- Home
- खेल
- साउथम्पटन। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल से पहले भारतीय टीम के भीतर आपस में खेले गए अभ्यास मैच में ऋषभ पंत ने नाबाद शतक जमाया जबकि सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 85 रन की पारी खेली । दो टीमों की कप्तानी विराट कोहली और केएल राहुल ने की । एक टीम में सारे बल्लेबाज और दूसरी में नियमित गेंदबाजों के साथ राहुल, रिधिमान साहा और हनुमा विहारी थे । पंत ने 94 गेंद में नाबाद 121 रन बनाये । वहीं रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करते हुए गिल ने 135 गेंद में 85 रन की पारी खेली । समझा जाता है कि आउट होने के बाद भी बल्लेबाजों को खेलने के कई मौके दिये गए । अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने 36 रन देकर कोहली की टीम के तीन बल्लेबाजों को आउट किया ।दूसरे दिन बीसीसीआई द्वारा जारी वीडियो फुटेज में कप्तान कोहली लंबे समय बाद गेंदबाजी करते दिखे जिन्होंने राहुल को गेंद डाली ।
- नयी दिल्ली । महिला पहलवान बबीता कुमारी फोगाट हाल में कू ऐप से जुड़ी हैं। कू ने एक बयान में यह जानकारी दी गई है। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित बबीता फोगाट फिलहाल हरियाणा महिला विकास निगम (एचडब्ल्यूडीसी) की चेयरमैन हैं। बबीता फोगाट ‘दंगल गर्ल' के नाम से मशहूर हैं। उन्होंने 2014 के राष्ट्रमंडल खेलो में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा 2018 में विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक जीता था। कू भारतीय भाषाओं में अपने विचारों को रखने का माइक्रो-ब्लॉगिंग मंच है। कई अन्य खिलाड़ी मसलन भाईचुंग भूटिया, साइना नेहवाल, मनु भाकर, सुमित कुमार, अनिल कुंबले ओर जवागल श्रीनाथ भी इस ऐप पर हैं। कू ऐप की स्थापना मार्च, 2020 में भारतीय भाषाओं में एक माइक्रो-ब्लॉगिंग मंच के रूप में हुई थी। यह ऐप कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है।
- पेरिस ।चेक गणराज्य की गैर वरीय बारबोरा क्रेजीकोवा ने अनास्तासिया पेवलियुचेंकोवा को 6 . 1, 2 . 6, 6 . 4 से हराकर फ्रेंच ओपन महिला एकल खिताब जीत लिया । क्रेजीकोवा के कैरियर का यह पांचवां खिताब है । पिछले पांच साल में रोलां गैरो पर खिताब जीतने वाली वह तीसरी गैर वरीय खिलाड़ी है । वह अब वर्ष 2000 के बाद दोहरा खिताब जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनने की कोशिश में होंगी । उस समय मैरी पियर्स ने महिला एकल और युगल दोनों खिताब जीते थे । क्रेजीकोवा और कैटेरिया सिनियाकोवा पहले ही दो ग्रैडस्लैम युगल खिताब जीत चुकी हैं और अब उन्हें फाइनल खेलना है । अनास्ताासिया के कैरियर का यह पहला ग्रैंडस्लैम फाइनल था । दूसरे सेट में उन्हें बायें पैर में चोट का उपचार कराना पड़ा । क्रेजीकोवा के कैरियर का यह दूसरा डब्ल्यूटीए एकल खिताब है। उसने पिछले महीने फ्रांस के स्ट्रासबर्ग में खिताब अपने नाम किया था । फ्रेंच ओपन महिला वर्ग में लगातार छठी बार कोई नयी चैम्पियन बनी है । दूसरी वरीयता प्राप्त और चार बार की ग्रैंडस्लैम विजेता नाओमी ओसाका ने एक मैच के बाद मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देकर नाम वापिस ले लिया था । मीडिया से बातचीत की अनिवार्यता को लेकर उनकी अधिकारियों से ठन गई थी। नंबर एक खिलाड़ी ऐश बार्टी को बायें कूल्हे में चोट के कारण दूसरे दौर से बाहर होना पड़ा । सेरेना विलियम्स चौथे दौर में और गत चैम्पियन इगा स्वियातेक क्वार्टर फाइनल में हार गई थी ।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के निदेशक राहुल द्रविड़ ने कहा कि जब वह भारत की अंडर—19 और 'ए' स्तर की टीमों के कोच थे तो उन्होंने सुनिश्चित किया था कि दौरे पर गये प्रत्येक खिलाड़ी को मैच खेलने का मौका मिले जबकि उनके जमाने में ऐसा नहीं होता था। भारत की युवा प्रतिभाओं को तराशने का श्रेय द्रविड़ को जाता है। वह अब अगले महीने श्रीलंका के दौरे पर जाने वाली भारत की सीमित ओवरों की टीम के कोच होंगे। इस टीम की अगुवाई शिखर धवन करेंगे। द्रविड़ अब भारत ए और अंडर — 19 टीमों के साथ नहीं जाते हैं लेकिन इसकी शुरुआत उन्होंने ही की थी कि दौरे पर जाने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को मैच खेलने का मौका जरूर मिले।ईएसपीएनक्रिकइन्फो के अनुसार, 'मैं उन्हें पहले ही बता देता था कि यदि आप मेरे साथ 'ए' टीम के दौरे पर आये हो तो फिर आप यहां से मैच खेले बिना नहीं जाओगे। जब मैं जूनियर स्तर पर खेलता था तो मेरे अपने अनुभव थे। 