- Home
- खेल
-
नई दिल्ली। भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने गुरूवार को ओलंपिक कोर ग्रुप निशानेबाजों के लिये 15 अक्टूबर से 14 दिसंबर तक दो महीने के कोचिंग शिविर को मंजूरी दी जिसका खेल की शीर्ष संस्था ने स्वागत किया। राष्ट्रीय शिविर कोविड-19 महामारी के चलते दो बार स्थगित किया जा चुका है जिससे भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के पास परिस्थितियों के सुधरने तक का इंतजार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। शिविर का आयोजन डा कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में किया जायेगा, जिसमें 32 निशानेबाज (18 पुरूष और 14 महिलायें), आठ कोच, तीन विदेशी को और दो सहयोगी स्टाफ हिस्सा लेंगे। देश को 15 ओलंपिक कोटा दिलाने वाले सभी निशानेबाज इस शिविर का हिस्सा होंगे और साइ के बयान के अनुसार इसका कुल खर्चा 1.43 करोड़ रूपये तक होगा। साइ ने बयान में कहा, शिविर आयोजित करना अनिवार्य है क्योंकि यह ओलंपिक जैसे टूर्नामेंट की तैयारियों का अहम हिस्सा है। शिविर साइ की मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए आयोजित किया जायेगा। '' राइफल निशानेबाज अंजुम मोदगिल शिविर के आयोजित होने से काफी खुश हैं। 2018 विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतकर तोक्यो ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली इस निशानेबाज ने कहा, बहुत खुश हूं कि साइ और एनआरएआई ने इस शिविर को आयोजित करने का फैसला किया जिससे हमें ओलंपिक से पहले जरूरी अभ्यास का मौका मिल जायेगा जिसमें महज 10 महीने ही बचे हैं। शिविर में नियमित निशानेबाजी से हमें बेहतर ढंग से पता चल जायेगा कि हमारा स्तर अभी क्या है। महामारी के बीच निशानेबाज अपने घर की रेंज में ही अभ्यास कर रहे थे और लॉकडाउन के बाद यह ओलंपिक कोर ग्रुप का पहला पूर्ण शिविर होगा। एनआरएआई अध्यक्ष रनिंदर सिंह ने कहा, हमारे निशानेबाज लॉकडाउन के दौरान घर पर ही ट्रेनिंग कर रहे हैं लेकिन शिविर में एक साथ ट्रेनिंग करने से उन्हें काफी मदद मिलेगी। हम खुश हैं कि साइ ने दो महीने के ट्रेनिंग शिविर को मंजूरी दी जिससे हमारे निशानेबाजों को अपने प्रदर्शन का लॉकडाउन से पहले का वही स्तर हासिल करने में सहायता मिलेगी।
-
ब्रिस्बेन। आस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को न्यूजीलैंड को 232 रन से हराकर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 21वीं जीत दर्ज करके रिकी पोंटिंग की अगुवाई वाली आस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के 2003 के रिकार्ड की बराबरी की। आस्ट्रेलियाई महिला टीम ने 29 अक्टूबर 2017 को इंग्लैंड से हारने के बाद कोई वनडे नहीं गंवाया है। उसने भारत के खिलाफ जीत से अपने विजय अभियान की शुरुआत की और इस बीच पाकिस्तान, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ शृंखलाएं जीती। आस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच में पांच विकेट पर 325 रन बनाकर अपनी जीत सुनिश्चित कर दी थी। मेग लैनिंग के चोटिल होने के कारण कप्तानी का दायित्व संभाल रही सलामी बल्लेबाज राचेल हेन्स ने 104 गेंदों पर दस चौकों और दो छक्कों की मदद से 96 रन बनाये और एलिसा हीली (87 गेंदों पर 87 रन, 13 चौके, एक छक्का) के साथ पहले विकेट के लिये 144 रन की साझेदारी की। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 93 रन पर ढेर हो गयी। उसकी तरफ से केवल एमी सैटरवेट (41) और मैडी ग्रीन (22) ही दोहरे अंकों में पहुंची। कप्तान सोफी डेवाइन पहले ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गयी थी। आस्ट्रेलिया ने इस तरह से शृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। लैनिंग ने ट्राफी हासिल करने के बाद कहा, ‘‘बड़ी जीत से अंत करना शानदार है। लगातार 21 मैचों में जीत दर्ज करना शानदार है और हमें इस पर वास्तव में गर्व है।
-
नई दिल्ली। इस समय क्रिकेट की दुनिया में आईपीएल की धूम है। कुछ समय से भारतीय क्रिकेट जगत में एक किशोर का नाम तेजी से उभरा है और वो हैं बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल। आईपीएल तक पहुंचने के लिए यशस्वी को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी है। यशस्वी ने क्रिकेट का सपना पूरा करने के लिए कभी सड़कों पर पानी पूरी बेची और टेंट में रहे। इस बार राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें आईपीएल में खेलने के लिए मोटी रकम में खरीदा है।
