प्रियंका चोपड़ा ने मराठी फिल्म 'वेंटिलेटर' के सीक्वल 'वेंटिलेटर 2' की घोषणा की
मुंबई. अभिनेत्री और फिल्म निर्माता प्रियंका चोपड़ा जोनास ने 2016 में आई मराठी फिल्म 'वेंटिलेटर' के सीक्वल 'वेंटिलेटर 2' की शनिवार को घोषणा की। फिल्मकार राजेश मापुस्कर इसके लेखक और निर्देशक के रूप में वापसी करेंगे। फिल्म का निर्माण चोपड़ा जोनास के प्रोडक्शन बैनर 'पर्पल पेबल पिक्चर्स' के तहत किया जाएगा, जिसने पहली फिल्म का भी निर्माण किया था। इस सीक्वल का निर्माण भी डॉ. मधु चोपड़ा और मापुस्कर पर्पल पेबल पिक्चर्स तथा मैजिक पिक्चर्स के तहत करेंगे। फिल्म 2027 में रिलीज होने वाली है। प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि एक दशक पहले जब उन्होंने अपना प्रोडक्शन बैनर शुरू किया था, तब यह फिल्म उन महत्वपूर्ण कहानियों में से एक थी, जिन्हें वह दर्शकों तक पहुंचाना चाहती थीं। उन्होंने लिखा, ''10 साल पहले मैंने 'पर्पल पेबल पिक्चर्स' के साथ ऐसी कहानियां सुनाने का फैसला किया था, जो मायने रखती हों। 'वेंटिलेटर' कंपनी के लिए ऐसी ही एक महत्वपूर्ण कहानी थी। एक दशक बाद हम और भी बहुत कुछ लेकर इस कहानी की ओर लौट रहे हैं।'' मापुस्कर के निर्देशन में बनी मूल फिल्म की कहानी कामेरकर परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। गणेश चतुर्थी से ठीक पहले परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य को वेंटिलेटर पर रखे जाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में जुटते हैं। फिल्म में हास्य और भावनाओं के मेल के साथ पारिवारिक रिश्तों, पीढ़ियों के बीच मतभेदों, अनसुलझे तनावों और आपसी सुलह को दर्शाया गया था। मराठी भाषा की इस फिल्म में कई कलाकारों ने अभिनय किया था। इसे तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले थे।









.jpg)
Leave A Comment