'ए' टीम के दौरे पर जाना और मैच खेलने का मौका न मिलना बहुत बुरा होता था। ' उन्होंने कहा, 'आप अच्छा प्रदर्शन करते हो। आप 700—800 रन बनाते हो। आप टीम के साथ जाते हो और वहां आपको अपनी योग्यता दिखाने का मौका नहीं मिलता है। इसके बाद आपको चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने के लिये अगले सत्र में फिर से वे 800 रन बनाने होते हैं।' द्रविड़ ने कहा, 'ऐसा करना आसान नहीं होता है, इसलिए इसकी कोई गारंटी नहीं कि आपको फिर से मौका मिलेगा। इसलिए आपको शुरू में खिलाड़ियों को कहना होता है कि यह सर्वश्रेष्ठ 15 खिलाड़ी हैं और हम इनके साथ खेलेंगे। भले ही यह सर्वश्रेष्ठ एकादश न हो। अंडर—19 स्तर पर हम मैचों के बीच पांच—छह बदलाव कर सकते हैं।' द्रविड़ ने कहा कि भारतीय क्रिकेटरों को अब दुनिया में सबसे फिट माना जाता है लेकिन एक जमाना था जबकि उन्हें फिटनेस का जरूरी ज्ञान नहीं था तथा वे अधिक चुस्त आस्ट्रेलियाई और दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों से ईर्ष्या करते थे। अब जबकि द्रविड़ राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में प्रमुख हैं तब वह अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
- नयी दिल्ली। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को जुलाई में श्रीलंका के सीमित ओवर क्रिकेट के दौरे के लिये भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया जबकि तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार उप कप्तान होंगे। भारत को 13 जुलाई से 25 जुलाई तक चलने वाले दौरे के दौरान श्रीलंका से तीन वनडे अंतरराष्ट्रीय और इतने ही ट्वेंटी20 मैच खेलने हैं जो कोलंबो के आर प्रेमदासा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जायेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरूवार को जारी 20 सदस्यीय टीम में आल राउंडर हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी को चुना है। युवा खिलाड़ी जैसे देवदत्त पडीक्कल और पृथ्वी साव उम्मीदों के अनुरूप टीम में शामिल हैं जिसमें युवा इशान किशन और संजू सैमसन के रूप में दो विकेटकीपर बल्लेबाज मौजूद हैं। टीम इस प्रकार है : शिखर धवन (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार (उप कप्तान), पृथ्वी साव, देवदत्त पडीक्कल, रूतुराज गायकवाड, सूर्यकुमार यादव, मनीष पांडे, हार्दिक पंड्या, नितीश राणा, इशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, राहुल चाहर, के गौतम, कृणाल पंड्या, कुलदीप यादव, वरूण चक्रवर्ती, दीपक चाहर, नवदीप सैनी और चेतन सकारिया। नेट गेंदबाज : ईशान पोरेल, संदीप वारियर, अर्शदीप सिंह, साई किशोर, सिमरजीत सिंह।
- पेरिस ।अनास्तासिया पावल्युचेनकोवा ने गुरुवार को यहां सेमीफाइनल में गैरवरीय तमारा जिदानसेक को सीधे सेटों में हराकर पहली बार फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। रूस की 31 वरीय पावल्युचेनकोवा जिदानसेक को 7-5, 6-3 से हराकर आस्ट्रेलिया ओपन 2015 के बाद किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाने वाली अपने देश की पहली महिला खिलाड़ी बनीं। कोर्ट फिलिप चैटरियर पर दोनों खिलाड़ियों को अपनी सर्विस को लेकर जूझना पड़ा लेकिन पावल्युचेनकोवा ने महत्वपूर्ण अंकों पर धैर्य बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की। इससे पहले कभी किसी ग्रैंडस्लैम के दूसरे दौर से भी आगे नहीं बढ़ने वाली जिदानसेक ने कुछ शानदार ड्रॉप शॉट और फोरहैंड विनर लगाए लेकिन साथ ही उन्होंने 33 सहज गल्तियां भी की। पावल्युचेनकोवा ने कहा, ‘‘मुझे इसकी इतनी अधिक जरूरत थी कि मैं अभी कुछ महसूस ही नहीं कर रही हूं। टेनिस इतना अधिक मानसिक खेल है। '' इस बार सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली चारों महिला खिलाड़ी इससे पहले कभी किसी ग्रैंडस्लैम के अंतिम चार में नहीं पहुंची। शनिवार को होने वाले फाइनल में पावल्युचेनकोवा का सामना 17वीं वरीय मारिया सकारी और बारबरा क्रेजसिकोवा के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से होगा।
- नई दिल्ली। जूनियर विश्व चैम्पियन ह्दय हजारिका और युवा ओलंपिक रजत पदक विजेता साहू माने सहित शीर्ष भारतीय निशानेबाज 12 और 13 जून को होने वाली अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन निशानेबाजी चैम्पियनशिप में भाग लेंगे।जूनियर एशियाई चैम्पयिन यश वर्धन और मौजूदा राष्ट्रीय चैम्पियन जीना खिट्टा भी पूर्व भारतीय निशानेबाज शिमरोन शरीफ द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेंगे। शरीफ ने कहा कि कई भारतीय निशानेबाजों को खेल की संचालन संस्था से इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की मंजूरी मिल गयी है। इनके अलावा ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके निशानेबाज लुकास कोजेंस्की (अमेरिका), विलियम शानेर (अमेरिका) और मार्टिन स्ट्रेम्फल (आस्ट्रिया) भी इसमें हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के प्रारूप के अनुसार शनिवार को 60 शॉट का क्वालीफिकेशन होगा और रविवार को 24 शॉट का फाइनल खेला जायेगा जिनकी लाइव स्ट्रीमिंग इंडियनशूटिंग डॉट कॉम के फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल पर की जायेगी।