18 साल के यशस्वी ने अंडर 19 वल्र्ड कप के छह वनडे मैचों में 400 रन बनाए, हालांकि राजस्थान रॉयल्स के साथ जुडऩे के बाद उनका सितारा बुलंदी पर जा पहुंचा है। करीब ढाई करोड़ रुपये में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बने यशस्वी नए खिलाडिय़ों में सबसे महंगे हैं। आज उन्हें देख कर यकीन करना मुश्किल है कि कुछ साल पहले तक उन्होंने किस हाल में अपने दिन गुजारे हैं। 11 साल की उम्र में उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर से मुंबई आए यशस्वी के सामने सबसे पहली समस्या अपने सिर पर छत ढूंढने की थी। यशस्वी ने बताया- शुरुआत में रहने के लिए जगह ढूंढना मुश्किल काम था। मैं पहले एक डेयरी में सोता था, फिर मेरे चाचा के घर, लेकिन वहां ज्यादा जगह नहीं थी, तो उन्होंने मुझे कहीं और जाने के लिए कहा। उसके बाद मैं आजाद मैदान के पास एक टेंट में रहा और दिन में वहां क्रिकेट खेलता था।अपना खर्च चलाने के लिए यशस्वी ने कई छोटे मोटे काम किए। वे बताते हैं- रात में पानी पूरी बेचता था ताकि अपने लिए खाने के पैसे जुटा सकूं। यशस्वी ने क्रिकेट में स्कोरिंग और क्लब गेम्स के लिए गेंद उठाने का भी काम किया ताकि अपने क्रिकेट कॅरिअर का खर्च निकाल सकें। उनकी मेहनत का नतीजा तब दिखना शुरू हुआ, जब उन्हें मुंबई की टीम में जगह मिली और वे दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाजों में शामिल हो गए।17 साल 292 दिन की उम्र में उन्होंने वन डे मैच में दोहरा शतक लगाने का कारनामा कर दिखाया। अब राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें बेस प्राइस से 12 गुनी ज्यादा रकम देकर टीम के लिए खरीद लिया, हालांकि आईपीएल के दो मैचों में अभी वो कुछ खास नहीं कर पाए हैं।शारजाह में खेल शुरू होने से पहले महेंद्र सिंह धोनी को हाथ जोड़ कर उन्हें प्रणाम करने वाले यशस्वी आज बड़े जोस बटलर, जोफ्रा आर्चर और स्टीव स्मिथ जैसे खिलाडिय़ों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने को बहुत कुछ सिखाने वाला मानते हैं। यशस्वी ने कहा, इन सब महान खिलाडिय़ों के साथ बात करना बड़ी बात है। मैं सबसे बात करता हूं और अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए उनसे सीखता हूं। स्टीव स्मिथ का सहयोग भी बहुत अच्छा है। वे काफी मददगार हैं और मैं उनसे कुछ भी पूछ सकता हूं। मैं उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव से सीखने की कोशिश कर रहा हूं।अंडर 19 में इस साल के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंटयशस्वी अंडर 19 वल्र्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे। भारतीय टीम इस बार इस टूर्नामेंट की उपविजेता रही है। वे अपने खेल के लिए कोच ज्वाला सिंह को श्रेय देते हैं जिन्होंने मुंबई के मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया। यशस्वी बताते हैं, मैंने यहां प्रैक्टिस शुरू किया लेकिन पेंट की दुकान चलाने वाले मेरे पिता ने कहा - चलो वापस घर चलते हैं, लेकिन मैं रुकना चाहता था। एक दिन प्रैक्टिस के बाद मैं कोच जवाला से मिला और उन्होंने मुझे रहने के लिए जगह और मेरे खेल और फिटनेस में मदद करने की पेशकश की। एक खिलाड़ी के रूप में मुझे इससे बहुत मदद मिली।दरअसल उनके कोच ज्वाला सिंह खुद भी स्टेट लेवल पर क्रिकेट खेलते थे लेकिन पैसा और गाइडेंस की कमी के कारण उन्हें खेल छोडऩा पड़ा। ज्वाला सिंह ने कहा, मैं यश्वस्वी में अपनी जवानी के दिन देखता हूं, भगवान ने मुझे दूसरी इनिंग में बढिय़ा से खेलने का मौका दिया है। मुझे हमेशा से यकीन है कि वह ऊंचे स्तर पर क्रिकेट खेलेगा। कई युवा खिलाडिय़ों की तरह यशस्वी भी सचिन तेंदुलकर को अपनी प्रेरणा मानते हैं। हालांकि वे कहते हैं, मेरा ध्यान उन चीजों पर है जिन्हें मैं नियंत्रित कर सकता हूं और मैं भविष्य के बारे में ज्यादा चिंता नहीं करता। - पेरिस। रोलां गैरां के बादशाह राफेल नडाल ने मंगलवार की रात को यहां सीधे सेटों में जीत दर्ज करके 13वीं बार फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया जहां उनका मुकाबला डिएगो श्वार्ट्जमैन से होगा। रोलां गैरां पर 12 बार के चैंपियन नडाल को इटली