पीएम मोदी ने दीं गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं, कहा- नया साल लाए सुख-शांति और समृद्धि
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजराती नववर्ष यानी बेस्टू वर्ष के शुभारंभ पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कामना की कि नया साल सभी के जीवन में खुशी, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
बेस्टू वर्ष पर प्रधानमंत्री का संदेश, विक्रम संवत 2083 की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने लिखा, “नूतन वर्षाभिनंदन। नए साल की यह शुभ शुरुआत आप सभी के जीवन में खुशी, शांति, समृद्धि और खुशहाली की नई उम्मीदें लेकर आए। मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ हैं कि आप सभी का जीवन उत्तम स्वास्थ्य, आनंद और उत्साह से भरा रहे।”
विक्रम संवत 2083 का हुआ आगाज
आज दीपावली के अगले दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से विक्रम संवत 2083 की शुरुआत हुई है। सनातन परंपरा में बेस्टू वर्ष को अत्यंत पवित्र माना जाता है। इस दिन लोग पुराने वर्ष को विदाई देकर नए साल का स्वागत करते हैं। श्रद्धालु अपने आराध्य देव के दर्शन कर पूरे वर्ष सुख-शांति, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं। साथ ही अच्छे विचारों, सत्कर्म और सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लेते हैं।
गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल ने मंदिर में की पूजा
उधर, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बेस्टू वर्ष के अवसर पर गांधीनगर के सेक्टर-22 स्थित पंचदेव मंदिर का दौरा किया। उन्होंने वहां पूजा-अर्चना और आरती की। मुख्यमंत्री ने विक्रम संवत 2083 की शुरुआत पर सभी को नए साल की बधाई दी और प्रार्थना की कि सभी का स्वास्थ्य उत्तम रहे तथा जीवन सुख, शांति व समृद्धि से भरा हो।
भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ और ‘नशामुक्त भारत’ के विजन को ध्यान में रखते हुए सभी को मिलकर ‘विकसित गुजरात’ और ‘नशामुक्त गुजरात’ की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।









Leave A Comment