश रुक-रुक कर होती रही। दक्षिण रेलवे ने कहा कि बारिश और जल-जमाव के कारण नौ नवंबर को चेन्नई उपनगरीय क्षेत्र में न्यूनतम सेवाएं उपलब्ध होंगी। इस बीच, सरकार ने एक विज्ञप्ति में कहा कि जल-जमाव वाले 290 क्षेत्रों में से 59 इलाकों में भारी उपकरणों का उपयोग कर बाढ़ के पानी को निकाला गया और शेष 231 इलाकों में पानी निकालने के लिए तेजी से कार्रवाई की जा रही है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में चेन्नई, थेनी और मदुरै जिलों में बारिश से संबंधित घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 16 मवेशियों की भी मौत हो गई। चेन्नई में अब तक 1,107 लोगों को 48 राहत शिविरों में रखा गया है और कुल 3,58,500 भोजन के पैकेट वितरित किए गए हैं। कई अन्य जिलों में भी लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है और उन्हें भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। मौसम विभाग ने नीलगिरी, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी, तेनकासी और तिरुनेलवेली जिलों के लिए 'अलर्ट' रहने को कहा है।
-
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के मुंडाली थाना क्षेत्र में चार साल के बच्चे की गला रेतकर निर्ममता से हत्या कर दी गई। बच्चा रविवार दोपहर से लापता था। पुलिस के अनुसार मासूम का शव उसके घर से कुछ ही दूरी पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आपसी रंजिश में बच्चे की हत्या की बात सामने आई है। आगे की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। थाना मुंडाली पुलिस के अनुसार मृतक बच्चे की शिनाख्त भानु प्रताप (4) के रुप में हुई है। सिसौली गांव निवासी बच्चे के पिता वीर सिंह पेशे से कृषक हैं। पुलिस का परिजन के हवाले से कहना है कि भानु प्रताप कल दोपहर से लापता था। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार दोपहर को भानु प्रताप का शव घर के पास ही उसके चाचा के घर के दायरे में बने पशुओं का चारा रखने के कमरे में पड़ा मिला। बच्चे की गर्दन पर धारदार हथियारों के निशान मिले। मुंडाली थाना प्रभारी सुभाष चन्द सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। पुलिस की एक टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि शुरुआती छानबीन में मृतक के परिवार की कुछ लोंगो से रंजिश की बात भी सामने आई है। - नई दिल्ली। यूनेस्को ने केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क की प्रतिष्ठित सूची में शामिल कर लिया है। यह जानकारी सोमवार को यूनेस्को के महानिदेशक ऑडरे अजोले ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दी। इस सूची में 49 ऐसे शहरों को चुना गया है जिनके विकास में संस्कृति और रचनात्मकता का समावेशन रहा है।समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने श्रीनगर को यूनेस्को की सूची में शामिल किए जाने का स्वागत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट में इसके लिए जम्मू-कश्मीर के लोगों को बधाई दी है। जबकि, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इसका श्रेय जम्मू-कश्मीर के कारीगरों और बुनकरों को दिया है।यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क इस संगठन की एक परियोजना है जो 2004 में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य ऐसे शहरों के बीच सहयोग को बढावा देना है जो अपने विकास में रचनात्मकता को प्रमुख घटक के रूप में मान्यता देते हैं। 2017 तक 72 देशो के एक सौ अस्सी शहर इस नेटवर्क में शामिल थे। नेटवर्क का लक्ष्य ऐसे शहरों के बीच परस्पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढाना है जो स्थायी शहरी विकास, सामजिक समावेशन और सांस्कृतिक वैभव के लिए सजृनशीलता में निवेश करने के प्रति संकल्पबद्ध हैं।
-
गाजियाबाद (उप्र)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी के बड़े बेटे और मुरादनगर के भाजपा विधायक अजीत त्यागी के भाई गिरीश त्यागी ने अपने मामा की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी बनाए जाने के 13 महीने के बाद सोमवार को यहां अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने आरोपी गिरीश को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एक अधिकारी ने बताया कि वह सरकारी ठेकेदार एवं अपने मामा नरेश त्यागी की हत्या का मुख्य आरोपी है। आरोपी गिरीश अपने वकील मोहित त्यागी के साथ कई अधिवक्ताओं के साथ आत्मसमर्पण करने अदालत पहुंचा। इससे पहले उसके वकील ने निचली अदालत में दो बार अर्जी दी थी। आरोपी गिरीश पिछले साल हुई घटना के बाद से फरार था।