के 19 साल के जानिक सिनर से शुरू में चुनौती मिली लेकिन इसके बाद उन्हें 7-6 (4), 6-4, 6-1 से मैच जीतने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। सर्द हवायें चल रही थी और ऐसे में यह मैच स्थानीय समयानुसार रात लगभग एक बजकर 30 मिनट पर खत्म हुआ। इससे पहले अर्जेंटीना के 12वें वरीय श्वार्ट्जमैन ने एक अन्य क्वार्टर फाइनल मैच में यूएस ओपन चैंपियन और रोलां गैरा में दो बार के उपविजेता डोमिनिक थीम को पांच सेट तक चले कड़े मुकाबले में 7-6 (1), 5-7, 6-7 (6), 7-6 (5), 6-2 से हराया था। फ्रेंच ओपन में इस बार देर रात तक भी मुकाबले हो रहे हैं क्योंकि पहली बार इस क्लेकोर्ट टूर्नामेंट में दूधिया रोशनी का उपयोग किया जा रहा है। नडाल ने मैच के बाद कहा, ‘‘निश्चित तौर पर तड़के एक बजकर 30 मिनट पर मैच का समापन आदर्श स्थिति नहीं है। यहां बहुत सर्दी है। ईमानदारी से कहूं तो टेनिस खेलने के लिये मौसम बहुत बहुत ठंडा है। इस तरह की परिस्थितियों में खेलना शरीर के लिये नुकसानदायक हो सकता है। '' यह मैच स्थानीय समयानुसार रात दस बजकर 30 मिनट पर शुरू हुआ था। श्वार्ट्जमैन ने नडाल के खिलाफ आखिरी मुकाबला जीता था। उन्होंने पिछले महीने रोम में क्लेकोर्ट टूर्नामेंट में इस दिग्गज खिलाड़ी को हराया था। श्वार्ट्जमैन ने कहा, ‘‘मैं नहीं जानता कि उस जीत के कारण मैं बढ़े मनोबल के साथ कोर्ट पर उतरूंगा। लेकिन हां मैं यह जानता हूं कि मैं उसे हरा सकता हूं। यह अधिक महत्वपूर्ण है। '' नडाल फ्रेंच ओपन में 13वां खिताब जीतने की कवायद में है। यह नहीं वह 20वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतकर रोजर फेडरर की बराबरी करने के भी करीब हैं।
- मुंबई। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम एफसी गोवा ने मंगलवार को कहा कि उसने के आगामी सत्र की तैयारी शुरू कर दी है, जिसके दिसंबर में शुरू होने की संभावना है। टीम को आईएसएल में खेलने के अलावा, क्लब एएफसी (एशियाई फुटबॉल परिसंघ) चैंपियंस लीग में भी भारत का प्रतिनिधित्व करना है। एफसी गोवा ने सहायक कोच क्लिफोर्ड मिरांडा की निगरानी में इस सत्र पूर्व अभ्यास की शुरुआत की। इस अभ्यास में ज्यादातर भारतीय खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। एफसी गोवा ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि लीग प्रोटोकॉल के अनुसार इशान पंडिता और लेन डोंगल पृथकवास की अवधि से गुजर रहे हैं और वे अभी टीम से नहीं जुड़े है खिलाड़ी शुरुआती कुछ दिनों में हल्के अभ्यास कर रहे हैं और कोविड-19 के कारण लंबे समय तक खेल से दूर रहने के बाद उनकी कोशिश फिर से फिटनेस हासिल करने की है। टीम के अनुभवी लेनी रोड्रिग्ज ने दूसरे खिलाड़ियों के साथ मैदान पर वापसी करने पर खुशी जतायी।उन्होंने कहा, हम सभी के लिए यह असामान्य स्थिति और लंबे समय तक सत्र से दूर रहने वाला रहा। अब मैदान पर वापस आने उन चीजों को शुरू करने को लेकर रोमांचित हूं, जिससे हमें लगाव है।'' उन्होंने कहा, ‘‘सत्र पूर्व अभ्यास सभी के लिए जरूरी होगा। हम जिन परिस्थितियों से गुजरे है वहां से यहां आना किसी उपलब्धि की तरह है।'' आईएसएल के तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है लेकिन लीग के सभी मैचों के गोवा में खेले जाने की संभावना है।
- नयी दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल और उनके पति पारुपल्ली कश्यप ने डेनमार्क ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट से मंगलवार को हटने का फैसला किया। यह टूर्नामेंट 13 अक्टूबर से ओडेंसे में खेला जाएगा जो कोविड-19 महामारी के कारण आयी रूकावट के बाद अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर को फिर से शुरू करेगा। मार्च में ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के बाद बीडब्ल्यूएप्फ विश्व टूर को रोक दिया गया था। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना ने कहा, मैं डेनमार्क ओपन से हट गयी हूं। मैंने जनवरी में एशियाई टूर के साथ सत्र शुरू करने का फैसला किया है।'' साइना और कश्यप ने साढ़े सात लाख डॉलर (लगभग साढ़े पांच करोड़ रूपये) पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए अपनी प्रविष्टियां भेजी थीं और पिछले महीने भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) को अपना सहमति पत्र भी भेजा था।