- नयी दिल्ली। अरूणा तंवर को तोक्यो पैरालम्पिक में वाइल्ड कार्ड के जरिये प्रवेश मिलने जा रहा है जिससे वह इसमें भाग लेने वाली पहली भारतीय ताइक्वांडो खिलाड़ी बन जायेगी । भारतीय ताइक्वांडो के अध्यक्ष नामदेव शिरगांवकर ने कहा कि अरूणा को उनके शानदार प्रदर्शन के कारण वाइल्ड कार्ड मिला है । उन्होंने एक बयान में कहा ,‘‘ वह पैरालम्पिक के लिये क्वालीफाई करने वाली भारत की पहली ताइक्वांडो खिलाड़ी होगी । इससे सभी उदीयमान खिलाड़ियों के लिये रास्ते खुलेंगे । अरूणा इस समय महिलाओं की अंडर 49 श्रेणी में दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी है । पांच बार की राष्ट्रीय चैम्पियन अरूणा पिछले चार साल में एशियाई पैरा ताइक्वांडो चैम्पियनशिप और विश्व पैरा ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में पदक जीत चुकी है । तोक्यो पैरालम्पिक 24 अगस्त से पांच सितंबर तक खेले जायेंगे ।
- वारसा । ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके भारतीय पहलवान रवि दहिया को पोलैंड ओपन में 61 किलोवर्ग में रजत पदक से संतोष करना पड़ा जो तोक्यो ओलंपिक से पहले आखिरी रैंकिंग सीरिज टूर्नामेंट है । रवि को फाइनल में गुलामजान अब्दुल्लाएव ने मात दी । उन्होंने पहले दौर में इसी प्रतिद्वंद्वी को मात दी थी । इससे पहले सभी प्रतिद्वंद्वियों ने फिर रवि के बायें पैर को निशाना बनाया लेकिन एशियाई चैम्पियन और 2019 विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता ने अपने बेहतर दमखम के बूते जीत दर्ज की । उन्होंने अमेरिका के नाथन खालिद टोमासेलो को 9 . 5 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई । इसके बाद ईरान के रजा अहमदाली ए को 7 . 4 से हराया । रवि ने दूसरे दौर में एशियाई चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता कजाखस्तान के असकारोव को हराया था ।
- मुंबई। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल टूर्नामेंट के 2021-22 सत्र में स्थानीय खिलाड़ियों के मैदान में प्रतिनिधित्व में इजाफा होगा और नए नियमों के तहत क्लबों को न्यूनतम सात भारतीय खिलाड़ियों को मैदान पर उतारना होगा जो पिछले सत्र के छह की तुलना में एक अधिक है। भारतीय खिलाड़ियों के लिए स्थान में इजाफे का मतलब है कि विदेशी खिलाड़ियों के लिए टीम में अब एक स्थान कम होगा और एक समय में अधिकतम चार विदेशी खिलाड़ी ही मैदान पर उतर सकते हैं। आईएसएल ने मंगलवार को विज्ञप्ति में कहा, ‘‘इंडियन सुपर लीग 2021-22 सत्र में मैदान पर खेल रही एकादश में भारतीय खिलाड़ियों की संख्या में इजाफा होगा क्योंकि फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (एफएसडीएल) के नए कोच एवं खिलाड़ी चयन दिशानिर्देशों के अनुसार क्लबों के लिए हर समय न्यूनतम सात भारतीय खिलाड़ियों को मैदान पर उतारना अनिवार्य होगा।'' वर्ष 2014 में खेले गए पहले टूर्नामेंट में अधिकतम छह विदेशी खिलाड़ियों को मैदान पर उतारने की स्वीकृति थी। लीग में भारतीय खिलाड़ियों के स्थानों में लगातार इजाफा हुआ है। आईएसएल 2017-18 से न्यूनतम छह भारतीय खिलाड़ियों का मैदान पर होना अनिवार्य था जिसे अगले सत्र से बढ़ाकर सात कर दिया गया है। विदेशी खिलाड़ियों की अधिकतम सीमा को चार तक सीमित करना एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) की क्लब प्रतियोगिताओं के नियमों के अनुसार है। इस बदलाव के बाद क्लब अधिकतम छह विदेशी खिलाड़ियों से अनुबंध कर सकते हैं जिसमें से एक एएफसी सदस्य देश का होना अनिवार्य है। क्लबों के पास लीग से स्वीकृत खिलाड़ियों के बीच विदेशी मार्की खिलाड़ी से अनुबंध का विकल्प भी होगा।इस सत्र से क्लब को दो की जगह न्यूनतम चार डेवलपमेंट (उभरते हुए युवा खिलाड़ी) खिलाड़ियों से अनुबंध करना होगा और इनमें से कम से कम दो मैदान पर उतरेंगे। क्लब इसके अलावा भारतीय खिलाड़ी के चोटिल होने की दशा में विकल्प की मांग कर सकता है जो अधिकतम पंजीकृत 35 खिलाड़ियों से अलग होगा। आगामी सत्र के लिए टीम की वेतन सीमा को 16 करोड़ 50 लाख रुपये बरकरार रखा गया है। भारतीय फुटबॉल की ट्रांस्फर विंडो बुधवार से शुरू होगी जिससे क्लबों को अपनी पसंद के खिलाड़ियों से अनुबंध का मौका मिलेगा।
- लुसाने। तोक्यो ओलंपिक के लिए चुनी गयी शरणार्थी टीम में 29 खिलाड़ी हैं जो 12 खेलों में चुनौती पेश करेंगे। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने मंगलवार को 55 खिलाड़ियों में से इन 29 खिलाड़ियो के दल को चुना है। इन खिलाड़ियों ने अपने मूल देश को छोड़ दिया है और इन्हें अभ्यास के लिए नये देश में छात्रवृत्ति मिल रही है। रियो में 2016 में हुए पिछले ओलंपिक में शरणार्थी टीम में 19 खिलाड़ियों को मौका मिला था। इस बार चुने हुए 29 खिलाड़ी मूल रूप से अफगानिस्तान, कैमरून, कांगो, कांगो गणराज्य, इरिट्रिया, ईरान, इराक, दक्षिण सूडान, सूडान, सीरिया और वेनेजुएला से हैं। ये खिलाड़ी तैराकी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, नौकायन साइकिलिंग, जूडो, कराटे, निशानेबाजी, ताइक्वांडो, भारोत्तोलन और कुश्ती में भाग लेंगे। आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाक ने कहा, ‘‘ आप हमारे ओलंपिक समुदाय का अभिन्न हिस्सा है और हम खुले दिल से आपका स्वागत करते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘ आप दुनिया को एकजुटता, जुझारूपन और उम्मीद का शक्तिशाली संदेश भेजें।'' इस टीम का प्रबंधन तोक्यो में आईओसी और संयुक्त राष्ट्र की जिनेवा स्थित शरणार्थी एजेंसी (यूएनएससीआर) के अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
