फर्जी ईडी अधिकारी बनकर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले चढ़े दुर्ग पुलिस के हत्थे... अब तक नौ आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। फर्जी ईडी अधिकारी बनकर अपहरण, एक्सटॉर्सन कर 02 करोड रूपये की धोखाधड़ी के सनसनीखेज मामले का खुलासा दुर्ग पुलिस ने किया है। पुलिस को 30 घण्टे के अंदर 03 आरोपियों को एवं 03 दिन के अंदर गिरोह के 09 प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोपियों के पास से कुल नगदी रकम 01 करोड़ 25 लाख 16 हजार रूपये,19 हजार रूपये की सोने की ज्वेलरी, 10 नग विभिन्न कंपनियों के एण्ड्रायड एवं की-पैड मोबाईल फोन, 01 लाख 20 हजार रूपये का परफ्यूम एवं अन्य सामान, अधिकारी के पदनाम का फर्जी पहचान पत्र जुमला कीमती तकरीबन 01 करोड 43 लाख 55 हजार रूपये का बरामद किया गया है। पुलिस का मुंबई के गोरेगांव, मुम्बा, गुंजा, कोनगांव, पालघर, मानपाड़ा, अंधेरी पश्चिम, वर्तक नगर एवं नासिक के ओझर व डिंडोरी थाना क्षेत्रो में 01 हफ्ते तक लगातार ऑपरेशन चला।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने आज दुर्ग में एक प्रेस कॉन्फ्रेस में सारे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 06 टीमों ने लगातार गिरफ्तारी एवं बरामदगी का ऑपरेशन चलाया। मुंबई एवं नासिक पुलिस द्वारा दुर्ग पुलिस को मिला अद्वितीय सहयोग, वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से प्रशंसा पत्र भेजा जाएगा। सिर्फ मुंबई शहर के अंदर 2500 किलो मीटर से अधिक दुर्ग पुलिस की गाडिय़ा चली, शहर के चप्पे-चप्पे को छाना । गिरोह के द्वारा पूर्व में भी इसी तरीका वारदात से मुंबई एवं कर्नाटक में पांच वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। पिछले 05 आरोपों में फरार गिरोह का सरगना हमिद पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पहली बार इस गिरोह से 70 फीसदी रकम की रिकवरी की गई है। दुर्ग पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष में ली गई पत्रकार वार्ता में बताया कि उपरोक्त आरोपियों को गिरफ्तार कर मुंबई महाराष्ट्र से ट्रांजिट रिमाण्ड हासिल कर लाया गया है। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम कार्यवाही थाना मोहन नगर से की जा रही है।
Leave A Comment