- नार्थ बेरविक। भारत के शुभंकर शर्मा ने चार अंडर 67 का स्कोर करके 2020 एबेरडीन स्टैंडर्ड इनवेस्टमेंट्स स्कॉटिश ओपन गोल्फ में संयुक्त 26वां स्थान हासिल किया। नौ टूर्नामेंटों में यह शर्मा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इससे पहले वह पुर्तगाल मास्टर्स में संयुक्त 44वें स्थान पर रहे थे। इंग्लैंड के आरोन राय ने अपने कैरियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी टॉमी फ्लीटवुड को हराया।
- नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी के कारण पिछले आठ महीने से बंद घरेलू टेनिस टूर्नामेंट 16 नवंबर से फिर शुरू होंगे । अखिल भारतीय फुटबॉल संघ (एआईटीए) ने सोमवार को यह जानकारी दी। बाकी खेलों की तरह प्रतिस्पर्धी टेनिस भी कोरोना महामारी के कारण 16 जून से बंद है । एआईटीए के बयान के अनुसार टूर्नामेंट अंडर 12, अंडर 14 और अंडर 16 आयुवर्ग से ही शुरू होंगे । टूर्नामेंट तीन दिन के भीतर ही होंगे और अधिकतक 32 ड्रा ही संभव होंगे।बयान में कहा गया, एआईटीए प्रबंधन समिति की बैठक में फैसला लिया गया कि सभी मान्य ईकाइयों के सचिवों को बताया जाये कि 16 नवंबर 2020 से टेनिस टूर्नामेंट फिर शुरू करने के पूरे प्रयास किये जाए। इसके लिये सरकारी दिशा निर्देशों को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाये। एआईटीए ने यह भी चेताया कि एआईटीए सर्किट के आधिकारिक टूर्नामेंटों से इतर कोई निजी टूर्नामेंट उसकी अनुमति के बगैर नहीं कराया जा सकेंगे। इसमें कहा गया, खिलाड़ी ऐसे किसी टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सकेंगे जो एआईटीए से मान्यता प्राप्त नहीं हो । ऐसा करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। बयान में कहा गया कि महामारी को देखते हुए टूर्नामेंट प्रदेश के भीतर ही होंगे और अंतर जिला टूर्नामेंटों को लेकर फैसला संबंधित प्रदेश संघ लेंगे।
- इस्तांबुल। इस्तांबुल के सरकारी कार्यालय ने सोमवार को जानकारी दी कि तुर्की ग्रां प्री को दर्शकों की मौजूदगी में कराने की योजना को रद्द कर दिया गया है। आयोजकों को 2011 के बाद पहली तुर्की एफवन रेस के दौरान इस्तांबुल पार्क सर्किट में एक लाख प्रशंसकों की मेजबानी की उम्मीद थी। कोरोना वायरस महामारी के बीच इस रेस को अंतिम समय में कैलेंडर में शामिल किया गया था। अधिकारियों ने हालांकि अब कहा है कि दर्शकों की मौजूदगी में रेस का आयोजन संभव नहीं है। गवर्नर के कार्यालय ने बयान में कहा, प्रांतीय जन स्वास्थ्य समिति ने फैसला किया है कि उपरोक्त रेस का आयोजन दर्शकों के बिना किया जाएगा।
- पेरिस। विंबलडन में दो बार की चैंपियन पेत्रा क्वितोवा ने सोमवार को यहां लंबे इंतजार के बाद फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि पुरूष वर्ग में स्टेफनोस सिटसिपास और आंद्रेइ रूबलेव ने पहली बार इस ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट के अंतिम आठ में जगह बनायी। चेक गणराज्य की सातवीं वरीयता प्राप्त क्वितोवा ने चीन की गैर वरीय झांग शुहाई को 6-2, 6-4 से हराया। यह पिछले आठ वर्षों में पहला अवसर है जबकि क्वितोवा ने फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह सुरक्षित की। इससे पहले यह 30 वर्षीय खिलाड़ी 2012 में रोलां गैरा में सेमीफाइनल तक पहुंची थी। झांग पहले सेट में जब 2-5 से पीछे चल रही थी तब उन्होंने मेडिकल टाइम आउट भी लिया था। क्वितोवा ने इस बीच कोर्ट फिलिप चैटरियर पर सर्द मौसम से बचने के लिये गुलाबी रंग का कोट ओढ़ लिया था। क्वितोवा अगले दौर में लॉरा सीगमंड से भिड़ेगी। इस गैरवरीयता प्राप्त जर्मन खिलाड़ी ने स्पेन की पॉला बादोसा को 7-5, 6-2 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के अंतिम आठ में जगह बनायी। पुरुष वर्ग में पांचवीं वरीयता प्राप्त सिटसिपास ने बुल्गारिया के 18वें वरीय ग्रिगोर दिमित्रोव को 6-3, 7-6 (9), 6-2 से हराया। पिछले साल आस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाला यह यूनानी खिलाड़ी अंतिम चार में पहुंचने के लिये रूस के 13वें वरीय आंद्रेई रूबलेव से भिड़ेगा। रूबलेव ने चौथे दौर के एक अन्य मुकाबले में हंगरी के मार्टन फुस्कोविक्स को 6-7 (4), 7-5, 6-4, 7-6 (3) से पराजित किया। उन्होंने चौथे सेट में 4-5 और 0-40 से पिछड़ने के बाद तीन सेट प्वाइंट बचाकर शानदार वापसी की और फिर दूसरे मैच प्वाइंट पर मुकाबला अपने नाम किया। यूएस ओपन में दो बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले रूबलेव इससे पहले फ्रेंच ओपन में कभी पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाये थे। इस बीच टूर्नामेंट के अंतिम सप्ताह में भी स्टेडियम में कुछ दर्शक दिखायी देंगे क्योंकि पेरिस पुलिस ने प्रतिदिन 1000 दर्शकों की सीमा को कम नहीं करने का फैसला किया है।