- नई दिल्ली। भारतीय टीम श्रीलंका में 13 से 25 जुलाई के बीच तीन एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी। प्रसारणकर्ता सोनी चैनल ने सोमवार को यह घोषणा की।भारतीय चयनकर्ताओं के सीमित ओवरों की श्रृंखला के इस दौरे के लिए टीम में कई उदीयमान खिलाडिय़ों को जगह देने की उम्मीद हैं जबकि शिखर धवन और हार्दिक पंड्या टीम इंडिया की कप्तानी की दौड़ में हैं। श्रेयस अय्यर अगर पूरी तरह फिट हो जाते हैं जो वह भी कप्तानी का विकल्प हो सकते हैं। सोनी स्पोट्र्स ने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की घोषणा की। चैनल ने कार्यक्रम के साथ ट्वीट किया, भारत की लहरें श्रीलंका के तट से टकराएंगी।एक दिवसीय मुकाबले 13, 16 और 18 जुलाई को खेले जाएंगे जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले 21, 23 और 25 जुलाई को होंगे। मैचों के स्थल की घोषणा भी नहीं की गई है। ऐसा कम ही देखने को मिलता है जब भारत की दो टीमें एक ही समय दो अलग देशों में खेल रही हों। विराट कोहली की अगुआई वाली टेस्ट टीम इसी दौरान इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला की तैयारी कर रही होगी। टेस्ट टीम 18 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ साउथम्पटन में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए पहले ही ब्रिटेन पहुंच चुकी है। इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला चार अगस्त से शुरू होगी।
- पेरिस। रोजर फेडरर ने तीसरे दौर में लगभग साढ़े तीन घंटे में मिली मुश्किल जीत के बाद खुद को उबरने का मौका देने के लिये रविवार को फ्रेंच ओपन टेनिस ग्रैंडस्लैम से हटने का फैसला किया। फ्रेच टेनिस महासंघ द्वारा जारी बयान में 20 बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन ने कहा, ‘‘घुटने की दो सर्जरी और एक साल से ज्यादा के रिहैबिलिटेशन के बाद यह महत्वपूर्ण है कि मैं अपने शरीर की जरूरतों को देखूं और सुनिश्चित करूं कि मैं उबरने की प्रक्रिया के दौरान खुद को ज्यादा तेजी से आगे नहीं बढ़ाऊं। '' उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि मैंने तीन मैच खेल लिये। कोर्ट पर वापसी करने से बेहतर अहसास कुछ नहीं है। '' फेडरर आठ अगस्त को 40 वर्ष के हो जायेंगे और वह 2020 आस्ट्रेलियाई ओपन के बाद अपना पहला मेजर खेल रहे थे। उस टूर्नामेंट के तुरंत बाद उन्हें अपने दायें घुटने की दो सर्जरी करानी पड़ी। वर्ष 2009 में फ्रेंच ओपन में खिताब जीतने वाले फेडरर ने क्ले कोर्ट स्लैम के लिये पेरिस पहुंचने से पहले इस सत्र में केवल तीन मैच खेले थे। फेडरर ने पिछले महीने स्पष्ट किया था कि वह इस बार खुद को फ्रेंच ओपन खिताब की दावेदारी के लिये तैयार नहीं देख रहे है, बल्कि उनकी निगाहें ग्रास कोर्ट मेजर विम्बलडन पर लगी हैं जिसमें वह रिकार्ड आठ बार खिताब जीत चुके हैं जो ऑल इंग्लैंड क्लब में 28 जून से शुरू होगा। फेडरर ने 59वीं रैंकिंग पर काबिज डॉमिनिक कोफर को तीसरे दौर में 7-6 (5), 6-7 (3), 7-6 (4), 7-5 से हराया था। यह मैच शनिवार की रात शुरू होकर रविवार को एक बजे तक चला था। आठवीं वरीयता प्राप्त फेडरर को सोमवार को चौथे दौर के मैच में नौंवे वरीय माटियो बेरेटिनी से भिड़ना था जिसके विजेता का सामना नंबर एक नोवाक जोकोविच और गैर वरीय लोरेंजो मुसेटी के बीच क्वार्टरफाइनल के विजेता से होगा। टूर्नामेंट के निदेशक गॉय फोरगेट ने बयान में कहा, ‘‘रोलां गैरां टूर्नामेंट रोजर फेडरर के हटने से निराश है जिन्होंने बीती रात मुकाबले में कड़ा जज्बा दिखाया। हम सभी रोजर को पेरिस में खेलते हुए देखकर खुश थे। हम उन्हें बचे हुए सत्र के लिये शुभकामनायें देते हैं।
- बाकू (अजरबेजान) रेड बुल के सर्जियो पेरेज ने रविवार को यहां अजरबेजान फार्मूला वन ग्रां प्री में जीत दर्ज की। शीर्ष पर चल रहे रेड बुल के मैक्स वेरस्टापेन रविवार को लगातार दूसरी जीत दर्ज करने से चार लैप दूर थे जब उनकी गाड़ी का पिछला बायां टायर पंचर हो गया और उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वेरस्टापेन को चोट नहीं लगी लेकिन उनकी टीम रेस के दौरान दूसरी बार पिरेली के टायर की नाकामी से नाराज थी और उसने सुरक्षा कारणों से रेस रोककर टायर बदलने की मांग की। इससे पहले लांस स्ट्रोल की कार भी टायर के खराब होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। फार्मूला वन ने इसके बाद रेस को रोका और दो लैप के लिए रेस दोबारा शुरू करके विजेता का फैसला हुआ।पेरेज शीर्ष पर चल रहे थे लेकिन उनके आगे निकलकर रेस जीतने और वीरस्टापेन से चैंपियनशिप में बढ़त छीनने के प्रयास में मर्सीडीज के लुईस हैमिल्टन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए। चार बार के चैंपियन एस्टन मार्टिन के सबेस्टियन वेटेल दूसरे जबकि अल्फा टोरी के पियरे गेस्ली तीसरे स्थान पर रहे।