नरेश त्यागी की नौ अक्टूबर, 2020 को लोहिया नगर ऑफिसर्स कॉलोनी में उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह सुबह की सैर के लिए पार्क जा रहे थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक स्कूटर, तीन देसी पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए थे। कविनगर क्षेत्र की पुलिस उपाधीक्षक अंशु जैन ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अदालत के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। - मुंबई। विख्यात कथक नृत्यांगना सितारा देवी की 101वीं जयंती पर उनके बेटे ने बताया कि कलाकार के जीवन पर आधारित एक फिल्म (बायोपिक) बन रही है। इस फिल्म का निर्माण राज आनंद मूवीज के राज सी आनंद करेंगे। सितारा देवी के पुत्र और संगीतकार रंजीत बरोट अपनी मां के जीवन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कर इस फिल्म के बनने में अहम योगदान देंगे। बरोट ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि उनकी मां के जीवन पर फिल्म बन रही है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘ जब राज आनंद उन पर फिल्म बनाने के विचार के साथ मेरे पास आए तो मुझे महसूस हुआ कि मेरी मां के प्रति उनका उत्साह और लगाव वास्तविक है। हम उनके जीवन की अनकही कहानी को पर्दे पर लाने का इरादा रखते हैं।'' बरोट एक ऐसी महिला के जीवन को पर्दे पर उतारने में मदद कर रहे हैं जिन्होंने ‘अपनी शर्तों पर जीवन जी कर नारीवाद और स्त्रीत्व को परिभाषित किया।' सितारा देवी को ‘नृत्य साम्राज्ञी' कहा जाता है और शास्त्रीय शैली के इस नृत्य को बॉलीवुड में लाने में उनकी महती भूमिका रही है। कला क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, पद्मश्री और कालीदास सम्मान समेत अन्य सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। उनका जन्म 1920 को तत्कालीन कलकत्ता में हुआ था। छह दशकों तक शास्त्रीय नृत्य विधा में योगदान के लिए उन्हें ‘लीजेंड्स ऑफ इंडिया लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार' से 2011 में सम्मानित किया गया। लंबी बीमारी के बाद 25 नवंबर, 2014 को मुंबई के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया था।
- श्रीनगर। सेना ने घाटी में तैनात सैनिकों को पत्राचार माध्यम से अध्ययन की सुविधा मुहैया कराने के लिये सोमवार को कश्मीर विश्वविद्यालय के साथ समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किये । एक रक्षा प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी । प्रवक्ता ने बताया कि इस सहमति पत्र पर कश्मीर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर तलत अहमद और चिनार कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डी पी पांडेय ने संस्थान के गांधी हॉल में हस्ताक्षर किये । उन्होंने कहा कि यह कश्मीर विश्वविद्यालय और चिनार कोर के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, जिन्होंने वर्तमान में कश्मीर में सेवारत सैनिकों को पत्राचार पाठ्यक्रम से अध्ययन सुविधा मुहैया कराने के लिए दीर्घकालिक संबंध स्थापित किए हैं। प्रवक्ता ने बताया, ‘‘जैसा कि समझौता ज्ञापन में कहा गया है, कश्मीर में तैनात भारतीय सेना के सैनिक, दूरस्थ शिक्षा निदेशालय, कश्मीर विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए जा रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे । सैन्यकर्मियों को उपलब्ध कराए जा रहे पाठ्यक्रमों में छह महीने के सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम से लेकर एक साल का डिप्लोमा पाठ्यक्रम और दो साल का स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शामिल है ।'' उन्होंने कहा कि सेना के जवानों के लिये कुल 18 पाठ्यक्रम अभी उपलब्ध हैं, जिन्हें बाद में बढाया जायेगा।
- गुवाहाटी। असम सरकार ने कोविड-19 का संपूर्ण टीकाकरण कराने वाले अभिभावकों के साथ राज्य में प्रवेश करने वाले 10 साल से कम उम्र के बच्चों के अनिवार्य कोविड-19 जांच के प्रावधान को समाप्त कर दिया है। सरकार की ओर से सोमवार को एक अधिसूचना जारी कर यह जानकारी दी गयी। सरकार कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक लेने वाले वयस्कों के लिए कोविड-19 जांच की अनिवार्यता को पहले ही समाप्त कर चुकी है। असम के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग गोयल द्वारा जारी नवीनतम अधिसूचना में कहा गया है, “10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ-साथ कोविड रोधी टीके की दोनों खुराक लेने वाले माता-पिता/ अभिभावक को असम में आने के लिए कोविड जांच की अनिवार्यता से छूट प्रदान की गयी है।” हालांकि, बच्चों के माता-पिता अथवा अभिभावक यदि चाहें तो पैसे देकर जांच करवा सकते हैं। इससे पहले राज्य सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर असम आने वाले ऐसे सभी यात्रियों के लिए कोविड-19 जांच की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया था जो टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंट कर कथित तौर पर हत्या कर दी। ईकोटेक- 3 पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार ने सोमवार को बताया कि सूत्याना गांव के रहने वाले अजय पाल शर्मा के मकान में किराए पर रहने वाली लक्ष्मी की शादी चार साल पहले बिहार के वैशाली जिले के कुंदन कुमार के साथ हुई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी कुंदन तथा उसकी पत्नी लक्ष्मी के बीच किसी बात को लेकर बीती रात झगड़ा हो गया, जिसके चलते आरोपी कुंदन ने लक्ष्मी की गला दबाकर कथित तौर पर हत्या कर दी और फरार हो गया। कुमार ने बताया कि लक्ष्मी की बहन चंदा कुमारी ने थाना ईकोटेक -3 में आरोपी कुंदन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है।