- लंदन। शुरा किताता ने बारिश के बीच स्टार धावक इलियुद किपचोगे के चार साल के दबदबे को खत्म करते हुए रविवार को यहां लंदन मैराथन का खिताब जीत लिया। महिला वर्ग में कोई उलटफेर देखने को नहीं मिला और विश्व रिकॉर्ड धारक ब्रिगिड कोसगेई ने कीनिया की अपनी साथी धावक विश्व चैंपियन रुथ चेपनगेटिक को पछाड़ा। रुथ तीसरे स्थान पर रहीं जबकि अमेरिका की सारा हॉल ने दूसरा स्थान हासिल किया। यह मैराथन शुरुआत में अप्रैल में होती थी लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसे स्थगित किया गया। इसका आयोजन पारंपरिक तौर पर सड़कों की जगह सेंट जेम्स पार्क में किया गया जहां 19.7 लैप की रेस हुई। कीनिया के किपचोगे ने सात साल में कोई मैराथन नहीं गंवाई लेकिन आज अंतिम चरण में उनकी गति में कमी आई जिसका उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद सात धावक उनसे आगे निकल गए और उन्हें आठवें स्थान से संतोष करना पड़ा। इथोपिया के किताता ने दो घंटे पांच मिनट और 41 सेंकेंड के साथ खिताब जीता। कीनिया के विनसेंट किपचुंबा दूसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में कोसगेई ने दो घंटे 18 मिनट और 58 सेकेंड के समय के साथ खिताब अपने नाम किया।
- पेरिस। शीर्ष वरीय नोवाक जोकोविच ने शनिवार को यहां 153वीं रैंकिंग पर काबिज डेनियल इलाही गालान को हराकर लगातार 11वें वर्ष फ्रेंच ओपन टेनिस ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश किया। सर्बियाई स्टार जोकोविच ने 6-0 6-3 6-2 की जीत से ‘बिग थ्री' में अपने प्रतिद्वंद्वियों राफेल नडाल और रोजर फेडरर के लगातार 11वें वर्ष चौथे दौर में पहुंचने के रिकार्ड की बराबरी की। जोकोविच का इस तरह 2020 में जीत का रिकार्ड 34-1 हो गया है। वह यहां दूसरा फ्रेंच ओपन खिताब और 18वां ग्रैंडस्लैम जीतने की कोशिश में जुटे हैं। अब सोमवार को उनका सामना 15वें नंबर के कारेन खाचानोव से होगा। शनिवार को अंतिम मैच में 57वीं रैंकिंग की डेनियल कोलिन्स ने महिला एकल मुकाबले में 2016 की फ्रेंच ओपन चैम्पियन गार्बाइन मुगुरूजा को 7-5 2-6 6-4 से मात दी।
- मैड्रिड। एटलेटिको मैड्रिड की तरफ से पदार्पण मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले लुई सुआरेज अपना जादुई प्रदर्शन जारी रखने में नाकाम रहे और उनकी टीम को स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में शनिवार को यहां विल्लारीयाल से गोलरहित ड्रा खेलना पड़ा। एटलेटिको ने इस सत्र की शुरुआत ग्रेनाडा पर 6-1 की शानदार जीत से की थी लेकिन अपने इस प्रदर्शन को वह आगे जारी नहीं रख पाया और उसे लगातार दूसरे मैच में गोलरहित ड्रा खेलकर अंक बांटने पड़े। एटलेटिको के तीन मैचों में अब पांच अंक हैं और वह 11वें स्थान पर है। इस बीच रीयाल सोसिडाड ने गेटाफे को 3-0 से जबकि रीयाल बेटिस ने वेलेंसिया को 2-0 से हराया जबकि एल्चे और हुएस्का का मैच गोलरहित बराबरी पर छूटा। रीयाल बेटिस इस जीत से पांच मैचों में नौ अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गया है। उसके बाद सोसिडाड और विल्लारीयाल (दोनों आठ अंक) का नंबर आता है।
- नयी दिल्ली। भारत के विष्णु शिवराज पांडियन ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय आनलाइन निशानेबाजी के पांचवें सत्र में दस मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीता । सोलह बरस के विष्णु ने 251 . 4 का स्कोर करके दो अंक से खिताब अपने नाम किया । दुनिया के 27वें नंबर के निशानेबाज फ्रांस के एटियेने जेरमोंड दूसरे और ओलंपिक कोटाधारी आस्ट्रिया के मार्टिन एस तीसरे स्थान पर रहे । भारत के प्रत्युष बारीक सातवें स्थान पर रहे । इस टूर्नामेंट में 15 देशों के निशानेबाजों ने भाग लिया ।