- बिस्ट्राइस (चेक गणराज्य)। भारतीय गोल्फर दीक्षा डागर ने अंतिम दौर में दो अंडर 70 का कार्ड खेला जिससे वह एमुंडी चेक लेडीज चैलेंज गोल्फ चैंपियनशिप में संयुक्त नौवें स्थान पर रही। इस 20 वर्षीय भारतीय ने अंतिम आठ होल में चार बर्डी बनायी। उन्होंने तीन दौर में 74—73—70 का स्कोर बनाया। दीक्षा अगले सप्ताह हमवतन त्वेसा मलिक और आस्था मदान के साथ स्कैंडिनेविया मिक्स्ड मास्टर्स में भाग लेगी। एमेच्योर सारा कोस्कोवा ने खिताब जीता। टेक्सास विश्वविद्यालय की छात्रा कोस्कोवा ने 64—67—71 का स्कोर बनाया।
- सिंगापुर। कोरोना के कारण आवाजाही संबंधी प्रतिबंधों को देखते हुए सिंगापुर फार्मूला वन ग्रां प्री को रद्द कर दिया गया है और इस वर्ष फार्मूला वन के अन्य मुकाबले भी रद्द हो सकते हैं। अब इस मुकाबले के लिए तुर्की, चीन और अमरीका के ऑस्टिन पर विचार किया जा रहा है।सिंगापुर और फार्मूला वन के अधिकारी अब यह आयोजन तुर्की में करने पर विचार कर रहे हैं। अमरीका ने टैक्सॉस में ऑस्टिन में फार्मूला वन के आयोजन का प्रस्ताव दिया है।-----
- पेरिस। शीर्ष वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविच लगातार रिकार्ड 12वें वर्ष फ्रेंच ओपन टेनिस ग्रैंडस्लैम के चौथे दौर में पहुंच गये जबकि महिला वर्ग में सोफिया केनिन भी अगले दौर में जगह बनाने में सफल रहीं लेकिन पांचवीं वरीय स्वितोलिना उलटफेर का शिकार बनीं। सर्बियाई स्टार जोकोविच ने 93 रैंकिंग के रिकार्डस बेराकिंस को आसानी से 6-1, 6-4, 6-1 से पराजित कर दिया। जोकोविच पेरिस में राउंड 16 में पिछले इससे पहले राफेल नडाल और रोजर फेडरर लगातार 11 बार राउंड 16 तक पहुंचे थे।जोकोविच दूसरा फ्रेंच ओपन और कुल 19वां ग्रैंडस्लैम खिताब हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं। नडाल और फेडरर दोनों 20-20 ट्राफियां जीत चुके हैं। बेरांकिस के खिलाफ जोकोविच को एक भी ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं करना पड़ा और उन्होंने 30 विनर लगाये और महज 18 अनफोर्स्ड गलतियां कीं। जोकोविच अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिये इटली के 19 वर्षीय लोरेंजो मुसेटी से भिड़ेंगे।महिलाओं के वर्ग में अमेरिका की सोफिया केनिन हमवतन जेसिका पेगुला को 4-6, 6-1, 6-4 से हराकर लगातार तीसरे साल रोलां गैरां के चौथे दौर में पहुंची। चौथे नंबर की केनिन महिलाओं के ड्रा में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बची हैं। वह अक्टूबर में इगा स्वियातेक से हारकर उप विजेता रही थीं। आस्ट्रेलियाई ओपन 2020 चैम्पियन केनिन ने 48 विनर लगाये जबकि पेगुला 18 बार ही ऐसा कर सकीं। केनिन ने 10 डबल फॉल्ट की और पांच बार उनकी सर्विस टूटी लेकिन अंत में अपने चार सर्विस गेम बचाकर जीत हासिल करने में सफल रहीं। वहीं अमेरिका की पूर्व उप विजेता स्लोआने स्टीफंस ने 18वीं वरीयता प्राप्त कैरोलिना मुचोवा को 6-3 7-5 से चौथे दौर में प्रवेश किया। स्टीफंस 2018 रोलां गैरां के फाइनल में हार गयी थीं। उन्होंने एक साल पहले अमेरिकी ओपन में अपना एकमात्र ग्रैंडस्लैम खिताब जीता था। अब उनका सामना बारबरा क्रजेसिकोवा से होगा जिन्होंने स्वितोलिना को 6-3 6-2 से हराकर उलटफेर किया।
- कराची। पाकिस्तान ने गुरुवार को पूर्व कप्तान मोईन खान के बेटे और नये खिलाड़ी आजम खान को इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरे के लिए चुनी गयी टी20 टीम में शामिल किया।चयनकर्ताओं ने इसके साथ ही इमाद वसीम को इंग्लैंड में तीन एवं वेस्टइंडीज में पांच टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा हारिस सोहेल को इंग्लैंड में तीन वनडे मैचों के लिए फिर से टीम में शामिल किया है। तेज गेंदबाज मुहम्मद अब्बास और नसीम शाह की भी जमैका में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैच की टेस्ट श्रृंखला के लिए टीम में वापसी हुई है। जिम्बाब्वे में खेले गए हालिया दो टेस्ट मैचों में अब्बास और नसीम को नजरअंदाज किया गया था। टी20 टीम में आजम का नाम चौकाने वाला है क्योंकि उन्होंने अभी तक प्रथम श्रेणी का सिर्फ एक मैच खेला है। उन्होंने हालांकि 36 टी20 मैच खेले है और उनकी छवि बड़े शॉट लगाने वाले बल्लेबाज की है। वह पाकिस्तान सुपर लीग और श्रीलंका प्रीमियर लीग में खेल चुके हैं।