विधि विद्यालय स्थापित करने के लिए बिड़ला करेंगे 1,500 करोड़ रुपये का निवेश
मुंबई। आदित्य बिड़ला समूह ने विधि विद्यालय खंड में प्रवेश करने के लिए 1,500 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थान बिट्स पिलानी के मुंबई परिसर में अगले शैक्षणिक सत्र से यह विधि विद्यालय चालू हो जाएगा। बिड़ला समूह के चेयरमैन और बिट्स पिलानी के कुलाधिपति कुमार मंगलम बिड़ला ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि प्रस्तावित विधि विद्यालय मुंबई महानगर क्षेत्र में 63 एकड़ के विश्वविद्यालय परिसर में चलेगा, जिसके लिए 1,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। बिट्स पिलानी उन पहले निजी क्षेत्र के विश्वविद्यालयों में से है, जिन्हें केंद्र द्वारा 'प्रतिष्ठित संस्थान' का दर्जा दिया गया है। यह कदम बृहद मुंबई में बीआईटीएस विधि विद्यालय के साथ कानूनी शिक्षा में आदित्य बिडला समूह के प्रवेश को दर्शाता है। बिड़ला ने कहा कि विधि विद्यालय कानूनी शिक्षा के सभी पहलुओं को अपने दायरे में लेगा।
विधि विद्यालय दो लोकप्रिय पांच वर्षीय एकीकृत डिग्री कार्यक्रम - एलएलबी (ऑनर्स) और बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) की पेशकश करेगा। पहला शैक्षणिक वर्ष अगस्त 2023 में शुरू होगा, मार्च 2023 में प्रवेश शुरू होगा। विधि विद्यालय की सलाहकार परिषद के सदस्यों में उच्च्तम न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित शामिल हैं। उनके अलावा उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बीएन श्रीकृष्ण, प्रमुख लॉ फर्म शार्दुल अमरचंद मंगलदास की मैनेजिंग पार्टनर पल्लवी श्रॉफ जैसे लोग शामिल भी हैं। प्रो. आशीष भारद्वाज को विधि विद्यालय का संस्थापक डीन नामित किया गया है।
इस बीच बिट्स पिलानी को शुक्रवार को मैपमाइइंडिया के संस्थापक और अध्यक्ष राकेश वर्मा से 18 लाख डॉलर (15 करोड़ रुपये) का अब तक का सर्वाधिक व्यक्तिगत उपहार मिला। इस धनराशि का उपयोग पिलानी परिसर में सभागार बनाने के लिए किया जाएगा।



.jpg)





.jpg)
Leave A Comment