ब्रेकिंग न्यूज़

माउथ अल्सर: पेट की गर्मी ही नहीं, इन पोषक तत्वों की कमी से हो सकती है बार-बार छालों की दिक्कत

नई दिल्ली। मुंह में बार-बार छाले होने के पीछे आयरन, विटामिन-बी12, फोलेट और जिंक की कमी जैसे कई कारण हो सकते हैं। तनाव और कुछ बीमारियां भी इसकी वजह बन सकती हैं। छालों से बचने के लिए संतुलित आहार लें और मुंह की साफ-सफाई का ध्यान रखें। मुंह में छाले होने की समस्या काफी आम है, ये दिक्कत किसी को भी हो सकती है। छाले के कारण होने वाले घाव की वजह से कुछ भी खाना-पीना मुश्किल हो जाता है। वैसे तो ज्यादातर मामलों में छाले दो-तीन दिनों में खुद से या फिर हल्के-फुल्के इलाज से ठीक हो जाते हैं, पर अगर आपको बार-बार छाले हो रहे हैं तो इसके कारणों को समझना जरूरी है।

आमतौर पर माना जाता है कि पेट की गर्मी या ज्यादा तीखा और मसालेदार भोजन के कारण छाले की दिक्कत होती है, पर बार-बार होने वाली समस्या के कारणों को समझना जरूरी है।

मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि कई बार शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी, अत्यधिक तनाव या कुछ अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण छाले हो सकते हैं।  आइए जानते हैं कि छाले होने की समस्या के पीछे क्या कारण हो सकते हैं और कब आपको अलर्ट हो जाना चाहिए?

बार-बार हो रहे हैं मुंह में छाले---

मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि जिन लोगों में आयरन, विटामिन बी12, फोलेट और जिंक जैसे पोषक तत्वों की कमी होती है उनमें छाले होने की समस्या ज्यादा देखी जाती रही है। लेकिन अगर आपको बार-बार छाले हो रहे हैं तो ये शरीर में किसी दूसरी परेशानियों का संकेत भी हो सकता है, जिसपर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत होती है। 

    मुंह के छाले कई बार गाल या जीभ के कट जाने, गर्म भोजन से जलने, ब्रश से चोट लगने या दांतों के नुकीले किनारे के कारण भी हो सकते हैं।

    स्ट्रेस-एंग्जायटी, हार्मोनल बदलाव और कुछ खाद्य पदार्थ भी छालों को बढ़ा सकते हैं। 

    सीलिएक डिजीज, क्रोहन डिजीज और कुछ दवाओं के साइड-इफेक्ट के कारण भी कई बार लोगों को माउथ अल्सर की समस्या हो सकती है।

न्यूट्रिशन की कमी भी हो सकती है कारण--

अध्ययनों में पाया गया है कि शरीर में कुछ प्रकार के पोषक तत्वों की कमी की वजह से भी आपको बार-बार छाले की दिक्कत हो सकती है।

शरीर में आयरन की कमी इसका कारण हो सकती है। आयरन हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, जो खून के जरिए ऑक्सीजन पहुंचाता है। इसकी कमी से एनीमिया, थकान, कमजोरी और मुंह में छाले की दिक्कत हो सकती है। 

    विटामिन-बी12 लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और नर्वस सिस्टम को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है। इसकी कमी से जीभ में दर्द या लालिमा और मुंह में छाले हो सकते हैं। 

    फोलेट या विटामिन बी9 कोशिकाओं के निर्माण और लाल रक्त कोशिकाओं को बनाने के लिए जरूरी है। इसकी कमी भी मुंह के छालों की परेशानी हो सकती है। इसके लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, बीन्स जरूर खाएं।।

    जिंक घाव भरने और प्रतिरक्षा प्रणाली के काम में मदद करता है। इसकी कमी के कारण भी कुछ लोगों में बार-बार छाले होने की समस्या देखी जाती है।

छाले होने पर क्या करें?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, छाले होने पर बहुत तीखा, खट्टा, नमकीन और बेहद गर्म भोजन खाने से बचना चाहिए। 

    नरम भोजन लें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और मुलायम ब्रश से दांत साफ करें। 

    एक गिलास गुनगुने पानी में आधा चम्मच नमक मिलाकर कुल्ला करने से भी कुछ लोगों को दर्द से राहत मिल सकती है।

हालांकि यदि छाले बार-बार हो रहे हैं, तो इसके कारणों का पता लगाना जरूरी है। अगर मुंह का छाला तीन सप्ताह तक ठीक न हो, पहले से बड़ा हो रहा हो या फिर खून भी निकले तो डॉक्टर से इसकी जांच जरूर करवाएं। बार-बार छाले होने के साथ बुखार, निगलने में कठिनाई या शरीर के दूसरे हिस्सों में भी घाव हों, तो इसपर गंभीरता से ध्यान देना जरूरी है।

 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english