चयनकर्ताओं ने अनुभवी लेग स्पिनर यासिर शाह को भी दो टेस्ट मैचों की टीम में रखा है, लेकिन उनका अंतिम चयन फिटनेस टेस्ट पास करने पर होगा। घुटने की चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी उनकी अनदेखी की गई थी। पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड दौरे पर आठ से 20 जुलाई के बीच तीन एकदिवसीय और इतने ही टी20 मैचों की श्रृंखला खेलेगी।टीमें:टेस्ट: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (उप-कप्तान, विकेटकीपर), अब्दुल्ला शफीक, आबिद अली, अजहर अली, फहीम अशरफ, फवाद आलम, हारिस रऊफ, हसन अली, इमरान बट, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, नौमान अली, साजिद खान, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), सऊद शकील, शाहीन शाह अफरीदी, शाहनवाज दहानी, यासिर शाह (फिटनेस पर निर्भर), जाहिद महमूद।एकदिवसीय टीम : बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप-कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, फहीम अशरफ, फखर जमां, हैदर अली, हारिस रउफ, हारिस सोहेल, हसन अली, इमाम-उल-हक, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सलमान अली अगा, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), सऊद शकील, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान कादिर।टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप-कप्तान), अरशद इकबाल, फहीम अशरफ, फखर जमां, हैदर अली, हारिस रऊफ, हसन अली, इमाद वसीम, मोहम्मद हफीज, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर) , मोहम्मद वसीम जूनियर, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), शाहीन शाह अफरीदी, शरजील खान, उस्मान कादिर।
- तोक्यो। जापान की सबसे प्रसिद्ध ओलंपियनों में से एक और जापानी ओलंपिक समिति की कार्यकारी सदस्य काओरी यामागुची का मानना है कि जापान कोविड-19 महामारी के दौरान तोक्यो खेलों के आयोजन को लेकर ‘पसोपेश’ में है। शुक्रवार को प्रकाशित एक संपादकीय में यामागुची ने मुखर होकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी), सरकार और स्थानीय आयोजक जापानी जनता के ओलंपिक के व्यापक विरोध की अनदेखी कर रहे हैं। अलग-अलग जनमत संग्रहों में जापान की 50 से 80 प्रतिशत जनता ने ओलंपिक आयोजन के खिलाफ मतदान किया है। यामागुची ने जापान की क्योदो समाचार एजेंसी द्वारा प्रकाशित एक संपादकीय में लिखा है, ‘‘हम एक ऐसी स्थिति में फंस गए हैं, जहां अब हम रुक भी नहीं सकते। अगर हम ऐसा करते हैं तो हमें नुकसान होगा और अगर हम ऐसा नहीं करते हैं तो भी हमें बहुत नुकसान होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लग रहा है कि आईओसी के लिए जापान की जनता की राय कोई मायने नहीं रखती है।’’ त्सुकुबा विश्वविद्याल में पढ़ाने वाली यामागुची ने 1988 ओलंपिक में जूडो में कांस्य पदक जीता था और वह पूर्व विश्व चैम्पियन है। उन्होंने सवाल किया, ‘‘ यह ओलंपिक क्यों और किसके लिए होगा। इस आयोजन का स्तर पहले ही कम हो गया है और मुझे लगता है कि हम इसे रद्द करने के मौके चूक गये हैं।’’
- लंदन। भारतीय पुरूष क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल और इसके बाद मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला के लिये गुरूवार को यहां पहुंच गयीं। पुरूष टीम के साथ महिला टीम भी आयी है जो इंग्लैंड दौरे पर तीन वनडे और इतने ही टी20 के अलावा एक टेस्ट मैच खेलेगी जिसकी शुरूआत 16 जून से ब्रिस्टल में होगी। शीर्ष क्रम बल्लेबाज के एल राहुल ने लंदन में सुरक्षित पहुंचने की पुष्टि करते हुए पीछे चार्टर्ड फ्लाइट की फोटो के साथ ट्वीट किया, ‘‘फ्लाइट उतर गयी। '' दोनों टीमें अब साउथम्पटन की यात्रा करेंगी जिसमें वे अपना अनिवार्य पृथकवास पूरा करेंगी।पृथकवास पूरा करने और इसके बाद कोविड-19 जांच के बाद विराट कोहली की अगुआई वाली पुरूष टीम 18 जून से यहां विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। इसके बाद पुरूष टीम नाटिघंम में चार अगस्त से शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिये इंग्लैंड के सामने होगी। भारत कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल और इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के लिये 20 सदस्यीय टीम के साथ पहुंचा है। महिला टीम का दौरा 15 जुलाई को समाप्त होगा।
