नारियल पानी गर्मियों का सबसे फायदेमंद पेय
गर्मियों का यह मौसम हमारी सेहत के लिए बहुत ही चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इस दौरान बरती गई थोड़ी सी भी लापरवाही कई तरह की समस्याओं का कारण बन सकती है। गर्मियों में डिहाइड्रेशन, पेट की खराबी और हीट स्ट्रोक की समस्या होना बहुत आम है। कुछ स्थितियों में यह समस्याएं बड़ी मुश्किलों का भी कारण बन सकती हैं, यही कारण है कि सभी लोगों को लगातार गर्मी से बचाव के उपाय करते रहने की सलाह दी जाती है। विशेषकर इस मौसम में हाइड्रेशन का विशेष ध्यान रखना जरूरी होता है, क्योंकि तेज धूप और बढ़े हुए तापमान के कारण पसीना अधिक होता है, जिससे शरीर में मौजूद पानी खत्म होने लगता है।
गर्मी के दिनों में तो वैसे कई प्रकार का ठंडे पेय बाजार में उपलब्ध होते हैं, पर सेहत के लिहाज से स्वास्थ्य विशेषज्ञ इन्हें काफी नुकसानदायक मानते हैं। ऐसे में आपको उन पेय पर ध्यान देना चाहिए जो डिहाइड्रेशन से बचाने के साथ शरीर को लाभ भी दे सकें। नारियल पानी ऐसा ही एक पेय है जिसे गर्मियों का सबसे फायदेमंद और स्वास्थवर्धक माना जाता है। अध्ययन भी इससे होने वाले लाभ की पुष्टि करते हैं। आइए नारियल पानी से सेहत को होने वाले ऐसे ही कुछ फायदों के बारे में जानते हैं।
हृदय रोग से बचाव के लिए किए गए अध्ययनों में नारियल पानी पीने को फायदेमंद बताया गया है। यह हृदय रोगों का कारण बनने वाले वसा और कोलेस्ट्रॉल को कम करने में फायदेमंद है। साल 2008 में किए गए एक शोध से पता चलता है कि नारियल पानी 45 दिनों में कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को कम करने में सहायक है।
हालांकि यह पशु आधारित अध्ययन का परिणाम है, इंसानों में इसकी पुष्टि के लिए अधिक शोध की आवश्यकता है। नारियल पानी में मौजूद पोषक तत्वों की श्रंखला शरीर को स्वस्थ रखने में विशेष लाभप्रद हो सकती है।
गर्मियों में सेहत का ख्याल रखने के लिए नारियल पानी अच्छा विकल्प हो सकता है। स्वाद के साथ इसे बेहतर सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद माना जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि नारियल पानी में पोटेशियम, सोडियम और मैग्नीशियम और इलेक्ट्रोलाइट्स की प्रचुरता होती है, जो आपके शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बहुत आवश्यक है। नारियल पानी में कैलोरी और कार्ब्स की मात्रा भी कम होती है, ऐसे में यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है।
नारियल पानी को लेकर हुए शोध इस बात की ओर इशारा करते हैं कि यह डायबिटीज रोगियों के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। शोध से चलता है कि नारियल पानी, ब्लड शुगर के लेवल को नहीं बढ़ाता है।
0इसी से संबंधित साल 2015 में चूहों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि यह ब्लड शुगर को नियंत्रित बनाए रखने में सहायक है। अध्ययन में जिन चूहों को नारियल पानी दिया गया उनका हीमोग्लोबिन A1c स्तर कम पाया गया। हालांकि इंसानों में इसके प्रभावों की पुष्टि के लिए और अधिक अध्ययन की आवश्यकता है। डॉक्टर की सलाह पर ही इसका सेवन करें।
किडनी स्टोन की रोकथाम के लिए भी नारियल पानी का सेवन करना बेहतर विकल्प हो सकता है। साल 2013 में गुर्दे की पथरी वाले चूहों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि नारियल पानी, क्रिस्टल को किडनी और मूत्र पथ में चिपकने से रोकने से सहायक है। यही क्रिस्टल एकत्रित होकर स्टोन बनते हैं। इसके अलावा इसमें मौजूद पोषक तत्व किडनी की विषाक्तता को कम करने में भी मददगार हैं, जिससे किडनी स्टोन बनने का जोखिम कम हो जाता है।
Leave A Comment