- नार्थ बेरविक। भारतीय गोल्फर शुभंकर शर्मा एएसआई स्कॉटिश ओपन गोल्फ टूर्नामेंट के दूसरे दौर में लगतार चार बर्डी लगाकर संयुक्त रूप से 13वें स्थान पर पहुंच गये। इस 24 साल के खिलाड़ी ने दूसरे दौर में चार अंडर 67 का कार्ड खेला। पिछले दो महीने में यह सिर्फ दूसरी बार है जब उनका स्कोर 70 से कम रहा है। शुरुआती दो दौर के बाद उनका स्कोर पांच अंडर का है। उन्होंने पहले दौर में 70 का कार्ड खेला था। प्रतियोगिता में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय गगनजीत भुल्लर (77, 73) कट हासिल करने से चूक गये।
- जैकसन। भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी ने सैंडरसन फार्म्स चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में तेज हवा के बावजूद दो अंडर 70 का कार्ड खेला। वह संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर बने हुए हैं लेकिन शीर्ष पर चल रहे कीगन ब्रैडले (65) से पांच शॉट पिछड़ रहे हैं जिन्होंने 65 का शानदार कार्ड खेला। लाहिड़ी का 36 होल में कुल स्कोर आठ अंडर 136 है।
-
नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे कामयाब टीमों में शुमार किया जाता है। इस साल आईपीएल में चेन्नई अपने रंग में नहीं दिख रही। शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई सुपर किंग्स की यह लगातार तीसरी हार रही।
साल 2014 के बाद यह पहला मौका है जब टीम लगातार तीन मैच हारी। 14वें ओवर की आखिरी गेंद रविंद्र जडेजा ने प्रियम गर्ग का कैच छोड़ा। उस समय प्रियम केवल पांच रन बना पाए थे और इसके बाद उन्होंने अर्धशतक जड़ा। 18वें ओवर की पहली गेंद पर रविंद्र जडेजा ने अभिषेक शर्मा का कैच छोड़ा। बीच के ओवर में चेन्नई के गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए. डेविड वॉर्नर और केन विलियमसन के जाने के बाद उनके पास मौका था टीम को जल्दी समेट देने का लेकिन अभिषेक शर्मा और प्रियम गर्ग के सामने कसी हुई गेंदबाजी नहीं की जिससे उन्हें अच्छी साझेदारी करने का मौका मिला और टीम 164 के स्कोर तक पहुंच गई।
- तोक्यो। जापान के इंजन और वाहन निर्माता होंडा ने आज घोषणा की कि वे पर्यावरण से जुड़ी पहल के चलते 2021 सत्र के अंत में फार्मूला वन रेसिंग से हट जाएंगे।एफवन में 2015 में दोबारा रेस शुरू करने वाला होंडा रेड बुल और अल्फो टोरी टीम को पावर यूनिट की आपूर्ति भी करता है। कंपनी ने कहा कि उसने पिछले सत्र में रेस जीतने का अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है और 2020 में भी दो जीत उसके नाम हैं। होंडा ने बयान में कहा, इस बीच जब आटोमोबाइल उद्योग 100 साल में एक बार होने वाले बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है तब होंडा ने 2050 तक कार्बन न्यूट्रेलिटी हासिल करने का प्रयास करने का फैसला किया है। बयान के अनुसार, यह लक्ष्य होंडा की पर्यावरण पहला का हिस्सा है जो वाहन निर्माता के तौर पर होंडा की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक है।---
- - टीम पर लगेगा एक करोड़ रू का जुर्माना और कटेंगे अंकनई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान बायो-बबल उल्लंघन पर खिलाड़ी को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ सकता है और उनकी टीमों के एक करोड़ रूपये का भारी जुर्माना भरने के अलावा तालिका में अंक भी काटे जा सकते हैं।भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भाग लेने वाली सभी आठ फ्रेंचाइजी टीमों को अधिसूचना दी कि बायो-बबल से अनधिकृत रूप से बाहर जाने के लिये खिलाड़ी को छह दिन के पृथकवास में जाना होगा। अगर ऐसा दूसरी बार होता है तो एक मैच का निलंबन लगाया जायेगा और तीसरे उल्लघंन पर उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जायेगा और उसकी जगह टीम को कोई और खिलाड़ी भी नहीं मिलेगा।खिलाडिय़ों को दैनिक स्वास्थ्य पासपोर्ट पूरा नहीं करने, जीपीएस ट्रैकर नहीं पहनने और निर्धारित कोविड-19 जांच समय पर नहीं करवाने के लिये 60 हजार रूपये के करीब का जुर्माना देना पड़ सकता है। यही नियम परिवार के सदस्यों और टीम अधिकारियों के लिये भी हैं।संयुक्त अरब अमीरात में चल रहे टूर्नामेंट के हर पांचवें दिन सभी खिलाडिय़ों और सहयोगी स्टाफ की कोविड-19 जांच की जा रही है। टीम अधिकारियों को भी यह सुनिश्चित करने में काफी सतर्क होने की जरूरत है कि सख्त बायो-बबल का उल्लघंन नहीं हो। अगर कोई फ्रेंचाइजी किसी व्यक्ति को बबल में खिलाड़ी/सहयोगी स्टाफ से बातचीत करने की अनुमति देती है, तो उसे पहले उल्लंघ पर एक करोड़ रूपये का जुर्माना भरना होगा, दूसरी बार ऐसा करने पर एक अंक काट लिया जाएगा और तीसरे उल्लंघन के लिए दो अंक (एक जीत के बराबर) काट लिए जाएंगे।
- दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड को पीछे छोड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा विश्व रैंकिंग में टी 20 में तीसरे स्थान पर पहुंच गयी है जबकि वनडे रैंकिंग में उसने अपना दूसरा स्थान बरकरार रखा है।आईसीसी के बयान के अनुसार टी20 रैंकिंग में आस्ट्रेलिया (291 अंक) और इंग्लैंड (280) पहले दो स्थानों पर काबिज हैं। इस साल टी 20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाला भारत 270 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। वह न्यूजीलैंड (269) से एक अंक आगे है। आईसीसी के ताजा अपडेट में 2016-17 के परिणामों को हटा दिया गया है। इसके अलावा 2017-18 और 2018-19 के परिणाम को 50 प्रतिशत और 2019-20 के परिणामों को शत प्रतिशत आंककर नयी रैंकिंग तैयार की गयी है। रैंकिंग में सबसे बड़ा सुधार ब्राजील ने किया है जो 15 अंकों के फायदे से 11 पायदान चढ़कर 72वें स्थान पर पहुंच गया है, वहीं मलेशिया 31वें स्थान से 38वें स्थान पर खिसक गया है।वनडे रैंकिंग में भारत (121 अंक) और इंग्लैंड (119) में से प्रत्येक ने चार - चार अंक गंवाये हैं लेकिन उन्होंने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान बरकरार रखा है। छह बार के विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया ने रेटिंग अंकों के निर्धारण करने वाले समय में 21 में से 20 वनडे जीते जिससे उसे आठ अंकों का फायदा हुआ और उसके अब 160 अंक हो गये हैं। उसकी दूसरे नंबर पर काबिज भारत पर 39 अंकों की बढ़त खेल के किसी भी प्रारूप में (पुरुष और महिला) में सर्वाधिक है। आस्ट्रेलिया ने इस दौरान भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ 3-0 के अंतर से जीत दर्ज की और इससे पहले 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से शृंखला जीती थी। दक्षिण अफ्रीका (107) चौथे स्थान पर है और उसने न्यूजीलैंड (94) पर 13 अंकों की बढ़त बनायी है। इनके बाद वेस्टइंडीज (85), पाकिस्तान (77), बांग्लादेश (61) और श्रीलंका (47) का नंबर आता है।
-
मुंबई। भारतीय क्रिकेट के ऐसे कई स्टार्स हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में कदम जमाने की कोशिश की है। इनमें अजय जडेजा से लेकर विनोद कांबली जैसे लोगों के नाम शामिल हैं। इन कलाकारों ने फिल्मों में एक्टिंग करके लोगों के रिझाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। इन्हीं कलाकारों को देखते हुए अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी भी बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि महेन्द्र सिंह धोनी बड़े पर्दे पर एक्टिंग करते दिखेंगे तो ऐसा नहीं है। असल में महेन्द्र सिंह धोनी ने एक निर्माता के तौर पर फिल्मी दुनिया में अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं।
मीडिया रिपोट्र्स की मानें तो महेन्द्र सिंह धोनी जल्द ही एक माइथोलॉजिकल साई-फाई वेब सीरीज का निर्माण करेंगे, जिसे एक लीडिंग ओटीटी प्लैटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा। महेन्द्र सिंह धोनी की पत्नी ने साक्षी धोनी ने ट्विटर के माध्यम से लोगों को इस बात की जानकारी दी है और सभी से दुआएं मांगी हैं। साक्षी धोनी ने ट्विटर पर लिखा है, हम सभी को आपका प्यार और दुआएं चाहिए। यह एक नई शुरुआत है।
साक्षी धोनी ने बताया है, यह वेब सीरीज एक किताब के ऊपर आधारित होगी, जो एक अघोरी की जर्नी दिखाएगी। इस वेब सीरीज के माध्यम ऐसे कई मिथ्स को तोडऩे की कोशिश की जाएगी, जो सालों से समाज में चले आ रहे हैं। साक्षी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है कि, हम कोशिश करेंगे कि इस वेब सीरीज का निर्माण ठीक ढंग से हो। इसी कारण हमने फिल्म की जगह वेब सीरीज बनाने का फैसला किया है क्योंकि इस किताब पर वेब सीरीज ही ठीक रहेगी। महेन्द्र सिंह धोनी की आने वाली वेब सीरीज में कौन-कौन से कलाकार दिखाई देंगे, अभी इसका खुलासा नहीं किया गया है। मेकर्स वेब सीरीज की कास्टिंग करने में जुट गए हैं और जल्द ही कलाकारों के नाम सभी के सामने होंगे। - पेरिस। पूर्व चैम्पियन येलेना ओस्टापेंको ने दूसरी वरीयता प्राप्त कैरोलिना प्लिस्कोवा को 6-4 6-2 से हराकर फ्रेंच ओपन टेनिस ग्रैंडस्लैम के तीसरे दौर में प्रवेश किया। ओस्टापेंको ने 2017 में अपना एकमात्र मेजर खिताब यहीं जीता था। प्लिस्कोवा उस साल सेमीफाइनल में पहुंची थी और सिमोना हालेप से हार गयी थीं। गैर वरीयता प्राप्त लातिवियाई खिलाड़ी का सामना अब 29वीं वरीयता प्राप्त स्लोआने स्टीफंस और पौला बडोसा के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा।