- पेरिस । लाल बजरी के बादशाह राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में अपने दबदबे के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए सीधे सेटों में जीत दर्ज करके अपने अभियान की शुरुआत की। फ्रेंच ओपन में अपने 14वें खिताब और रिकार्ड 21वें ग्रैंडस्लैम खिताब की कवायद में लगे नडाल ने पहले दौर के मैच में आस्ट्रेलिया के 21 वर्षीय खिलाड़ी अलेक्सी पोपिरिन को 6-3, 6-2, 7-6 (3) से हराया। इस तरह से उन्होंने रोलां गैरां में लगातार 26 सेट जीत लिये हैं। इनमें डोमिनिक थीम के खिलाफ 2019 के फाइनल के आखिरी दो सेट तथा 2020 के सात मैचों में सभी 21 सेट में जीत शामिल हैं। कोविड—19 के कारण पिछले साल फ्रेंच ओपन सितंबर—अक्टूबर में खेला गया था। नडाल ने जीत के बाद कहा, ''मैं चोट को लेकर थोड़ा डरा हुआ था लेकिन यह अतीत की बात है। इस बार सब कुछ अधिक सहज है। '' नडाल तीसरे सेट में 5—2 से पीछे चल रहे थे, लेकिन इसके बाद उनके अनुभव के सामने पोपिरिन की एक नहीं चली। नडाल ने इस बीच आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को गलतियां करने के लिये मजबूर किया। फ्रेंच ओपन ने रैंकिंग के आधार पर वरीयता तय की है और इसलिए नडाल को तीसरी वरीयता हासिल है। नोवाक जोकोविच को पहली जबकि दानिल मेदवेदेव को दूसरी वरीयता प्राप्त है। जोकोविच ने मंगलवार की रात को टेनिस सैंडग्रेन को दो घंटे से भी कम समय में 6-2, 6-4, 6-2 से हराया। जोकोविच ने छह ब्रेक प्वाइंट बचाये और 33 विनर्स लगाये। महिलाओं में शीर्ष रैंकिंग की ऐश बार्टी ने तीन सेट तक जूझने के बाद अमेरिका की बर्नार्डा पेरा को 6-4, 3-6, 6-2 से पराजित किया। दो बार की विंबलडन चैंपियन पेत्रा क्वितोवा एड़ी की चोट के कारण टूर्नामेंट से हट गयी जबकि पुरुष वर्ग में सातवीं वरीयता प्राप्त आंद्रे रूबलेव को पांच सेट में हार का सामना करना पड़ा।
-
दुबई । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के आठ साल के अगले फ्यूचर टूर्स कार्यक्रम (एफटीपी) में टी20 विश्व कप हर दो साल में होगा जबकि 50 ओवरों के विश्व कप में 2027 से 14 टीमें भाग लेंगी । आईसीसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी । अगले चक्र में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के चार सत्र और दो चैम्पियंस ट्रॉफी खेली जायेंगी ।
आईसीसी ने बोर्ड की बैठक के बाद जारी विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ आईसीसी बोर्ड ने 2024 से 2031 तक के शेड्यूल की आज पुष्टि की जिसमें पुरूषों का क्रिकेट विश्व कप और टी20 विश्व कप खेला जायेगा और चैम्पियंस ट्रॉफी फिर से आयोजित होगी ।'' इसमें कहा गया ,‘‘ पुरूषों के विश्व कप में 2027 और 2031 में 14 टीमें होंगी जबकि टी20 विश्व कप में 20 टीमें होंगी जबकि 2024, 2026, 2028 और 2030 में 55 मैच का टूर्नामेंट होगा ।'' वर्तमान में 50 ओवरों के विश्व कप में दस टीमें होती है । इस बार टी20 विश्व कप में 16 टीमें होंगी ।आठ टीमों की चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 और 2029 में खेली जायेगी । आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल्स 2025, 2027, 2029 और 2031 में खेले जायेंगे । आईसीसी महिला टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही तय हो चुका है ।'' पुरूष विश्व कप में सात सात टीमों के दो समूह होंगे और शीर्ष तीन तीन टीमें सुपर सिक्स में पहुंचेंगी । इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल होंगे ।यही प्रारूप 2003 विश्व कप में भी था । टी20 विश्व कप में पांच पांच के चार समूह होंगे । हर समूह से शीर्ष दो टीमें सुपर आठमें पहुंचेंगी जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल होंगे । आईसीसी बोर्डने अगले चक्र में सभी पुरूष, महिला और अंडर 19 टूर्नामेंटों के मेजबान के निर्धारण की प्रक्रिया को भी मंजूरी दी । पुरूषों के टूर्नामेंटों के मेजबान का चयन सितंबर में होगा जबकि महिलाओं के टूर्नामेंट और टी20 टूर्नामेंटों के मेजबान नवंबर में चुने जायेंगे । - मुंबई। रणजी ट्रॉफी के दिग्गज खिलाड़ी और मुंबई के पूर्व कप्तान अमोल मजूमदार को मंगलवार को आगामी घरेलू सत्र के लिए मुंबई की सीनियर टीम का कोच नियुक्त किया गया। मजूमदार रमेश पवार की जगह लेंगे जिन्हें भारत की सीनियर महिला क्रिकेट टीम का कोच नियुक्त किया गया है। मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) की जतिन परांजपे (अध्यक्ष), नीलेश कुलकर्णी और विनोद कांबली की मौजूदगी वाली क्रिकेट सुधार समिति (सीआईसी) ने मजूमदार की नियुक्त का फैसला किया। सीआईसी ने आठ अन्य उम्मीदवारों के भी साक्षात्कार लिए जिसमें बलविंदर सिंह संधू, वसीम जाफर, साईराज बहुतुले, सुलक्षण कुलकर्णी, प्रदीप सुंदरम, नंदन फडनिस, उमेश पटवाल और विनोद राघवन शामिल थे। मुंबई के कोच पद की दौड़ में मजूमदार को चार महीने पहले पूर्व भारतीय आफ स्पिनर पवार ने पछाड़ा था जिनके मार्गदर्शन में मुंबई ने पिछले सत्र में विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब जीता लेकिन भारतीय टीम के साथ जुड़ने के बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा। मुंबई के दिग्गज खिलाड़ी मजूमदार ने 1993 से 2013 के बीच 171 प्रथम श्रेणी मैचों में 11167 रन बनाए। संन्यास के बाद कमेंटरी की जिम्मेदारी संभालने वाले मजूमदार राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी और इंडियन प्रीमियर लीग टीम राजस्थान रॉयल्स से बल्लेबाजी कोच के रूप में जुडे रहे जबकि वह भारत के खिलाफ 2019-20 श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका के अंतरिम बल्लेबाजी कोच भी रहे।