आरोपी कुंदन की तलाश की जा रही है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति भवन में राज्यपालों और उपराज्यपालों के 51वें सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि कोविंद की अध्यक्षता में यह चौथा सम्मेलन होगा।राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों और उपराज्यपालों के अलावा, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन में भाग लेंगे।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में 73 व्यक्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए जिनमें से कुछ मरणोपरांत भी दिए गए । राष्ट्रपति कार्यालय से जारी बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। बयान में कहा गया है कि इन पुरस्कारों में चार पद्म विभूषण, आठ पद्म भूषण और 61 पद्म श्री शामिल हैं । इसके अनुसार ये पुरस्कार वर्ष 2020 के लिए दिये गये हैं । सम्मान पाने वालों में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध सूफी गायक मदन चौहान भी हैं। श्री चौहान को सोमवार सुबह 11 बजे दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं - पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री । इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है। पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्च क्रम की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। बयान में कहा गया है कि पद्म विभूषण से सम्मानित होने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस (मरणोपरांत), अरुण जेटली (मरणोपरांत), सुषमा स्वराज (मरणोपरांत) और हिंदुस्तानी शास्त्रीय तथा अर्द्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्रा शामिल हैं । इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति ने सार्वजनिक मामलों के लिए पूर्व वित्त मंत्री अरूण जेटली (मरणोपरांत) को पद्म विभूषण प्रदान किया। यह पुरस्कार जेटली की पत्नी ने प्राप्त किया। इसके अनुसार कोविंद ने सार्वजनिक मामलों के लिए पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज (मरणोपरांत) को भी पद्म विभूषण प्रदान किया और यह पुरस्कार स्वराज की बेटी ने ग्रहण किया। बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, सामाजिक कार्य के लिए डॉ अनिल प्रकाश जोशी, सार्वजनिक मामलों के लिए डॉ एस सी जमीर और आध्यात्मिकता के लिए मुमताज अली को पद्म भूषण पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने संथाली भाषा की प्रसिद्ध साहित्यकार दमयंती बेशरा, टेलीविजन और फिल्म अभिनेत्री सरिता जोशी, संगीतकार अदनान सामी खान और अभिनेत्री तथा फिल्म निर्माता कंगना रनौत को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति ने भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी और नई दिल्ली में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद, महामारी विज्ञान और संचारी रोग विभाग के प्रमुख डॉ रमन गंगाखेडकर को भी पद्मश्री प्रदान किया। बयान में कहा गया है कि उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह एवं अन्य गणमान्य लोग इस समारोह में उपस्थित थे ।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू के कारण तीन और मरीजों की मौत हो जाने के बाद यहां अबतक इस बीमारी से नौ लोगों की जान जा चुकी है तथा इसके मामले 2700 के पार चले गये हैं। सोमवार को जारी किये गये एक आंकड़े से यह जानकारी सामने आयी। दिल्ली में 2017 के बाद से किसी साल में डेंगू से यह सर्वाधिक मौत है। उस साल आधिकारिक रूप से डेंगू के 10 मरीजों की मौत हुई थी। नगर निकाय द्वारा सोमवार को इस मच्छर जनित बीमारी पर जारी किये गये आंकड़े के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में 1170 से अधिक नये मामले सामने आये हैं। इस साल जो डेंगू के 2700 से ज्यादा मामले सामने आये हैं, उनमें 1171 तो इस महीने के छह तारीख तक के हैं । अक्टूबर में डेंगू के 1196 मामले आये थे। इस साल 30 अक्टूबर तक डेंगू के कुल मामले 1537 थे और मौत का आधिकारिक आंकड़ा छह था।रिपोर्ट के अनुसार, इस सीजन में नौ नवंबर तक डेंगू से नौ लोगों की जान गयी तथा 2708 लोग इससे पीड़ित हुये। यह 2018 के बाद इसी अवधि में डेंगू का सर्वाधिक आंकड़ा है। इस साल सितंबर में 217 मामले आये, जो पिछले तीन साल में उस महीने में डेंगू का यह सर्वाधिक आंकड़ा था।



