- कोलकाता ।चोटी के फुटबॉल क्लब मोहन बागान को विजेता घोषित किये जाने के सात महीने बाद 17 अक्टूबर को आई लीग ट्राफी सौंपी जाएगी। क्लब के बयान के अनुसार अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के सचिव कुशल दास एक समारोह में यह ट्राफी सौंपेंगे। समारोह के दौरान कोविड-19 से जुड़े सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा। '' मोहन बागान ने दस मार्च को सेनेगल के स्ट्राइकर बाबा दियावारा के गोल की मदद से पूर्व चैंपियन आईजोल एफसी को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया था। तब चार दौर के मैच होने बाकी थे। कोविड-19 महामारी के कारण टीम को यह ट्राफी सौंपने में देरी हुई।
- लंदन। टोटेनहैम ने दूसरे हाफ में वापसी करने के बाद चेल्सी को पेनल्टी शूटआउट में हराकर मंगलवार को लीग कप फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। निर्धारित समय के बाद मुकाबला 1-1 से बराबर था। पेनल्टी शूटआउट में भी पहली नौ पेनल्टी पर गोल हुए लेकिन चेल्सी के मेसन माउंट अंतिम प्रयास पर गोल करने से चूक गए जिससे टोटेनहैम ने 5-4 से जीत दर्ज की और अंतिम आठ में जगह बनाई। टोटेनहैम के पास पहले हाफ में चेल्सी का कोई जवाब नहीं था जिसने टिमो वर्नर के गोल की बदौलत बढ़त बनाई। चेल्सी के लिए वर्नर का यह पहला गोल है। दूसरे हाफ में टोटेनहैम ने बेहतर प्रदर्शन किया। एरिक लामेला ने 83वें मिनट में गोलकीपर एडवर्ड मेंडी को पछाड़कर गोल दागा जो चेल्सी के लिए पदार्पण कर रहे थे। इस बार लीग कप में अतिरिक्त समय का खेल नहीं हो रहा है इसलिए मुकाबला सीधा पेनल्टी पर पहुंच गया जहां टोटेनहैम ने बाजी मार ली।
- ओडेन्से । ओलंपिक क्वालीफाई करने की कोशिश में जुटे किदाम्बी श्रीकांत और साइना नेहवाल को बुधवार को डेनमार्क ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के लिये आसान ड्रा मिला है। इस टूर्नामेंट से कोरोना वायरस के कारण सात महीने के विलंब के बाद संशोधित अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर बहाल होगा। विश्व में पूर्व नंबर एक साइना और श्रीकांत महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक हासिल करना चाहेंगे ताकि उनका तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने का सपना पूरा हो सके। आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के बाद आयोजित होने वाला यह पहला टूर्नामेंट होगा। 750,000 डॉलर राशि का टूर्नामेंट 13 अक्टूबर से शुरू होगा। रियो ओलंपिक के क्वार्टरफाइनल तक पहुंचे श्रीकांत अपने अभियान की शुरूआत इंग्लैंड के टॉबी पेंटी के खिलाफ करेंगे और दूसरे दौर में उनका सामना साथी भारतीय शुभंकर डे से हो सकता है। शुभंकर पहले दौर में कनाडा के जेसन एंथोनी हो-शुए से भिड़ेंगे। अगर वह दो जीत हासिल कर लेते हैं तो क्वार्टरफाइनल में ताईवान के दूसरे वरीय चोऊ टिएन चेन से भिड़ सकते हैं। दुनिया की 20वें नंबर की खिलाड़ी साइना महिला एकल के शुरूआती मुकाबले में फ्रांस के याएले होयाक्स के सामने होंगी और अगले दौर में उनके स्थानीय प्रबल दावेदार मिया ब्लिचफेल्ट से भिड़ने की संभावना है। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता अगर यह बाधा पार कर लेती हैं तो उनके कनाडा की चौथी वरीय मिशेल ली से भिड़ने की उम्मीद है। अन्य भारतीयों में साइना के पति और पूर्व नंबर छह पारूपल्ली कश्यप अपने अभियान की शुरूआत जापान के कोकी वाटानबे के खिलाफ करेंगे। अगर वह जीत जाते हैं तो लंदन ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे इस खिलाड़ी का सामना दुनिया के नंबर एक केंटो मोमोटा से हो सकता है। युवा लक्ष्य सेन के लिये यह बड़ा मौका होगा जो पहले दौर में फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव के सामने होंगे।




















.jpg)