- चेन्नई । पांच बार के विश्व चैम्पियन विश्वनाथ आनंद ने सोमवार को कहा कि मुश्किल प्रतिस्पर्धा की वजह से खिलाड़ियो को अधिक मेहनत करनी पड़ रही है जिससे पहले की तुलना में उनका करियर छोटा हो रहा है। इस दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि इन दिनों पहले की तुलना में ‘शारीरिक तनाव' का स्तर बहुत अधिक है और इसलिए खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से फिट रहने की जरूरत है। आनंद ने भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन के यू-ट्यूब कार्यक्रम ‘डीआरएस विद ऐश' पर कहा, ‘‘ आपके जीवन की शारीरिक फिटनेस का काफी महत्व है। शारीरिक तनाव का स्तर अब बहुत अधिक है। आजकल फिटनेस पर काफी ध्यान देना होता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ कड़ी मेहनत के लिए बहुत ऊर्जा की जरूरत होती है। इसलिए, करियर की अवधि कम हो रही है। इसमें कोई संदेह नहीं है।'' इस 51 साल के महान खिलाड़ी से जब युवाओं से प्रतिस्पर्धा में अनुभव के इस्तेमाल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘ युवा खिलाड़ियों के लिए आप कैसी भी परिस्थिति बनाये , वे बेहतर तरीके से उसका आकलन करते है। वे रणनीतियों में बदलाव को समझते है। कम्प्यूटर के कारण काफी बदलाव आया है क्योंकि उससे खेल का समय कम हुआ है। इसके लिए आपको अनुभव की जरूरत होती है।'' आनंद ने कहा कि महान बॉबी फिशर एक कारण है जिसकी वजह से कि कई लोगों ने शतरंज को करियर के रूप में अपनाने का फैसला किया। उन्होने कहा, ‘‘ दूसरे कई खेलों की तरह1970 और 80 के दशक में शतरंज में भी करियर बनने लगा था। इसके सबसे बड़े कारण बॉबी फिशर थे। सोवियत संघ में लोग पहले से ही इसे करियर के रूप में अपनाने लगे थे लेकिन फिशर के आने के बाद सभी के लिए दरवाजे खुल गये। फिशर 14 साल की उम्र में अमेरिकी शतरंज चैम्पियन बने थे और 15 साल की उम्र में उस समय के सबसे युवा ग्रैंडमास्टर थे। वह 1972 में विश्व शतरंज चैम्पियन बने थे।
- पेरिस । जापान की टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका अपने वादे के मुताबिक रविवार को फ्रेंच ओपन के पहले दौर में जीत दर्ज करने के बाद संवाददाता सम्मेलन में नहीं आयी जिसके बाद उन पर 15,000 डालर का जुर्माना लगाया गया और आगे से ऐसा करने पर कठोर सजा की चेतावनी दी गयी। फ्रेंच ओपन टूर्नामेंट रेफरी द्वारा ओसाका पर 15,000 डालर का जुर्माना लगाते हुए कहा कि अगर वह मीडिया दायित्वों से बचना जारी रखेंगी तो और कठोर दंड मिल सकता है। जुर्माने की इस रकम को उनकी पुरस्कार राशि से काटा जाएगा। ओसाका ने पहले ही कहा कि वह फ्रेंच ओपन के दौरान मीडियाकर्मियों से बात नहीं करेगी।दुनिया में सबसे अधिक कमाई करने वाली महिला खिलाड़ी ने ट्विटर पर अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि, ‘‘इसके लिये मुझ पर जो जुर्माना लगाया जाएगा वह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चैरिटी को दिया जाएगा।'' पिछले साल रोलां गैरों टूर्नामेंट से दूर रहने वाली ओसाका ने रैंकिंग में 63वें स्थान पर काबिज पैट्रिसिया मारिया टिग को 6-4, 7-6 से हराया। विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज ओसाका दूसरे दौर में 102वें स्थान पर काबिज एना बोगडन के खिलाफ कोर्ट में उतरेंगी। बोगडन ने क्वालीफायर एलिसबेटा कोकियारेटो को 6-1, 6-3 से शिकस्त दी। एक बड़े उलट फेर में यूएस ओपन चैम्पियन डोमिनिक थिएम को हार का सामना करना पड़ा। फ्रेंच ओपन के दो बार के उपविजेता को 68वें रैंकिंग के खिलाड़ी पाब्लो अंदुजार से 4-6, 5-7, 6-3, 6-4, 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। पिछले साल कोरोना वायरस महामारी के कारण टूर्नामेंट का आयोजन सितंबर में 1000 दर्शकों के साथ हुआ था। इस बार इसे महज एक सप्ताह की देरी से खेला जा रहा है जबकि 5000 से अधिक दर्शकों को मंजूरी दी गयी है। महिलाओं के अन्य मुकाबलों में तीन बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन और पूर्व नंबर एक एंजलिक कर्बर को लगातार तीसरी बार फ्रेंच ओपन टेनिस ग्रैंडस्लैम के पहले दौर में हारकर बाहर होना पड़ा। छब्बीस वरीयता प्राप्त कर्बर को यूक्रेन की क्वालीफायर की एनहेलिना कालिनिना ने 6-2 6-4 से शिकस्त दी जो पहली बार टूर्नामेंट में पदार्पण कर रही हैं। ऑस्ट्रेलियाई ओपन 2019 की सेमीफाइनल में पहुंचने वाली डेनिएल कोलिन्स ने वांग शियू को 6-2, 4-6, 6-4 से हराया। पुरूषों के वर्ग में 12वीं वरीयता प्राप्त पाब्लो कारेनो बुस्टा ने नॉर्बर्ट गोम्बोस को 6-3, 6-4, 6-3 से हराया तो वहीं 27वीं वरीयता प्राप्त फैबियो फोगनिनी ने फ्रेंच वाइल्ड-कार्ड धारी ग्रेगोइरे बैरेरे को 6-4, 6-1, 6-4 से मात दी।




.jpg)
.jpg)






.jpg)
.jpg)




.jpg)



.jpg)




